March 30, 2026 3:09 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार

 

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने असम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा – वैश्विक अनिश्चितता के कारण विश्‍व की मुद्राओं में अस्थिरता परन्‍तु भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत।

 

लोकसभा में दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक पारित। इसका उद्देश्‍य कंपनियों और व्‍यक्तियों के बीच प्रक्रिया संबंधी वि‍लंब और व्‍याख्‍या संबंधी मुद्दों का समाधान करना है।  

 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद राज्‍यविधान परिषद की सदस्‍यता से इस्तीफा दिया।

 

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पश्चिम एशिया संकट के बीच 38 हजार मीट्रिक टन ईंधन भेजने के लिए भारत का आभार व्यक्त किया।

 

और भारत की शीतल देवी को वर्ष 2025 का सर्वश्रेष्‍ठ पैरा तीरंदाज चुना गया।

 

**********************

 

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

 

तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर एक ही चरण में मतदान अगले महीने की 23 तारीख को होगा।

 

छह अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किय जा सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच अगले दिन से शुरू होगी। 9 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।

 

**********************

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज दोपहर ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत असम के पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि असम का माहौल स्पष्ट है और राज्य की जनता एनडीए को वोट देने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से रिकॉर्ड तोड़ जीत हासिल करने के लिए दिन-रात काम करने का आग्रह किया। 

 

असम में बीजेपी – एनडीए की हैट्रिक लगे इसके लिए आप सभी जबरदस्त मेहनत कर रहे हैं। मैं जानता हूं असम में बीजेपी-एनडीए को लेकर बहुत अधिक समर्थन है लेकिन आप लोग जमीन पर जो अनुभव कर रहे हैं जो आपके विचार है मैं उन्हें जानने के लिए बहुत उत्सुक हो।

 

असम में मतदान 9 अप्रैल को एक ही चरण में होगा।

 

**********************

 

प्रधानमंत्री पुद्दुचेरी में भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उन्‍होंने कहा कि डबल इंजन की एनडीए सरकार ने पिछले पांच वर्ष में पुद्दुचेरी के लोगों की आकांक्षाएं पूरी की हैं।

 

**********************

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेताओं पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू और डॉ. सुकांत मंजुमदार सहित कई नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने आज निर्वाचन आयोग से मुलाकात की। बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री रिजिजू ने कहा कि पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव होने चाहिए। आयोग ने आश्वासन दिया कि वे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।

 

**********************

 

पुद्दुचेरी में 9 अप्रैल को सभी 30 विधानसभा क्षेत्रों में एक ही चरण में चुनाव होंगे। हमारी निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज हम विल्लियनूर निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं।

 

शंकरपरानी नदी के किनारे बसा विलियानूर, अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक महत्व और प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के लिए विख्यात है। पुद्दुचेरी की विलियानूर विधानसभा सीट में, प्रदेश में सर्वाधिक मतदाता हैं। ताज़ा मतदाता सूची के अनुसार, इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 42 हज़ार 864 मतदाता हैं। इनमें 20 हज़ार 423 पुरुष, 22 हज़ार 434 महिला और 7 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। क्षेत्र में कुल 47 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बुनियादी ढांचे का विकास, रोज़गार और आधारभूत नागरिक सुविधाएं, इस निर्वाचन क्षेत्र के प्रमुख मुद्दे हैं। द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम के आर. शिवा ने वर्ष 2021 में पिछले विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 6 हज़ार 950 वोट के अंतर से जीत हासिल की थी। इन चुनाव में ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस के एस. वी. सुगुमारन 12 हज़ार 703 वोट के साथ दूसरे पायदान पर रहे थे। क्षेत्र में सीधा मुकाबला, मौजूदा विधायक और विपक्ष के नेता आर. शिवा तथा ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस के उम्मीदवार बी. रविकुमार के बीच है। पट्टाली मक्कल काची, ऑल इंडिया पुराची थलाइवर मक्कल मुन्नेत्र कषगम, नाम तमिलर काची, तमिलगा वेट्री कषगम के उम्मीदवारों तथा छह निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं, मुकेश कुमार बल।

 

**********************

 

भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात विधानसभा उपचुनाव के लिए उमरेठ विधानसभा क्षेत्र से हर्षदभाई गोविंदभाई परमार को मैदान में उतारा है। इस सीट पर उपचुनाव अगले महीने की 23 तारीख को होगा।

 

**********************

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने संसद में भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का उल्‍लेख करते हुए कहा कि रुपये का मूल्य बाजार से प्रेरित है और वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत के व्यापक आर्थिक आधारभूत तत्‍व मजबूत बने हुए हैं। आज लोकसभा में रुपये के अवमूल्यन पर प्रश्नकाल के दौरान जवाब देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के आधारभूत संकेतक मजबूत हैं।

