April 23, 2024 9:53 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं का जोर-शोर से प्रचार जारी।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एम्स-ऋषिकेश के दीक्षांत समारोह में मेडिकल छात्रों से चिकित्सा विज्ञान में तेजी से हो रहे बदलावों को अपनाने को कहा।

  • रिजर्व बैंक ने कहा-वास्‍तविक सकल घरेलू उत्‍पाद में वृद्धि के लिए स्थितियां अनुकूल।

  • दिल्ली की एक अदालत ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और बी.आर.एस. नेता के० कविता की न्यायिक हिरासत सात मई तक बढ़ाई।

  • मलेशिया में नौसेना के दो हेलीकॉप्टर टकराए। दुर्घटना में चालक दल के 10 सदस्यों की मौत।

  • चीन में तीरंदाजी विश्वकप में भारतीय महिला टीम क्वालिफिकेशन राउंड में शीर्ष स्‍थान पर रही।

———

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार चरम पर है। राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। प्रचार कल समाप्‍त हो जाएगा। 13 राज्‍यों की नवासी लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा।

———

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार छत्‍तीसगढ से माओवाद और नक्‍सलवाद का पूरी तरह सफाया कर देगी। आज छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा के सक्ती में एक रैली में श्री मोदी ने यह बात कही।

 

भाजपा सरकार ने छत्‍तीसगढ़ में भ्रष्‍टाचार और नक्‍सली हिंसा दोनों को काबू किया है। अब     छत्‍तीसगढ़ में नक्‍सलवाद तेजी से कम हो रहा है और मैं छत्‍तीसगढ़ को गारंटी देता हूं माओवाद को, नक्‍सलवाद को जड़ से समाप्‍त करके रहूंगा।

 

श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस यह दुष्‍प्रचार करने में लगी है कि भाजपा संविधान बदल देगी और आरक्षण की व्‍यवस्‍था समाप्‍त कर देगी। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि देश के संविधान को कोई नहीं बदल सकता। श्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करती आई है जबकि भाजपा सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है।

———

गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा है कि अगर उनकी पार्टी तीसरी बार चुनकर सत्‍ता में आयी तो उत्‍तरी बंगाल में भी एम्‍स खोला जायेगा। पश्चिम बंगाल के रायगंज में एक चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि ये नया एम्स रायगंज में बनाया जायेगा।

——-

उत्तर प्रदेश में भाजपा, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी सहित लगभग सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने चुनावी सभाएं कीं। रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने गौतमबुद्ध नगर में एक रैली में कहा कि नोएडा जो कभी भ्रष्टाचार का केन्‍द्र माना जाता था, वो अब एक बडा व्‍यापारिक केन्‍द्र बन चुका है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अलीगढ़ में लोगों से नफरत फैलाने वालों के खिलाफ वोट करने की अपील की।

 

ये 2024 का चुनाव संविधान मंथन का भी है। इसलिए सावधान रहेंगे आप लोग और मतदान करने के लिए आप लोग एकदम आने बूथ की चौकीदारी करना।

 

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने मेरठ में एक जनसभा में कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो पश्‍चिमी उत्‍तर प्रदेश को अलग राज्य बनाया जाएगा।

———

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केरल के चेंगन्नूर में एक जनसभा में कहा कि कांग्रेस लोगों के जीवन, शिक्षा और आय के बारे में अधिक जानने के लिए राष्‍ट्रव्यापी जाति आधारित जनगणना कराएगी। वहीं, वायनाड में एक जनसभा में उन्‍होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस पार्टी को चुनौती नहीं दे सकती।

——-

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एक रैली में केन्‍द्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह किसानों के कर्ज माफ नहीं करती लेकिन पूंजीपतियों को रियायत जरूर देती है। उन्‍होंने बेरोजगारी और महंगाई का मुद्दा जोर-शोर से उठाया।

 

आज हमारे देश में सबसे बडी बेरोजागरी है 45 सालों की। पेट्रोल 100 पार हो गया है, डीजल 90 पार, सोना 73 हजार रुपये पार, चांदी 90 हजार रुपये पार। हर चीज का दाम बढ़ रहा है। एमएसपी नहीं मिलता, जीएसटी हर सामान पर है।

———-

भाजपा ने लद्दाख से अपना उम्‍मीदवार बदल दिया है। पार्टी ने निवर्तमान सांसद जामियांग सेरिंग नामग्‍याल की जगह ताशी गैल्‍सन को प्रत्‍याशी घोषित किया है।

