मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत संकल्प के लिए 100 सप्ताह का नशा मुक्त युवा अभियान आरंभ किया। कहा विकसित भारत के लिए युवाओं का शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आत्मविश्वास से भरपूर होना आवश्यक।
- बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश में विधानसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव के लिए मतगणना जारी।
- ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों के प्रमुखों की बैठक आज लखनऊ में शुरू।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा ईरान के साथ नए दौर की वार्ता आज।
- पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में शांति रैली के दौरान आत्मघाती हमले में 14 लोग मारे गए।
- और ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के समापन समारोह में अहमदाबाद को औपचारिक रूप से 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों के अधिकार सौंपे गए।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत ‘विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है और इसके लिए युवाओं का शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आत्मविश्वास से भरपूर होना आवश्यक है। श्री मोदी ने कल नई दिल्ली में वर्चुअल माध्यम से विकसित भारत संकल्प के लिए नशा मुक्त युवा अभियान आरंभ किया। सौ सप्ताह के इस जनभागीदारी अभियान के दौरान देशभर में प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की लत लोगों को लक्ष्य से भटका देती है।
नशा केवल शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता, नशा एक माँ की मुस्कान छीन लेता है। नशा एक पिता के सपनों को चूर–चूर कर देता है और जब परिवार में समाज में ऐसा होता है और कहीं न कही राष्ट्र की शक्ति भी कमज़ोर पड़ जाती है और इसलिए हमें हर एक युवा को नशे के चुंगल में फंसने से बचाना है।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे कटक, भुवनेश्वर, ब्रह्मपुर और गंजम जिले के तप्तपानी में कई शैक्षिक, सांस्कृतिक और आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम को कटक के पास बनारा में जगतगुरु कृपालु विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगी। कल राष्ट्रपति भुवनेश्वर से बरहमपुर तक एक विशेष ट्रेन से यात्रा करेंगी, और फिर सड़क मार्ग से गंजाम जिले के तप्तपानी जाएंगी जहां वह मां कंधुनी देवी मंदिर और शिव मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी। वह रात में गोलाबंध स्थित आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज में रूकेंगी। भुवनेश्वर और कटक में पुलिस की लगभग 40 प्लाटून तैनात करके सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान निर्धारित स्थलों के ऊपर जो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।
**********
बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश में विधानसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। पहले, डाक मतपत्रों की गिनती की जा रही है। उसके बाद साढे 8 बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में दर्ज वोटों की गिनती शुरू होगी। बिहार के बांकीपुर, गुजरात के मंजलपुर और मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र में 30 जुलाई को मतदान हुआ था।
*******
लोकसभा में आज सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा होने की संभावना है। केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस विधेयक को पेश कर सकते हैं।वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन बैंककार बही साक्ष्य विधेयक, 2026 पेश कर सकती हैं। इसका उद्देश्य बैंकों के रिकॉर्ड से जुड़े सबूतों के लिए कानून बनाना और इसे आज के डिजिटल बैंकिंग तौर-तरीकों के अनुरूप बनाना है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भारतीय सांख्यिकी संस्थान विधेयक, 2026 पेश करेंगे।
वहीं, राज्यसभा में आज सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा होने की संभावना है।
********
ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों के प्रमुखों की दो दिन की बैठक आज से उत्तर प्रदेश के लखनऊ में शुरू हो रही है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स के सदस्य देशों ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों के इस बैठक में भाग लेने की संभावना है।
इस वर्ष भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय सुदृढ़शीलता नवाचार सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण है। ब्रिक्स सांख्यिकी ट्रैक के अंतर्गत भारत ने परिवर्तन के प्रेरक के रूप में गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी इस विषय को अपनाया है। इसका उद्देश्य ब्रिक्स के माध्यम से सांख्यिकी के प्रसार प्रणालियों में नवाचार और ज्ञान एवं सर्वोत्तम परिपार्टियों के आदान–प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करना है। बैठक में सांख्यिकी उत्पादों को मजबूत करने, राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणालियों में सुधार, डेटा की पहुंच बढ़ाने और आर्थिक क्षेत्र सांख्यिकी को सुदृढ़ बनाने पर चर्चा होगी। इसके साथ ही विकसित होते डेटा पारिस्थितिकी तंत्र में एआई की तैयारी विषय पर दो विशेष सह कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सुशील चंद्र तिवारी आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत आज होगी। यह बातचीत मध्यस्थों के ज़रिए होने की उम्मीद है। एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने पुष्टि की कि बातचीत के रास्ते खुले हैं। उन्होंने बताया कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर और ईरान के साथ कूटनीतिक बातचीत के कारण ही उन्होंने उस बड़े हमले को रोक दिया। इस हमले की योजना पहले से बनाई गई थी। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य के प्रबंधन को लेकर कोई समझौता हो सकता है। साथ ही उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि ईरान के परमाणु-निरस्त्रीकरण को लेकर भी समझौता किया जाएगा।
