अगस्त 6, 2026 11:49 पूर्वाह्न

printer

लोकसभा अध्यक्ष और गृह मंत्री ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री बिरला ने कहा कि अपनी तीक्ष्ण वाक्पटुता, संवेदनशील नेतृत्व और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण के बल पर सुषमा स्वराज ने भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट स्थान अर्जित किया। उन्होंने आगे कहा कि सुषमा स्वराज की राष्ट्र सेवा के प्रति निष्ठा, उनकी कार्यशैली और जन कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदा प्रेरणादायक बनी रहेगी।

साथ ही, गृह मंत्री अमित शाह ने आज पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने सुषमा स्वराज को सौम्यता और सादगी की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज ने अपने अनुशासन, लगन और अदम्य साहस के बल पर संगठन से लेकर सरकार तक, हर दायित्व का उत्कृष्ट ढंग से निर्वहन किया। श्री शाह ने कहा कि विदेश मंत्रालय को आम जनता से जोड़ने वाली उनकी कार्यशैली और उनका सरल जीवन हमेशा स्मृतियों में जीवंत रहेगा।।