Download
Mobile App

android apple
signal

March 27, 2025 3:46 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5G बाजार बन गया है।
  • राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस द्वारा पेश किए गए विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव को खारिज किया।
  • तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने विधानसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया। भाजपा विधायकों का सदन से वॉकआउट।
  • वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी का 12वां चरण आज होगा।
  • और, खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 का आज शाम नई दिल्ली में भव्य समारोह के साथ समापन होगा।

 

———————————-

 

इलेक्‍ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा कि भारत आज विश्‍व में 5जी का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है। नई दिल्‍ली में आज एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री वैष्‍णव ने कहा कि विभिन्‍न क्षेत्रों में लगभग 11 लाख करोड रूपए के निवेश हो रहे हैं।

 

श्री वैष्‍णव ने कहा कि पिछले दस वर्षों में देश में मेडिकल कॉलेज और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्‍थानों की संख्‍या दोगुनी हो चुकी है। उन्‍होंने कहा कि समूचे दक्षिणी और समृद्ध देश भाारत की यूपीआई भुगतान प्रणाली अपनाने को इच्‍छुक दिख रहे हैं। श्री वैष्‍णव ने इस वर्ष भारत की पहली मेड इन इंडिया चिप जारी करने की भी घोषणा की।

 

———————————-

 

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर कथित रूप से आक्षेप लगाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विरूद्ध कांग्रेस द्वारा लाए गए विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। इस प्रस्‍ताव को सदन में कांग्रेस के सांसद जयराम रमेश श्री शाह की टिप्‍पणी पर लाये थे। श्री शाह ने अपनी टिप्‍पणी में कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में थी तब प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय राहत कोष का नियंत्रण एक परिवार ने किया। इस प्रस्‍ताव का खंडन करते हुए सभापति ने कहा कि उन्होंने इसे ध्यानपूर्वक पढ़ा है और इसमें किसी तरह का विशेषाधिकार हनन नहीं है। उन्‍होंने कहा कि इसमें सत्य का पूर्णतः पालन किया गया है, जैसा कि श्री शाह की टिप्पणियों पर प्रस्तुत दस्तावेज से प्रमाणित होता है। श्री धनखड़ ने जल्‍दबाजी में लाये गये विशेषाधिकार हनन प्रस्‍ताव पर दु:ख व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि विशेषाधिकार हनन एक गंभीर मामला है। उन्‍होंने कहा कि सदन लोगों की प्रतिष्‍ठा नष्‍ट करने का मंच नहीं बनेगा।

 

सभापति ने आचार समिति से सदस्यों के आचरण के लिए नए दिशानिर्देश बनाने को कहा।

 

———————————-

 

तमिलनाडु विधानसभा ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित वक्फ संशोधन विधेयक को वापस लेने की अपील करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। विधानसभा में यह विधेयक पेश करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कहा कि केंद्र का वक्फ बिल संविधान में निहित मौलिक अधिकारों के खिलाफ है और वक्फ बोर्ड के अधिकारों को कमजोर करता है।

 

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव में कहा गया है कि किसी भी निर्वाचित सरकार को केवल अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए काम करना चाहिए और उन्हें कभी भी खतरे में नहीं डालना चाहिए। मुख्य विपक्षी दल एआईएडीएमके और पीएमके के समर्थन से आज विधानसभा में विधेयक पारित हो गया, जबकि भाजपा सदस्यों ने विधेयक का विरोध करते हुए सदन से वॉकआउट किया। बाद में मीडिया से बात करते हुए भाजपा विधायक और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती वनती श्रीनिवासन ने कहा कि केंद्र के पास वक्फ अधिनियम में कोई भी बदलाव करने का अधिकार है। चेन्नई से कामराज जयरमन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।

 

———————————-

 

जम्‍मू कश्‍मीर में एशिया की सबसे लम्‍बी जोजिला सुरंग का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। यह परियोजना श्रीनगर और लद्दाख के बीच सभी मौसम में सम्‍पर्क की सुविधा प्रदान करेगी। लोकसभा में प्रश्‍नकाल के दौरान आज पूरक प्रश्‍नों का उत्‍तर देते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि इसका निर्माण पांच हजार पांच सौ करोड से अधिक रूपए की लागत से किया जा रहा है। 

 

श्री गडकरी ने कहा कि जोजिला सुरंग परियोजना में  13 किलोमीटर से अधिक लंबी सुरंग का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि जम्‍मू कश्‍मीर में दो लाख करोड रूपये की सडक अवसंरचना परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। श्री गडकरी ने कहा कि सम्‍पर्क को और बेहतर बनाने के लिए जम्‍मू कश्‍मीर में एक सौ पांच सुरंगें भी बनाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जम्‍मू और कश्‍मीर क्षेत्र के बीच बाईस सुरंगों से संबंधित कार्य पूरे कर लिए गए हैं। सीमा सड़क संगठन और चौदह सुरंगों का निर्माण कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि इन सुरंगों के निर्माण के बाद यात्रा का समय लगभग नौ से घटकर साढे तीन घंटें रह जाएगा। दीवाकर की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

———————————-

 

विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने आज राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान श्रीलंका में जेल में बंद भारतीय मछुआरों के बारे में पूरक प्रश्नों के उत्तर में बताया कि कुल 97 भारतीय मछुआरे श्रीलंका की हिरासत में हैं, 83 सजा काट रहे हैं और तीन पर मुकदमा चल रहा है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत अनजाने में सीमा पार करने की घटनाओं को कम करने के लिए अधिक से अधिक नौकाओं में ट्रांसपोंडर लगाने का प्रयास कर रही है।

