केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम राइफल्स के बटालियन मुख्यालय को आइजोल शहर से ज़ोखावसंग में स्थानांतरित करने के निर्णय को मिजोरम के विकास के लिए महत्वपूर्ण करार दिया है।
श्री शाह ने आज आइजोल में कहा कि यह कदम आइजोल शहर के लिए नया अध्याय और राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बटालियन मुख्यालय को आइजोल शहर के केंद्र से लगभग 15 किलोमीटर दूर ज़ोखावसंग में स्थानांतरित करने का निर्णय मिजोरम के विकास को ध्यान में रखकर किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह कदम मिजोरम के लोगों की इच्छाओं के अनुरूप है और इससे केंद्र सरकार की मिजोरम के विकास के प्रति वचनबद्धता का पता चलता है।
श्री शाह ने कहा कि केंद्र सरकार समूचे पूर्वोत्तर को एकजुट करने और मजबूती प्रदान करने के लिए पिछले दस वर्ष से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार क्षेत्र में पर्यटन से प्रौद्योगिकी, खेल से अंतरिक्ष और कृषि से उद्यमिता तक हर क्षेत्र में अप्रत्याशित विकास कर रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 1890 में असम राइफल्स की स्थापना के बाद से यह अपनी तरह का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक स्थानांतरण, पूर्वोत्तर क्षेत्र के कल्याण और विकास की दिशा में सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है। श्री शाह ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने, विकास को बढ़ावा देने और नागरिकों के बीच शांति और सद्भाव सुनिश्चित करने के केंद्र सरकार के लक्ष्य को भी दोहराया।
समारोह में असम राइफल्स के लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा और मिजोरम सरकार के सचिव वनलालदीना फनाई के बीच मानचित्रों का आदान-प्रदान भी हुआ।
श्री शाह आज ही आइजोल पहुंचे थे और रात को राजभवन में रुकेंगे।