राजमुंदरी से पूर्व लोकसभा सांसद और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री जमुना का आज सुबह हैदराबाद में निधन हो गया। वे 86 वर्ष की थीं। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबियत ठीक नहीं थी और आज सुबह लगभग सात बजे उनका देहांत हो गया। वे प्रख्यात अभिनेता एन. टी. रामाराव और नागेश्वर राव की समकालीन थीं। उन्होंने तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी में लगभग 200 फिल्मों में अभिनय किया। 1936 में कर्नाटक के हम्पी में जन्मी, जमुना की स्कूली शिक्षा आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में हुई। उन्होंने, 1989 में कांग्रेस के टिकट पर राजमुंदरी लोकसभा सीट से चुनाव जीता था।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी और तेलंगाना तथा आंध्र प्रदेश के कई मंत्रियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।