मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से बात की। उन्होंने कैप्टन की बहादुरी की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
- वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से अलग व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए फ्रांस, कनाडा, सऊदी अरब और दक्षिण कोरिया के समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।
- कृतज्ञ देश आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया। दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना।
- एशियाई खेलों में, लवलीना बोरगोहेन ने महिला मुक्केबाजी के 75 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। 12 स्वर्ण सहित पदकों की संख्या बढकर 72 हुई।
——
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बहादुर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से बात की। उन्होंने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में अपने सह-पायलट के हमले को नाकाम करते हुए 180 लोगों की जान बचाई थी। कैप्टन मच्छार ने प्रधानमंत्री को अपने अनुभव के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि उस घटना के दौरान उन्हें किस बात से साहस मिला। प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
श्री मोदी ने कहा कि पूरा देश उनकी कुशलता लिए प्रार्थना कर रहा है। प्रधानमंत्री ने स्मित के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि देश गर्व से कह सकता है कि भारतीय वे नहीं हैं जो जान लेते हैं, बल्कि वे हैं जो दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने को तैयार रहते हैं।
आप स्वयं जीवन और मृत्यु की लडाई लड रहे हैं। उस समय भी आपने अपनी जान की परवाह नहीं की, सभी यात्रियों की जीवन की परवाह की। सबसे बडी बात एक सौ चालीस करोड देशवासियों का आपने मान बढाया है। और इस लिए मैं हृदय से गर्व अनुभव करता हूं।
बातचीत के दौरान भावुक कैप्टन स्मित ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी उनके सबसे बड़े आदर्श हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री का फोन आने पर अपनी खुशी और गर्व का अनुभव किया।
—–
वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमरीका के मिलवॉकी में जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से अलग फ्रांस, कनाडा, सऊदी अरब और दक्षिण कोरिया के व्यापार मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन बैठकों में संबंधित देशों के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करने पर चर्चा हुई। एक रिपोर्ट-
फ्रांस के विदेश व्यापार और आर्थिक मामलों के मंत्री निकोलस फोरिसिए के साथ बैठक में श्री गोयल ने व्यापार और निवेश बढ़ाने, भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने तथा विमान निर्माण, यूपीआई के एकीकरण और संयुक्त नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के साथ बैठक में दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते-सीईपीए पर जारी वार्ता की समीक्षा की और इसे जल्द आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मार्च में इस समझौते की शुरुआत की थी। इसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री माजिद बिन अब्दुल्ला अल-कसाबी के साथ बैठक में श्री गोयल ने भारत और खाड़ी सहयोग परिषद के बीच मुक्त व्यापार समझौते के लिए जारी बातचीत की प्रगति पर चर्चा की। समाचार कक्ष से अनुपम मिश्र।
——
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान खोजने के लिए श्री मोदी के विचार बहुत अच्छे हैं। एक सार्वजनिक मंच पर राष्ट्रपति पुतिन ने भारत के कूटनीतिक प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
—–
गृह मंत्री अमित शाह ने आज कहा कि वैश्विक शांति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयासों पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से की गई सराहना से प्रत्येक भारतीय को अपार गर्व महसूस होता है। श्री शाह ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आया पुतिन का यह बयान दर्शाता है कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शांति के लिए एक विश्वसनीय आवाज बनकर उभरा है।
——
कृतज्ञ देश आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
—–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्रपति ने कहा है कि दुनिया के कई हिस्सों में जारी युद्ध और संघर्ष के माहौल में गांधी जी का शांति और अहिंसा का संदेश पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गया है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि सत्य और अहिंसा में महात्मा गांधी का अटूट विश्वास, न्याय के प्रति उनकी पक्की प्रतिबद्धता और हर व्यक्ति की गरिमा में उनका गहरा विश्वास मानवता को प्रेरित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी युगों में बापू के आदर्श मानवता के लिए पथ प्रदर्शक बने रहेंगे।
——
महात्मा गांधी की जयंती आज वैश्विक स्तर पर मनाई जा रही है। कई देशों में भारतीय राजनयिक मिशनों ने इस अवसर पर गांधीजी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और सत्य, अहिंसा तथा शांति के उनके संदेश को याद किया।
——
राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122‘वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में हुआ था। इसे अब पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर के नाम से जाना जाता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने विजयघाट स्थित समाधि पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और एल. मुरुगन सहित कई अन्य मंत्रियों, सांसदों और विद्यार्थियों ने आज नई दिल्ली स्थित संविधान सदन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी दोनों महान नेताओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
——
गांधी जयंती के अवसर पर खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज गोयल ने आज नई दिल्ली में खादी महोत्सव का उद्घाटन किया।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12-13 वर्षों में खादी ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।
