April 3, 2026 3:30 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  1. सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एल.पी.जी. और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
  2. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहाजन विश्वास विधेयक 2026 का उद्देश्य विश्वास आधारित शासन को बढ़ावा देना है।
  3. पश्चिम बंगाल पुलिस ने मालदा के कालियाचक मामले के मुख्य षड्यंत्रकारी को सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया।
  4. शिक्षा मंत्रालय ने एन.सी..आर.टी. को एक विशिष्‍ट श्रेणी के अंतर्गत मानित विश्वविद्यालय घोषित किया।
  5. पश्चिम एशिया संघर्ष में नागरिक और औद्योगिक प्रतिष्‍ठानों पर भी हमले शुरू। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री सुरक्षा पर संकट गहराया।
  6. सैफ अंडर-20 फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में आज शाम मौजूदा चैंपियन भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। 

 

*********************

 

सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव डॉ. नीरज मित्तल ने इस संबंध में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखा है।

 

राज्यों को जमाखोरी, हेराफेरी और घबराहट पैदा करने वाली गलत सूचनाओं के प्रसार पर कड़ी निगरानी रखने की भी सलाह दी गई है। मंत्रालय ने कहा कि सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं, कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है और पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

 

*********************

 

उद्योग जगत ने सरकार के कई महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क में छूट देने के निर्णय का स्वागत किया है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी सहर्ष दमानी ने कहा कि सरकार द्वारा उठाया गया यह एक एहतियाती कदम है, जिससे ऑटो क्षेत्र को राहत मिलेगी।

 

मुझे लगता है कि यह एक समझदारी भरा एहतियाती कदम है। ऑटो सेक्टर के लिए इसका फायदा कीमतों में कटौती से कहीं ज़्यादा कंपोनेंट और मेटेरियल की सप्लाई को स्थिर रखने में है। चूंकि कई ऑटोमोटिव पार्ट्स प्लास्टिक और पॉलीमर जैसे पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर निर्भर हैं, इसलिए यह छूट सप्लाई में रुकावटों और लागत के दबाव को कम करने में सहायक साबित होगी।

 

इस बीच, भारतीय औषधि निर्माता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विरांची शाह ने कहा कि एपीआई और फॉर्मूलेशन निर्माण में उपयोग होने वाले प्रमुख सॉल्वैंट्स और रसायनों पर आयात शुल्क हटाने से हाल में हुई मूल्य वृद्धि को रोकने में मदद मिलेगी।

 

सरकार ने कई विलायकों और रसायनों पर आयात शुल्क माफ करने का निर्णय लिया है। इनमें से कई विलायक और रसायन भारत में एपीआई और फॉर्मूलेशन के निर्माण में व्यापक रूप से उपयोग किए जाते थे। इस छूट से अगले कुछ सप्‍ताहों में कीमतों में होने वाली वृद्धि पर रोक लगेगी। इससे भारतीय दवा उद्योग को पूरे भारत में सस्ती दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। इंडियन ड्रग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन की ओर से, मैं माननीय प्रधानमंत्री जी को बधाई देता हूं।

 

*********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 के पारित होने से देश में जीवन यापन और व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विधेयक विश्वास पर आधारित ढांचे को मजबूत करता है।

 

संसद ने जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 पारित कर दिया है। राज्यसभा ने इसे कल मंजूरी दी थी। लोकसभा ने यह विधेयक बुधवार को पारित कर दिया था।

 

यह विधेयक जीवन यापन और व्यापार सुगमता के लिए विश्वास पर आधारित शासन को और मजबूत करने के लिए कुछ कानूनों में संशोधन करता है, ताकि कुछ अपराधों को गंभीर अपराध की श्रेणी से बाहर किया जा सके और उन्हें तर्कसंगत बनाया जा सके।

 

*********************

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि संसद में जन विश्वास विधेयक 2026 का पारित होना जीवन और व्यापार को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि यह विधेयक कई कानूनी प्रावधानों को कम करके सभी के लिए जीवन को आसान और व्यापार को सरल बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत के सपने को साकार करता है।

 

*********************

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि इस विधेयक में किए गए सुधार लिए समय, वित्‍त और प्रशासनिक दबाव को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आज नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में श्री गोयल ने यह बात कही।

 

हमने एक ही कानून के अंतर्गत संसद की 79 अलग-अलग अधिनियमों से संबंधित एक हजार प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से हटाकर सरल बनाया है और आम आदमी लघु और मध्यम उद्यमों, उद्यमियों स्टार्टअप और व्यवसायों के लिए इसे आसान बना दिया गया है। वास्तव में यह वर्ष 2047 तक विकसित भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 