 

भारत की इकोनॉमी एक दम स्‍टॉन्‍ग है। हमारे फॉरन सिस्‍टम सिच्‍युएशन स्‍टॉन्‍ग है और सिस्‍टम डेफिसिट पांच साल में कैसे मेनटेन करते आ रहे है। इसके ऊपर पूरी दुनिया में प्रशंसा हो रही है। हमारे फॉरन एक्‍सचेंज रिजर्व इतना साफ बरकरार है, सॉलिड भी है। इसके कारण आज हम डॉलर की व्‍यवस्‍था को पूरी दुनिया देख रही है। हर एक इमर्जिंग मार्केट्स का इकोनॉमी के साथ भारत की तुलना में हमारे रूपया ठीक चल रहे हैं।

 

श्रीमती सीतारामन ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता दुनिया भर की मुद्राओं को प्रभावित कर रही है और विनिमय दर के दबाव का सामना करने वाला भारत अकेला देश नहीं है।

 

**********************

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि देश के बैंक, ग्राहकों के डाटा की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए एक सख्त कानूनी और नियामक ढांचे के अंतर्गत काम करते हैं। वित्‍तमंत्री ने आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के उत्तर में यह जानकारी दी। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि रिजर्व बैंक द्वारा जारी ‘अपने ग्राहक को जानें’-के.वाई.सी. ढांचे और दिशानिर्देशों के अंतर्गत बैंकों को ग्राहक जानकारी की गोपनीयता बनाए रखनी होती है।

 

रिजर्व बैंक ने ग्राहकों की जानकारी की गोपनीयता और जानकारी साझा करने के बारे में व्‍यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बैंकों के लिए यह आवश्‍यक है कि वे ग्राहकों की जानकारी को गोपनीय रखें। मुख्य रूप से पांच विभिन्‍न कानून हैं। इनके अंतर्गत बैंकों और डेटा इकट्ठा करने वाले संस्‍थाओं को नियमों का पालन करना होगा। इनमें भारतीय स्टेट बैंक अधिनियम, बैंकिंग कंपनी अधिनियम, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक अधिनियम, क्रेडिट इन्फॉर्मेशन कंपनी अधिनियम और सार्वजनिक वित्तीय संस्थान अधिनियम शामिल हैं। 

 

**********************

 

लोकसभा ने दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक-2025 ध्‍वनिमत से पारित कर दिया है। यह विेधेयक पहले संसद की प्रवर समिति को भेजा गया था। इसके बाद दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता 2016 में आगे संशोधन के लिए सदन में प्रस्‍तुत किया गया। इसका उद्देश्‍य प्रक्रियागत विलंब और व्याख्या संबंधी मुद्दों का समाधान करना है।

 

लोकसभा में दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक-आई.बी.सी 2025 पर चर्चा का जवाब देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि इस संहिता का उद्देश्‍य सिर्फ ऋणों की वसूली के तंत्र के रूप में कार्य करना नहीं बल्कि कारोबार को बचाना, वित्‍तीय संकट का समाधान करना और उद्यम को सुरक्षित रखने के लिए ढांचा तैयार करना भी है।

 

**********************

 

लोकसभा में देश को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त कराने के प्रयासों पर चर्चा शुरू हो गई है। चर्चा की शुरुआत करते हुए शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने देश को नक्सलवाद से मुक्त कराने के नरेन्‍द्र मोदी सरकार, अर्धसैनिक और पुलिस बलों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने वामपंथी उग्रवाद से लड़ते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि भी दी।

 

**********************

 

राज्यसभा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 पर विचार-विमर्श और पारित करने के लिए चर्चा शुरू हुई। इस विधेयक का उद्देश्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में ग्रुप ए जनरल ड्यूटी अधिकारियों और अन्य अधिकारियों की भर्ती और सेवा शर्तों से संबंधित सामान्य नियमों को विनियमित करना है।

 

**********************

 

केन्‍द्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा है कि भारत के पास विमानन टरबाइन ईंधन-एटीएफ की पर्याप्त आपूर्ति है। आज राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए, श्री नायडू ने कहा कि देश में अगले 60 दिनों तक बिना किसी रुकावट के आपूर्ति है।

 

**********************

 

बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड-जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए हाल ही में चुने जाने के बाद संवैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

 

जेडीयू विधायक संजय गांधी ने नीतीश कुमार का इस्तीफ़ा विधान परिषद अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह को सौंपा। पटना में संवाददाताओं से बातचीत में वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने यह जानकारी साझा की।

 

