मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। कहा – यह हवाई अड्डा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, लघु तथा मध्यम उद्योगों और युवाओं के लिए कई नए अवसर खोलेगा।
- इंजन खराब होने के संदेह में इंडिगो की फ्लाइट की दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।
- नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को जेन जी के विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
- यमन के हौसी विद्रोही गुट के इस्राएल पर पहले मिसाइल हमले से पश्चिम एशिया संघर्ष तेज हुआ।
- आईपीएल क्रिकेट का 19वां संस्करण आज शाम बेंगलुरु में शुरू होगा।
*************************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। उन्होंने 40 एकड़ में फैले रखरखाव, मरम्मत और नवीनीकरण सुविधा केंद्र की आधारशिला भी रखी।
इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि यह विकसित उत्तर प्रदेश विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय है।
यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही साथ ही एक विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा। मैं उत्तर प्रदेश को विशेष रूप से पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता को इस भव्य एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब भारत में सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाले राज्यों में से एक के रूप में उभरा है।
नोएडा का यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। ये एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों, यहां के नौजवानों के लिए अनेक नए अवसर लेकर आने वाला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में संपर्क के विस्तार के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पाद वैश्विक बाजार तक बेहतर तरीके से पहुंच सकेंगे।
इन कुछ ही सप्ताह में नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास हुआ। इसी कालखंड में देश की पहली दिल्ली, मेरठ नमो भारत ट्रेन ने गति पकड़ी। इसी काल खंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया और इतने कम समय में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्घाटन भी हो गया।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले एक महीने से पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण कई देशों में भोजन, पेट्रोल-डीजल, गैस और उर्वरक जैसी आवश्यक वस्तुओं की कमी हो रही है। उन्होंने कहा कि हर देश इस संकट से निपटने के प्रयास कर रहा है।
भारत को बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस ये जहां युद्ध चल रहा है ना इस युद्ध से प्रभावित इलाके से मंगवाता है, इसलिए सरकार हर वो कदम उठा रही है जिससे सामान्य परिवारों पर, हमारे किसान भाई बहनों पर इस संकट का बोझ न पड़े।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण को सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत लगभग 11 हजार 200 करोड़ रुपये के कुल निवेश से विकसित किया गया है। प्रारंभिक चरण में इस हवाई अड्डे की यात्री संचालन क्षमता प्रति वर्ष एक करोड़ 20 लाख यात्रियों की होगी, और पूर्ण विकास होने पर इसे प्रति वर्ष 7 करोड़ यात्रियों तक बढ़ाया जा सकेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के उज्जवल भविष्य का लांच पैड भी बनेगा।
इसका रनवे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जाने का आधार बनेगा। जहां एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के उज्जवल भविष्य का लांच पैड भी बनेगा। जो उत्तर भारत के निवेश, व्यापार और औद्योगिक विकास को नई ऊंचाई तक पहुंचाते हुए व्यापक रोजगार का सृजन भी करेगा।
नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने कहा कि यहां पर उत्तर प्रदेश की शान और पहचान का अनुभव मिलेगा।
जब आप यहां आएंगे तो उत्तर प्रदेश की शान और पहचान का अनुभव यहां पर होगा। यह हमारे प्रधानमंत्री जी का सोच है, विकास भी और विरासत भी और इतना ही नहीं प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में जेवर एयरपोर्ट केवल एयरपोर्ट की तरह ही नहीं बल्कि एक ऐरो ट्रोपलिस्ट की तरह विकसित होने जा रहा है।
*************************
इंडिगो एयरलाइन की एक फ्लाइट की आज सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक इंजन में खराबी के संदेह में आपातकालीन लैंडिंग करायी गई। 161 यात्री वाली यह फ्लाइट विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही थी। नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार सुबह 10 बजकर 39 मिनट हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया था। फ्लाइट सुबह 10 बजकर 54 मिनट पर सुरक्षित रूप से लैंड करवाई गई। हवाई अड्डे पर परिचालन अब सामान्य है।
