मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्मयोगी साधना सप्ताह को संबोधित करते हुए नागरिक देवो भव के मंत्र से निर्देशित, नागरिक केन्द्रित प्रशासन पर बल दिया।
- सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष के मद्देनजर 30 जून तक 40 महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क से पूर्ण छूट दी।
- देश का रक्षा निर्यात पिछले वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड 38 हजार चार सौ 24 करोड़ रुपये तक पहुंचा।
- सर्वोच्च न्यायालय ने मालदा में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने के मामले में पश्चिम बंगाल प्रशासन की आलोचना की। न्यायालय ने निर्वाचन आयोग से इस घटना की जांच केन्द्रीय जांच एजेंसी से कराने की अनुमति दी और केंद्रीय बल की तैनाती के निर्देश दिए।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू।
- और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत की तेजी से बदलती आकांक्षाओं के लिए एक ऐसे प्रशासनिक मॉडल की आवश्यकता है जो न केवल कुशल हो बल्कि नागरिक-केंद्रित भी हो। उन्होंने कर्मयोगी साधना सप्ताह को संबोधित करते हुए आज एक वीडियो संदेश में यह बात कही। वर्तमान शासन को ‘नागरिक देवो भव’ के मंत्र से निर्देशित बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि इसका स्पष्ट उद्देश्य सार्वजनिक सेवा को अधिक सक्षम, संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित बनाना है।
आज गवर्नेंस के जिस सिद्धांत को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। उसका मूल मंत्र है, नागरिक देवो भव:। इस मंत्र में समाहित भावना के साथ आज पब्लिक सर्विस को ज्यादा कैपेबल नागरिकों के लिए ज्यादा सेंसिटिव बनाने पर फोकस किया जा रहा है। अब शासन को सिटिजन सेंट्रिक बनाकर एक नई पहचान दी जा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी राष्ट्र की शक्ति उसकी संस्थाओं की क्षमता में निहित होती है और उस क्षमता को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
21वीं सदी के इस कालखंड में तेजी से बदलती व्यवस्थाएं, तेजी से बदलती दुनिया और उनके बीच उसी रफ्तार से आगे बढ़ता हमारा भारत। इसके लिए पब्लिक सर्विस को समय के अनुरूप निरंतर अपडेट करना जरूरी है। कर्मयोगी साधना सप्ताह उसी प्रयास की एक अहम कड़ी है।
क्षमता निर्माण आयोग अपने स्थापना दिवस और मिशन कर्मयोगी के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज से 8 अप्रैल तक कर्मयोगी साधना सप्ताह मना रहा है। इस दौरान केंद्रीय मंत्रालय, राज्य, केंद्रशासित प्रदेश और 250 से अधिक सिविल सेवा प्रशिक्षण संस्थान सहयोगात्मक क्षमता निर्माण के लिए एक साथ आगे आएंगे।
****
सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष और इसके कारण दुनियाभर में कच्चे तेल की आपूर्ति में आई बाधाओं के बीच 30 जून तक महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क में छूट दी है। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि यह उपाय घरेलू उद्योगों में आवश्यक पेट्रोकेमिकल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए अस्थायी रूप में लिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि इससे संबंधित क्षेत्रों पर लागत का दबाव कम होगा और आपूर्ति में स्थिरता आएगी तथा उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
मंत्रालय ने कहा कि कुल चालीस वस्तुओं पर सीमा शुल्क में छूट दी गई है। इनमें मेथनॉल, अमोनिया, टोल्यून, स्टाइरीन, डाइक्लोरोमेथेन और विनाइल क्लोराइड मोनोमर शामिल हैं।
****
देश का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 में 38 हजार चार सौ 24 करोड़ रूपए था। ये पिछले वित्त वर्ष के 23 हजार 622 करोड़ रुपये के आंकड़े से कहीं अधिक है। 14 हजार 802 करोड़ रुपये से अधिक की ये वृद्धि 62 दशमलव छह-छह प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाती है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह वृद्धि वैश्विक स्तर पर भारत के रक्षा उपकरणों की साख को दर्शाती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत, दुनिया भर में रक्षा उपकरणों का विनिर्माण केंद्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत, रक्षा निर्यात में लगातार सफलता प्राप्त कर रहा है।
****
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में बताया है कि संसद आज से स्थगित रहेगी और महिला आरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा के लिए संसद की कार्यवाही दो से तीन सप्ताह बाद फिर शुरू होगी। सदन के विधायी कार्य से संबंधित कांग्रेस के जयराम रमेश के प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री रिजिजू ने कहा कि सरकार ने इस विषय पर 80 प्रतिशत से अधिक दलों से परामर्श किया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद संसद सत्र बुलाने के लिए सरकार को पत्र लिखा है। श्री रिजिजू ने कहा कि सरकार मनमाने ढंग से कोई निर्णय नहीं ले रही है और सभी दलों तथा सांसदों से परामर्श कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक एक ऐसा मुद्दा है जिसे संसद में सर्वसम्मति से पारित किया जाना चाहिए।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने इस संबंध में सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है जिससे सभी दल अपने विचार रख सकें और प्रस्ताव को आगे बढ़ा सकें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है।
