May 16, 2025 3:33 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :-

 

  • भारत ने अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष से, पाकिस्तान को दी जाने वाली वित्तीय सहायता पर पुनर्विचार करने को कहा।

     

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – पाकिस्तान को किसी भी तरह की आर्थिक सहायता आतंकवाद के वित्तपोषण से कम नहीं है।

     

  • प्रमुख व्‍यापारियों ने यात्रा और पर्यटन सहित तुर्किए तथा अज़र बैजान के साथ सभी प्रकार के व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।

     

  • नीरज चोपड़ा आज कतर में दोहा डायमंड लीग 2025 में भाग लेंगे।

     

  • क्रिकेट में बीसीसीआई ने अगले महीने से शुरू होने वाली इंग्लैंड श्रृंखला के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा की।  

***************

भारत ने अंतर्राष्‍ट्रीय मुद्राकोष से कहा है कि वो पाकिस्‍तान को दी जा रही वित्‍तीय सहायता के बारे में दोबारा विचार करे। गुजरात के भुज में वायुसेना अड्डे पर सैनिकों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस वित्‍तीय सहायता का बडा हिस्‍सा पाकिस्‍तान, आतंकवादी ढांचे को खडा करने में लगायेगा।

 

आईएफ द्वारा जो की एक इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन उसके द्वारा इनडायरेक्ट फंडिंग से नहीं माना जाएगा। मैं दुनिया के लोगों के सामने ये सवाल रखना चाहता हूं कि आज के समय में पाकिस्तान को किसी भी तरह की आर्थिक सहायता टैरर फंडिंग से कम नहीं है। भारत यही चाहेगा कि आईएमएफ, पाकिस्तान को अपनी एक बिलियन डॉलर की असिस्टैंस पर वे पुनः विचार करे और आगे भी किसी भी तरह की सहायता देने से आईएमएफ परहेज करे।

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायुसेना की त्‍वरित और निर्णायक कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इसने देश-विदेश में सभी भारतीयों को गौरवान्वित किया है।

 

समस्त हिंदुस्तानियों को चाहे वो भारत के रहने वाले हों, अथवा दुनिया के दूसरे देशों में रहने वाले हों। सभी गौरवानवित हुए हैं। भारतीय वायुसेना के लिए सिर्फ 23 मिनट यह काफी हैं पाकिस्तान की सरजमीं पर पल रहे आतंक के अजगर को कुचलने की और वो आपने कर के दिखाया। यह कहना गलत नहीं होगा जितनी देर में लोग नाश्ता पानी निपटाते हैं, उतनी देर में आपने दुश्मनों को निपटा दिया।

वायुसेना को पाकिस्‍तान में स्थित आतंकी ढांचे का सफाया करने में मात्र 23 मिनट लगे। उन्‍होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने आतंकवाद के खिलाफ एक कडा संदेश दिया है और भारत की सैन्‍य शक्ति तथा तैयारियों को दर्शाया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना नेकेवल दुश्‍मन पर अपना वर्चस्‍व कायम किया बल्कि उनका सफाया भी किया। उन्‍होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की कुशल भूमिका की सराहना दुनिया के दूसरे देशों में भी हो रही है।

 

ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायुसेना ने जो प्रभावी भूमिका निभाई है उसकी सराहना इस देश में ही नहीं बल्कि दुनिया के दूसरे देशों में भी हो रही है। आप के इस ऑपरेशन में न केवल दुश्मनों को डोमिनेट किया है आपने बल्कि उन्हें डेसीमेट करने में भी कामयाबी हासिल की है। आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए इस अभियान को नेतृत्व हमारी एयरफोर्स ने ही किया और हमारी एयरफोर्स एक ऐसी स्काई फोर्स है, जिसने अपने शौर्य, पराक्रम और प्रताप से आसमान की नई और बुलंद ऊचाइयों को भी छू लिया है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने न केवल अदम्‍य साहस प्रदर्शन किया बल्कि भारतीय रक्षा क्षमताओं के नये मानक भी स्‍थापित किये। उन्‍होंने कहा कि पूरी दुनिया ने भारत की वायु रक्षा प्रणालियों की ताकत और सटीकता को देख लिया है। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी वायुसेना पाकिस्‍तान के हर कोने में पहुंचने में सक्षम है और ऑपरेशन सिंदूर से यह साबित भी हो चुका है।

