मुख्य समाचार :
असम में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोगामुख में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा – गरीब और मध्यम वर्ग का कल्याण पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता।
राज्यसभा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक 2026 पर चर्चा शुरू।
मार्च में वस्तु और सेवा कर संग्रह 8 दशमलव 8 प्रतिशत बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। वित्त वर्ष 2026 में इसमें 8 दशमलव 3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन मामले में कोलकाता में दो स्थानों पर छापेमारी की।
पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण महानगरों में व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 195 रुपये और 50 पैसे की वृद्धि।
मानवाधिकार कार्यकर्ता ने संयुक्त राष्ट्र में बलूचिस्तान का मुद्दा उठाया। वैश्विक समुदाय से पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराने का आह्वान किया।
और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से।
***********
असम में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि गरीब और मध्यम वर्ग का कल्याण भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। असम के गोगामुख में चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि भाजपा समावेशी विकास हासिल करने के लिए बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा पर लगातार ध्यान लगातार दे रही है।
असम ने सेवा और सुशासन का नया दौर देखा है। असम का ये चुनाव विकसित असम से विकसित भारत बनाने का चुनाव है। इस बार बीजेपी-एनडीए सरकार की हैट्रिक लगनी तय है।
प्रधानमंत्री ने आज डिब्रूगढ़ में चाय बागान श्रमिकों से बातचीत भी की।
***********
पुद्दुचेरी के सभी 30 विधानसभा क्षेत्रों में ड्रोन आधारित निगरानी की जा रही है। केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव विभाग ने कहा है कि इस पहल का उद्देश्य विधानसभा चुनावों के दौरान निगरानी को और मजबूत करना तथा चुनावी अनियमितता पर अंकुश लगाना है। एक रिपोर्ट …
मन्नादिपेट निर्वाचन क्षेत्र में ड्रोन गश्त के दौरान, मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए कथित तौर पर पैसे बांटने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और 55,000 रुपये जब्त किए गए। एक अलग घटना में मंगलम निर्वाचन क्षेत्र में 11,300 रुपये नकद और एक दोपहिया वाहन के साथ दो व्यक्तियों को पकड़ा गया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी पी. जवाहर ने कहा कि कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए cVIGIL ऐप या हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट करने का आग्रह किया। पुद्दुचेरी से बेबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मै मनोज ।
***********
राज्यसभा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक-2026 पर विचार-विमर्श और पारित करने के लिए चर्चा शुरू हो गई है। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने पिछले सप्ताह यह विधेयक पेश किया था। इसका उद्देश्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में ग्रुप-ए जनरल ड्यूटी अधिकारियों और अन्य अधिकारियों की भर्ती तथा सेवा शर्तों से संबंधित सामान्य नियमों को विनियमित करना है। राज्यसभा में आज चर्चा की शुरुआत करते हुए तृणमूल कांग्रेस पार्टी के साकेत गोखले ने कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल-सीएपीएफ को व्यापक रूप से देश की रक्षा की पहली पंक्ति माना जाता है। उन्होंने विधेयक की नीतियों पर चिंता व्यक्त की। भारतीय जनता पार्टी के बृज लाल ने कहा कि विधेयक सीएपीएफ में ग्रुप ए जनरल ड्यूटी अधिकारियों के लिए एक समान और एकीकृत ढांचा स्थापित करने का प्रस्ताव करता है।
***********
लोकसभा में आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026 लोकसभा में पारित हो गया है। यह विधेयक आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2014 में संशोधन करता है और अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी के रूप में वैधानिक दर्जा प्रदान करता है। विधेयक का समर्थन करते हुए कांग्रेस के बी. मणिक्कम टैगोर ने कहा कि किसी राज्य की प्रगति स्थिरता के बिना नहीं हो सकती और शासन व्यवस्था एक निश्चित केंद्र के बिना नहीं चल सकती। तेलुगु देशम पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री चंद्र शेखर पेम्मासानी ने कहा कि आंध्र प्रदेश के लोग इस विधेयक और अमरावती को मिले वैधानिक दर्जे से उत्साहित हैं। भाजपा के सी.एम. रमेश ने कहा कि आंध्र प्रदेश को अपनी राजधानी अमरावती मिल रही है, जो जनता की राजधानी और हरित राजधानी होगी।
***********
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि रेलवे के लिए रिकॉर्ड बजट आवंटन किया गया है। इससे देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग को लाभ मिल रहा है। लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि पिछले एक दशक में रेलवे में किए गए महत्वपूर्ण निवेशों से देश के प्रत्येक नागरिक को प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
