मुख्य समाचार :-
- भारत फ्रांस से 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमान खरीदेगा।
- सरकार ने आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में तिरुपति–पाकला–काटपाडी रेलवे लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी दी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने ब्रातिस्लावा में द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
- विदेश मंत्रालय ने कहा – भारत, अमरीका के जवाबी शुल्कों की सावधानीपूर्वक जांच कर रहा है।
- चीन ने बढ़ते व्यापार संघर्ष के बीच अमरीकी आयात पर 84 प्रतिशत जवाबी शुल्क लगाया। यूरोपीय संघ ने भी अमरीकी वस्तुओं पर नए शुल्क लगाने को मंजूरी दी।
- डोमिनिकन गणराज्य में नाइट क्लब की छत गिरने की दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 113 हुई।
- चीन में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में किरण जॉर्ज पुरुष सिंगल्स के प्री–क्वार्टर फाइनल में पहुँचे।
*****
भारत फ्रांस से 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमान खरीदेगा। कुछ सप्ताह में इस सौदे को औपचारिक रूप दिया जाएगा। रक्षा सूत्रों के अनुसार इन विमानों में से 22 सिंगल सीटर और चार डबल सीट वाले विमान होंगे। इन्हें नौसेना की आवश्यकताओं के अनुसार डिज़ाइन किया जाएगा। राफेल मरीन विमानों के शामिल होने से नौसेना की शक्ति कई गुना बढ़ जाएगी। इन लड़ाकू विमानों को आईएएनएस विक्रमादित्य और आईएएनएस विक्रांत विमानवाहक पोतों पर तैनात किया जाएगा।
*****
सरकार ने आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में तिरुपति-पाकला-काटपाडी सिंगल रेल लाइन खंड के दोहरीकरण को स्वीकृति दे दी है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद नई दिल्ली में बताया कि इस मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना से करीब 400 गांवों के 14 लाख लोगों को लाभ होगा।
तिरुपति से काटपड़ी की डबलिंग 1332 करोड़ रूपीज का प्रोजेक्ट है ये। आप इस एरिया में देखेंगे बहुत सारा एग्रीकल्चर प्रोडक्ट है फिर वेल्लूर और तिरुपति दोनों मेडिकल और एजुकेशन के बड़े हब बने। दो डिस्ट्रिक्ट आंध्रा की चित्तूर और तिरुपति और तमिलनाडु में वेल्लोर। इस तीन डिस्ट्रिक्ट्स को डायरेक्ट इस प्रोजेक्ट का बेनिफिट मिलेगा।
सरकार ने छह लेन वाले ज़ीरकपुर बाईपास के निर्माण को भी स्वीकृति दी। श्री वैष्णव ने कहा कि इससे ज़ीरकपुर, पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में भीड़भाड़ कम होगी।
पूरे चंडीगढ़–जीरकपुर–पंचकूला को लेकर एक रिंग रोड जैसा कॉन्सेप्ट बना है जो की सिक्स लेन जीरकपुर बाईपास प्रोजेक्ट है। 1878 करोड़ रूपीज का है, करीब 19.2 किलोमीटर और इसको पीपीपी में हाइब्रिड अनन्युटी मोड पर बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का एक और बेनिफिट मिलेगा हिमाचल का जो ट्रैफिक है उस ट्रैफिक को इम्मीडिएटली यह प्रोजेक्ट शहर के अंदर जाने के बजाय बाईपास से ही आप हिमाचल की तरफ जा सकते हो।
मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की उप-योजना के रूप में कमांड एरिया डेवलपमेंट और जल प्रबंधन के आधुनिकीकरण को भी स्वीकृति दी। श्री वैष्णव ने कहा कि इसमें 78 परियोजनाओं में 80 हजार किसानों को शामिल किया जाएगा।
किसानों की खेती करने के तरीके में मेजर परिवर्तन आए उनको लेकर यह सब स्कीम बनी 1600 करोड़ रूपीज। तो पानी बचेगा ही बचेगा ही बचेगा, पर ड्रॉप मोर क्रॉप किसानों को मिलेगा। बहुत इंपॉर्टेंट प्रोजेक्ट है देश के लिए, क्लाइमेट चेंज के लिए, वाटर रिसोर्सेज के यूज के लिए और किसानों की इनकम बढ़ाने के लिए, किसानों की क्रॉप को और बैटर कंडीशन में लाने के लिए।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि कमांड एरिया डेवलपमेंट और जल प्रबंधन के आधुनिकीकरण से सिंचाई नेटवर्क में सुधार होगा, सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा मिलेगा और नवीनतम तकनीक के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। मंत्रिमंडल के फैसले पर श्री मोदी ने कहा कि इससे जल उपयोग दक्षता बढ़ेगी, उत्पादकता में सुधार होगा और किसानों की आय भी बढ़ेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि छह-लेन वाले ज़ीरकपुर बाईपास के निर्माण से यात्रा समय में कमी आएगी और हिमाचल प्रदेश तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली से संपर्क में भी सुधार होगा।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने आज ब्रातिस्लावा में राष्ट्रपति भवन में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं और साझा वैश्विक तथा क्षेत्रीय हितों के मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये गये। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्लोवाकिया में भारतीय कला और संस्कृति की बढ़ती लोकप्रियता पर बल दिया।