 

———————————-

 

केन्‍द्र सरकार नई दिल्ली में आज वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी का 12वां चरण शुरू करेगी। प्रस्तावित खदानों में से 13 कोयला खदानों का पूरी तरह से जबकि 12 खदानों का आंशिक रूप से पता लगाया जा चुका है। नीलामी का उद्देश्य घरेलू और अंतरराष्‍ट्रीय निवेशकों को आकर्षित करना है जिससे ऊर्जा और औद्योगिक विकास में आत्मनिर्भरता के लिए भारत की प्रतिबद्धता को बल मिलेगा।

 

———————————-

 

प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी आज मुंबई में फिक्‍की -ईवाई मीडिया और मनोरंजन उद्योग की रिपोर्ट जारी करने के अवसर पर उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि उद्योग में नियमित रूप से बड़ी मात्रा में समेकन और विषय-वस्तु का विशाल लोकतंत्रीकरण हो रहा है। उन्‍होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से प्रतिभाएं आ रही हैं। श्री द्विवेदी ने कहा कि हम किस तरह की सामग्री का इस्‍तेमाल कर रहे हैं, इस पर ध्‍यान दिये जाने की आवश्‍यकता है।

 

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के आगामी वेव्‍स कार्यक्रम को लेकर श्री द्विवेदी ने कहा कि मीडियाकर्मी और सर्जकों तथा विश्‍वभर में तकनीक से जुडे लोगों को एक मंच पर मीडिया और मनोरंजन उद्योग में शामिल होने का अवसर प्रदान करेगा। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे और वे सीईओ गोलमेज बैठक के प्रमुख भी होंगे।

 

———————————-

 

झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के अंतिम दिन आज विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सदन में हंगामा किया। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य सदन के बीचोबीच आ गए और सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। उन्होंने कल रांची में स्थानीय भाजपा नेता अनिल कुमार महतो-टाइगर की हत्या का विरोध किया।

 

———————————-

 

भारतीय जनता पार्टी और आल झारखंड स्‍टूडेंटस यूनियन पार्टी सहित कई राजनीतिक पार्टियों ने कल झारखंड की राजधानी रांची में बीजेपी नेता अनिल कुमार महतो उर्फ टाइगर की दिनदहाड़े हत्या के खिलाफ आज रांची बंद का आह्वान किया है। कई सामाजिक संगठनों ने भी बंद को अपना समर्थन दिया है।

 

रक्षा राज्य मंत्री और बीजेपी नेता संजय सेठ ने कहा है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।

 

रांची सहित पूरा झारखंड अपराधकर्मियों की गिरफ्त में है। रूल ऑफ़ लॉ कॉलेप्स हो चुके हैं और अपराध कर्मियों को खुला छूट है। ऐसा कोई दिन नहीं मिलेगा क्योंकि यह अपराध की राजधानी बन चुका है और प्रयास हो रहा है कि अपराध की राजनीति की ओर ले जाने का होने नहीं देंगे। कोई सुरक्षित नहीं है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। कानून का शासन कहीं दिख रहा है। अगर नहीं कर सकते हो तो सीखो। 

 

एजेएसयू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने भी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार की निष्क्रियता के कारण अपराधी राज्य में बेलगाम हो गए हैं।

 

आज विधानसभा चल रहा है। राज्य के मुखिया से लेकर लॉ एंड ऑर्डर से सारे लोग आज इसी मुख्यालय रांची में है और रांची में इस कदर अपराध का लेबल आप देख सकते हो।

 

———————————-

 

दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में बजट 2025-26 पर चर्चा जारी है। आज जब सदन की बैठक हुई तो दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजयेंद्र गुप्ता ने सदन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से की। प्रश्नकाल के दौरान, सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष के विधायकों ने विधानसभा क्षेत्रों के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

 

———————————-

 

खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 का आज शाम नई दिल्ली में भव्‍य समापन होगा। समापन समारोह का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण करेगा जिसमें युवा कार्य और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे भी शामिल होंगी।

 

———————————-

 

आज विश्व रंगमंच दिवस है। इस वर्ष का विषय है- “रंगमंच और शांति की संस्कृति”। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में रंगमंच कलाकार और बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता पुनीत तिवारी ने अपने विचार साझा किए।

 

थियेटर आपको जोड़ के रखता है। आपकी जड़ों को जोड़ता है। थियेटर में सिर्फ और सिर्फ अभिनय नहीं सीख रहे होते हैं। आप हर कुछ सीख रहे होते हैं। आप थियेटर सीख रहे होते हैं। थियेटर जीने की कला है। आप कैसे जीते हैं। उसमें हर चीज सीखना होता है। कोई एक चीज आप सीख लिये और उससे आपका विकास नहीं होता है। तो थियेटर आपको हर कुछ सीखने का मौका देता है और थियेटर में कोई रीटेक नहीं है जैसे आप कैमरे में कैद किये जा रहे हैं। फिल्म बनाया जा रहा है। तो आपको वहां पे रीटेक की संभावना है। थियेटर भी जीवन की तरह है जिसमें कोई रीटेक नहीं है।

 

———————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5G बाजार बन गया है।
  • राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस द्वारा पेश किए गए विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव को खारिज किया।
  • तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने विधानसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया। भाजपा विधायकों का सदन से वॉकआउट।
  • वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी का 12वां चरण आज होगा।
  • और, खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 का आज शाम नई दिल्ली में भव्य समारोह के साथ समापन होगा।

 

———————————-