*************************
केरलम, पुदुचेरी और असम में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को होंगे। मतगणना 4 मई को होगी। विशेष श्रृंखला के अंतर्गत आज हम केरलम के तिरुवनंतपुरम जिले के नेमोम विधानसभा क्षेत्र के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
केरलम के तिरुवनंतपुरम के नेमोम विधानसभा क्षेत्र से कुल 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर एनडीए के उम्मीदवार हैं। वहीं, माकपा नेता और वर्तमान सरकार में मंत्री वी. शिवनकुट्टी एलडीएफ से चुनाव लड़ रहे हैं। यूडीएफ ने कांग्रेस नेता के. एस. सबरीनाथन को मैदान में उतारा है। इसके अलावा एस यू सी आई (कम्युनिस्ट) के करनमना प्रसाद, आम आदमी पार्टी के के. विनु, द फ्यूचर इंडिया पार्टी के एस. एम. सुबी और चार निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी दौड़ में शामिल हैं।पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने 3 हजार नौ सौ 49 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
*************************
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में आयोजित “जनोगोनर चार्जशीट” कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल में अवैध अप्रवासन, अराजकता और आर्थिक संकट की समस्या को उजागर किया।
तृणमूल कांग्रेस भले कहे भारतीय जनता पार्टी का चार्जशीट है परंतु मैं मानता हूं बंगाल की जनता ने ममता बैनर्जी की सरकार के खिलाफ लगाया हुआ चार्जशीट है जिसको भारतीय जनता पार्टी एक आवाज देगी। आने वाला चुनाव बंगाल की जनता को तय करना है कि भय को चुनना है या भरोसे को। भय के आतंक से मुक्ति पाकर भरोसे के साथ देश जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है इसके साथ बंगाल को जुड़ना है।
*************************
पश्चिम बंगाल में राम नवमी जुलूस के दौरान मुर्शिदाबाद में दो समुदायों के बीच तीन स्थानों पर हुई झड़पों के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 30 हो गई है। इनमें एक धार्मिक संगठन के दो नेता भी शामिल हैं। पुलिस और उपद्रवियों की तलाश जारी है।
*************************
ओडिसा के नयागढ जिले में कल रात एक सडक दुर्घटना में चार महिलाओं सहित पांच लोगों की मृत्यु हो गई और लगभग 40 से अधिक घायल हो गये। यह दुर्घटना हनुमान घाटी के निकट ब्रह्मपुर से हरिशंकर जा रही एक निजी पर्यटन बस के सडक किनारे चट्टान से टकराकर पलटने से हुई बस में साठ यात्री सवार थे।
*************************
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन झारखंड के एक दिन के दौरे पर हैं। वे आज सुबह खूंटी के उलिहातु गांव पहुंचे जहां भगवान बिरसा मुंडा की जन्मभूमि पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उपराष्ट्रपति ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उपराष्ट्रपति आज आईआईएम, रांची के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
*************************
पश्चिम एशिया में, वर्ष 2014 से यमन की राजधानी सनआ पर नियंत्रण रखने वाले हौसी विद्रोहियों ने आज सुबह इस्राएल पर पहली मिसाइल दागी। यमन के इस संघर्ष में प्रवेश करने से यह और तेज हो गया है। यह तनाव ईरान और हिजबुल्लाह के बीच रात भर हुई भीषण गोलीबारी के बाद बढ़ा है। इस कारण बीरशेबा और इस्राएल के प्राथमिक परमाणु अनुसंधान केंद्र के आसपास के क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मौकों पर सायरन बजे।
सऊदी अरब के साथ दीर्घकालिक संघर्षविराम के कारण हौसी विद्रोहियों ने पहले प्रत्यक्ष हमले नहीं किये थे परंतु अब हौसी विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता ने ईरान को समर्थन देने की बात कही है।
जवाबी हमलों में इस्राएल ने ईरानी परमाणु सुविधाओं को निशाना बनाया। ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर संयुक्त मिसाइल और ड्रोन हमला किया।
*************************
पश्चिम एशिया में मिसाइलों और ड्रोन के ताजा हमलों के कारण तनाव तेज़ी से बढ़ गया है। खाड़ी के कई हिस्सों में मिसाइलों को गिराया गया है और लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर इस्राएल ने फिर से हमले शुरू कर दिए हैं। लेबनान के अधिकारियों ने बेरूत और दक्षिणी लेबनान में इस्राएल के हमलों में हताहत होने वाले लोगों की सूचना दी है। वहीं हिज़्बुल्लाह का उत्तरी इस्राएल पर हमला जारी है।
