मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – पश्चिम एशिया की स्थिति ने भारत की ऊर्जा जरूरतों के लिए चुनौती उत्पन्न की। इस चुनौती से सफलता से बाहर निकलने का विश्वास प्रकट किया।
- आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अफवाहों से सतर्क रहने और केवल सरकारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया।
- प्रधानमंत्री ने एक करोड से अधिक प्रवासी भारतीयों को सभी तरह की सहायता उपलब्ध कराने के लिए खाडी देशों का अभार व्यक्त किया।
- तेहरान में प्रमुख सैन्य ठिकानों पर इस्राएल के हमलों और खाड़ी में ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों से संघर्ष बढ़ा। पश्चिम एशिया में अमरीका ने 3 हजार 500 से अधिक नौसैनिक भेजें।
- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज केरलम विधानसभा चुनाव के लिए पलक्कड़ में रैली और त्रिषूर में रोड शो करेंगे।
- और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से।
***********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति ने भारत की ऊर्जा जरूरतों के लिए चुनौती उत्पन्न कर दी है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि यह मुश्किल समय है।
जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है। वह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा केंद्र है। इसकी वजह से दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बनती जा रही है। हमारे वैश्विक संबंध अलग–अलग देशों से मिल रहा सहयोग और पिछले एक दशक में देश का जो सामर्थ बना है। इनकी वजह से भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कोविड महामारी की तरह ही देश इस मुश्किल हालात से सफलता से बाहर निकल जाएगा।
मैं गल्फ कंट्रीज का बहुत आभारी हूं। वह ऐसे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों को वहां पर हर प्रकार की मदद दे रहे हैं, जो लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं, उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए यह देश के 140 करोड़ देशवासियों के हित से जोड़ा विषय है। मैं सभी देशवासियों अपील भी करूंगा कि वह जागरूक रहे, बहकावें में ना आए, सरकार की तरफ से जो आपको निरंतर जानकारी दी जा रही है, उस पर भरोसा करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की महान संस्कृति और विरासत को दिखाने के लिए लोगों की भागीदारी की भावना को दिखाने वाले ज्ञान भारतम सर्वे पर ज़ोर दिया।
हमारी महान संस्कृति और समृद्धि विरासत से है। इसका उद्देश्य देशभर में मौजूद पांडुलिपियों के बारे में जानकारी जमा करना है। इस सर्वे से जुड़ने का एक माध्यम भारतम् ऐप है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि माई भारत, राष्ट्र-निर्माण की ज़िम्मेदारी को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभा रहा है।
माय भारत द्वारा बजट क्वेस्ज का आयोजन किया गया। इसका मकसद था, देश भर के युवाओं को बजट प्रक्रिया और नीति निर्माण से जोड़ना। इससे जुड़ी क्विज में देश भर से करीब 12 लाख युवाओं ने हिस्सा लिया है। इनसे पता चलता है कि मेरे युवा साथी देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए कितना तत्पर है।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में टी 20 विश्व कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत पर गर्व प्रकट किया।
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत दर्ज की, तो देश में हर तरफ खुशी की लहर दौड़ गई अपनी टीम की शानदार सफलता पर हम सभी को बहुत गर्व है। जम्मू–कश्मीर की क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया। जम्मू–कश्मीर के लोगों में खेलों को लेकर गजब का जज्बा रहा है। यह बड़े खेल आयोजनों का हब भी बनता जा रहा है। खेलो इंडिया विंटर गेम्स के लिए गुलमर्ग तो पहले ही अपनी पहचान बन चुका है।
श्री मोदी ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गर्मी शुरू होने के साथ ही, पानी बचाने के लिए फिर से प्रतिबद्ध होने का समय आ गया है।
पिछले 11 वर्षों में जल संचय अभियान ने लोगों को बहुत जागरूक बनाया है। इस अभियान के तहत देश भर में करीब 50 लाख आर्टिफिशियल वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाए गए हैं। जल संकट से निपटने के लिए गांव–गांव में सामुदायिक स्तर पर प्रयास होने लगे हैं। अमृत सरोवर अभियान के तहत भी देश भर में करीब 70 हजार अमृत सरोवर बनाए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार मछुआरों की ज़िंदगी आसान बनाने के लिए कदम उठा रही है।
***********
पंजाब के अमृतसर में रह रहे कानपुर के अमित सिंह राणा ने गुरुमुखी, संस्कृत और अन्य भाषाओं में पांडुलिपियों के संरक्षण और जीर्णोद्धार के कार्य के प्रति ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट किया है।
मुझे अत्यंत खुशी है कि मेरे काम की सराहना माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा मन की बात प्रोग्राम में की गई है। मैं उनका धन्यवाद करता हूं।