 

साथियों ऑपरेशन सिंदूर ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि हमने शांति के लिए जितना अपना दिल खोल कर रखा है शांति को नष्ट करने वालों की विरुद्ध उतना ही अपना हाथ भी खोल कर रखा है एक और बात में यहां साफ कहना चाहूंगा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, जो कुछ भी हुआ वो सिर्फ एक ट्रेलर मात्र था। अब जब भी सही समय आयेगा हम पूरी पिक्चर भी दुनिया को दिखाएंगे।

***************

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि पाकिस्‍तान के साथ केवल उसके अवैध कब्‍जे वाले जम्‍मू-कश्‍मीर को मुक्‍त कराने और आतंकवाद के मुद्दे पर ही बातचीत होगी। श्री जयशंकर ने कहा कि सिंधु जल संधि तब तक स्थगित रहेगी जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद पर रोक नही लगाता। उन्‍होंने दोनों देशों के बीच तीसरे पक्ष की मध्‍यस्‍थता से इनकार करते हुए कहा कि कोई भी बातचीत केवल द्विपक्षीय आधार पर ही होगी।

***************

ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत भारतीय सशस्त्र बलों ने जिस तरह से पाकिस्तान और पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में स्थित आतंकी तथा सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई की है, उसने विश्‍व का ध्यान आकर्षित किया है। इस कार्रवाई के तहत एक सौ से अधिक आतंकवादियों को ढेर करने और पाकिस्तान के हमलो को बेअसर करने के साथ ही भारत का नया एयर डिफेंस सिस्टम आकाशतीर अब चर्चा का विषय बन चुका है। पूरी तरह ऑर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से संचालित स्‍वदेशी रक्षा प्रणाली आकाशतीर ने वास्तविक समय में निर्धारित लक्ष्यों को रोकने के कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया है।

 

भारत ने पाकिस्तान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण आठ हवाई ठिकानों सहित 13 लक्ष्यों को इतनी सटीकता के साथ कैसे नीस्तओनाबूद किया और इस्लामाबाद की रक्षा प्रणाली कैसे विफल रही। इन सवालों ने वैश्विक सैन्य विशेषज्ञों को हैरान कर दिया है। इसका जवाब है आकाश तीर इस महीने की 9 और 10 तारीख की रात को जब पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य और नागरिक ठिकानों पर अपना सबसे आक्रामक और घातक हमला किया तो उसका सामना एक अभेद्य ढाल आकाश तीर से हुआ। इस अत्याधुनिक प्रणाली ने ड्रोन, मिसाइलों, माइक्रो यूएवी और लाईटरिंग एम्यूनेशन सहित आने वाले हवाई खतरों को सफलतापूर्वक बेअसर कर दिया और उन्हें भारतीय हवाई क्षेत्र को लांघने से रोक दिया। आकाशतीर भारत का पहला ऑपरेशनल स्वदेशी रूप से निर्मित ऐआई वार क्लाउड है। यह वास्तविक समय में हवाई हमले की तस्वीरें उपलब्ध कराता है और दुश्मन के विमानों, ड्रोनों और मिसाइलों का पता लगाने के साथ-साथ उन्हें निष्फल भी करता है। आकाशतीर की तुलना में hq9 और hq16 प्लेटफॉर्मों पर आधारित पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली भारत के प्रोजेक्टाइल का पता लगाने और उसे रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई। जिसके कारण पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा। आकाशतीर ने भारत की रणनीतिक क्षमताओं में एक नया अध्याय जोड़ा है जहां आतंकी खतरों के खिलाफ रक्षात्मक रूप नहीं बल्कि आक्रामक रवैया अख्तियार किया जा रहा है। दिवाकर के साथ भूपेंद्र सिंह. आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

***************

पाकिस्तान एक ऐसा देश है जिसकी आतंकवाद को समर्थन देने में बहुआयामी भूमिका है। ऐसे अनेक साक्ष्य हैं जो आतंकवादी समूहों के साथ इसके सीधे संबंध और ऐसे संगठनों को वित्तीय सहायता प्रदान करने में इसकी भूमिका को साबित करते हैं। ब्रिटिश समाचार चैनल को दिए गए साक्षात्कार में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने भी स्वीकार किया कि पाकिस्तान ने तीन दशकों तक आतंकवादी समूहों का समर्थन किया है।

