मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महावीर जयंती के अवसर पर गुजरात के कोबा में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हिंसा और अनिश्चितता से जूझ रही दुनिया के लिए इस संग्रहालय का संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण।
- प्रधानमंत्री ने गुजरात के सांणद में केयन्स सेमीकंडक्टर ओ.एस.ए.टी संयंत्र का भी उद्घाटन किया।
- बिहार के नालंदा जिले के शीतला अष्टमी मंदिर में भगदड़ में आठ महिला श्रदालुओं की मौत।
- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग द्वारा सरकारी अधिकारियों के तबादलों को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज की।
- दुबई तट पर ईरान के ड्रोन हमले में कुवैत का तेल टैंकर क्षतिग्रस्त।
- आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स का सामना गुजरात टाइटन्स से।
*************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महावीर जयंती के अवसर पर गुजरात में गांधीनगर के कोबा में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन किया। यह संग्रहालय जैन इतिहास, सम्राट संप्रति के जीवन, उनके शासन और अहिंसा के संदेश को समर्पित है। श्री मोदी ने कहा कि कोबा तीर्थ स्थली आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत है।
कोबा तीर्थ की स्थली आध्यात्मिक शांति से ओतप्रोक्त है, जिस स्थान की ऊर्जा ऐसी अलौकिक हो वहां सृजन और सेवा यह अपने आप प्रस्फुटित और संचालित होते हैं। कोबा तीर्थ में कैसे अध्ययन, साधना और संयम के सतत परंपरा चली आ रही यहां मूल्य का संरक्षण होता है संस्कारों को संबल मिलता है और विज्ञान का पोषण होता है। यह त्रिवेणी भारतीय सभ्यता का आधार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोबा तीर्थ में मूल्यों का संरक्षण, सांस्कृतिक लोकाचार का सशक्तिकरण और ज्ञान का संवर्धन होता है। उन्होंने इसे तीन धाराओं – अध्ययन, आध्यात्मिक साधना और आत्म-अनुशासन – का संगम बताया। श्री मोदी ने कहा कि यह भारतीय सभ्यता की आधारशिला है। प्रधानमंत्री ने सभी से दस संकल्पों को अपनाने और उनके संरक्षण करने पर बल दिया।
पहले संकल्प पानी बचाने का, दूसरा एक पेड़ मां के नाम, तीसरा स्वच्छता का मिशन, चौथा वोकल फॉर लोकल, 5वां देश दर्शन, छठा नेचुरल फार्मिंग को अपनाना, सातवां हेल्दी लाइफ इस्टाइल को अपनाना, आठवां योग और खेल को जीवन में लाना, नौवां संकल्प है गरीबों की सहायता का संकल्प और दसवा संकल्प आप सभी ने स्वयं से जोड़ लिया है और वह है भारत की विरासत का संरक्षण।
विश्व की वर्तमान स्थिति का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इस संग्रहालय का संदेश पूरी मानवता के लिए महत्वपूर्ण है।
आज दुनिया में जिस तरह के हालात हैं, जिस तरह विश्व अस्थिरता और अशांति के आज में झुलस रहा है। इस म्यूजियम की विरासत इसका संदेश केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए बहुत अहम है। हमारा प्रयास होना चाहिए दुनिया के देशों से यहां आने वाले जिज्ञासु स्टूडेंट और रिसर्चर की संख्या और बढ़े।
*************
प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद के साणंद जीआईडीसी में स्थित केयन्स सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन किया। इसके साथ ही इस संयंत्र में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सभी को संबोधित कर रहे हैं। आइये सुनते हैं उनका संबोधन –
इस संयंत्र में उन्नत इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल -आईपीएम का निर्माण किया जाएगा। यह भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आईपीएम ऑटोमोटिव और औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए महत्वपूर्ण घटक हैं। इन्हें कॉम्पैक्ट, कुशल और विश्वसनीय पावर स्विचिंग सिस्टम की आवश्यकता होती है। प्रत्येक मॉड्यूल में 17 चिप्स होते हैं और इनकी आपूर्ति कैलिफोर्निया स्थित अल्फा एंड ओमेगा सेमीकंडक्टर को की जाएगी।
*************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि नालंदा का पुनुरूद्धार केवल बिहार या भारत की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे विश्व के लिए बौद्धिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की शुरुआत का प्रतीक है। राष्ट्रपति नालंदा विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
*************
बिहार में आज सुबह नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित मघडा शीतलाष्टमी मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मची भगदड़ में आठ महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक अफवाह के कारण भीड में अफरा-तफरी मच गई। बचाव अभियान जारी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। श्री चौधरी ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
