मुख्य समाचार:-
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे की 20 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की आठ मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – मंत्रिमंडल के इस फैसले से यात्रियों की आवाजाही तेज़ होगी, रेल सम्पर्क बेहतर होगा और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी।
- भारत ने ब्रिक्स देशों से अंतरराष्ट्रीय व्यापार में महिला उद्यमियों और महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए अवसर बढ़ाने की दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया।
- भारत ने नेपाल में राहत कार्य तेज किए। राहत सामग्री के साथ आठवां विमान, विशेष सुरंग टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भेजा।
- अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने परमाणु नियमों का पालन न करने को लेकर ईरान का मामला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को भेजा।
- मौसम विभाग ने आज ओडिशा में तेज वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया।
- अमरीकी ओपन टेनिस के पुरूष सिंगल्स सेमीफाइनल में, अमरीका के दोनों खिलाडी बेन शेल्टन और फ्रांसिस टियाफो आमने-सामने होंगे।
********
केंद्रीय मंत्रिमडंल ने रेल सम्पर्क बढ़ाने के लिए नौ राज्यों में 20 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की आठ रेलवे मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी।
नई दिल्ली में मंत्रिमडंल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ये परियोजनाएं पंश्चिम बंगाल, झारखंड, उडीसा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में है। इससे भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क में लगभग छह सौ 56 किलोमीटर की वृद्धि होगी।
इनमें खड़गपुर-झारसुगुड़ा चौथी लाइन, कटनी-पेंड्रा रोड चौथी लाइन और बिलासपुर-पेंड्रा रोड तीसरी लाइन शामिल हैं। इन्हें 2029-30 तक पूरा किया जाएगा।
खड़गपुर से लेकर उड़ीसा में झारसुगुड़ा तक का पूरा प्रोजेक्ट है। जहां पर फोर्थ लाइन बनी। ये लाइन बन जाने से बहुत बड़ा जो कंजेशन होता है इस एरिया में वह खत्म होगा। कई नई गाड़ियां चला पाएंगे और जो ट्रैफिक की सीरियस प्रॉब्लम्स आती थी वह सारी प्रॉब्लम्स इससे सॉल्व होंगी। तो इस प्रोजेक्ट को हम जल्दी से जल्दी आगे बढ़ाएं। इसके सारे डिटेल्स से प्रोजेक्ट के 367 किलोमीटर्स सिक्स थाउजेंड 528 करोड़ रूपीस का और एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट्स को जोड़ने वाला प्रोजेक्ट्स है ये।
मंत्रिमंडल ने तमिलनाडु, आध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना के 17 जिलों में पांच मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को भी मंजूरी दी। इससे भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क में 540 किलोमीटर की वृद्धि होगी। इन परियोजनाओं से लगभग 52 लाख की आबादी वाले लगभग 2100 गांवों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
श्री वैष्णव ने बताया कि सरकार ने सबसे अधिक व्यस्त सभी सात रेलवे कॉरिडोर को चार लाइन का बनाने का फ़ैसला किया है। इनमें दिल्ली-हावड़ा, मुंबई-हावड़ा, दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-गुवाहाटी, दिल्ली-चेन्नई, हावड़ा-चेन्नई और मुंबई-चेन्नई शामिल हैं। इनमें से करीब इनको दो हजार किलोमीटर रेल मार्ग को पहले ही चार लाइन का बनाया जा चुका है।
वापी से सूरत का 100 किलोमीटर्स का सेक्शन, पहला सेक्शन ओपन करेंगे 2027 में। कंस्ट्रक्शन करीब -करीब दिसंबर तक कंप्लीट हो जाएगा और जो ट्रेन बन रही है वह ट्रेन का काम बहुत तेजी से चल रहा है जो फर्स्ट कोच टेस्टिंग के लिए बन रहा है वह टेस्टिंग का कोच लास्ट वीक बन के रेडी हुआ है और उसको आप पहला टेस्ट होता है उसका स्क्वीज टेस्ट है, उसके बाद में उसका क्लाइमेट टेस्ट होगा, उसके बाद में फर्निशिंग और नेक्स्ट बाकी के कोच बनेंगे। अगले साल मई-जून तक ट्रेन पटरी पर आ जाएगी।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के बारे में श्री वैष्णव ने कहा कि यह सेवा अगले साल शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य प्रगति पर है और सूरत से वापी तक प्रारंभिक 100 किलोमीटर का खंड जल्द ही खोल दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि मंत्रिमंडल के फैसले से यात्रियों की आवाजाही तेज़ होगी, रेल सम्पर्क बेहतर होगा और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं से छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में रेलवे नेटवर्क का विस्तार होगा और कनेक्टिविटी में सुधार होगा। श्री मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से विरासत और वन्यजीव पर्यटन को विशेष बढ़ावा मिलेगा और साथ ही लॉजिस्टिक लागत कम करने में मदद मिलेगी।
