June 12, 2025 4:20 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

  • गुजरात के अहमदाबाद में एक बडा विमान हादसा हुआ है। घटनास्‍थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में प्रौद्योगिकी और डिजिटल प्रगति को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले भारतीय युवा नवोन्मेषकों की सराहना की।

  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा-  विकसित कृषि संकल्प अभियान ने वैज्ञानिक अनुसंधान और जमीनी स्तर पर खेती के बीच के अंतर को सफलतापूर्वक समाप्‍त कर दिया है।

  • मौसम विभाग ने दिल्ली और पंजाब के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया। कर्नाटक के कई जिलों में भी आज मूसलाधार वर्षा का अनुमान।

  • अमरीका ने बढते तनाव के कारण पश्चिम एशिया से गैर-जरूरी कर्मचारियों को वापस बुलाया।

  • एफआईएच हॉकी प्रो लीग में, भारत आज शाम नीदरलैंड्स में अर्जेंटीना से मुकाबला करेगा।

—–

गुजरात के अहमदाबाद में बडा विमान हादसा हुआ है। यह हादसा मेघानी नगर के गुजसैल के पास हुआ है। घटनास्‍थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। अधिक जानकारी के लिए बात करते हैं हमारी संवाददाता अपर्णा खुंट से जो गुजरात से हमारे साथ जुड गई हैं। …

—–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राष्‍ट्र को आत्‍मनिर्भरता की ओर ले जाने और तकनीक को उन्‍नत बनाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारत के युवा नवोन्‍मेषकों की सराहना की है। एक रिपोर्ट…

 

डिजिटल इंडिया ने युवाओं को नवाचार का लाभ उठाने में सक्षम बनाया है, जिससे पिछले 11 वर्ष में भारत की स्थिति वैश्विक प्रौद्योगिकी में महाशक्ति के रूप में मजबूत हुई है। सोशल मीडिया एक्‍स पर माईजीओवीइंडिया की पोस्‍ट पर श्री मोदी ने कहा कि प्रौद्योगिकी की शक्ति का लाभ उठाने से लोगों को अनगिनत लाभ हुए हैं। उन्होंने कहा कि सेवाओं तक पहुंच और पारदर्शिता को काफी बढ़ावा मिला है। दूरदराज के गांवों में इंटरनेट पहुंच से लेकर वास्तविक समय का डिजिटल भुगतान तक हो रहा है। डिजिटल इंडिया के ग्यारह वर्ष समावेशी विकास, नवाचार और भारत के एक डिजिटल महाशक्ति के रूप में उभरने की कहानी है। दीपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ सामाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

——

भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक तक उल्लेखनीय परिवर्तन किया है। आकाशवाणी समाचार आपके लिए पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष श्रृंखला लेकर आया है। आज, हम डिजिटल इंडिया पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं – कैसे प्रौद्योगिकी शासन, समावेशन और सशक्तिकरण की महत्‍वपूर्ण कडी बन गई है।

 

पिछले दशक में सरकार ने समावेश विकास और जीवन को आसान बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का सशक्‍त माध्‍यम के रूप में उपयोग किया है।

 

डिजिटल भुगतान को व्‍यापक रूप से अपनाना एक उल्‍लेखनीय सफलता रही है। इस साल अप्रैल में ही लगभग 25 लाख करोड़ रुपये के 1867 करोड़ से अधिक यूपीआई लेनदेन दर्ज किए गए। संयुक्‍त अरब अमीरात, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस और मॉरीशस सहित सात देशों में, यूपीआई भारत का डिजिटल भुगतान में एक वैश्विक अग्रणी के रूप में स्‍थापित कर रहा है।

 

भारत के डिजिटल परिवर्तनकारी युग में डेटा लागत में 96 प्रतिशत की कटौती के साथ ही 99 दशमलव छह प्रतिशत जिलों में 5जी सेवा की शुरूआत की गई है। इसके अलावा, भारतनेट योजना के तहत अब 2 लाख 18 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में ब्रॉडबैंड की सुविधा उपलब्‍ध है।

 

पिछले 11 वर्षों में भारत के इंटरनेट उपयोगकर्ता आधार में 285 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वही, भाषिनी जैसी पहल भाषाई विभाजन को पाट रही है, जिससे 22 भारतीय भाषाओं में  एआई-संचालित अनुवाद किये जा रहे हैं।

 

आधार प्रामाणीकरण द्वारा संचालित प्रणाली ने लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाया है, पारदर्शिता सुनिश्चित की है, सार्वजनिक धन की बचत की है और समय पर कल्‍याणकारी योजनाओं का वितरण किया है। प्रौद्योगिकी न केवल भारत को जोड़ रही है बल्कि भारत में भुगतान करने और लाभ उठाने के तरीके को भी बदल रही है। विष्‍णु की रिपोर्ट के साथ सामाचार कक्ष से कनक लता।

