आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालिवाल से कथित दुर्व्यवहार मामले को लेकर आज दिल्ली भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया।
इस दौरान श्री सचदेवा ने कहा कि सुश्री स्वाती मालीवाल के सम्मान के लिए उनकी पार्टी सड़क पर उतरी है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर आज आम आदमी पार्टी के संयोजक चुप हैं। श्री सचदेवा ने टिप्पणी की कि आप पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी इस मामले में 36 घंटे बाद अपनी बात रखते हैं कि सुश्री मालीवाल के साथ मुख्यमंत्री आवास पर दुर्व्यवहार हुआ है। श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में किसी भी महिला के साथ दुर्व्यवहार होगा तो उनकी पार्टी न्याय के लिए सड़क पर उतरेगी।