 

उधर, कांग्रेस ने बिहार के पटना स‍ाहिब से डॉक्‍टर अंशुल अविजीत को उम्‍मीदवार घोषित किया है। डॉक्‍टर अविजीत का मुख्‍य मुकाबला भाजपा के रविशंकर प्रसाद से होगा।

——-

लोकसभा चुनाव में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात जम्‍मू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की।

 

5-जम्मू संसदीय क्षेत्र जम्मू, सांबा और रियासी सहित तीन जिलों में फैला हुआ है, जिसमें कुल 17 लाख 81 हज़ार 545 मतदाता हैं, जिनमें से 9 लाख 21 हजार 462 पुरुष, 8 लाख 60 हजार 55 महिलाएं और 28 ट्रांसजेंडर हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 2 हजार 416 मतदान केंद्र और 18 विधानसभा क्षेत्र हैं। जम्मू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र देश भर की उन 88 क्षेत्रों में से एक है जहां दूसरे चरण में मतदान हो रहा है। 2014 और 2019 में, भाजपा ने जम्मू संसदीय क्षेत्र में जीत हासिल की थी और मौजूदा सांसद जुगल किशोर शर्मा विजयी हुए थे। 2019 के आम चुनाव में जम्मू में कड़ी टक्कर देखने को मिली थी। जुगल किशोर शर्मा तीसरी बार इस सीट के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से गुलशन रैना।

——-

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 95 लोकसभा सीटों के लिए कुल एक हजार 351 उम्मीदवार मैदान में हैं। कल नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था। तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा।

———-

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने ‘वोटर्स-इन-क्यू’ नाम से एक ऐप लॉन्च किया है। इसके माध्यम से मतदाता घर बैठे ही मतदान केंद्रों पर कतार के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और भीड़ कम होने पर मतदान करने जा सकते हैं।

———

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एम्‍स-ऋषिकेश के दीक्षांत समारोह में मेडिकल छात्रों से चिकित्‍सा विज्ञान में तेजी से हो रहे बदलावों को अपनाने को कहा है। उन्‍होंने विश्‍वस्‍तरीय मेडिकल शिक्षा और चिकित्‍सा सेवाएं देने के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान- एम्स की प्रशंसा की है।

 

चिकित्‍सा के क्षेत्र में विश्‍वस्‍तर की शिक्षा और सेवा प्रदान करना एम्‍स ऋषिकेश सहित सभी एम्‍स संस्‍थानों की एक बहुत बड़ी राष्‍ट्रीय उपलब्धि है। टिचिंग स्‍टाफ के रूप में एम्‍स संस्‍थानों ने सर्व विशिष्‍ट मानदंड स्‍थापित किए हैं। इसके लिए मैं एम्‍स संस्‍थानों से जुड़े सभी लोगों की बहुतबहुत सराहना करती हूं।

———-

रिजर्व बैंक ने कहा है कि निवेश की सशक्‍त मांग और उत्साहपूर्ण व्यापार तथा उपभोक्ताओं के सकारात्‍मक रुझान से वास्तविक जीडीपी वृद्धि में बढ़ोतरी के आसार हैं। आरबीआई ने ‘अर्थव्यवस्था की स्थिति’ शीर्षक वाले लेख में कहा है कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति पिछले दो महीनों में औसतन पांच दशमलव एक प्रतिशत के बाद मार्च में चार दशमलव नौ प्रतिशत पर आ गई है। इसमें यह भी कहा गया है कि मौसम की घटनाओं को देखते हुए लंबे समय तक भू-राजनीतिक तनाव के साथ-साथ मुद्रास्फीति का खतरा बढ सकता है, जिसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।

———-

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक विज्ञापन को लेकर वह गंभीर है। शीर्ष     न्‍यायालय ने भ्रामक विज्ञापनों के प्रकाशन को लेकर पतंजलि आयुर्वेद के खिलाफ लंबित अवमानना ​​मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि वह मात्र पतंजलि आयुर्वेद के लिए ही नहीं, बल्कि जनहित में उन सभी उपभोक्‍ता कंपनियों के प्रति भी चिंतित है जो भ्रामक विज्ञापनों का सहारा लेती हैं। न्यायालय ने एलोपैथिक डॉक्टरों की शिकायतों के संबंध में याचिकाकर्ता-इंडियन मेडिकल एसोसिएशन को भी चेतावनी दी।

