मुख्य समाचार:
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हुआ।
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए चार हजार 660 सहायक मतदान केंद्रों के निर्माण को मंजूरी दी।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने पाकिस्तान के आईएसआई से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के चार सदस्यों को लखनऊ से गिरफ्तार किया।
भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर ग्रीन सानवी युद्धग्रस्त होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर स्वदेश पहुंच रहा है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच ईरान ने अमेरिका के 48 घंटे के युद्धविराम के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
बैंकॉक में विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज में श्याम सुंदर स्वामी ने कांस्य पदक जीता।
और, आईपीएल क्रिकेट में डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से और गुजरात टाइटन्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा।
*******
असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। असम, केरलम और पुद्दुचेरी में प्रचार मंगलवार को समाप्त हो जाएगा। इन राज्यों में 9 अप्रैल को मतदान होगा। केरलम में प्रमुख राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक राज्य के महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी रैलियों कर रहे हैं। एक रिपोर्ट –
प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी आज केरलम में तिरुवल्ला और तिरुवनंतपुरम में प्रचार करेंगे। श्री मोदी तिरुवल्ला स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और तिरुवनंतपुरम में एक रोड शो करेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आज अलपुझा में एक जनसभा को संबोधित किया। वे इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में भी प्रचार करेंगे। मुख्यमंत्री और सीपीआई (एम) के वरिष्ठ नेता पिनारयी विजयन कुन्नूर में प्रचार कर रहे हैं। सीपीआई (एम) के महासचिव एम. ए. बेबी ने आज कोट्टायम में चुनावी कार्यक्रमों में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्रियों और अन्य प्रमुख प्रचारकों सहित शीर्ष नेता राज्य भर में प्रचार कर रहे हैं। तिरुवनंतपुरम से अनिला बाला कृष्णन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शशांक कुमार।
*******
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए घोषणा-पत्र जारी किया है। पार्टी ने पुद्दुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने, स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने और मातृभाषा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने का वादा किया है। एक अलग राज्य शिक्षा बोर्ड की स्थापना, शिक्षा के लिए 6 प्रतिशत बजट आवंटन और स्थानीय शासन को मजबूत करने के लिए शक्तियों के अधिक विकेंद्रीकरण का भरोसा दिया है।
*******
विधानसभा क्षेत्रों के प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात असम के सिलचर की।
126 विधानसभा सीटों में से एक 118 नंबर की सिलचर विधानसभा सीट है, जहां 9 अप्रैल को मतदान होना है। कछार जिले की एक महत्वपूर्ण विधानसभा सीट, सिलचर, बराक घाटी क्षेत्र का हिस्सा है। मौजूदा विधानसभा चुनाव में सात उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. राजदीप रॉय को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अभिजीत पॉल को नामांकित किया है। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) ने भाबोटोश चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है, साथ ही चार निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। 2023 के परिसीमन के बाद, सिलचर विधानसभा सीट की भौगोलिक सीमाओं और मतदाता संरचना में बदलाव आया है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस सीट पर 2 लाख 11 हजार से अधिक मतदाता हैं। इनमें से 1 लाख 8 हजार से अधिक महिला मतदाता और एक लाख 3 हजार से अधिक पुरुष मतदाता और पांच ट्रांसजेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान 257 मतदान केंद्रों पर होगा। अमीनुल हक जवादर, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
