वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि देश में स्टार्टअप्स की संख्या बढकर एक लाख से अधिक हो गई है। वर्ष 2016 में यह संख्या चार सौ पचास थी। स्टार्टअप्स में यह उल्लेखनीय वृद्धि की वजह से भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बन चुका है।
आज नई दिल्ली में बड़ा बिजनेस एंटरप्रेन्योर्स लॉन्चपैड कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, श्री गोयल ने कहा कि सरकार देश में कारोबार को आसान बनाने के लिए आवश्यक सुधारों के लिए प्रतिबद्धत है।
उन्होंने अमृत काल में भारत के विकास में देश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और विश्वास व्यक्त किया कि 2047 तक भारत की अर्थव्यवस्था में काफी तेजी आएगी।
श्री गोयल ने बताया कि भारत में उपलब्ध अवसरों और इसकी विविधता और आर्थिक विकास को देखते हुए पूरी दुनिया इसकी ओर आकर्षित हो रही है। उन्होंने कहा कि जी-20 की अध्यक्षता ने देश को अपने विकास की कहानी दुनिया के सामने लाने का अवसर प्रदान किया।