भारत और स्लोवाकिया के बीच संबंध आपसी सम्मान, लोकतांत्रिक आदर्श और वैश्विक सहयोग के लिए साझा दृष्टिकोण पर आधारित है। हमारे दोनों देश अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक दूसरे का समर्थन करते हैं जो हमारे गहरी दोस्ती को दर्शाता है। हमारे व्यापार संबंध फल फूल रहे हैं और हाल के वर्षों में हमारे व्यापार और निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
*****
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत अमरीका द्वारा लगाए गए जवाबी शुल्कों के परिणामों की सावधानीपूर्वक जांच कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में कहा कि भारत और अमरीका पारस्परिक रूप से लाभकारी, बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए काम कर रहे हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि सरकार सभी हितधारकों के साथ बातचीत कर रही है।
*****
चीन ने अमरीका की सभी वस्तुओं पर 84 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है। नए शुल्क 10 अप्रैल की मध्यरात्रि से लागू होंगे। चीन ने अमरीका पर जवाबी शुल्क 34 प्रतिशत से बढाकर 84 प्रतिशत किया है। इस बीच, यूरोपीय संघ ने भी अमरीकी वस्तुओं पर नए शुल्कों लगाने को मंजूरी दे दी है। उधर अमरीका में जवाबी शुल्क लगाने का फैसला लागू हो गया है। इसमें चीन से आयात पर 104 प्रतिशत शुल्क शामिल है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्ंरप के चीन को अमरीकी सामान पर लगाए गए 34 प्रतिशत जवाबी शुल्क को वापस लेने की चेतावनी देने के बाद नई शुल्क व्यवस्था लागू की गई।
*****
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जारी व्यापार तनाव के बीच वैश्विक बाजारों में गिरावट का असर घरेलू शेयर बाजारों पर भी दिखाई दिया। एक रिपोर्ट…..
बम्बई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स तीन सौ 80 अंक गिरकर 73 हजार आठ सौ 47 अंकों पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 एक सौ 37 अंक गिरकर 22 हजार तीन सौ 99 अंकों पर आ गया। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया आज अमरीकी डॉलर के मुकाबले 43 पैसे कमजोर होकर 86 रुपये और 69 पैसे पर बंद हुआ। आकाशवाणी समाचार के लिए अम्बरीश
*****
रिजर्व बैंक ने नीतिगत रेपो दर में 25 आधार अंकों की कमी की है। अब रेपो दर छह प्रतिशत हो गई है। रिजर्व बैंक ने पांच वर्ष में लगातार दूसरी बार रेपो दर घटाई है। इससे पहले फरवरी में रेपो दर कम की गई थी। आर्थिक विशेषज्ञ ए के भट्टाचार्या ने बताया कि रेपो दर में ये बदलाव महत्वपूर्ण है-
रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया का बिम्स्टेक समीक्षा में जो निर्णय लिया गया है वह काफी महत्वपूर्ण इसलिए है ना की रेपो रेट जो है वह 25 बेसिस पॉइंट्स घटाया गया है पर उसकी जो स्टैंड जो है कि कौन जो है वह बदल गई है अगर इन्फ्लेशन और ग्रोथ रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया के अनुसार चले तो और भी रेट कट हो सकते हैं। ग्रोथ में उन्होंने जो स्टीमेट दिया है वह एक घटाने का एस्टीमेट हुआ है अब रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने यह समझा है कि क्योंकि बाहर की जो अमेरिका में जो हो रहा है विश्व में जो ट्रेड की जो गतिविधियां हो रही है उसके अनुसार भारत की जो वृद्धि दर है, वह छह दशमलव पांच प्रतिशत होगी। मैं समझता हूँ कि यह अच्छी और रियलिस्टिक डिसीजन है और इन्फ्लेशन में एक बहुत एक आशा का संचार यह है कि जो इन्फ्लेशन रेट जो है वह पूरे साल के लिए 4% के नीचे रखने की उम्मीद रखते हैं।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत पर दुनिया का विश्वास बढता जा रहा है। नई दिल्ली में नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम में श्री मोदी ने यह बात कही।