अभी जो कल फाइनेंशियल ईयर कम्पलीट हुआ उसमें रेलवे ने रिकॉर्ड 76 हजार 352 स्पेशल ट्रेन चलाई हैं और अब डेली 25 हजार गाडियां रेलवे के नेटवर्क से चलने लगी है और रिकॉर्ड एक हजार 670 मिलियन मैट्रिक टन का कार्गों भी रेलवे ने इस साल अचीव किया है।
***********
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के इस आरोप को खारिज कर दिया है कि सरकार पश्चिम एशिया संकट के कारण ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चर्चा से बच रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में पहले ही विस्तार से चर्चा हो चुकी है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा एलपीजी संकट पर संक्षिप्त चर्चा की मांग का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त विधेयक पर चर्चा के दौरान दोनों सदनों में व्यापक रूप से बात की थी और वित्त मंत्री ने एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों से संबंधित चिंताओं का विस्तृत जवाब दिया था।
***********
संसद के दोनों सदनों ने विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) पर 50 रुपये प्रति लीटर का विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाने के वैधानिक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वित्त अधिनियम, 2002 की आठवीं अनुसूची में संशोधन करने के लिए केंद्रीय उत्पाद शुल्क अधिनियम, 1944 की धारा 3बी के तहत यह प्रस्ताव पेश किया। यह कदम वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विमानन क्षेत्र में परिचालन लागत में वृद्धि के जवाब में उठाया गया है।
***********
इस वर्ष मार्च में कुल वस्तु और सेवा कर -जीएसटी संग्रह पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में 8 दशमलव 8 प्रतिशत बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। मार्च 2025 में कुल जीएसटी राजस्व एक लाख 83 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहा। वित्त मंत्रालय के अनुसार इस वर्ष मार्च में केंद्रीय जीएसटी संग्रह 40 हजार 549 करोड़ रुपये और राज्य जीएसटी संग्रह 53 हजार 268 करोड़ रुपये रहा। एकीकृत जीएसटी संग्रह एक लाख करोड़ रुपये से अधिक है। इस बीच, वित्त वर्ष 2025-26 में सकल जीएसटी राजस्व बढ़कर 22 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष के 20 लाख करोड़ रुपये से 8 दशमलव 3 प्रतिशत अधिक है।
***********
नए वित्त वर्ष के पहले दिन आज से आयकर अधिनियम- 2025 लागू हो गया है। एक रिपोर्ट-
नए वित्त वर्ष के पहले दिन आज आयकर अधिनियम- 2025 ने छह दशक से भी अधिक पुराने आयकर अधिनियम 1961 स्थान ले लिया है। इसे पुराने प्रावधानों को हटाकर, जटिल नियमों को सुव्यवस्थित करके और करदाताओं के लिए अनुपालन को अधिक सरल बनाकर कर प्रणाली को आसन बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देशानुसार आज से देश में सभी डिजिटल भुगतान लेनदेन के लिए टू–फैक्टर ऑथेंटिकेशन–दो–कारक प्रमाणिकरण के मानदंडों को पूरा करना अनिवार्य होगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फास्ट टैक वार्षिक पास का संशोधित शुल्क भी आज से लागू होगा। इसके साथ ही स्थायी खाता संख्या पेन कार्ड के लिए आवेदन करने या उसे अपडेट करने के संशेाधित नियम भी आज से प्रभावी होंगे। अनुपम मिश्र के साथ अंकित कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
***********
प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन मामले में कोलकाता के बालीगंज इलाके में दो स्थानों पर तलाश अभियान चलाया गया है। वहीं दूसरी ओर, साइबर धोखाधड़ी मामले में उद्योगपति और कारोबारी पवन रुइया को पुलिस ने आज कोलकाता के बिधाननगर कोर्ट में पेश किया। पवन रुइया को पुलिस ने कल कोलकाता में गिरफ्तार किया था।
***********
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के मद्देनजर तेल विपणन कंपनियों ने महानगरों में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 195 रुपये 50 पैसे की वृद्धि की है। एक रिपोर्ट –
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की वेबसाइट के अनुसार दिल्ली में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की खुदरा कीमत अब दिल्ली में 2 हजार 78 रुपये 50 पैसे, कोलकाता में 2 हजार 208 रुपये, मुंबई में 2 हजार 31 रुपये और चेन्नई में 2 हजार 246 रुपये 50 पैसे हो गई हैं। 19 किलोग्राम के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की संशोधित कीमत आज से लागू हो गई है। इस बीच, पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतों में अनिश्चितता के बावजूद देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि सऊदी अनुबंध मूल्य में 44 प्रतिशत की वृद्धि के कारण हुई है, जो मार्च में 542 अमरीकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन से बढ़कर अप्रैल में 780 अमरीकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गया है, क्योंकि वैश्विक एलपीजी आपूर्ति का 20 से 30 प्रतिशत हिस्सा होर्मुज जल-डमरू-मध्य में फंसा हुआ है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली में सामान्य पेट्रोल की कीमत 94 रुपये 77 पैसे प्रति लीटर और डीजल 87 रुपये 67 पैसे़ प्रति लीटर है। रिशु और अंकित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं प्राची प्रिया।