——-

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विकसित कृषि संकल्प अभियान ने वैज्ञानिक अनुसंधान और जमीनी स्तर पर खेती के बीच के अंतर को सफलतापूर्वक समाप्‍त कर दिया है।

 

इस अभियान के समापन के अवसर पर गुजरात के बारडोली में किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने भारत के कृषि पुनर्जागरण के लिए केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी रोडमैप को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्‍पना के बारे में बताते हुए श्री चौहान ने व्यापक विकसित भारत पहल के अंतर्गत विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत जमीनी स्तर की खेती के तरीकों को बदलने और वैज्ञानिक अनुसंधान के एकीकरण पर जोर दिया।

 

कृषि वैज्ञानिक किसान राज्‍य और केन्‍द्र सरकार मिलके काम करेगी। एक राष्‍ट्र एक कृषि और एक टीम की भावना से यह वैज्ञानिकों पर कृषि विभाग किसानों के साथ लगातार खड़ा रहेगा संपर्क करेगा और खेती के दिशा को और बदलने की कोशिश करेगा। ताकि हम देश के अन्‍न भंडार भी भर सकें और प्रधानमत्री जी जो कहते हैं कि दुनिया का फूड बास्‍केट अगर कल कोई बनेगा तो भारत बनेगा हम अपनी जनता का भी पेट भरेंगे और दुनिया का पेट भरने का काम भी भारत करेगा।

——–

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने भारत और विश्वस्तर पर योग को एक परिवर्तनकारी स्वास्थ्य अभ्यास के रूप में बढ़ावा देने में मोदी सरकार के निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डाला है।

 

आकाशवाणी समाचार के साथ विशेष भेंट में आयुष मंत्री ने पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में बात की, जिसमें वर्ष 2014 में आयुष मंत्रालय के निर्माण से लेकर दुनियाभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की भारत की महत्‍वपूर्ण पहल शामिल है। उन्‍होंने कहा कि इससे भारत की प्राचीन विरासत विश्व मंच पर आ गई है।

 

हमारे प्रधानमंत्री जी के वे निर्देश थे कि यह 11वां योग दिन पूरे दुनिया में और विशेष कर हमारे भारत देश में भी बड़ें पैमाने पर और ज्‍यादा से ज्‍यादा लोग उसमें शामिल करके हमको एक बड़ा उत्‍साह योग का उत्‍सव हमें यहा पर मनाना है।

 

यह विशेष भेंटवार्ता आज रात नौ बजकर 30 मिनट पर आकाशवाणी के एफएम गोल्ड चैनल और पूरे आकाशवाणी नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। यह विशेष श्रृंखला ‘विकसित भारत का अमृत काल: सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ का हिस्सा है। यह साक्षात्कार हमारे यू-टयूब चैनल NEWSONAIROFFICIAL पर भी उपलब्‍ध रहेगा।

——–

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सुबह साढे छह बजे से सात बजकर चालीस मिनट तक देशभर में एक लाख से अधिक योग कार्यक्रम एक साथ आयोजित किए जाएंगे। इसमें सामान्‍य योगाभ्‍यास किया जाएगा। इस वर्ष का विषय है एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य। नई दिल्ली में आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाग लेंगे।

 

पूरे राज्‍य में मजबूत और दीर्घकालिन योग संस्‍कृति बनाने के उद्देश्‍य से आंध्र प्रदेश सरकार ने योग आंध्रा अभियान शुरू किया है, जो एक सर्वथा अभूतपूर्व प्रयास है। इस प्रयास का उद्देश्‍य 10 लाख नियमित योग अभ्‍यासियों का एक समूह बनाना है जो असाधारण रूप से महत्‍वकांक्षी हो।

 ——-

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज कहा कि मात्र एक दशक में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण में नब्बे गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्रीमती सीतारामन ने कहा कि वर्ष 2014 में 7 हजार करोड़ से अधिक प्रत्यक्ष लाभ अंतरण हुआ है। पिछले वित्त वर्ष में यह बढ़कर छह लाख 83 हजार करोड हो गया।

——-

वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यूपीआई लेन-देन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट-एम.डी.आर. लगाए जाने संबंधी तमाम दावे निराधार और भ्रामक हैं। मंत्रालय ने कहा है कि सरकार यू.पी.आई. के डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।  सरकार एम.डी.आर. शुल्क को 2020 में ही समाप्त कर चुकी है। 

——

अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज नई दिल्ली के राजघाट पर लोक संवर्धन पर्व का उद्घाटन किया। इसमें अल्पसंख्यक समुदायों, खासकर कारीगरों और पारंपरिक शिल्पकारों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के निरंतर प्रयासों को दिखाया गया है। श्री रिजिजू ने बताया कि गांव के श्रमिकों में बहुत प्रतिभा है और उनकी हस्तनिर्मित कला को बाजार तक पहुंचाने के लिए मंच तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से विभिन्न राज्यों के उत्पाद अन्‍य राज्‍यों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