********
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ब्रिक्स देशों से महिला उद्यमियों और महिलाओं के नेतृत्व वाले कारोबार को अंतरराष्ट्रीय व्यापार में आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया है। नई दिल्ली में कल ब्रिक्स डब्ल्यूबीए महिला नेतृत्व वाले विकास सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने महिलाओं के लिए ऋण और बाजार तक आसान पहुंच तथा कारोबार के लिए स्पष्ट और स्थिर नियमों की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि भारत वित्तीय समावेशन, शिक्षा, कौशल विकास और बेहतर जीवन स्तर के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने पर ध्यान दे रहा है, ताकि वे देश के आर्थिक विकास में बड़ी भूमिका निभा सकें। श्री गोयल ने बताया कि भारत में करीब 30 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते हैं।
भारत में करीब 30 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते हैं, अपना काम शुरू करने वाली महिलाओं को बिना किसी जमानत के ऋण भी दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत करीब 10 करोड़ ग्रामीण महिलाएं 90 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं।
लखपति दीदी इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और देश की आर्थिक प्रगति में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
ब्रिक्स देशों के बीच संवाद और सहयोग से सदस्य देशों, साझेदार देशों और पूरी दुनिया के लिए अधिक समृद्ध भविष्य का रास्ता तैयार होगा। श्री गोयल ने बताया कि भारत ने 2047 तक अपनी अर्थव्यवस्था को मौजूदा 4 ट्रिलियन डॉलर से बढ़ाकर 30 ट्रिलियन डॉलर करने का लक्ष्य रखा है।
**********
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कल कोलंबो में श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने विशेष रूप से विकास के क्षेत्र में सहयोग सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, अवसंरचना, नवाचार और अनुसंधान सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा भी की गई।
रक्षा मंत्री ने डॉ. हरिनी अमरसूर्या को श्रीलंका और भारत दोनों में महिलाओं के लिए एक आदर्श और महिला सशक्तिकरण तथा नारी शक्ति का प्रतीक बताया।
*********
संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी –आईएईए ने ईरान के मामले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भेजने का फैसला किया। करीब 20 साल बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब आईएईए बोर्ड ने ईरान को इस तरह सुरक्षा परिषद के सामने भेजा है।
अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के 35 सदस्यीय बोर्ड ने कल इस प्रस्ताव को मंज़ूरी दी। प्रस्ताव के पक्ष में 23 वोट पड़े, पांच विरोध में और आठ सदस्य मतदान से दूर रहे। यह प्रस्ताव अमरीका, ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने पेश किया था। रूस, चीन और नाइजर ने इसके खिलाफ वोट किया।
यह कदम अमरीका और ईरान के बीच महीनों से जारी सैन्य टकराव और बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है।
********
इस्माइली मुस्लिम समुदाय के 50वें इमाम, प्रिंस रहीम आगा खान पंचम, अपनी पहली भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने उनका स्वागत किया।
प्रिंस रहीम आगा खान आज उपराष्ट्रपति से बातचीत करेंगे। आगा खान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। वे गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी मिलेंगे
********
मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का आज तीसरा दिन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को इसका का उद्घाटन किया था। ब्यौरा हमारी संवाददाता से …
मुंबई में आयोजित हो रहे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के तीसरे दिन आज एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन और क्वांटम प्रौद्योगिकी पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ‘कनेक्टेड इंडिया, एम्पावर्ड फाइनेंस: बिल्डिंग ट्रस्टेड डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर द एआई इकोनॉमी’ विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित करेंगे। भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा, सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांता पांडे, यूआईडीएआई के पूर्व अध्यक्ष नंदन नीलेकणी और एसबीआई के अध्यक्ष सी. एस. शेट्टी भी आज महत्वपूर्ण सत्रों को संबोधित करेंगे। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
********
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के मद्देनजर भारत ने मानवीय सहायता तेज करते हुए 130 टन से अधिक राहत सामग्री भेजी है। भारत ने खोज, बचाव और फोरेंसिक अभियानों में सहयोग के लिए 54 विशेषज्ञ कर्मियों को भी तैनात किया है। नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने कल बताया कि 35 टन राहत और बचाव सामग्री लेकर आठवां भारतीय वायु सेना विमान काठमांडू पहुंचा।