इस्राएल के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यमन से पहली बार मिसाइल दागी गई है, जिससे संघर्ष के भौगोलिक विस्तार को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। हालांकि, इस्राएल में किसी नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है। संयुक्त अरब अमीरात में आज तड़के वायु रक्षा प्रणालियों ने आने वाली मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया। इस बीच, कल ईरान के मिसाइल हमले में सऊदी अरब स्थित एक सैन्य अड्डे पर अमरीका के दस सैनिक घायल हो गए और कई विमान क्षतिग्रस्त हो गए। सऊदी अरब ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने आज तड़के रियाद क्षेत्र की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक मार गिराया। कई ड्रोन को भी नष्ट किया गया। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।
*************************
इस्राएल के हवाई हमलों में ईरान के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया है। इससे पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी है कि इस्राएल को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
*************************
संयुक्त अरब अमीरात-यू.ए.ई. के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने अबू धाबी में यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोद्योमीर ज़ेलेंस्की के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा घटनाक्रमों और वैश्विक स्थिरता, अंतरराष्ट्रीय नौवहन और विश्व अर्थव्यवस्था पर उनके प्रभाव पर वार्ता की। यह बैठक राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की की संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा के दौरान हुई।
*************************
ओमान में दो ड्रोन द्वारा सलालाह बंदरगाह को निशाना बनाए जाने के बाद एक प्रवासी श्रमिक मामूली रूप से घायल हो गया। ओमान सरकार ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे शत्रुतापूर्ण कृत्य बताया। ओमान ने पारंपरिक रूप से पश्चिम एशिया में एक तटस्थ राजनयिक भूमिका निभाई है
*************************
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली को पिछले साल हुए जेन-ज़ी के विरोध प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली नवगठित सरकार द्वारा पिछले साल जेन-ज़ी के विरोध प्रदर्शनों पर जांच आयोग की रिपोर्ट लागू करने के एक दिन बाद हुई है।
सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष ओली को काठमांडू से 12 किलोमीटर पूर्व में स्थित भक्तपुर जिले के गुंडू इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूर्व गृह मंत्री और नेपाली कांग्रेस के नेता रमेश लेखक को भी भक्तपुर जिले के सूर्यबिनायक नगरपालिका के कटुंजे स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया है। जेन-ज़ी आंदोलन से संबंधित घटना की जांच के लिए गठित जांच आयोग ने ओली और लेखक सहित अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक अपराध के तहत कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की है। नवगठित सरकार ने कल अपनी पहली कैबिनेट बैठक में जांच आयोग की सिफारिशों को तुरंत लागू करने का निर्णय लिया। समाचार कक्ष से निखिल कुमार।
*************************
आईपीएल क्रिकेट का 19वां संस्करण आज शाम बेंगलुरु में शुरू होगा। उद्घाटन मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम साढे सात बजे से शुरू होगा। दो महीने तक चलने वाला यह टूर्नामेंट 31 मई तक चलेगा।
चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी पैर की चोट के कारण लीग के पहले दो सप्ताह के मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
*************************
अमरीका में व्यापक शोध के बाद तीन अमूल्य प्राचीन मूर्तियां भारत लौट रही हैं। शोध में पुष्टि हुई है कि इन मूर्तियों को अवैध रूप से देश से बाहर ले जाया गया था।
*************************
घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में लगातार पांचवें सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। सप्ताहांत के दौरान, सेंसेक्स 1 दशमलव दो-सात प्रतिशत गिरकर 73 हजार 583 पर बंद हुआ।
*************************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। कहा – यह हवाई अड्डा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, लघु तथा मध्यम उद्योगों और युवाओं के लिए कई नए अवसर खोलेगा।
- इंजन खराब होने के संदेह में इंडिगो की फ्लाइट की दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।
- नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को जेन जी के विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
- यमन के हौसी विद्रोही गुट के इस्राएल पर पहले मिसाइल हमले से पश्चिम एशिया संघर्ष तेज हुआ।
- आईपीएल क्रिकेट का 19वां संस्करण आज शाम बेंगलुरु में शुरू होगा।
*************************