Venezuela votes on claim to Guyana-controlled oil region
PM Modi to witness Indian Navy's operational demonstrations at Sindhudurg
BJP heading toward absolute majority in Madhya Pradesh, Rajasthan & Chhattisgarh Legislative Assemblies while Congress winning in Telangana
PM Modi expected to address BJP workers and leaders at party headquarters in New Delhi
Decisive election trends prove that people have shown their faith in PM Modi: I&B Minister Anurag Thakur
PM Modi speaks to Andhra Pradesh CM, takes stock of preparations in light of Cyclone Michaung
Deep Depression over Southwest Bay of Bengal intensifies into Cyclonic Storm “MICHAUNG”
Indian doubles pair Tanisha Crasto and Ashwini Ponnappa to face Japan's Rin Iwanaga and Kie Nakanishi in finals of Syed Modi India International badminton tournament in Lucknow
In Cricket, fifth and final T20 International between India and Australia to be played in Bengaluru this evening
Union Tourism Ministry launches National Best Tourism Village Competition & National Best Rural Homestay Competition 2024
मुख्य समाचार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों का सत्रावसान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए महिलाओं के नेतृत्व में विकास एक महत्वपूर्ण प्रयास है। श्री मोदी ने कहा सरकार देश में जनजातीय लोगों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने उच्च स्तरीय बैठक में डेंगू की रोकथाम के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की तैयारियों की समीक्षा की।
आज विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया।
चीन के होंगचोओ में एशियाई खेलों में निशानेबाजी में सिफत कौर ने 50 मीटर राइफल स्पर्धा में और मनु भाकर, ईशा सिंह और रिद्दम सांगवान की टीम ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते।
राजकोट में ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में भारत को तीन सौ 53 रन का लक्ष्य दिया।
**************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों का सत्रावसान कर दिया है। संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र इस महीने की 18 तारीख को शुरू हुआ और 21 सितंबर को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया था। विशेष सत्र में संसद ने ऐतिहासिक महिला आरक्षण अधिनियम पारित किया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि न्यायिक व्यवस्था से जुडे लोगों को इसका विशेष ध्यान रखना चाहिए की न्याय प्राप्त करना इतना महंगा न हो जाये कि वह सामान्य जन की पहुंच से बाहर हो जाए।
जबलपुर में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के नये भवन की आधारशिला रखते हुए उन्होंने संस्थाओं और वकीलों से अपील की कि वे आगे आयें और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल और निशुल्क बनायें। विवादों के वैकल्पिक समाधान की प्रक्रिया को महत्वपूर्ण बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि इसे और मजबूत करना जरूरी है क्योंकि इससे आम लोगों को कम खर्च पर तथा जल्द न्याय उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अभिनंदन की प्रशंसा करते हुए न्यायालयों में महिला न्यायधीशो की संख्या बढाने की सलाह दी।
न्यायपालिका भी समाज का ही एक हिस्सा है। इसीलिए मुझे लगता है कि यहां भी महिलाओं की समुचित भागीदारी होनी चाहिए। मेरा मानना है कि महिलाओं में न्याय करने का नैसर्गिक भाव होगा है इसीलिए कहा जाता है कि एक मां अपने बच्चों के बीच भेदभाव नहीं करती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में महिलाओं के नेतृत्व में विकास महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ है। महिला आरक्षण विधेयक के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करने के लिए गुजरात के वडोदरा में भाजपा के नारी शक्ति वंदन अभिवंदन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस विधेयक से महिलाओं को लोकतंत्र में उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा। श्री मोदी ने कहा कि सरकार आने वाले दिनों में महिलाओं को ड्रोन उडाने के लिए प्रशिक्षण देने की योजना भी तैयार कर रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से 10 किलोवाट एफएम रेडियो स्टूडियो स्टेशन की आधारशिला रखी और दाहोद में नए नवोदय विद्यालय का लोकार्पण भी किया।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि सरकार देश में जनजातीय लोगों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में जनजातीय समुदायों के लिए बजटीय आवंटन में पांच गुना वृद्धि की गई। प्रधानमंत्री ने गुजरात में छोटा उदेपुर के बोडेली में पांच हजार 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 'मिशन स्कूल ऑफ एक्सीलेंस' कार्यक्रम के तहत चार हजार 500 करोड़ रूपये से अधिक लागत की बुनियादी ढांचे की परियोजनाएं भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया है कि भारत आने वाले वषों में विश्व की तीन शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन के 20 वर्ष पूरे होने पर अहमदाबाद में एक कार्यक्रम में श्री मोदी ने देश के व्यवसायियों और निवेशकों से उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो उनका सपना गुजरात को देश के विकास का इंजन बनाना था और अब जब वे भारत के प्रधानमंत्री है तो उनका सपना भारत को विश्व के विकास का इंजन बनाना है।