***********
तेहरान में प्रमुख सैन्य ठिकानों पर इस्राएल के हमलों और खाड़ी में ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों से संघर्ष बढ़ गया है। इस्राएल ने ईरान की राजधानी तेहरान में सैन्य ढांचे को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। इस्राएली रक्षा बल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इन हमलों में ईरान के हथियार भंडारण और उत्पादन केंद्रों को निशाना बनाया गया। अस्थायी कमान और बैलिस्टिक मिसाइल केंद्रों, वायु रक्षा प्रणाली तथा निगरानी चौकियों पर भी हमले किये गये।
***********
अमरीका के पैंतीस सौ मरीन और नौसैनिकों का टास्क फोर्स, यूएसएस ट्रिपोली युद्धपोत के साथ पश्चिम एशिया पहुंच गया है। सेंट्रल कमांड, सेंटकॉम ने बताया है कि यह तैनाती ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमरीका की व्यापक सैन्य तैयारियों का हिस्सा है। पेंटागन पश्चिम एशिया में अतिरिक्त 10 हजार जमीनी सैनिकों की तैनाती पर भी विचार कर रहा है, जिससे कूटनीति के साथ-साथ अन्य सैन्य विकल्प भी उपलब्ध हो सकेंगे।
***********
संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और बहरीन पर ईरान के लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों के कारण खाड़ी क्षेत्र में रक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं। अमरीका और इस्राएल ने ईरान के दो प्रमुख इस्पात संयंत्रों पर हमले किए थे। जवाब में, ईरान अब खाड़ी क्षेत्र में इसी तरह के औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहा है।
यमन के हौसी ने इस्राएल पर एक और बड़ा मिसाइल हमला किया है। इससे पश्चिम एशिया संघर्ष में नया मोर्चा खुलता दिख रहा है। समूह का कहना है कि ये हमले तब तक जारी रहेंगे जब तक इस्राएल अपने सैन्य अभियान जारी रखता है। हौसी विद्रोही पहले ही बड़े हमले पहले ही कर चुके हैं। उन्होंने दिखा दिया है कि उनके पास ज़रूरी मारक क्षमता और रेंज दोनों हैं। हालांकि वे स्वतंत्र रूप से काम करते हैं, लेकिन उनके लक्ष्य ईरान के बड़े क्षेत्रीय लक्ष्यों के अनुरूप दिखते हैं। इस समूह का बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य के पास के इलाके पर नियंत्रण है, जो लाल सागर के दक्षिणी प्रवेश द्वार पर स्थित है और दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। यह संकरा जलमार्ग लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है। दुनिया भर से यूरोप की ओर जाने वाले तेल और माल की बड़ी खेप इसी रास्ते से गुज़रती है। यहां तनाव बढ़ने पर बात सिर्फ़ मिसाइल हमलों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे वैश्विक व्यापार में भी रुकावटें आएंगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंताएं बढ़ सकती हैं। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
***********
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया में बदलते परिदृश्य को देखते हुए सक्रिय, समन्वित और दूरदर्शी दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया है और सतर्क रहने की बात कही है। उन्होंने कल शाम नई दिल्ली में वरिष्ठ मंत्रियों के अनौपचारिक समूह की बैठक की अध्यक्षता की।
***********
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी आज दोपहर केरलम के पलक्काड में जनसभा को संबोधित करेंगे। वे नौ अप्रैल को राज्य विधानसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों के लिए प्रचार के सिलसिले में राज्य के दौरे पर हैं।
प्रधानमंत्री कोयंबटूर से हेलीकॉप्टर से पलक्काड़ में मर्सी कॉलेज मैदान में उतरेंगे। वे सड़क मार्ग से फोर्ट मैदान कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बातचीत करेंगे और उनका उत्साहवर्धन करेंगे। फोर्ट मैदान में प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और पलक्कड़ जिले के स्थानीय एनडीए उम्मीदवारों तथा गठबंधन के नेताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद, शाम लगभग 4 बजे, प्रधानमंत्री त्रिशूर के लिए रवाना होंगे और हेलीकॉप्टर से कुट्टनल्लूर सरकारी कॉलेज के मैदान पहुंचेंगे। हेलीपैड पर केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी उनका स्वागत करेंगे, जिसके बाद वे शहर में आयोजित एक विशाल रोड शो में शामिल होंगे। त्रिशूर जिले के एनडीए उम्मीदवार भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। अनिल चंद्रन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से राधारमण।
***********
विधानसभा क्षेत्रों की प्रोफाइल की कड़ी में आज बात केरलम् के तिरूअंनतपुरम जिले में कझाकोट्टम सीट की।
केरल के तिरुवनंतपुरम ज़िले की कझाकूटम विधानसभा सीट पर सात उम्मीदवार मैदान में हैं। सीपीएम के मौजूदा विधायक और पूर्व राज्य मंत्री कडाकम्पल्ली सुरेंद्रन एलडीएफ के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वी. मुरलीधरन एनडीए के उम्मीदवार हैं। यूडीएफ ने कांग्रेस नेता टी. शरत चंद्र प्रसाद को मैदान में उतारा है। अन्य उम्मीदवारों में बीएसपी के टी. एस. राजन, डीएचआरएम पार्टी की दीपिका करीमनल और दो निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। 2021 के विधानसभा चुनावों में, कडाकम्पल्ली सुरेंद्रन ने भाजपा की शोभा सुरेंद्रन को हराया था। कांग्रेस उम्मीदवार एस. एस. लाल तीसरे स्थान पर रहे थे। तिरूवनंतपुर से स्म्टिी एम पल्लू की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
