मुख्य समाचार:
- भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर में नौ आतंकी ठिकानों को पूरी तरह नष्ट किया।
- सभी राजनीतिक दलों ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और कैबिनेट को ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने सशस्त्र बलों की सराहना की।
- जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, चंडीगढ़ और कुछ अन्य हवाई अड्डों से आने-जाने वाली घरेलू उड़ानें 10 मई तक रद्द कर दी गई हैं।
- और, प्रधानमंत्री ने कहा- भारत का पहला मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन, गगनयान, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में देश की बढ़ती आकांक्षाओं को दर्शाता है।
———————————————-
भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा कल रात चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर 25 मिनट का था और इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया गया। नई दिल्ली में भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना और विदेश मंत्रालय की संयुक्त प्रेस वार्ता में भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और भारतीय वायु सेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन कल रात एक बजकर पांच मिनट से एक बजकर तीस मिनट तक चलाया गया। प्रैस वार्ता में हमले में नष्ट किए गए आतंकवादी स्थल और सैन्य तथा नागरिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए बिना सफलतापूर्वक चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की विस्तृत जानकारी दी गई।
कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल भविष्य में पाकिस्तान के किसी भी दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
कर्नल सोफिया कुरैशी ने ऑपरेशन सिंदूर का विवरण देते हुए पाकिस्तान अधिकृत जम्मू कश्मीर में स्थित आतंकी ठिकानों के नाम बताए हैं, जहां भारतीय सेना ने कार्रवाई की है।
सवाई नाला कैंप मुजफ्फराबाद यह एक लश्कर-ए-तैयबा का ट्रेनिंग सेंटर था। 20 अक्टूबर 2024 सोनमर्ग, 24 अक्टूबर 24 गुलमर्ग, 22 अप्रैल 2025 पहलगाम। इन हमलों के आतंकियों ने इन्हीं से प्रशिक्षण लिया था। सैयद-ना-बिलाल कैंप मुजफ्फराबाद यह एक जैशे मोहम्मद का स्टेजिंग एरिया है यह हथियार विस्फोटक और जंगल सरवाईवल का ट्रैनिंग का केन्द्र भी था। गुलपुर कैंप कोटली यह एलओसी से 30 किलोमीटर दूर था। लश्कर-ए-तैयब्बा का बेस था जो राजौरी, पुंछ में सक्रिय था। 20 अप्रैल 2023 को पुंछ में और 9 जून 2024 को तीर्थ यात्राओं के बस हमले में यहीं से आतंकी को ट्रेंड किया गया था। बरनाला कैंप बिम्बर यहां पर हथियार हैंडलिंग आईडी व जंगल सर्वाइवल का प्रशिक्षण केंद्र था अब्बास कैंप कोटली लश्कर-ए-तैयब्बा फिदायीन यहां तैयार होता था। इसकी कैपेसिटी 15 टेररिस्ट को ट्रेंड करने की थी
कर्नल कुरैशी ने पाकिस्तान के अंदरूनी ठिकानों के नाम का भी जिक्र किया है।
सर्जल कैंप सियालकोट ये अंतर्राष्ट्रीय सीमा से 6 किलोमीटर की दूरी पर है। मार्च 2025 में जम्मू एंड कश्मीर पुलिस के चार जवानों की जो हत्या की गई थी उन आतंकवादियों को इसी जगह पर ट्रैंड किया गया था। दूसरा महमूना जाया कैंप सियालकोट, यह 18 से 12 किलोमीटर आईबी से दूर था। हिजबुल मुजाहिदीन का बहुत बड़ा कैंप था। यह कठुआ जम्मू क्षेत्र में आतंक फैलाने का नियंत्रण केंद्र था। पठानकोट एयर फोर्स बेस पर किया गया हमला भी इसी कैंप से प्लान और डायरेक्ट किया गया था। मरकज तैयबा मुरीदके 2008 के मुंबई हमले के आतंकी भी यही से प्रशिक्षित हुए थे। अजमल कसब डेविड हेडली भी यहां ट्रैंड हुए थे।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले की जांच से पाकिस्तान के आतंकियों से संबंधों का पर्दाफाश हुआ है।
पहलगाम आतंकवादी हमले की जांच से पाकिस्तान के साथ आतंकवादियों के संपर्क उजागर हुए हैं। रेजिस्टेंस फ्रंट द्वारा किए गए दावे और लश्कर-ए-तैयबा से ज्ञात सोशल मीडिया हैंडल द्वारा इसको रि-पोस्ट किया जाना इसकी पुष्टि करता है। चश्मदीद गवाहों और विभिन्न जांच एजेंसियों को उपलब्ध अन्य सूचनाओं के आधार पर हमलावरों की पहचान भी हुई है।
संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों की जवाबी कार्रवाई की सटीकता और लक्षित स्थलों के आतंकी गतिविधियों से संबंधों को उजागर करने के लिए ऑडियो और वीडियो इनपुट के साथ एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
———————————————-
गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की। सूत्रों के अनुसार श्री शाह ने सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक को सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
———————————————-
सभी राजनीतिक दलों ने भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की है। एक रिपोर्ट…
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम में देश के निर्दोष भाइयों की निर्मम हत्या का भारत का जवाब है। श्री शाह ने कहा कि भारत आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए दृढ़ संकल्प है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सशस्त्र सेनाओं की सराहना की है। विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने कहा कि विश्व को आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी बदले की कार्रवाई की सराहना की है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्हें सशस्त्र सेनाओं पर गर्व है।
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना के साथ खड़ा है। तेलुगुदेसम पार्टी प्रमुख और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव और बीजू जनता दल प्रमुख नवीन पट्नायक ने इस कार्रवाई के लिए सेना को सलाम किया है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि भारतीय सेना के साहस से हर नागरिक आश्वस्त है। जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने भी कहा है कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और उसे भारतीय सेना के साहस और शूरवीरता पर गर्व है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) तथा कुछ अन्य दलों ने भी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा है कि उन्हें भारतीय सेना पर अभिमान है। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कनकलता।