 

आतंकवादी संगठनों को समर्थन देने उन्हें पोषित करने और आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन चुका पाकिस्तान पूरी तरह से दुनिया के सामने बेनकाब हो चुका है। इन्हीं नापाक हरकतों का नतीजा है कि उसे लगभग सभी मोर्चों पर कूटनीतिक अलगाव का सामना करना पड़ रहा है। पिछले महीने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान की कब्जे वाले जम्मू कश्मीर में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों पर घातक हमला किया गया। इनमें लश्कर ए तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकवादी संगठन के गढ़ शामिल थे। अब पाकिस्तान की स्थिति यह है कि सऊदी अरब संयुक्त अरब अमीरात और यहां तक की चीन जैसे पाकिस्तान के पारंपरिक सहयोगियों ने भी खुद को उससे दूर कर लिया है। यह भारत की कोशिशों का ही नतीजा है कि हाफिज सईद और जाकि उर रहमान लखवी सहित कई पाकिस्तानी आतंकवादियों के साथ-साथ लश्कर-ए-तैयबा और जमात उत दावा जैसी संस्थाओं को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध सूची में शामिल किया गया है। संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंध सूची में पाकिस्तान के लोगों और समूहों को शामिल किया जाना अंतरराष्ट्रीय समुदायों की स्वीकृति को रेखांकित करता है। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

***************

पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आसमान में अपनी करारी हार का सामना करने के बाद अब भ्रामक दावों को डिजिटल माध्‍यम से लगातार फैला रहा है। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी वायुसेना के हमलों को बुरी तरह नाकाम कर दिया था, लेकिन अब वह स्‍वयं को आसमान का राजा बता रहा है। सोशल मीडिया पर कई पाकिस्‍तानी अकाउंट्स ब्रिटेन के अखबार द डेली टेलीग्राफ की एक तस्वीर प्रसारित कर रहे हैं, जिसमें पाकिस्तान की वायुसेना को निर्विवाद रूप से आसमान का राजा कहा जा रहा है। हालांकि, वास्‍तव में यह तस्वीर ऑर्टीफिशियल इंटेलीजेंस द्वारा बनाई गई है और द डेली टेलीग्राफ ने ऐसा कोई भी लेख नहीं छापा है।

***************

देश भर के 125 से अधिक शीर्ष व्‍यवसायियों ने यात्रा और पर्यटन सहित तुर्किए तथा अजरबैजान के साथ विभिन्‍न व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों के सभी रूपों का बहिष्कार करने का फैसला किया है। यह निर्णय आज नई दिल्ली में ऑल इंडिया ट्रेडर्स संघ- सीएआईटी द्वारा बुलाए गए एक राष्ट्रीय सम्मेलन में लिया गया।

ऑल इंडिया ट्रेडर्स संघ ने एक बयान में कहा है कि यह प्रस्ताव तुर्किए और अजरबैजान द्वारा हाल ही में पाकिस्तान के उन हमलों को समर्थन देने के खिलाफ आया है, जिनमें भारत एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति पर खतरे का सामना कर रहा है।

इस बीच, कई प्रमुख भारतीय विश्वविद्यालयों ने राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए तुर्की संस्थानों के साथ अपने शैक्षणिक समझौते को रद्द कर दिया है। एक रिपोर्ट –

 

दिल्‍ली में, जामिया मिलिया इस्लामिया ने तुर्किए की सरकार से संबद्ध संस्थानों के साथ सभी समझौतों को तत्काल रद्द करने की घोषणा की है। सोशल मीडिया पोस्ट में विश्‍वविद्यालय ने बताया कि वह देश के साथ मजबूती से खड़ा है। हैदराबाद में मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय ने भी हाल की घटनाओं के बाद तुर्किए में यूनुस एमरे संस्थान के साथ अपने अकादमिक समझौते को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। ये निर्णय पाकिस्तान के प्रति तुर्किये द्वार प्रबल समर्थन किये जाने तथा आतंकी ठिकानों पर भारत के हाल की कार्रवाई की आलोचना के परिणामस्वरूप आए हैं। प्रमुख रणनीतिक और रक्षा मुद्दों पर पाकिस्तान के साथ तुर्किए के गठबंधन के कारण भारत में इसके उत्पादों और पर्यटन के बहिष्कार की भी मांग उठने लगी है। समाचार कक्ष से प्रियंका अरोडा।