———-

दिल्‍ली की राउज एवेन्‍यू अदालत ने दिल्‍ली आबकारी नीति मामले में मुख्‍यमंत्री अरविन्‍द केजरीवाल और भारत राष्‍ट्र समिति की नेता के० कविता की न्‍यायिक हिरासत की अवधि सात मई तक बढा दी। न्‍यायालय ने तिहाड जेल के अधिकारियों को दोनों को वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश करने का निर्देश दिया। कल अदालत ने पत्नी की उपस्थिति में डॉक्टर के साथ रोजाना चिकित्सीय परामर्श की मुख्‍यमंत्री की याचिका खारिज कर दी थी।

———

विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत का विश्‍वास है कि सशक्‍त दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का संगठन आसियान हिन्‍द-प्रशांत क्षेत्र में रचनात्‍मक भूमिका निभा सकता है। आसियान फ्यूचर फोरम के पहले संस्‍करण को वर्चुअली संबोधित करते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत की हिन्‍द-प्रशांत महासागर की पहल और इस क्षेत्र पर आसियान देशों का समन्‍वय व्यापक सुरक्षा चुनौतियों के लिए मजबूत तंत्र प्रदान करता है। उन्होंने कहा आसियान भारत की पूर्वोन्‍मुखी नीति के केंद्र में है और हिन्‍द-प्रशांत क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण स्तम्‍भ है।

———-

मलेशिया में हेलीकॉप्‍टर दुर्घटना में दस लोगों की मौत हो गई है। रॉयल मलेशियाई नौसेना अभ्यास के दौरान दो हेलीकॉप्टर एक-दूसरे से टकराने से यह दुर्घटना हुई। मलेशिया के उत्तरी पेराक राज्य में नौसैनिक अड्डे पर 90वीं वर्षगांठ समारोह की रिहर्सल के दौरान दोनों हेलीकॉप्‍टर टकरा गए। सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

———-

चीन में तीरंदाजी विश्‍व कप में महिलाओं की टीम स्‍पर्धा में ज्‍योति, अदिति और परनीत पहले स्‍थान पर रहीं। ज्‍योति सुरेखा वैन्‍नम कम्‍पाउन्‍ड क्‍वालिफिकेशन राउंड में दूसरे स्‍थान पर रहीं। वर्तमान चैंपियन अदिति स्‍वामी आठवें स्‍थान पर रहीं। पुरूषों के कम्‍पाउन्‍ड वर्ग के व्‍यक्तिगत स्‍पर्धा में कोई भी भारतीय निशानेबाज शीर्ष दस में जगह नहीं बना पाया।

———-

आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई में लखनऊ सुपर जाइंट्स के साथ मैच में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स ने 17वें ओवर में 3 विकेट पर 160 रन बनाए। लखनऊ ने टॉस जीतकर चेन्‍नई को पहले बल्‍लेबाजी करने को कहा। दोनों ही टीमों ने अब तक सात-सात मैच खेले हैं और चार मैच में जीत हासिल की है। रन औसत के आधार पर चेन्‍नई चौथे और लखनऊ पांचवें नंबर पर है। दोनों ही टीमों के लिए प्‍ले ऑफ की दौड में शामिल होने के लिए यह मैच महत्‍वपूर्ण है।

———

मणिपुर में आज खोंगजोम दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अंग्रेजों के खिलाफ 1891 के युद्ध में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्‍य समारोह थौबाल जिले में खोंगजोम युद्ध स्मारक परिसर में आयोजित किया गया। खोंगजोम दिवस हर वर्ष 23 ​​अप्रैल को मनाया जाता है।

——–

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं का जोर-शोर से प्रचार जारी।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एम्स-ऋषिकेश के दीक्षांत समारोह में मेडिकल छात्रों से चिकित्सा विज्ञान में तेजी से हो रहे बदलावों को अपनाने को कहा।

  • रिजर्व बैंक ने कहा-वास्‍तविक सकल घरेलू उत्‍पाद में वृद्धि के लिए स्थितियां अनुकूल।

  • दिल्ली की एक अदालत ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और बी.आर.एस. नेता के० कविता की न्यायिक हिरासत सात मई तक बढ़ाई।

  • मलेशिया में नौसेना के दो हेलीकॉप्टर टकराए। दुर्घटना में चालक दल के 10 सदस्यों की मौत।

  • चीन में तीरंदाजी विश्वकप में भारतीय महिला टीम क्वालिफिकेशन राउंड में शीर्ष स्‍थान पर रही।

—–