***********
असम, केरलम और पुद्दुचेरी में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। यहां एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। तमिलनाडु में भी एक चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। विधानसभा की आठ सीटों पर उपचुनाव के लिए गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल तथा गुजरात और महाराष्ट्र में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। सभी चुनावों और उपचुनावों के वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
***********
तमिलनाडु में, अभिनेता और राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेंट्री कज़गम पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। विजय पेरम्बूर और त्रिची-पूर्व विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं। शशिकला-रामदास गठबंधन के उम्मीदवारों की घोषणा अभी बाकी है।
***********
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानें अगले 45 से 60 दिन के भीतर शुरू होने की संभावना है। नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बताया कि हवाईअड्डे को चालू करने की तैयारियां जारी हैं और सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल इस हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। इस हवाई अड्डे की क्षमता शुरुआत में प्रति वर्ष एक करोड़ बीस लाख यात्रियों की होगी।
***********
प्रधानमंत्री ने माधवपुर मेले की शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात के पोरबंदर ज़िले में यह शानदार उत्सव देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को उजागर करता है और गुजरात तथा पूर्वोत्तर के बीच के शाश्वत सांस्कृतिक बंधन को मज़बूत करता है।
********
देश में आज पाम संडे श्रद्धापूर्वक मनाया गया। पाम संडे, पवित्र सप्ताह की शुरुआत का प्रतीक है। पाम संडे, ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाए जाने से पहले यरूशलेम में उनके प्रवेश की स्मृति में मनाया जाता है। पाम संडे से ईस्टर के उत्सव आरंभ होते हैं जो गुड फ्राइडे और ईस्टर संडे तक चलते हैं। इस अवसर पर केरलम् और मिजोरम के गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं।
**********
कपड़ा कारोबार से जुड़े रेमंड समूह के पूर्व अध्यक्ष विजयपत सिंघानिया का कल मुंबई में निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे। उनके पुत्र और समूह के वर्तमान अध्यक्ष तथा प्रबंध निदेशक गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। पद्म भूषण से सम्मानित विजयपत सिंघानिया एक विमान चालक भी थे। उन्होंने हॉट एयर बैलून में सबसे अधिक ऊंचाई हासिल करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
*************
इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट आईपीएल में आज मुम्बई में मुम्बई इंडियन्स का सामना कोलकाता नाइट राईडर्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।
*********
छत्तीसगढ़ में प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेलो के पांचवे दिन आज रायपुर में हॉकी, भारोत्तोलन और फुटबॉल तथा सरगुजा में कुश्ती की स्पर्धा हो रही हैं। कर्नाटक 15 स्वर्ण पदक जीतकर तालिका में शीर्ष स्थान पर है। ओडिशा 9 स्वर्ण पदक के साथ दूसरे और असम 4 स्वर्ण पदक जीतकर तीसरे स्थान पर है। खेलो इंडिया जनजातीय खेल 3 अप्रैल तक चलेंगे।
*************
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में आज ओलावृष्टि के साथ गरज-चमक का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में तेज़ बारिश का अनुमान है। कर्नाटक, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, उत्तराखंड और मध्यप्रदेश में कल तक तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की आशंका है।
************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – पश्चिम एशिया की स्थिति ने भारत की ऊर्जा जरूरतों के लिएचुनौती उत्पन्न की। इस चुनौती से सफलता से बाहर निकलने का विश्वास प्रकट किया।
- आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अफवाहों से सतर्क रहने और केवल सरकारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया।
- प्रधानमंत्री ने एक करोड से अधिक प्रवासी भारतीयों को सभी तरह की सहायता उपलब्ध कराने के लिए खाडी देशों का अभार प्रकट किया।
- तेहरान में प्रमुख सैन्य ठिकानों पर इस्राएल के हमलों और खाड़ी में ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों से संघर्ष बढ़ा। पश्चिम एशिया में अमरीका के 3 हजार 500 से अधिक नौसैनिक भेजें।
- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज केरलम विधानसभा चुनाव के लिए पलक्कड़ में रैली और त्रिषूर में रोड शो करेंगे।
- और आईपीएल क्रिकेट में आज शाम मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से।
**************