*******
तमिलानाडु में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो जाएगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज चेन्नई में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की। इससे पहले, उन्होंने पार्श्व गायक, संगीतकार और संगीत गुरू रमेश विनायकम से मुलाकात की। श्री रमेश ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के गमक बॉक्स का पेटेंट कराया है।
*******
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदाताओं की सुविधा के लिए चार हजार छह सौ साठ से अधिक सहायक मतदान केंद्र बनाने की अनुमति दे दी है। आयोग ने मंजूरी उन मतदान केंद्रों के लिए दी हैं जहां मतदाताओं की संख्या 12 सौ से अधिक हो गई है। आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए 321 मतदान केंद्रों को स्थानांतरित करने को भी मंजूरी दी है।
*******
इस बीच, आयोग ने पश्चिम बंगाल में आपराधिक मामलों का सामना कर रहे राजनेताओं और व्यक्तियों के लिए राज्य की ओर से मिल रही सुरक्षा तत्काल हटाने के आदेश दिए हैं। यह कदम सरकारी सुरक्षा का दुरुपयोग रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसके अलावा गैर-जमानती मामलों में आरोपियों को दस दिन के भीतर गिरफ्तार करने का आदेश भी दिया गया है।
*******
पश्चिम बंगाल में मालदा की अदालत ने कालियाचक घटना के मुख्य अभियुक्त मुफक्करूल इस्लाम को चौदह दिन और अकरमुल बागानी को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। इन दोनों को बीडीओ कार्यालय के घेराव के लिए भीड़ को उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण की चालीस सदस्यीय टीम इस मामले की जांच के लिए मालदा में है।
*******
इस बीच देउली प्रथम ग्राम पंचायत के तृणमूल कांग्रेस नेता हाफिजुल मोल्ला प्रधान को मतदाताओं को धमकाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर दक्षिण 24 परगना जिले में अपने विरोधियों को धमकाने का आरोप है।
*******
उत्तर प्रदेश पुलिस ने पाकिस्तान के आईएसआई से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के चार सदस्यों को लखनऊ से गिरफ्तार किया। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते के अनुसार, मेरठ निवासी साकिब उर्फ डेविड और अरबाब तथा गौतम बुद्ध नगर निवासी विकास गहलावत और लोकेश सहित चार संदिग्धों को कल गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि इस मॉड्यूल ने रेलवे सिग्नल बॉक्स, भीड़भाड़ वाली जगहों, गैस सिलेंडरों से लदे वाहनों और प्रतिष्ठित संगठनों के परिसरों में विस्फोट करके दहशत फैलाने की योजना बनाई थी और उनका पहला निशाना लखनऊ रेलवे स्टेशन था। साकिब, जोकि एक नाई के रूप में काम करता था, इस गिरोह का सरगना था और वह टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने पाकिस्तानी एंडलर के संपर्क में था। सुशील चन्द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
*******
भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर, ग्रीन सानवी युद्धग्रस्त होर्मुज जल-डमरू-मध्य को सुरक्षित रूप से पार करके स्वदेश आ रहा हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने वाला यह सातवां भारतीय एलपीजी टैंकर है। पश्चिमी फारस की खाड़ी क्षेत्र में इस समय कुल 17 भारतीय ध्वज वाले जहाजों में चार सौ से अधिक भारतीय नाविक सवार हैं। अब तक खाड़ी क्षेत्र से एक हजार 1 सौ 30 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी हो चुकी है।
*******
उधर, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने होर्मुज जल-डमरू-मध्य में ईरान के हमलों से जहाजों की सुरक्षा के लिए रक्षात्मक बल प्रयोग अधिकृत करने पर मतदान स्थगित कर दिया है। प्रस्ताव पर मतदान की नई तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।
*******
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भुगतान संबंधी समस्याओं के कारण गुजरात के वडीनार से चीन की ओर ईरानी कच्चे तेल के कार्गो को मोड़े जाने की खबरें तथ्यात्मक रूप से गलत और आधारहीन है। श्री पुरी ने कहा कि पश्चिम एशिया में आपूर्ति में व्यवधान के बावजूद, भारतीय रिफाइनर कंपनियों ने ईरान सहित अपने कच्चे तेल की आवश्यकताओं को पूरा कर लिया है।