***************

जम्‍मू कश्‍मीर में सुरक्षा बलों ने  कुलगाम और पुलवामा जिलों में हाल की आतंकरोधी कार्रवाई को महत्‍वपूर्ण बताया है जिसमें छह आतंकवादियों का सफाया किया गया। मेजर जनरल धनंजय जोशी, जनरल ऑफिसर कमांडिंग विक्‍टर फोर्स, कश्‍मीर के पुलिस महानिरीक्षक वी के बिरदी और सीआरपीएफ  पुलिस महानिरीक्षक संचालन मि‍तेश कुमार ने आज श्रीनगर में मीडिया को पिछले 48 घंटे चले अभियानों की जानकारी दी।

श्री बिरदी ने पहलगाम में हाल के आतंकी हमले के मद्देनजर आतंकवाद से निपटने के प्रयासों में तेजी लाने के महत्‍व को बताया। उन्‍होंने कहा कि इन अभियानों में आम नागरिकों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा।

 

ये दो ऑपरेशन्स एक केलर के इलाके में जो कि शोपियां में आता है वहां हुआ और दूसरा जो कि कल जो था त्राल के इलाके में हुआ। इन दोनों ऑपरेशन्स में छह टेररिस्ट को न्यूट्रलाइज किया गया और मैं आपको ये बताना चाहता हूं कि ये आपसी तालमेल है सुरक्षा बलों का यहां पर और बाकि सुरक्षा ऐजेंसीज़ का भले ही जो भी सूचना देनी हो, इंटैलीजैंस ऐजेंसी हो, बाकी हो उनके आपसी तालमेल और समन्वय के कारण ही ये ऐसे जो सक्सैसफुल ऑपरेशन संभव हुए हैं।

***************

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान का सम्मान करने के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी प्रयास में देश के विभिन्न हिस्सों में ‘तिरंगा यात्राएं’ आयोजित की जा रही हैं।

केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन ने आज दक्षिण त्रिपुरा के जिला मुख्यालय बेलोनिया में आयोजित तिरंगा यात्रा में भाग लिया। आकाशवाणी से बातचीत में उन्‍होंने भारत की आतंकवाद को कतई बर्दाशत न करने की नीति पर जोर दिया।

***************

कतर के दोहा में डायमंड लीग प्रतियोगिता आज से शुरू हो रही है। इस प्रतियोगिता में भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और भाला फेंक में मौजूदा विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा भाग लेंगे।

***************

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए टीमों की घोषणा कर दी है, 28 जून से 22 जुलाई तक चलने वाले इस दौरे में पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच और उसके बाद तीन एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला जाएगा।

***************

विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन ने पापुआ न्‍यू गिनी में पोलियो का प्रकोप बढ़ने की घोषणा की है। साथ ही संगठन ने तत्‍काल टीकाकरण अभियान शुरू करने का आह्वान किया है।

***************

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्‍स और निफ्टी कल की तेजी के बाद आज दोपहर मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।

***************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • भारत ने अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष से पाकिस्तान को दी जाने वाली वित्तीय सहायता पर पुनर्विचार करने को कहा।

     

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – पाकिस्तान को किसी भी तरह की आर्थिक सहायता आतंकवाद के वित्तपोषण से कम नहीं है।

     

  • प्रमुख व्‍यापारियों ने यात्रा और पर्यटन सहित तुर्किए तथा अज़र बैजान के साथ सभी प्रकार के व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।

     

  • नीरज चोपड़ा आज कतर में दोहा डायमंड लीग 2025 में भाग लेंगे।

     

  • क्रिकेट में बीसीसीआई ने अगले महीने से शुरू होने वाली इंग्लैंड श्रृंखला के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा की।  

***************

Most Read
View All arrow-right

No posts found.