खादी युवाओं के लिए फैशन स्टेटमेंट बन गया है। आज खादी के देश भर में फैशन शो हो रहे हैं, युवा मोदी जैकेट पहन रहा है, मोदी कुर्ता पहन रहा है, युवा हमारी खड़ी की कॉस्मेटिक खरीद रहा है । खादी के ग्राम उद्योग उत्पाद खरीद रहा है, खड़ी की कुर्ती हो, जैकेट हो वो उत्पाद जो कभी गांव, गलियों से बाहर नहीं निकल पाते थे । आज वो हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में खादी अपना जलवा पूरे देश में बिखेर रही है । पिछले 12 -13 साल में माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में खादी कई गुना बढी है।
—–
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज थिरू के. कामराज की पुण्यतिथि पर उपराष्ट्रपति भवन में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री राधाकृष्णन ने कहा कि थिरू के कामराज ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा और आम जनता के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था।
—–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसेवा में 25 वर्ष पूरे कर रहे हैं। यह यात्रा जनसेवा से देशसेवा के मंत्र और निरंतर प्रतिबद्धता से प्रेरित है। सेवा और सुशासन की इसी दृष्टि से प्रेरित होकर सरकार 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। समावेशी विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के माध्यम से यह समर्पण लोगों के जीवन में परिवर्तन भी ला रहा है। आज, हमारी विशेष श्रृंखला में, हम आपको अटल सुरंग के माध्यम से इस दृष्टि को साकार रूप देने का एक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
विश्वप्रसिद्ध रोहतांग दर्रे के नीचे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में निर्मित अटल टनल आधुनिक इंजीनियरिंग और सीमा सड़क संगठन की तकनीकी क्षमता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। देश की महत्वपूर्ण आधारभूत और सामरिक परियोजनाओं में शामिल अटल टनल जहाँ प्रदेश के कुल्लू व् जनजातीय ज़िला लाहौल स्पीति को वर्ष भर हर मौसम में जोड़े रखती है वहीँ आज हिमाचल प्रदेश के विकास, पर्यटन और सामरिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहचान बन चुकी है। समुद्र तल से लगभग दस हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित नौ किलोमीटर से अधिक लंबी अटल टनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन अक्तूबर, 2020 को किया था। इस पर करीब तीन हजार दो सौ करोड़ रूपए की लागत आई है । अटल टनल के बन जाने से क्षेत्र के लोगों के जीवन में उल्लेखनीय सकारात्मक बदलाव आया है। लाहौल स्पीति ज़िला मुख्यालय केलांग निवासी सोनम जांगपो ने बताया कि अटल टनल स्थानीय लोगों के लिए परिवहन, व्यापार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।
अटल टनल जो खुलने से पहले, हमें रोहतांग टॉप होकर कुल्लू मनाली जाना पड़ता था, जिससे हमें काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, जैसे ही टनल खुला उसके बाद स्वास्थ्य सुविधाएं भी हम इजीली इमरजेंसी कभी भी कुछ भी रहता है, हम इमीजिएट एक दो घंटे के अंदर कुल्लू पहुंच जाते हैं, हमारी जो फसलें हैं, जो किसान बागवान भाई है उन सभी के लिए भी बहुत ज्यादा आसानी हो गई है। केंद्र सरकार का बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं।
अटल टनल रोहतांग के बनने से जहां हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिला है, वहीँ इसके माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों खासतौर पर लेह-लद्दाख के लिए वर्ष भर आवागमन और अधिक सुगम हो गया है। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम की 138वीं कड़ी में पंजाब के हॉकी ओलंपियन राजिंदर सिंह सीनियर के प्रयासों की सराहना की। एक रिपोर्ट-
ओलंपियन राजिंदर सिंह 1980 ओलंपिक्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली इंडियन हॉकी टीम का हिस्सा थे। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 1982 चैंपियंस ट्रॉफी में खेला था, जिसे इंडिया ने राजिंदर सिंह द्वारा तीन पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पाकिस्तान से जीता था और ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल किया था। वह 1990 में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया यानी साई से जुड़े और अपना कोचिंग करियर शुरू किया। उनके समय में, सब-जूनियर और जूनियर हॉकी टीमों ने कई नेशनल अवॉर्ड जीते। उन्होने आकाशवाणी को बताया कि राउंड ग्लास अकादमी पंजाब में 60 हॉकी अकादमियां चला रही है, जिसमें 6 से 8 साल की उम्र के लड़कियों समेत 3000 खिलाड़ी इस राष्ट्रीय खेल की बारीकियां सीख रहे हैं।
मैं आभारी हूं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का जिन्होंने मन की बात में मेरा जिक्र किया और मुझे, मेरे काम की सराहना की। मैं पिछले पांच वर्षों से राउंड ग्लास स्पोर्ट्स एकेडमी के साथ युवाओं को हॉकी को आगे ले जाने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहा हूं। प्रधानमंत्री जी के ये प्रेरणादायी शब्द सिर्फ मुझे ही नहीं बल्कि मेरे जैसे और साथी को जस्ट ओलंपियन को भी प्रेरणा दे
उन्होंने भारत के लिए मजबूत हॉकी टीम बनाने के लिए क़ाबलियत वाले युवाओं को कोचिंग देते रहने का भरोसा दिया। राजेश बाली/आकाशवाणी समाचार /जालंधर
——
और एशियाई खेल खबरों के साथ हैं जागृति शर्मा।
—–
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी है।
—
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों और गुजरात व मध्य प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल हैं।
अंत में मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से बात की। उन्होंने कैप्टन की बहादुरी की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
- वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से अलग व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए फ्रांस, कनाडा, सऊदी अरब और दक्षिण कोरिया के समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।
- कृतज्ञ देश आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया। दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना।
- एशियाई खेलों में, लवलीना बोरगोहेन ने महिला मुक्केबाजी के 75 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। 12 स्वर्ण सहित पदकों की संख्या बढकर 72 हुई।