*******
विदेश मंत्री सुब्रह्मणयम जयशंकर ने कहा कि वर्तमान वैश्विक उथल-पुथल केवल परिस्थितिजन्य नहीं है, बल्कि प्रकृति में संरचनात्मक भी है और इससे विश्व व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं।
छत्तीसगढ में आई.आई.एम. रायपुर के दीक्षांत समारोह में डॉ. जयशंकर ने कहा कि विश्व एक अधिक अस्थिर और अप्रत्याशित माहौल में खुद को सुरक्षित रखने की चुनौती का सामना कर रहा है।
आज हर मौके का लाभ उठाया जा रहा है, भले ही उसे हथियार के रूप में उपयोग नहीं किया जा रहा हो। विश्व एक अधिक अस्थिर और अप्रत्याशित माहौल में खुद को सुरक्षित रखने की चुनौती का सामना कर रहा है। राष्ट्र और उद्योग दोनों में जोखिम और संचलन के खतरे को कम करने और अपने स्रोतों में विविधता लाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, यह दृष्टिकोण व्यावसायिक निर्णयों या विदेश नीति के मामले में आवश्यक होता जा रहा है।
*******
ईरान ने अमरीका के 48 घंटे के युद्धविराम के प्रस्ताव को औपचारिक रूप से खारिज कर दिया है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
यह प्रस्ताव तीसरे देश के माध्यम से भेजा गया था, लेकिन ईरान ने हमले रोकने के बजाय अपने हमले और तेज कर दिये हैं। ईरान द्वारा प्रस्ताव नामंजूर किये जाने पर अमरीका ने कोई टिप्पणी नहीं की है। अमरीका और इस्राएल की सेनाओं ने ईरान में हमले जारी रख दबाव बनाया हुआ है। ईरान के अधिकारियों ने प्रमुख बुनियादी ढांचों के पास हुए हमलों में और हताहतों के बारे में जानकारी दी है। ईरान ने यह प्रस्ताव ऐसे समय में खारिज किया है जब उसकी सेना ने युद्ध में पिछले कुछ घंटों में अमरीका के एक एफ-15 लड़ाकू विमान और एक ए-10 थंडरबोल्ट विमान को मार गिराने का दावा किया है और अपनी शर्तें पूरी होने तक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। राजनयिक गतिरोध जारी है क्योंकि दोनों पक्ष समझौते के बजाय और हमले के संकेत दे रहे हैं। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से नवीन सक्सेना।
*******
पश्चिम एशिया में संकट के बीच कोल इंडिया लिमिटेड देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम ने आकाशवाणी को बताया कि ऊर्जा मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त कोयले का भंडार उपलब्ध है।
आज की डेट में पर्याप्त कोयले का पिटहैड में स्टॉक है। थर्मल ऑफ प्लांट्स के पास में भी अच्छा स्टॉक है और उसके अलावा हमारी जितनी माइन्स हैं, माइन्स के अंदर में भी हमने पोल सिंग्स को एक्सपोज़ करके रखा हुआ है। ताकि कभी भी डिमांड आए और रिक्वायरमेंट आए, हम उस कोयले को उसको एक्पोएशन करके और उसको पावर प्लांट तक भेज सकें। जब कोयले को रेशन करेंगे, तो हमको रेल माध्यम से ऑपरेशन करना पडेगा, उसके लिए भी मिनिस्ट्री ऑफ कोल और रेल मंत्रालय को आपस में बात करके किस प्रकार हम ज्यादा से ज्यादा कोयला पावर प्लांट तक भेज सकेंगे, उसके लिए वो तैयारी कर रहे हैं।
*******
उद्योग जगत ने कई महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क छूट देने के सरकार के फैसले का स्वागत किया है। विक्टोरिया टूल्स के अध्यक्ष एस एस बंगा ने इसे एक बड़ा प्रोत्साहन बताया और कहा कि इस कदम से उत्पाद लागत कम होगी, उपलब्धता में सुधार होगा और घरेलू एवं निर्यात बाजारों को समर्थन मिलेगा।
भारत सरकार ने जो ये कदम उठाया है वो एक बहुत बड़ा सराहनीय कदम है जिससे वैश्विक इकोनॉमिक दौर में ऐसी जे़ड के अंदर जो बिजली प्रोडक्शन कर सकते हैं, उसका 30 पर्सेंट प्रोडेक्शन वी केन सेल इन द लोकल मार्केट। 20 पर्सेंट ऑफ द वेल्यू एडिशन। एक बहुत बड़ी बात है कि क्योंकि वहां वो ज़ोन्स टोटल एक्पोर्ट ज़ोन में है।
*******
संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 से कानून में बदलाव आएंगे और व्यापार में सुधार होगा। श्री शेखावत ने कहा कि मामूली तकनीकी अपराधों के लिए जेल की सजा के बजाय जुर्माना लगाया जाएगा। इससे न्यायिक प्रक्रिया तेज और अधिक तर्कसंगत बनेगी। श्री शेखावत ने कहा कि इस कदम से व्यापारियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और न्यायालयों पर कार्यभार भी कम होगा।