*********
पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कल शांति रैली के दौरान पुलिस थाने पर आत्मघाती हमले में पांच सुरक्षाकर्मियों सहित 14 लोग मारे गए। यह विस्फोट तब हुआ जब शांति रैली स्वात जिले के काबल कस्बे में पुलिस थाने के सामने से गुजर रही थी। फिलहाल किसी भी समूह या व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। नौ लोग मौके पर ही मारे गए जबकि पांच और लोगों की मौत की पुष्टि काबल अस्पताल में हुई।
*******
मध्य प्रदेश के उज्जैन में आज भगवान महाकालेश्वर की पहली श्रावण पालकी जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस पवित्र सावन महीने के पहले सोमवार को निकाले जाने की परंपरा है। भगवान महाकाल को चंद्रमौलेश्वर रूप में पारंपरिक पालकी जुलूस में ले जाया जाएगा, जिससे भक्तों को दर्शन का मौका मिलेगा।
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर से आज श्रावण मास की पहली सवारी निकलेगी। इस दौरान भगवान महाकाल चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे और श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। दोपहर साढ़े तीन बजे सभा मंडप में पूजन होगा, जबकि शाम चार बजे सवारी मंदिर से रवाना होगी। सवारी गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंचेगी। यहां क्षिप्रा नदी के जल से भगवान महाकाल का अभिषेक और आरती की जाएगी। इसके बाद सवारी अलग–अलग रास्तों से होते हुए शाम करीब सात बजे मंदिर लौटेगी। महाकाल मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। अभिनव गोयल, आकाशवाणी समाचार, भोपाल
*******
राष्ट्रमंडल खेल कल ग्लास्गो में भव्य समारोह में सम्पन्न हो गए। समापन समारोह में वंदे मातरम के गान के साथ भारत की सांस्कृतिक विविधता और परंपरा का प्रदर्शन किया गया।
समारोह में 100वें राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत को ध्वज और कमान सौंपी गई। 2030 के राष्ट्रमंडल खेल अहमदाबाद में होंगे। भारत ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य सहित 39 पदक जीते और पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
खेल मंत्रालय के सचिव हरि रंजन ने कहा कि देश के खिलाडियों ने अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन किया।
2026 के ग्लास्को कॉमनवेल्थ गेम्स में कई खेलों की विधाओं में कटौती होने के बावजूद भी देश की टीम ने इतना बेहतरीन प्रदर्शन किया है कि पहले से और हमारी अपेक्षाओं से कई गुना ज्यादा है, तो यह हम सबके लिए एक बहुत सुखद संकेत है कि शायद वो जो एक टर्निंग पॉइंट स्पोर्ट्स की दिशा में देश में आना चाहिए उसके समय आ गया है और 2030 में हम अगला कॉमनवेल्थ गेम्स भारत में अहमदाबाद शहर में आयोजित करने वाले हैं। यह भी हमारे लिए बहुत सुखद संयोग है और प्रतिष्ठा का विषय भी है।
********
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
देश की राजधानी से प्रकाशित हिन्दी समाचार पत्रों के मुख पृष्ठों पर नशे के खिलाफ सौ सप्ताह के अभियान, राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाडि़यों के शानदार प्रदर्शन और मॉनसून से जुड़ी खबरें सबसे ऊपर छाई हुई हैं।
हिन्दुस्तान का पहला शीर्ष समाचार है – नशे के खिलाफ देश ने सौ सप्ताह की जंग छेड़ी।
लोकसत्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कथन को सुर्खी बनाया है – ड्रग्स दुश्मन देशों की साजिश। नवभारत टाइम्स और दैनिक जागरण ने भी प्रधानमंत्री की कही इसी बात को शीर्ष समाचार बनाया है। जबकि जनसत्ता ने अमरीका-ईरान युद्ध के समाचार को सचित्र प्रकाशित करते हुए अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के वक्तव्य को अपना शीर्ष समाचार बनाया है- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा- ईरान पर हमले रोके, बशर्ते शीघ्र हो करार।
दैनिक भास्कर ने राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की उपलब्धि के समाचार को शीर्षक दिया है – इस बार हमारे 54 प्रतिशत गोल्ड बॉक्सिंग में आए, कुल मेडल में से 69 प्रतिशत सिर्फ तीन खेलों में जीते। दैनिक ट्रिब्यून ने अपने संपादकीय लेख को शीर्षक दिया है – हादसों के हाइवे, पत्र सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता को रेखांकित करते हुए सवाल करता है कि जब वैकल्पिक ईंधन और वाहनों की जॉच करना सरकार की प्राथमिकता है तो ऐसा ही अभियान सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए क्यों नहीं चलाया जाता है। पत्र का कहना है कि बीते गुरूवार को लोकसभा में सड़क दुर्घटनाओं के जो आंकड़े प्रस्तुत किए गए वो डराने वाले हैं।
कश्मीर में हथियारों से लैस दो आतंकवादियों की गिरफ्तारी के समाचार को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए इसे सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी बताया है। पुलवामा जिले में एक आतंकी से हैंड ग्रेनेड, राष्ट्र विरोधी पोस्टर और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद होने की खबर को पत्र ने बॉक्स में प्रकाशित किया है। जनसत्ता ने इसी खबर को शीर्षक दिया है – बारामूला में आतंकियों का मददगार गिरफ्तार।
********
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज रात साढे नौ बजे फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में “साइबर धोखाधड़ी और साइबर सुरक्षा: डिजिटल नागरिक की सुरक्षा” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत संकल्प के लिए 100 सप्ताह का नशा मुक्त युवा अभियान आरंभ किया। कहा – विकसित भारत के लिए युवाओं का शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आत्मविश्वास से भरपूर होना आवश्यक।
- बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश में विधानसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव के लिए मतगणना जारी।
- ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों के प्रमुखों की बैठक आज लखनऊ में शुरू।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा ईरान के साथ नए दौर की वार्ता आज।
- पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में शांति रैली के दौरान आत्मघाती हमले में 14 लोग मारे गए।
- और ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के समापन समारोह में अहमदाबाद को औपचारिक रूप से 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों के अधिकार सौंपे गए।
*******