———————————————-
पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए करनाल के नौसेना लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिजनों ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों के नष्ट होने पर खुशी जताई है।
———————————————-
पहलगाम हमले में मारे गए ओडिसा के बालासोर के प्रशांत शतपति की पत्नी ने भी ऑपरेशन सिंदूर पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
सरकार ने जो स्टेप लिए हैं, इसके लिए मैं सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं और उनका जो स्टेप लिए हैं उसका बहुत स्वागत करती हूं। मतलब इतना को-इंसीडेंस है कि ऑपरेशन सिंदूर जो है वो मंगलवार को ही शुरू हुआ है। जो स्टेप लिए हैं वो बहुत अच्छे स्टेप लिए हैं और सरकार को यही गुजारिश करूंगी कि जो शुरू किए हैं वो आंतकराज पूरा खत्म करना चाहिए। और किसी का सिंदूर मांग से न जाए।
———————————————-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और कैबिनेट को ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। श्री मोदी पूरी रात ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना ने सफलतापूर्वक इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए सशस्त्र बलों की सराहना की।
———————————————-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दोपहर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी।
———————————————-
ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर कई घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एयर इंडिया ने जानकारी दी कि जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली उड़ानें इस महीने की 10 तारीख तक रद्द कर दी गई हैं।
इस बीच, इंडिगो ने भी आज श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला से आने-जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी हैं।
———————————————-
पाकिस्तान में भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन सिंदूर चलाए जाने के बाद राजस्थान में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। बीकानेर, जोधपुर और किशनगढ़ एयरपोर्ट से उड़ानें स्थगित कर दी गई हैं। जयपुर एयरपोर्ट से भी आज सुबह कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। राज्य के चार सीमावर्ती जिलों श्रीगंगानगर, बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर में निजी और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। इन जिलों में पहले से तय विभिन्न परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं।
———————————————-
इस बीच, गृह मंत्रालय ने आज देश के 244 वर्गीकृत नागरिक सुरक्षा जिलों में नागरिक सुरक्षा अभ्यास और पूर्वाभ्यास आयोजित करने का निर्णय लिया है।
———————————————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत ने अपने अंतरिक्ष क्षेत्र को स्टार्टअप, उद्यमियों और युवा सोच के लिए खोल दिया है। अंतरिक्ष अन्वेषण पर वैश्विक सम्मेलन के लिए अपने वीडियो संदेश में श्री मोदी ने कहा कि भारत वैज्ञानिक अन्वेषण की उम्मीदों से कहीं आगे नए आत्मविश्वास के साथ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश का पहला मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन, गगनयान, देश की बढ़ती आकांक्षाओं को उजागर करता है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि आने वाले हफ्तों में, एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री इसरो-नासा के संयुक्त मिशन के हिस्से के रूप में अंतरिक्ष की यात्रा करेगा। श्री मोदी ने कहा कि 2035 तक भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन अनुसंधान और वैश्विक सहयोग में नए मोर्चे खोलेगा। उन्होंने कहा कि 2040 तक एक भारतीय चांद पर कदम रखेगा।
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस परिवर्तनकारी यात्रा का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व को दिया।
———————————————-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति–सीसीईए ने बिजली क्षेत्र को कोयला आवंटन के लिए नीति भारत में पारदर्शी तरीके से कोयला दोहन और आवंटन की योजना- शक्ति’ में संशोधन को स्वीकृति दे दी है।
———————————————-
श्रीलंका की सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पावर- एनपीपी ने अधिकांश स्थानीय प्राधिकरणों में जीत हासिल की है। एनपीपी ने 100 से अधिक परिषदों में पूर्ण बहुमत हासिल किया है।
———————————————-
घरेलू शेयर बाजार के सेंसेक्स और निफ्टी आज उतार-चढ़ाव भरे दोपहर कारोबार में लगभग स्थिर रहे। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स मामूली छह अंक गिरकर 80 हजार 635 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 12 अंक बढकर 24 हजार 392 पर आ गया।
———————————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर में नौ आतंकी ठिकानों को पूरी तरह नष्ट किया।
- सभी राजनीतिक दलों ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और कैबिनेट को ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने सशस्त्र बलों की सराहना की।
- जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, चंडीगढ़ और कुछ अन्य हवाई अड्डों से आने-जाने वाली घरेलू उड़ानें 10 मई तक रद्द कर दी गई हैं।
- और, प्रधानमंत्री ने कहा- भारत का पहला मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन, गगनयान, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में देश की बढ़ती आकांक्षाओं को दर्शाता है।
———————————————-