*********************

 

पश्चिम बंगाल पुलिस ने मालदा जिले में सात न्यायिक अधिकारियों के घेराव के मुख्य षड्यंत्रकारी सहित दो लोगों को सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अधिवक्ता मोफक्करुल इस्लाम के रूप में हुई है, जिसे विमान में चढ़ने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया गया। पुलिस अपर महानिदेशक के. जयरामन ने बताया कि मोफक्करुल इस्लाम उत्तर दिनाजपुर जिले के इटाहार का रहने वाला है और वर्तमान में कोलकाता में रह रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को भाषणों के माध्यम से स्थानीय लोगों को कथित तौर पर “भड़काने” के आरोप में कालियाचक थाने में उसके खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए।

 

*********************

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों पर हुए हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी-एन.आई.ए. को सौंप दी है। इससे पहले कल, सर्वोच्च न्यायालय ने मालदा जिले में एस.आई.आर. प्रक्रिया में लगे सात न्यायिक अधिकारियों का घेराव करने के मामले का संज्ञान लिया था।

 

*********************

 

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि मतगणना पूरी होने के बाद भी पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल -सीएपीएफ की पांच सौ कंपनियां तैनात रहेंगी। आयोग ने कहा कि इसके अतिरिक्त, ईवीएम, स्ट्रांग रूम और मतगणना केन्द्र की सुरक्षा तथा मतगणना पूरी होने तक सीएपीएफ की दो सौ कंपनियां राज्य में तैनात रहेंगी।

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।

 

*********************

 

भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की  है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन अवनशी से, डॉ. तमिलसाई सौन्दर्य राजन मायलापोर से और वनथी श्रीनिवासन कोयंबटूर (उत्तर) से चुनाव लड़ेंगी। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव इस महीने की 23 तारीख को होंगे।

 

*********************

 

असम में सभी 126 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। बोकाखाट विधानसभा क्षेत्र काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण राजनीतिक सीट है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

105 बोकाखाट विधानसभा सत्र असम की 126 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। बोकाखाट गोलाघाट जिले का एक महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र है और यह मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्र है, जहां की एक बड़ी आबादी चाय बागानों और कृषि पर निर्भर है। मौजूदा विधानसभा चुनाव में बोकाखाट से छह उम्मीदवार मैदान में हैं। मंत्री और असम गण परिषद के प्रमुख अतुल बोरा का मुकाबला रायजोर दल के उम्‍मीदवार हरि प्रसाद सैकिया से है। बिबेकानंद राजोवार जी जी पार्टी के उम्मीदवार हैं, जबकि हेमंत डोलोई, प्रणब डोले और जितेन गोगोई निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। 2023 के परिसीमन के बाद, बोकाखाट एलएसी की जनसंख्या और क्षेत्रफल में बदलाव आया है। बोकाखाट में एक लाख 64 हजार से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 84 हजार से अधिक महिलाएं और 79 हजार से अधिक पुरुष हैं। इसके अतिरिक्त, 212 मतदान केंद्रों में एक ट्रांसजेंडर मतदाता भी है। अमिनुल हक, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।

 

*********************

 

नौसेना ने आज विशाखापत्तनम में नौसेना डॉकयार्ड में अत्‍याधुनिक युद्धपोत आई.एन.एस. तारागिरी को अपने बेडे में शामिल किया। मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड ने इसका निर्माण किया है। यह युद्धपोत प्रोजेक्ट 17-ए श्रेणी का चौथा पोत है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समारोह की अध्यक्षता की। 

 

इस अवसर पर, श्री सिंह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के भारत के लक्ष्य के लिए समुद्री शक्ति अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 95 प्रतिशत व्यापार समुद्री मार्गों से होता है। जबकि ऊर्जा सुरक्षा भी समुद्र पर ही निर्भर है। उन्होंने कहा कि इसलिए एक मजबूत नौसेना अत्यंत आवश्यक है। 

 

जब भी वहां तनाव की स्थिति होती है इंडियन नेवी ने हमारे सार्मथ्‍य से ऑयल टैंकर्स की सिक्‍योरिटी सिक्‍योर की है। हमारी नौसेना ने सिद्ध किया है वह न केवल भारत की हितों की रक्षा करने में सक्षम है बल्कि आवश्‍यकता पडने पर दुनियाभर में अपने नागरिकों, व्‍यापारिक मार्गों को सुरक्षित रखने के लिए हर कदम उठा सकती है।

 

*********************

 

विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में रूस के प्रथम उपप्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ द्विपक्षीय बैठक की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने व्यापार, उद्योग, ऊर्जा, उर्वरक, संपर्क और आवागमन के साथ-साथ प्रौद्योगिकी, नवाचार और महत्वपूर्ण खनिजों में नए अवसरों पर केंद्रित व्यापक चर्चा की। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया संघर्ष सहित क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।

 

*********************

 

शिक्षा मंत्रालय ने विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग-यू.जी.सी. की सलाह पर राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद-एन.सी.ई.आर.टी. को एक विशिष्‍ट श्रेणी के अंतर्गत मानित विश्वविद्यालय घोषित किया है। मंत्रालय ने कहा कि इस संबंध में यूजीसी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया गया था। इसके बाद, यूजीसी विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर विचार किया गया और एन.सी.ई.आर.टी. को मानित विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया।

 

*********************

 

पश्चिम एशिया संघर्ष आज 35वें दिन भी जारी है। अमरीका और इस्राएल, ईरान और उसके सहयोगी पर सैन्‍य कार्रवाई कर रहे हैं। खाड़ी देशों में सैन्य प्रतिष्‍ठानों के अलावा नागरिक और औद्योगिक ढ़ांचों पर भी हमलों की खबरे हैं। इससे दुनियाभर में ईंधन की आपूर्ति में रूकावट आई है। सऊदी अरब ने पिछले कुछ घंटों में सात ड्रोन को मार गिराया है।

 

कुवैत की एक प्रमुख तेल रिफाइनरी पर भी आज सुबह एक बार फिर हवाई हमले की खबर है।

 

*********************

 

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने आज होर्मुज जल-डमरू-मध्य को दोबारा खोलने और पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण उत्‍पन्‍न हुए आर्थिक संकट को कम करने के लिए साझा रूप से काम करने पर सहमति व्यक्त की है। श्री मैक्रों कल दो दिन की यात्रा पर दक्षिण कोरिया पहुंचे।

 

*********************

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के सबसे ऊंचे, बी-1 पुल को नष्ट कर दिया गया है। उनका यह बयान ईरान को पाषाण युग में धकेलने की धमकी देने के कुछ घंटों बाद आया है़। श्री ट्रम्‍प ने ट्रुथ सोशल पर इस विस्‍फोट का वीडियो भी साझा किया है। उन्‍होंने ईरान से जल्‍द अमरीका के साथ समझौता करने की बात कही है।

 

*********************

 

सैफ अंडर-20 फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में आज मौजूदा चैंपियन भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। मैच मालदीव के माले में भारतीय समय अनुसार रात साढे आठ बजे खेला जाएगा। भारत ने भूटान को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में नेपाल को 1-0 से हराया।

 

*********************

 

आई.पी.एल. क्रिकेट में आज चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा। ये मैच शाम साढ़े सात बजे से चेन्नई में खेला जाएगा।

 

*********************

 

छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया जनजातीय खेल आज संपन्न हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम रायपुर में आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

 

*********************

 

भारतीय शेयर बाजार आज गुड फ्राइडे के कारण बंद है। कल, घरेलू शेयर सूचकांकों ने भारी नुकसान से उबरते हुए शानदार वापसी की और लगभग शून्य दशमलव दो प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

 

*********************

 

आज गुड फ्राइडे है। आज ही दिन प्रभु ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाया गया था। इस अवसर पर  गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं की जा रही है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुड फ्राइडे के अवसर पर ईसा मसीह के बलिदान का स्‍मरण करते हुए कहा कि यह दिन लोगों को करुणा, क्षमा और सेवा के आदर्शों का पालन करने के लिए प्रेरित करता है।

 

*********************

 

मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

*********************

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

  1. सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एल.पी.जी. और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
  2. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहाजन विश्वास विधेयक 2026 का उद्देश्य विश्वास आधारित शासन को बढ़ावा देना है।
  3. पश्चिम बंगाल पुलिस ने मालदा के कालियाचक मामले के मुख्य षड्यंत्रकारी को सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया।
  4. शिक्षा मंत्रालय ने एन.सी..आर.टी. को एक विशिष्‍ट श्रेणी के अंतर्गत मानित विश्वविद्यालय घोषित किया।
  5. पश्चिम एशिया संघर्ष में नागरिक और औद्योगिक प्रतिष्‍ठानों पर भी हमले शुरू। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री सुरक्षा पर संकट गहराया।
  6. सैफ अंडर-20 फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में आज शाम मौजूदा चैंपियन भारत का सामना बांग्लादेश से होगा।

 

*********************

Most Read
View All arrow-right

No posts found.