आज भारत पर दुनिया का विश्वास और भी गहरा हो रहा है। हमारे प्रयास, हमारे परिणाम अपने आप में अब प्रेरणा बन रहे हैं। वैश्विक संस्थाएं भारत की ओर देख रही है क्यों, क्योंकि भारत आगे बढ़ा है। जब भारत आगे बढता है, तो दूसरे के लिए रास्ते खुलते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नया भारत एआई के माध्यम से नए अवसरों की तलाश कर रहा है। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों की अधिक से अधिक खरीद करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
*****
भारतीय जनता पार्टी ने वक्फ-संशोधन अधिनियम पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हुए हंगामे और देश के कुछ हिस्सों में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। पार्टी प्रवक्ता प्रेम कुमार शुक्ला ने आज नई दिल्ली में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की स्वीकृति के बाद यह विधेयक अब कानून बन चुका है। उन्होंने कहा कि विरोध के नाम पर विपक्ष शासित कुछ राज्यों में हो रही हिंसा अनुचित है।
*****
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। जिला अध्यक्षों को पार्टी संगठन का आधार बनाया जाएगा। अहमदाबाद में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के अधिवेशन में श्री गांधी ने आरक्षण प्रणाली में बड़े सुधार की बात की।
*****
ग्रामीण क्षेत्र में बेरोजगारी दर चार दशमलव तीन प्रतिशत से घटकर चार दशमलव दो प्रतिशत हो गई है। जनवरी से दिसंबर 2024 तक आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण की नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार शहरी क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी दर पचास दशमलव तीन प्रतिशत से बढ़कर 51 प्रतिशत से अधिक हो गई है। सभी श्रेणियों में श्रमिक संख्या अनुपात में कुछ सुधार हुआ है।
*****
बिहार में वर्षा और बिजली गिरने की घटनाओं में मृतकों की संख्या 13 हो गई है। बेगूसराय जिले में सबसे अधिक पांच और मधुबनी जिले में तीन लोगों की मौत हुई।
*****
डोमिनिकन गणराज्य की राजधानी सैंटो डोमिंगो में एक नाइट क्लब में छत गिरने की दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 124 हो गई और 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में एक प्रांतीय गवर्नर और पूर्व मेजर लीग बेसबॉल पिचर ऑक्टेवियो डोटेल भी शामिल हैं। यह घटना कल तड़के जेट सेट नाइट क्लब में मेरेंग्यू संगीतकार रूबी पेरेज़ के संगीत कार्यक्रम के दौरान हुआ।
*****
पीवी सिंधु और किरण जॉर्ज चीन के निंगबो में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। हालांकि, एचएस प्रणय और लक्ष्य सेन अपने-अपने पुरुष सिंगल्स मैच हारकर बाहर हो गए। रुबन कुमार और हरिहरन की भारतीय पुरुष डबल्स जोड़ी भी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है।
*****
आईपीएल टी-20 क्रिकेट में आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच खेला जा रहा है। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात टाइटंस ने 16वें ओवर में तीन विकेट पर 156 रन बना लिए हैं।
*****
महिला और बाल विकास मंत्रालय पोषण जागरूकता को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य परिणामों में सुधार और लोगों को सशक्त बनाने के लिए पोषण पखवाड़ा मना रहा है। यह पहल मिशन पोषण के दूसरे चरण का हिस्सा है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- भारत फ्रांस से 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमान खरीदेगा।
- सरकार ने आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में तिरुपति–पाकला–काटपाडी रेलवे लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी दी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने ब्रातिस्लावा में द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
- विदेश मंत्रालय ने कहा – भारत, अमरीका के जवाबी शुल्कों की सावधानीपूर्वक जांच कर रहा है।
- चीन ने बढ़ते व्यापार संघर्ष के बीच अमरीकी आयात पर 84 प्रतिशत जवाबी शुल्क लगाया। यूरोपीय संघ ने भी अमरीकी वस्तुओं पर नए शुल्क लगाने को मंजूरी दी।
- डोमिनिकन गणराज्य में नाइट क्लब की छत गिरने की दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 124 हुई।
- चीन में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में किरण जॉर्ज पुरुष सिंगल्स प्री–क्वार्टर फाइनल में पहुँचे।
*****