****
राज्यसभा में सदन के नेता जे पी नड्डा ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक महिलाओं की गरिमा और सशक्तिकरण से संबंधित है, जिसे एनडीए सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण मानवीय और विकसित भारत का दृष्टिकोण है।
****
परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री, डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत से अब तक चार सौ 34 विदेशी उपग्रह प्रक्षेपित किए हैं। आज लोकसभा में एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि इनमें से 90 प्रतिशत से अधिक विदेशी उपग्रहों का प्रक्षेपण मोदी सरकार के कार्यकाल में किया गया।
****
सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-एस.आई.आर. प्रक्रिया के अभ्यास में लगे सात न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की घटना का संज्ञान लेते हुए इसे निंदनीय बताया है। न्यायालय ने राज्य के गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य अधिकारियों से इस संबंध में जवाब मांगा है।
मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और विपुल एम पंचोली की पीठ ने निर्वाचन आयोग से इस घटना की जांच केन्द्रीय जांच एजेंसी से कराने की अनुमति दी और केंद्रीय बल की तैनाती के भी निर्देश दिए।
****
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण – एसआईआर के अंतर्गत विचाराधीन सूची से जिन मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, उनके मामलों की सुनवाई के लिए अपीलीय न्यायाधिकरण आज से कार्यवाही शुरू करेंगे। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रस्तुत सभी आवेदन, दस्तावेज और जानकारी न्यायाधिकरणों को उनके निर्णय हेतु उपलब्ध कराई जाएगी।
****
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी हो गई है इसके साथ ही नामंकन भरने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उम्मीदवार 9 अप्रैल तक पर्चे भर सकते हैं। अगले दिन, नामांकन पत्रों की जांच होगी और 13 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। इस चरण में 142 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इस बीच, चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन भरने का कार्य चल रहा है। नामांकन छह अप्रैल तक दाखिल किये जा सकते हैं। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा।
****
केरलम की कांजिरापल्ली विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से कड़ा मुकाबला होता आया है। इनमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख दावेदार रहे हैं। यह विधानसभा क्षेत्र कोट्टायम जिले के अंतर्गत आता है। विशेष श्रृंखला में आज हम कांजिरापल्ली विधानसभा क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं।
कोट्टायम जिले का कांजिरापल्ली विधानसभा क्षेत्र रबर आधारित कृषि अर्थव्यवस्था के लिए जाना जाता है। एक लाख 77 हजार पांच सौ से अधिक मतदाताओं वाले कांजिरापल्ली निर्वाचन क्षेत्र से इस बार चार उम्मीदवार मैदान में हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता जॉर्ज कुरियन एनडीए के उम्मीदवार हैं। केरलम कांग्रेस के मौजूदा विधायक और सरकार के मुख्य सचेतक डॉ. एन. जयराज एलडीएफ के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस के रोनी के. बेबी यूडीएफ के उम्मीदवार हैं। बसपा ने थम्पी कवुम्पादम को मैदान में उतारा है। तिरुअनंतपुरम से स्मिथ एम. पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
****
आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026 चर्चा और पारित करने के लिए आज राज्यसभा में प्रस्तुत किया गया। लोकसभा में यह विधेयक पहले ही पारित हो चुका है। यह विधेयक आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2014 में संशोधन करता है। विधेयक के अनुसार आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी अमरावती है। चर्चा में भाग लेते हुए केंद्रीय मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि यह विधेयक राज्य के लिए स्पष्टता प्रदान करता है।
इससे पहले, चर्चा की शुरुआत करते हुए, कांग्रेस की रेणुका चौधरी ने विधेयक पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अमरावती को राज्य की राजधानी के रूप में औपचारिक रूप से स्थापित करने में 12 साल की देरी को संसद और केंद्र दोनों की विफलता बताया।
