मई 22, 2024 5:05 अपराह्न

printer

उत्‍तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के छठे और सातवें चरण के प्रचार में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के स्‍टार प्रचारक हिस्‍सा ले रहे हैं

उत्‍तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के छठे और सातवें चरण के प्रचार में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के स्‍टार प्रचारक हिस्‍सा ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता नरेन्‍द्र मोदी ने आज बस्‍ती जिले में एक रैली को संबोधित किया। उन्‍होंने लोगों से विकसित और आत्‍मनिर्भर भारत के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के पांच चरणों में बहुमत प्राप्‍त करने का लक्ष्‍य हासिल कर लिया है और यही कारण है कि विपक्षी नेता अपना आपा खो रहे हैं। यह रैली बस्‍ती, संत कबीर नगर और डुमरिया लोकसभा क्षेत्र के लिए संयुक्‍त रूप से आयोजित की गई थी।

श्रावस्‍ती जिले में भाजपा उम्‍मीदवार के समर्थन में एक अन्‍य रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने आईएनडीआई गठबंधन की कडी आलोचना करते हुए कहा कि वह न केवल साम्‍प्रदायिक है बल्कि जातिवादी भी है और भाई-भतीजावाद को बढावा देता हैं।

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने जौनपुर और बस्‍ती जिलों में भी प्रचार किया। हाल ही में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की रैली में हुए हंगामे पर योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं में घबराहट दिन पर दिन बढती जा रही है। श्री योगी सुलतानपुर, सिद्धार्थ नगर और बलरामपुर जिले में भी रैली को संबोधित करेंगे। मध्‍यप्रदेश के मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में चुनाव प्रचार किया। उन्‍होंने कहा कि सिर्फ भाजपा ही वायदों को पूरा कर सकती है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सिर्फ बातें ही बना सकते हैं।

आजमगढ जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा उत्‍तर प्रदेश की सभी अस्‍सी सीटें हारने जा रही है और देशभर में भाजपा को 140 से ज्‍यादा सीटें नहीं मिलेंगी। श्री यादव ने कहा कि अगर उनका गठबंधन सत्‍ता में आता है तो गरीबों के सभी ऋण माफ कर दिये जाएंगे।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

21/07/24 | 11:28 पूर्वाह्न

आज गुरू पूर्णिमा है