*******
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर किसी भी प्रकार की गलतफहमी को दूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ईसाई मिशनरियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा। केरलम में उन्होंने विपक्षी दलों पर राजनीतिक लाभ के लिए गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि उल्लघंन करने वालों पर कडी कार्रवाई की जाएगी।
*******
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मयणम जयशंकर ने आज ईरान से भारतीय मछुआरों को सुरक्षित निकालने में सहायता देने के लिए आर्मेनिया के विदेश मंत्री अरारात मिर्ज़ोयान और आर्मेनिया की सरकार का आभार व्यक्त किया। डॉ. जयशंकर ने आर्मेनिया के रास्ते भारतीय मछुआरों की सफल भारत वापसी के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
*******
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज आदिवासी नेता तांत्या भील की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर पोस्ट में, श्री सिंधिया ने कहा कि अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष के माध्यम से तांत्या भील द्वारा प्रज्वलित आदिवासी पहचान, गौरव और अधिकारों की मशाल लोगों को न्याय और अधिकारों के प्रति लड़ने के लिए प्रेरित करती रहेगी।
*******
महाराष्ट्र के नाशिक जिले के डिंडोरी में कल रात एक कार के कुंए में गिरने से पांच छात्रों सहित नौ लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं। दुर्घटना के समय परिवार एक समारोह से लौट रहा था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
*******
बैंकॉक में विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज में श्याम सुंदर स्वामी ने कांस्य पदक जीता है। कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वामी ने पेरिस पैरालंपिक के कांस्य पदक विजेता राकेश कुमार को टाई-ब्रेक में हराया। महिला वर्ग में अंजुम तंवर चौथे स्थान पर रहीं।
*******
दिल्ली में आई.पी.एल. क्रिेकेट में पहले मैच में आज दोपहर बाद साढे तीन बजे डेल्ही कैपिटल्स का सामना मुम्बई इंडियन्स से होगा। अहमदाबाद में दूसरे मैच में शाम साढे सात बजे गुजरात टाइटंस का मुकाबला राजस्थान रॉयल से होगा।
कल रात पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया।
*******
मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, केरल और माहे में कुछ स्थानों पर तेज वर्षा की आशंका व्यक्त की है। विभाग ने झारखंड में कल ओलावृष्टि के साथ गरज-चमक का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बिहार में भी अगले दो से तीन दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।
इस बीच, कल आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बिजली और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की आशंका है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हुआ।
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए चार हजार 660 सहायक मतदान केंद्रों के निर्माण को मंजूरी दी।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने पाकिस्तान के आईएसआई से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के चार सदस्यों को लखनऊ से गिरफ्तार किया।
भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर ग्रीन सानवी युद्धग्रस्त होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर स्वदेश पहुंच रहा है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच ईरान ने अमेरिका के 48 घंटे के युद्धविराम के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
बैंकॉक में विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज में श्याम सुंदर स्वामी ने कांस्य पदक जीता।
और, आईपीएल क्रिकेट में डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से और गुजरात टाइटन्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा।
*******