 

लोक संवर्धन पर्व बहुत ही महत्‍वपूर्ण कार्यक्रम है। हमारे गांव में जो कारीगर होते हैं, जो हुनर है उनका सामान उनका बनाया हुआ प्रोडक्‍ट्स मार्केट में लेकर आने के लिए यह प्‍लेटफॉर्म क्रिएट किया गया है। हमारा देश के कोने-कोने में अलग-अलग बहुत विशेष चीजें बनाते हैं तो वो आदान-प्रदान भी होगा।

——

अभी मिली जानकारी के अनुसार अग्निशमन और पुलिस की टीमें गुजरात में विमान हादसा स्‍थल पर पहुंच चुकी हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि बचाव और राहत कार्यों के निर्बाध संचालन के लिए दुर्घटनास्थल की ओर जाने वाली सभी सड़कों को बंद कर दिया गया है। कुछ घायलों को इलाज के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।

 

और जानकारी के लिए बात करते हैं गुजरात में मौजूद हमारी संवाददाता अपर्णा खुंट से –

 

अपर्णा, हादसे के बारे में आपके पास और क्‍या जानकारी है

——

अमरीका ने बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के कारण पश्चिम एशिया के कई स्थानों से गैर-आवश्यक कर्मियों को वापस बुलाना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्हें इसलिए हटाया जा रहा है क्योंकि यह एक खतरनाक स्थान हो सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे सैन्य कर्मियों और उनके परिवारों की सुरक्षा अमरीकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 ——-

मौसम विभाग ने दिल्ली और पंजाब के कुछ हिस्सों में लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।   जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में इस महीने की 14 तारीख तक भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने कहा है कि राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी आज लू की स्थिति रहने की संभावना है।

 

आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि अगले 2 दिन तक इन जगहों पर भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद स्थिति में सुधार होने की संभावना है।

 

पंजाब, हरियाण, राजस्‍थान, एनसीआर, दिल्‍ली के लिए हमने हीटवेव को लेकर रेड एलर्ट दे रखा है। टंप्रेचर्स है वहां 47 डिग्री तक पहुंचे हुए हैं। नार्थ पंजाब, नार्थ हरियाण, नार्थ राजस्‍थान वहां इवेंट 48 तक टंप्रेचर्स हैं। इसके मद्देनजर हमने यहां रेड अलर्ट कर रखा है और ये कंडीशन 12 और 13 को और 14 और 15 को थोड़ इंप्रूभमेंट आने का पोस्बिलिटी है।

—–

मौसम विभाग ने कर्नाटक के बेलगावी, उत्तर और दक्षिण कन्नड़, उडुपी, शिवमोग्गा और चिकमगलुरु और कोडागु जिलों में मूसलाधार वर्षा के लिए आज रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि, धारवाड़, हावेरी, गडग, ​​विजयपुरा और विजयनगर, बागलकोट, कोप्पला और दावणगेरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आज व्यापक बारिश की संभावना है।

——-

हॉकी प्रो-लीग में आज शाम भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा। नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में यह मैच भारतीय समय के अनुसार शाम साढ़े छह बजे शुरू होगा। भारत फिलहाल 11 मैचों से 15 अंक हासिल कर अंक-तालिका में चौथे स्थान पर है।

 

इससे पहले, कल एक करीबी मुकाबले में भारत, अर्जेंटीना से तीन-चार से हार गया।

——-

लंदन के लॉडर्स में चल रहे विश्व टेस्ट क्रिकेट चैंपियनशिप फाइनल के आज दूसरे दिन आस्‍ट्रेलिया के साथ दक्षिण अफ्रीका अपनी पहली पारी चार विकेट पर 43 रन से आगे खेलेगा।

 

आकाशवाणी से इस मैच का सीधा प्रसारण इंद्रप्रस्थ और अन्य चैनलों पर दोपहर दो बजकर 55 मिनट से सुना जा सकता है।

——-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • गुजरात के अहमदाबाद में एक बडा विमान हादसा हुआ है। बचाव कार्य जारी है।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में प्रौद्योगिकी और डिजिटल प्रगति को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले भारतीय युवा नवोन्मेषकों की सराहना की।

  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा-  विकसित कृषि संकल्प अभियान ने वैज्ञानिक अनुसंधान और जमीनी स्तर पर खेती के बीच के अंतर को सफलतापूर्वक समाप्‍त कर दिया है।
  • मौसम विभाग ने दिल्ली और पंजाब के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया। कर्नाटक के कई जिलों में भी आज मूसलाधार वर्षा का अनुमान।

  • अमरीका ने बढते तनाव के कारण पश्चिम एशिया से गैर-जरूरी कर्मचारियों को वापस बुलाया।

  • एफआईएच हॉकी प्रो लीग में, भारत आज शाम नीदरलैंड्स में अर्जेंटीना से मुकाबला करेगा।

——