अगस्त 12, 2024 12:01 अपराह्न

printer

विनेश फोगाट की अयोग्यता के मामले में आईओए की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा ने चिकित्‍सीय टीम का बचाव किया

 

भारतीय ओलिम्पिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा ने विनेश फोगाट की अयोग्यता के मामले पर भारतीय ओलिम्पिक संघ की चिकित्‍सीय टीम का बचाव किया है। उन्‍होंने कहा कि भारतीय दल के मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला को पेरिस ओलिम्पिक में महिलाओं के 50 किलोग्राम भार वर्ग की फाइनल स्पर्धा से भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्‍य ठहराए जाने के लिए जिम्मेदार नहीं माना जाना चाहिए। आई.ओ.ए. ने कल एक वक्‍तव्‍य में कहा कि कुश्ती, मुक्केबाजी और जूडो जैसे खेलों के मुकाबले में वजन प्रबंधन की जिम्मेदारी प्रत्‍येक एथलीट और उनकी निजी कोचिंग टीम की होती है। 

 
 
आई.ओ.ए. ने स्पष्ट किया कि डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला की मुख्‍य भूमिका स्पर्धाओं के दौरान और उसके बाद एथलीटों के चोट प्रबंधन और उसकी रिकवरी में मदद करने की थी। इससे पहले 50 किलोग्राम कुश्ती स्पर्धा में विनेश फोगाट का वजन थोड़ा अधिक होने के कारण उन्‍हें फाइनल से ठीक पहले अयोग्‍य घोषित कर दिया गया। बाद में उन्‍होंने खेल पंचाट न्यायालय में अपनी ओलिम्पिक में अयोग्यता के विरूद्ध अपील की और 50 किलोग्राम भार वर्ग में संयुक्‍त रजत पदक की मांग की। इस मामले में न्यायालय का अंतिम फैसला कल आने की संभावना है। 

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

22/09/24 | 9:03 अपराह्न

खेल की दुनिया से….

21/07/24 | 11:28 पूर्वाह्न

आज गुरू पूर्णिमा है