मुख्‍यमंत्री जी राज्‍यसभा के सदस्‍य निर्वाचित हो गए हैं। ये तो एक तरह से संवैधानिक अनिवार्यता थी।  सभापति जी आएंगे तब इस्‍तीफे पर आगे की कार्रवाई होगी। स्‍वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 

 

इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वे इस महीने की शुरुआत में राज्यसभा के लिए चुने गए थे।

 

**********************

 

जनगणना 2027 पहली अप्रैल से शुरू होगी। यह स्वतंत्रता के बाद की आठवीं और इस श्रृखंला की 16वीं जनगणना होगी। आज नई दिल्‍ली में संवाददाता सम्‍मेलन में महारजिस्ट्रार और जनगणना आयुक्त, मृत्युंजय कुमार नारायण ने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। श्री नारायण ने कहा कि पहले चरण में, घर-घर की सूची बनाना और स्व-गणना की जाएगी।

 

जनगणना की तैयारियां अब अग्रिम अवस्था में पहुंच चुकी है और अब से कुछ एक दिन में ही फील्ड का कार्य प्रथम चरण प्रारंभ होने जा रहा है। जनगणना एक वृहद कार्य है। इसमें केन्‍द्रीय स्‍तर पर और राज्‍यों के स्‍तर पर संघ शासित प्रदेशों के स्‍तर पर विषद तैयारी चलती है, तो यह जनगणना दो चरणों में संपन्न होती है और इस बार आंकड़ों का संग्रह डिजिटल माध्‍यम से किया जाना है।

 

**********************

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त, मृत्युंजय कुमार नारायण के साथ “जनगणना 2027: डिजिटल उपकरणों और स्व-गणना के साथ पहली जनगणना” विषय पर एक परिचर्चा प्रसारित करेगा।

 

**********************

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल एक दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान श्री मोदी महावीर जयंती के अवसर पर गांधीनगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे।     प्रधानमंत्री अहमदाबाद के साणंद स्थित केयन्स सेमीकंडक्टर संयंत्र का भी उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करेंगे।

 

**********************

 

केंद्रीय आयुष मंत्रालय के राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड ने जम्मू संभाग में सौ स्कूलों में हर्बल उद्यान बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस पर 53 लाख रुपये की लागत आएगी। जम्मू में विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने विभिन्‍न जिलों से इस परियोजना के लिए दस विद्यालयों का चयन किया है।

 

**********************

 

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पश्चिम एशिया संकट के बीच देश को ईंधन भेजने में भारत के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। कोलंबो में पेट्रोलियम की एक बड़ी खेप पहुंचने के बाद श्री दिसानायके ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से  श्रीलंका में ईंधन की कमी के बारे में बात की थी। शनिवार को कोलंबो में 20 हजार मीट्रिक टन डीजल और 18 हजार मीट्रिक टन पेट्रोल की खेप पहुंचने के बाद उन्‍होंने भारत के त्वरित सहयोग के लिए धन्‍यवाद दिया।

 

**********************

 

भारत की शीतल देवी को विश्‍व तीरंदाजी ने वर्ष 2025 का सर्वश्रेष्ठ पैरा तीरंदाज चुना है। जम्मू-कश्मीर की 19 वर्षीय शीतल देवी पिछले साल दक्षिण कोरिया के ग्वांगझू में आयोजित विश्‍व पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप में महिला कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली और एकमात्र बिना बाजू वाली तीरंदाज बनीं।

 

**********************

 

आईपीएल क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।

 

कल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टूर्नामेंट के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराया।

 

**********************

 

घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज दोपहर डेढ प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स एक हजार दो सौ 56 अंक लुढककर 72 हजार तीन सौ 27 पर जबकि निफ्टी तीन सौ 59 अंक फिसलकर 22 हजार चार सौ 60 पर कारोबार कर रहा था।

 

**********************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू।

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने असम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा – वैश्विक अनिश्चितता के कारण विश्‍व की मुद्राओं में अस्थिरता परन्‍तु भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत।

 

लोकसभा में दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक पारित। इसका उद्देश्‍य कंपनियों और व्‍यक्तियों के बीच प्रक्रिया संबंधी वि‍लंब और व्‍याख्‍या संबंधी मुद्दों का समाधान करना है।  

 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद राज्‍यविधान परिषद की सदस्‍यता से इस्तीफा दिया।

 

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पश्चिम एशिया संकट के बीच 38 हजार मीट्रिक टन ईंधन भेजने के लिए भारत का आभार व्यक्त किया।

 

और भारत की शीतल देवी को वर्ष 2025 का सर्वश्रेष्‍ठ पैरा तीरंदाज चुना गया।  

 

**********************

 a