26 अगस्त से शुरू किए गए निरंतर सहायता अभियान में भारत ने विशेष तकनीकी उपकरण भी भेजे हैं। इनमें कीचड़ बचाव सूट, गैस डिटेक्टर, श्वास यंत्र, पोर्टेबल जनरेटर, प्रकाश टावर और जल निकासी पंप शामिल हैं। पीड़ितों की पहचान में सहायता के लिए भारत ने डीएनए किट, अभिकर्मक और डीएनए प्रोफाइलिंग उपकरण भी उपलब्ध कराए हैं। इससे पहले, विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के मंत्री महावीर पुन को राहत सामग्री सौंपी। इस बीच, भारत के विशेष सुरंग बचाव दल ने नेपाल की सेना के साथ मिलकर चिलिमे और लांगटांग में दो उच्च जोखिम वाले स्थलों पर संयुक्त अभियान शुरू किया। निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और दो से तीन दिन के भीतर पूरा होने की आशा है। समाचार कक्ष से फरहत नाज़।
*********
मौसम विभाग ने आज ओडिशा में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, केरलम्, माहे और उत्तराखंड में तेज बारिश की संभावना है।
********
केरलम में अलाप्पुझा और एर्नाकुलम ज़िलों में आज कुछ जगहों पर तेज बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, कल तक राज्य के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से तीन-चार डिग्री सेल्सियस ज़्यादा रहा।
**********
अमरीकी ओपन पुरुष एकल सेमीफाइनल में बेन शेल्टन की टक्कर फ्रांसिस टियाफो से होगी। कल क्वार्टरफाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त अमरीकी खिलाड़ी शेल्टन ने पांच सेटों के रोमांचक मुकाबले में गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ कोहराया।
************
आज विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस है। यह दिवस दुनियाभर में आत्महत्या की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है।
*********
धन्यवाद प्रियंका, भारत में आयोजित होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन से जुड़ी खबरों को कई अखबारों ने प्रकाशित किया है। ब्रिक्स इंडिया सम्मेलन शीर्षक से दैनिक भास्कर ने लिखा है – पहली बार सीमा पार डिजिटल सेवा आसान करेंगे ब्रिक्स देश। ब्रिक्स देशों की डिजिटल सेवाओं के कारोबार में भारत की हिस्सेदारी 48 प्रतिशत, दुनिया में पांचवां स्थान। राजस्थान पत्रिका का कहना है ब्रिक्स पर भारत का बड़ा दांव, सीमा पार व्यापार और स्थानीय मुद्रा में भुगतान पर जोर। पत्र ने लिखा है- चीन से सीधी उड़ान, ईरान से चाहबहार और रूस से सुखोई फाइटर पर होंगे समझौते।
नवभारत टाइम्स के आर्थिक पन्ने की खबर है- कच्चा तेल सौ डॉलर के पार, पश्चिम एशिया में तनाव, तेल की कीमतों में तेजी से तीन महीने के निचले स्तर पर बाजार।
जम्मू-कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के शुभारंभ पर वंदे मातरम् के पूरे गायन पर कांग्रेस की आपत्ति के जवाब में दैनिक जागरण ने नेशनल कॉन्फ्रेंस का बयान प्रकाशित किया है – वंदे मातरम् कितना और कैसे गाना है, कांग्रेस यह सहयोगियों को न सिखाए।
जनसत्ता की खबर है- ओडीसा में बालासोर के जंगल में मिले पांच वनमानुष। मलेशिया, इंडोनेशिया, बोर्नियो और सुमात्रा के वर्षा वनों में पाए जाने वाले इन वनमानुष के ओडिसा पहुंचने की जांच शुरू।
लौटते मॉनसून से होगी राजस्थान समेत कई राज्यों में अच्छी बारिश राजस्थान पत्रिका ने लिखा है- 11 से 15 सितम्बर तक चलेगा नया दौर।
**********
अंत में मुख्य समाचार:-
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे की 20 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की आठ मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – मंत्रिमंडल के इस फैसले से यात्रियों की आवाजाही तेज़ होगी, रेल सम्पर्क बेहतर होगा और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी।
- भारत ने ब्रिक्स देशों से अंतरराष्ट्रीय व्यापार में महिला उद्यमियों और महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए अवसर बढ़ाने की दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया।
- भारत ने नेपाल में राहत कार्य तेज किए। राहत सामग्री के साथ आठवां विमान, विशेष सुरंग टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भेजा।
- अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने परमाणु नियमों का पालन न करने को लेकर ईरान का मामला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को भेजा।
- मौसम विभाग ने आज ओडिशा में तेज वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है।
- अमरीकी ओपन टेनिस के पुरूष सिंगल्स सेमीफाइनल में, अमरीका के दोनों खिलाडी बेन शेल्टन और फ्रांसिस टियाफो आमने-सामने होंगे।
**********