***********
नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने घरेलू एयरलाइंस के लिए विमानन टरबाइन ईंधन-एटीएफ की कीमत में पंद्रह रुपये प्रति लीटर की आंशिक और चरणबद्ध वृद्धि लागू करने के निर्णय की सराहना की है। श्री नायडू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह व्यावहारिक और दूरदर्शी है।
***********
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड को वित्त वर्ष 2025-26 में 3 हजार 113 मीट्रिक टन से अधिक कच्चे तेल के प्रसंस्करण के लिए बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री पुरी ने कहा कि रिफाइनरी की क्षमता 103 प्रतिशत उपयोग में है, जो अब तक का सबसे उच्च स्तर पर है, और लगातार दूसरे वर्ष इसकी निर्धारित 30 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता से अधिक है।
***********
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि संविधान सदन में 58 भित्ति चित्र कलात्मक कार्य से कहीं अधिक है। ये भित्ति चित्र भारत की सभ्यतागत यात्रा की दृश्यात्मक प्रस्तुति है। श्री राधाकृष्णन ने नई दिल्ली में राज्यसभा की सांसद सुधा मूर्ति द्वारा रचित पुस्तक ‘टाइड्स ऑफ टाईम’ के विमोचन के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक कालजयी सुंदरता और संसदीय भित्ति चित्र के पेशेवर प्रतीक को समाहित करती है। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत की समृद्ध विरासत और संसद चर्चा और संवाद के लिए सिर्फ एक मंच नहीं बल्कि भविष्य की पीढियों के लिए प्रेरणा का एक केन्द्र भी है।
***********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के स्थापना दिवस पर ओडिशावासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
***********
बलूचिस्तान में बलूच महिला मंच-बी डब्ल्यू एफ ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान की सेना द्वारा लगातार लोगों को जबरन गायब किये जाने और गैर-न्यायिक हत्याओं के लिए पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराने का आग्रह किया है। बी डब्ल्यू एफ ने कथित दुर्व्यवहारों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के 61वें सत्र को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए बलूच महिला मंच की केंद्रीय आयोजक और कार्यकर्ता शाली बलूच ने बलूचिस्तान में मानवाधिकारों के हनन की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ऐसी अमानवीय गतिविधियों के लिए पाकिस्तान के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।
***********
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के खिलाफ अमरीका का सैन्य अभियान दो से तीन सप्ताह के भीतर समझौते के साथ या बिना समझौते के समाप्त हो सकता है। व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत में श्री ट्रंप ने कहा कि अमरीका बहुत जल्द ही संघर्ष से बाहर आ जाएगा।
***********
1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी चंचल कुमार ने आज सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय जाजू का स्थान लिया है। बिहार कॉडर के अधिकारी श्री कुमार इससे पहले पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत थे।
***********
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों के चलते आज दोपहर के सत्र में घरेलू शेयर बाजार लगभग दो प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स एक हजार 535 अंक बढ़कर 73 हजार 483 पर और निफ्टी 440 अंक चढ़कर 22 हजार 771 पर था।
***********
आईपीएल क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा। कल चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स को तीन विकेट से हरा दिया।
***********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
असम में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोगामुख में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा – गरीब और मध्यम वर्ग का कल्याण पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता।
राज्यसभा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक 2026 पर चर्चा शुरू।
मार्च में वस्तु और सेवा कर संग्रह 8 दशमलव 8 प्रतिशत बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। वित्त वर्ष 2026 में इसमें 8 दशमलव 3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन मामले में कोलकाता में दो स्थानों पर छापेमारी की।
पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण महानगरों में व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 195 रुपये और 50 पैसे की वृद्धि।
मानवाधिकार कार्यकर्ता ने संयुक्त राष्ट्र में बलूचिस्तान का मुद्दा उठाया। वैश्विक समुदाय से पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराने का आह्वान किया।
आईपीएल क्रिकेट में आज शाम लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से।
***********