महाराष्ट्र विधानसभा परिषद के चुनाव में महाराष्ट्र विकास अघाड़ी को दो सीटें मिली हैं जबकि भारतीय जनता पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की है।निर्दलीय उम्मीदवार और कांग्रेस के बागी सत्यजीत तांबे नासिक प्रखंड के स्नातक चुनाव क्षेत्र से विजयी हुए हैं। उन्होंने महाराष्ट्र विकास अघाड़ी से समर्थित शुभांगी पाटिल को पराजित किया। भारतीय जनता पार्टी के ध्यानेश्वर म्हात्रे ने कोंकण शिक्षक चुनाव क्षेत्र में महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के बलराम पाटील को पराजित किया। नागपुर शिक्षक चुनाव क्षेत्र में महाराष्ट्र विकास अघाड़ी से समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुधाकर अदबाले ने जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा समर्थित मौजूदा विधान परिषद सदस्य नागो गनार को हराया। मराठवाड़ा शिक्षक चुनाव क्षेत्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विक्रम काले ने भारतीय जनता पार्टी की किरण पाटील को पराजित किया। अमरावती प्रखंड में स्नातक चुनाव क्षेत्र में मतों की गिनती चल रही है।