महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में महायुति गठबंधन की सरकार बनना निश्चित है। उसने अब तक प्राप्त परिणामों के अनुसार पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। उधर, झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन जीत की ओर बढ रहा है।
महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के अब तक प्राप्त नतीजों में भारतीय जनता पार्टी 87 सीटें जीत चुकी है और 49 पर आगे चल रही है। शिवसेना-एस एच एस ने 42 सीटें जीत ली हैं और 15 पर बढत बनाए हुए है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 34 सीटों पर विजय हासिल की हैं और 07 पर आगे है। शिवसेना-उद्धव बाला साहेब ठाकरे ने 16 सीटें जीती हैं 04 पर उसके उम्मीदवार आगे है। कांग्रेस पार्टी ने 10 सीटों पर विजय हासिल कर ली है और 05 पर बढत बनाए हुए है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरद पवार ने 06 सीटों पर विजय हासिल की है और 04 पर ही आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी ने दो सीटें जीत ली हैं।
महाराष्ट्र में जीतने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं- मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे, भाजपा के राहुल नार्वेकर, नितेश नारायण राणे, मनीष चौधराी और अतुल भातखलकर और शिवसेना के उदय सामंत, राजेश विनायक क्षीरसागर और राजेन्द्र गावित । शिवसेना-उद्धव बाला साहेब ठाकरे पार्टी के आदित्य ठाकरे को भी विजय हासिल हुई है।
झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 23 सीटें जीतीं हैं 11 पर आगे है। भारतीय जनता पार्टी ने 15 सीटें जीती हैं 06 सीटों पर आगे है। कांग्रेस ने 11 सीट जीत ली हैं और 05 सीटों पर बढत बनाए हुए है। राष्ट्रीय जनता दल ने 02 सीट जीती है और 02 सीटों पर आगे है। कम्युनिस्ट पार्टी – मार्क्सवादी लेनिनवादी ने दो सीटें जीती ली हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा, लोक जनशक्ति पार्टी और ऑल झारखंड स्टुडेंट यूनियन ने एक-एक सीट जीती है। जनता दल यूनाइटेड का उम्मीदवार एक सीट पर आगे चल रहा है।
झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन, धनंजय सोरेन, हेमलाल मुर्मु, स्टीफन मरांडी, आलोक कुमार सोरेन, बसंत सोरेन, लोईस मरांडी विजयी हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी के जीतने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में देवेन्द्र कुंवर, मनोज कुमार यादव, कुमार उज्ज्वल, राज सिन्हा, रागनी सिंह और शत्रुघन महतो तथा प्रकाश राम शामिल हैं।
महाराष्ट्र में एक ही चरण में 20 नवम्बर को मतदान हुआ था। झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए दो चरणों में वोट डाले गए थे। पहले चरण के चुनाव में इस महीने की 13 तारीख को 43 सीटों पर मतदान हुआ था। शेष 38 सीटों पर इसी महीने की 20 तारीख को वोट डाले गए थे।