रूस ने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में यूक्रेन पर नोवा काखोव्का बांध को नष्ट करने का आरोप लगाया है। इससे पहले यूक्रेन ने रूस पर इस बांध को नष्ट करने का आरोप लगाया था। यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार बांध के नष्ट हो जाने से करीब छह सौ वर्ग किलोमीटर इलाके में बाढ़ आ गई है हजारों लोगों को पेयजल का संकट हो गया है। यूक्रेनी सेना ने कुछ मकानों पर ड्रोन के जरिए पानी की बोतलें और भोजन पहुंचाया है। बाढ़ग्रस्त क्षेत्र से अब तक दो हजार लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
इससे पहले मंगलवार को दक्षिणी यूक्रेन में नोवा काखोव्का बांध एक विस्फोट में नष्ट हो गया था, इसके कारण जनजीवन और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचा है। यूरोप के सबसे बड़े बांधों में से एक इस बांध में लगभग 18 घन किलोमीटर पानी था। बांध टूटने से रूस और यूक्रेन दोनों के कब्जे वाले क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुए। इस बांध से दक्षिणी यूक्रेन के एक बड़े क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई की आपूर्ति होती थी और साथ ही यूक्रेन के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र को ठंडा करने के लिए पानी भी प्रदान करता था।