केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शिक्षा क्षेत्र की मजबूती के लिए शिक्षाविदों से जन भागीदारी के साथ जन आंदोलन की अपील की है। उन्होंने आज जालंधर के डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में स्कूली शिक्षा में हाल की प्रगति पर तीन दिन के राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस शिक्षा महाकुंभ का आयोजन पंजाब की सर्वहितकारी शिक्षा समिति ने, एन. आई. टी. जालंधर और अन्य प्रमुख शिक्षण संस्थानों के सहयोग से किया है।
सर्वहितकारी शिक्षा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि नई शिक्षा नीति काफी विस्तृत और गहन विचार विमर्श के बाद तैयार की गई है। यह युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देती है। इसमें प्राचीन गुरुकुल शिक्षा प्रणाली को आधुनिक शिक्षा प्रणाली के साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार राष्ट्र हित के लिए प्रतिबद्ध है।