*************
प्रधानमंत्री ने बिहार के नालंदा जिले में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। श्री मोदी ने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को पचास-पचास हजार रुपये दिए जाएंगे।
*************
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग द्वारा बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादलों के विरूद्ध तृणमूल कांग्रेस नेता की दो जनहित याचिकाओं को खारिज कर दिया। पार्टी के लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी ने याचिकाकर्ता के वकील के रूप में इस मामले में पैरवी की।
दो जनहित याचिकाओं में से एक मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, पुलिस आयुक्त जैसे शीर्ष स्तर के सरकारी अधिकारियों के तबादलों से संबंधित थी। दूसरी याचिका राज्य में सामान्य और पुलिस प्रशासन के निचले स्तर के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादलों से संबंधित थी, जिनमें रिटर्निंग ऑफिसर और पुलिस इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल और न्यायमूर्ति पार्थ सारथी सेन की खंडपीठ ने जनहित याचिकाओं को खारिज करते हुए कहा कि आचार संहिता लागू होने के दौरान आयोग को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादलों का पूरा अधिकार है। खंडपीठ ने पश्चिम बंगाल में जानबूझकर सामान्य और पुलिस प्रशासन के शीर्ष स्तर पर किए गए तबादलो के याचिकाकर्ता के तर्क को खारिज कर दिया, क्योंकि अन्य चुनाव वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ऐसा नहीं हुआ। खंडपीठ के अनुसार, इस बात का कोई सबूत नहीं था कि निर्वाचन आयोग के फैसले से राज्य सरकार के कामकाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा हो। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
*************
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए आज 13 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की। हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाती, गारबेटा से प्रदीप लोढ़ा, बाराबनी से अरिजीत रॉय और गिरिजा शंकर रॉय नाटावाड़ी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने मयनागुड़ी विधानसभा क्षेत्र से दूसरी सूची में एक नाम संशोधित किया है। अब इस सीट से दालिम रॉय चुनाव मैदान मे हैं।
*************
असम में 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाताओं और दिव्यांगजनों के लिए घर से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। असम के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में यह प्रक्रिया जारी है। असम में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होना है। और अब एक नजर असम के भवानीपुर-सोरभोग निर्वाचन क्षेत्र पर जिसे 2023 के परिसीमन के बाद बनाया गया था।
2023 के परिसीमन के दौरान भवानीपुर और सोरभोग सीटों के कुछ हिस्सों को मिलाकर यह निर्वाचन क्षेत्र का गठन किया गया था और बारपेटा और बजाली जिले में फैला हुआ है इस विधानसभा चुनाव में इस निर्वाचन क्षेत्र से पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। सीपीआईएम ने परिसीमित सोरभोग के विधायक मनोरंजन तालुकदार को और भाजपा ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रंजीत कुमार दास को उम्मीदवार बनाया है। रंजीत कुमार दास बाजाली निवार्चन क्षेत्र से प्रतिनिधि हैं। फरहत अली अखिल भारतीय सयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे के उम्मीदवार हैं। शुकुर अली और एफ ए अहमद निर्दलीय उम्मीदवार हैं। यहां 270 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 30 का नेतृत्व महिलाएं कर रही है। अमीन उल हक जद्दार, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
*************
पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इस अवसर पर नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और सुकांत मजूमदार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थिति थे। श्री रिजिजू ने कहा कि पूर्व टेनिस खिलाड़ी पिछले 12 वर्षों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में किए गए कार्यों से प्रेरित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं।
*************
सरकार ने कल से शुरू हो रही जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए 33 प्रश्न अधिसूचित किए हैं।
