केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले महीने अपने कार्यकाल के नौ वर्ष पूरे कर लिये हैं। इन वर्षों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की उपलब्धियों के बारे में आकाशवाणी समाचार विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज हम बात कर रहे हैं- भारत में रक्षा क्षेत्र में स्टार्टअप्स द्वारा उठाए गए व्यापक कदम। दशकों तक रक्षा उपकरणों का आयात करने वाला भारत अब 75 देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है। पिछले पांच वर्षों में देश के रक्षा निर्यात में छह गुना की बढ़ोतरी हुई है, जिस कारण देश का रक्षा निर्यात एक दशमलव पांच अरब डॉलर से अधिक हो गया है। बेंगलुरु में कार्यरत सिंगापुर स्थित एशियाई रक्षा प्रौद्योगिकी और एशियाई एयरलाइंस तथा एयरोस्पेस पत्रिका के प्रौद्योगिकी संपादक अतुल चंद्रा ने भारत में रक्षा क्षेत्र में स्टार्टअप्स की व्यापक वृद्धि के बारे में यह बात कही।