****
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि इंडिया पोस्ट देश में एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स पावरहाउस बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसका लक्ष्य 2030 तक वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाना है। संचार मंत्री ने आज नई दिल्ली में डाक प्रशिक्षण केंद्र-पीटीसी सहारनपुर के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मारक डाक टिकट जारी करते समय यह बात कही। उन्होंने कहा कि पीटीसी सहारनपुर जैसे संस्थानों ने 75 वर्षों में लगभग 25 लाख डाक कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया।
75 वर्षों की सेवा भाव, 75 वर्षों का इतिहास और आने वाले 75 वर्षों का भविष्य का निर्माण, पीटीसी सहारनपुर ने जब देश की आजादी हुई थी, करीब उसी समय में इस संस्था की नीव रखी गई थी 1951 में और आज 75 वर्ष इस संस्था के निकल चुके हैं। इस संस्था की सेवा भाव जहां तीन हजार हमारे नौजवानों को प्रशिक्षण दिया जाता है हर वर्ष आधुनिक वातावरण आज एक कमेमोरेटिव डाक टिकट भी हम लोगों ने इशू किया है।
****
नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा है कि विमानन संचालन की सुरक्षा और संरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री नायडू ने कहा कि उड़ान संचालन की सुरक्षा के संबंध में हर देश सर्वोच्च मानकों को बनाए रखने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार देश के रूप में भारत इन नीतियों, दिशानिर्देशों और नियमों का पूरी तरह पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गेनाइजेशन डिसाइड करता है कि ये सारे सेफ्टी के संदर्भ में किस तरह से नॉर्म्स हो। एज़ ए कन्ट्री योर डिज़ाइशन टू फॉलो ऑल दिज़ गाइडलाइन्स एंड रूल्स एंड खास करके जो वेदर के उसमें है सर हम आई एम डी के तरफ से वेदर को और तरह हम प्रेडिक्ट करें। नई टेक्नोलॉजी भी आती है तो हम इनवाइट करते हैं कि उस नई टेक्नोलॉजी को हमारे एयरपोर्ट्स में लेके आए ताकि हम ठीक तरह से वेदर को हम प्रेडिक्ट कर पाएं।
****
विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने स्पष्ट किया है कि सभी उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड स्मार्ट मीटर अनिवार्य नहीं हैं। आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री लाल ने कहा कि यदि उपभोक्ता प्रीपेड स्मार्ट मीटर का विकल्प चुनते हैं, तो इससे न केवल उपभोक्ताओं को बल्कि राज्यों और बिजली कंपनियों को भी लाभ होगा।
स्मार्ट मीटर के कारण से जो वहां गडबडें होती थी, उसे रोकने के कारण से पहली बार किया है जिसमें 26 सौ करोड़ रुपए का लाभ हुआ सभी 49 स्वीकृतियों को मिला करके। हम तो गाइड लाइन देते हैं, राज्य सरकारों का काम है। राज्य की सरकारें इसको लगाएं, ये हमारा आग्रह भी रहता है और उस आग्रह के कारण से इन कंपनियों का हमकों भी चिंता है ताकि सारे देश में बिजली ठीक से बने और ज्यादा से ज्यादा प्लांट्स जनरेशन को और उनका पेमेंट कर सके घाटा खत्म हो।
****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका ईरान में अपने प्रमुख रणनीतिक लक्ष्य प्राप्त करने के करीब हैं और अमरीकी सेना जल्द ही अपना काम पूरा कर लेगी। व्हाइट हाउस से प्रसारित अपने 20 मिनट के संबोधन में श्री ट्रम्प ने अमरीकी मिशन – ऑपरेशन एपिक फ्यूरी – की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि अमरीका पहले से कहीं अधिक बड़ी जीत हासिल कर रहा है।
****
घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों के दोपहर के कारोबार में लगभग शून्य दशमलव 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 516 अंक लुढ़ककर 72 हजार 618 पर, जबकि निफ्टी 147 अंक फिसलकर 22 हजार 532 पर आ गया।
****
आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आज शाम साढे सात बजे कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।
****
देश के विभिन्न हिस्सों में आज हनुमान जन्मोत्सव पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्मयोगी साधना सप्ताह को संबोधित करते हुए नागरिक देवो भव: के मंत्र से निर्देशित, नागरिक केन्द्रित प्रशासन पर बल दिया।
- सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष के मद्देनजर 30 जून तक 40 महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क से पूर्ण छूट दी।
- देश का रक्षा निर्यात पिछले वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड 38 हजार चार सौ 24 करोड़ रुपये तक पहुंचा।
- सर्वोच्च न्यायालय ने मालदा में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने के मामले में पश्चिम बंगाल प्रशासन की आलोचना की। न्यायालय ने निर्वाचन आयोग से इस घटना की जांच केन्द्रीय जांच एजेंसी से कराने की अनुमति दी और केंद्रीय बल की तैनाती के निर्देश दिए।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू।
- और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।
*******