2014 में जब हमें देश की सेवा करने का अवसर दिया, तो हमारा लक्ष्य भी विस्तार हुआ, और हमारा लक्ष्य था कि भारत दुनिया का ग्रोथ इंजन बने। आज अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियां, एक्सपर्ट, इसी सुर में बात कर रहे हैं। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था है। अब हम एक ऐसे मोड़ पर खड़े हैं, जहां भारत ग्लोबल इकोनॉमिक पावर हाउस बनने जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने देश भर में डेंगू के मरीजों की संख्या बढने के बीच डेंगू की रोकथाम और प्रबंधन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्हें डेंगू की स्थिति से अवगत कराया गया। उन्होंने अधिकारियों को डेंगू की रोकथाम और प्रबंधन उपायों को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से तैयार रहने का निर्देश दिया। डॉक्टर मांडविया ने बताया कि केंद्र ने स्क्रीनिंग किट के लिए राज्यों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को भी प्रशिक्षित किया गया है।
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने आज नई दिल्ली में कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के मुख्यालय पर सरकारी कर्मचारियों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम की शुरूआत की।
डॉ. सिंह ने कहा कि अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के प्रशिक्षण और कौशल तथा आवश्यक क्षमता के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ये नई पहल है।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने खालिस्तानी-गैंगस्टर से सांठगांठ करने वालों पर कार्रवाई करते हुए पंजाब, हरियाणा, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 53 स्थानों पर छापेमारी की है। छापेमारी में पिस्तौलें, गोला-बारूद, बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है। अगस्त 2022 से पांच मामले दर्ज होने के बाद सातवीं बार इस तरह की कार्रवाई की गई है।
जांच के अनुसार, कई अपराधी और गैंगस्टर जो पहले भारत में गिरोहों की आगुवाई कर रहे थे, हाल के वर्षों में विदेश भाग गए हैं और अब वे वहां से अपनी आतंक और हिंसा की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण -एनआईए ने कहा है कि ये गिरोह पाकिस्तान, यूएई, कनाडा, पुर्तगाल और अन्य देशों में स्थित नशीले पदार्थो के तस्करों और आतंकवादियों के साथ काम कर रहे हैं। एनआईए ने कहा कि ये अपराधी समूचे भारत की जेलों में बंद अपराधियों के साथ मिलकर अनुबंध और बदला लेने के लिए हत्याओं सहित गंभीर अपराधों का षडयंत्र रचने और उन्हें अंजाम देने में लगे हुए हैं। संजीव के साथ, अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*************
जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा है कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को एक ही देश पाकिस्तान से बढ़ावा मिल रहा है। डोडा जिले के गंदोह में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान केंद्रशासित प्रदेश में आतंकवाद का माहौल बनाए रखने के लिए पंजाब की तरह जम्मू-कश्मीर में हाइब्रिड और नार्को आतंकवाद को प्रायोजित कर रहा है। श्री दिलबाग सिंह ने कहा कि जल्द ही केंद्रशासित प्रदेश से आंतकवाद को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने संदिग्ध सशस्त्र विद्रोहियों द्वारा दो निर्दोष छात्रों की हत्या की निंदा की है और कहा है कि अपराधियों को कानून के अनुसार उचित सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री के साथ चर्चा के बाद, सीबीआई की एक टीम आज दोपहर इंफाल पहुंची और घटनास्थल का दौरा किया।
आज विश्व पर्यटन दिवस है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष 27 सितंबर को यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पर्यटन के महत्व, सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक मूल्य पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के बीच जागरूकता को बढ़ावा देना है। इस वर्ष की थीम है- 'पर्यटन और हरित निवेश'।
इस अवसर पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में मिजोरम के रेइक गांव को स्वर्ण श्रेणी में 'सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव चुना गया। वहीं हरियाणा के झज्जर जिले के तलाओ गांव को कांस्य श्रेणी में 'सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव चुना गया।
पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा है कि "ट्रैवल फॉर लाइफ" कार्यक्रम टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने की मंत्रालय प्रतिबद्धता का प्रमाण है। नई दिल्ली में मिशन लाइफ के अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यक्रम के वैश्विक शुरुआत के अवसर पर श्री भट्ट ने कहा कि पर्यटन में, वसुधैव कुटुंबकम के भारत के प्राचीन दर्शन में सच्ची अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि यह देश की साझा विरासत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता की याद दिलाता है।
आयुष मंत्रालय रविवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत "एक तारीख एक घंटा एक साथ" का आयोजन करेगा। देश भर में 200 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भारतीय चिकित्सा प्रणाली का राष्ट्रीय आयोग और 750 से अधिक कॉलेजों वाले राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग भी इस आयोजन में भाग लेगा। स्वच्छता ही सेवा 2023 की थीम 'कचरा मुक्त भारत' है।
सर्वोच्च न्यायालय ने सभी अदालतों, न्यायधिकरणों और अर्ध-न्यायिक निकायों को एचआईवी अधिनियम की धारा 34(2) के अन्तर्गत एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों से संबंधित मामलों के शीघ्र निपटारे को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने वायु सेना के एक पूर्व अधिकारी के मुआवजे के दावे को नामंजूर करने के राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के फैसले के खिलाफ अपील पर यह निर्देश दिये।
हांगचोओ एशियाई खेलों की खबरें खेल डेक्स से –
चीन के हांगचोओ में एशियाई खेलों में भारत ने आज दो स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए। सिफत कौर समरा ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। सिफत ने स्वर्ण पदक जीतने पर खुशी व्यक्त की।
इसी प्रतियोगिता में आशी ने कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय टीम ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन की टीम स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया। इससे पहले 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। मनु ने इस जीत पर कहा कि आज का दिन काफी अच्छा रहा।
ईशा सिंह ने महिलाओं की व्यक्तिगत 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता। अनंतजीत सिंह नरूका ने पुरुषों की व्यक्तिगत स्कीट स्पर्धा का रजत पदक जीता। अनंत नरूका, गुरजोत सिंह और अंगद बाजवा की पुरुष टीम ने स्कीट स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। नौकायन में विष्णु सरवनन ने पुरुषों की डोंगी आई.एल.सी.ए. 7 में 34 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। वुशु में भारत की रोशीबीना फाइनल में पहुंच गई हैं। महिला हॉकी में आज भारत ने अपने पहले ही मैच में सिंगापुर को 13-0 के बडे अंतर से हराकर बड़ी जीत हासिल की। पांच स्वर्ण, सात रजत और 10 कांस्य सहित कुल 22 पदकों के साथ भारत पदक तालिका में सातवें स्थान पर है। मुकेश कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के साथ तीसरे एकदिवसीय क्रिकेट मैच में भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 40 ओवर में 6 विकेट पर 251 रन बना लिए है। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को जीत के लिए 353 का लक्ष्य दिया। भारत तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त ले चुका है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि स्वच्छ भारत अभियान पिछले नौ वर्षों में एक बडा अभियान बन गया है और इसमें बच्चों सहित सभी अपना योगदान दे रहे हैं। आज यू टयूब फैनफैस्ट इंडिया- 2023 में अपने वीडियो सम्बोधन में उन्होंने कहा कि विख्यात हस्तियों ने इस अभियान को उंचाई प्रदान की और देश के सभी कोनों से लोगों ने इसे एक मिशन में परिवर्तित किया। श्री मोदी ने कहा कि इस अभियान को यहीं नहीं रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक स्वच्छता भारत की पहचान नहीं बन जाती तब तक देश इसे जारी रखेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता हम सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
अनन्त चतुर्दशी और ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर महाराष्ट्र में कल सरकारी छुट्टी घोषित की गई है।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
· राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों का सत्रावसान किया।
· प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए महिलाओं के नेतृत्व में विकास एक महत्वपूर्ण प्रयास है। श्री मोदी ने कहा सरकार देश में जनजातीय लोगों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
· स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने उच्च स्तरीय बैठक में डेंगू की रोकथाम के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की तैयारियों की समीक्षा की।
· आज विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया।
· चीन के होंगचोओ में एशियाई खेलों में निशानेबाजी में सिफत कौर ने 50 मीटर राइफल स्पर्धा में और मनु भाकर, ईशा सिंह और रिद्दम सांगवान की टीम ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते।
· राजकोट में ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में भारत को तीन सौ 53 रन का लक्ष्य दिया।
-------