विश्व की यह सबसे बड़ी जनगणना दो चरणों में कराई जाएगी। पहली बार जनगणना डिजिटल रूप से कराई जाएगी। स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध होगा। जनगणना 2027 के तरीकों को लेकर महा पंजीयक और जनगणना आयुक्त, मृत्युंजय कुमार नारायण ने आकाशवाणी के पब्लिक स्पीक कार्यक्रम की में बताया कि यह जनगणना पिछली जनगणना से अलग है। उन्होने विदेश में रहने वाले भारतीयों की इस जनगणना में भागीदारी करने के तरीकों को भी स्पष्ट किया।
अभी जो प्रथम चरण की हम बात कर रहे हैं। प्रथम चरण बेसिकली मकान की गणना और मकान सूचीकरण है इसमें अगर बाहर रहते हैं कोई फर्क नहीं पड़ता हम दूसरे चरण में जब एक व्यक्ति की गणना करते हैं तो उसमें जो बाहर रहने वाले हैं उनको एंबेसी के माध्यम से उनकी गणना कराने की व्यवस्था है।
*************
सरकार ने तेलंगाना, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और मिजोरम में पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों के लिए वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 15वें वित्त आयोग के बद्ध और अबद्ध अनुदान स्वीकृत और जारी कर दिए हैं। ये अनुदान जमीनी स्तर पर शासन को सशक्त बनाएंगे और पंचायती राज संस्थाओं में आवश्यकता आधारित स्थानीय विकास को बढ़ावा देंगे।
*************
दुबई तट पर ईरान के ड्रोन हमले में कुवैत का तेल टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया है। इस हमले से व्यापक संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान की आशंका बढ़ गई है। कुवैत के ध्वज वाले टैंकर अल-सलमी में लगभग 20 लाख बैरल कच्चा तेल भरा हुआ था, हमले के बाद उसमें आग लग गई। दुबई के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और चालक दल के सभी 24 सदस्य सुरक्षित हैं। कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने आगाह किया है कि क्षति के कारण तेल रिसाव हो सकता है। यह घटना अमरीका और इस्राएल के ईरान पर किए गए हमलों के बाद बढ़ते तनाव के बीच हुई है।
*************
दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव – 2026 का समापन आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा है। एक सप्ताह तक चले इस महोत्सव में दुनिया भर की एक सौ 25 से अधिक फिल्में दिखाई गईं। एक रिपोर्ट-
दिल्ली में एक सप्ताह तक चलने वाले फिल्म महोत्सव में कई पीवीआर सिनेमाघरों जैसे साकेत, वसंत कुंज, पटेल नगर और पीतमपुरा में लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। इस महोत्सव का उद्देश्य क्रिएटिव इंडस्ट्री को बढ़ावा देना, फिल्म टूरिज्म को सपोर्ट करना, नए कलाकारों को मौका देना और फिर मेकर्स को एक ही जगह पर मंच प्रदान करना है। फिल्म महोत्सव की आखिरी दिन गुजराती भाषा की भक्ति पर आधारित फिल्म कृष्ण सदा सहायते दिखाई जाएगी। यह फिल्म पिछले साल रिलीज हुई थी और अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली गुजराती फिल्म है। इसके अलावा दिल्ली और रेल सिनेमा एंड द कैपिटल नाम का एक सत्र आयोजित होगा इसमें मशहूर फिल्म मेकर इम्तियाज अली और राकेश ओमप्रकाश मेहरा दिल्ली और सिनेमा के रिश्ते पर अपने विचार साझा करेंगे इसके अलावा एक खास सत्र फ्रॉम इंडी रूट टू द ऑस्कर्स आयोजित होगा जिसमें ऑस्कर जीत चुके प्रोड्यूसर गुरीत मूंगा रहेंगी। अमन यादव आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*************
आईपीएल क्रिकेट-2026 के चौथे मुकाबले में आज पंजाब किंग्स का मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।
*************
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल, माहे, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्र के कुछ स्थानों पर तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज चमक के साथ बिजली कडकने की संभावना है।
*************
अंत में मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महावीर जयंती के अवसर पर गुजरात के कोबा में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हिंसा और अनिश्चितता से जूझ रही दुनिया के लिए इस संग्रहालय का संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण।
- प्रधानमंत्री ने गुजरात के सांणद में केयन्स सेमीकंडक्टर ओ.एस.ए.टी संयंत्र का भी उद्घाटन किया।
- बिहार के नालंदा जिले के शीतला अष्टमी मंदिर में भगदड़ में आठ महिला श्रदालुओं की मौत।|
- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग द्वारा सरकारी अधिकारियों के तबादलों को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज की।
- दुबई तट पर ईरान के ड्रोन हमले में कुवैत का तेल टैंकर क्षतिग्रस्त।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज पंजाब किंग्स का सामना गुजरात टाइटन्स से।
*************