Three pillars of the second phase of the India - Sweden LeadIT 2.0 announced at COP28 Dubai
J&K: Police constable injured in terrorist attack in Srinagar's Bemina
Women's T20I match between India and England underway at Wankhede Stadium in Mumbai
26th meeting of Eastern Zonal Council to be held in Patna on Sunday
Iran warns of explosive situation in Middle East after US vetoes UNSC resolution calling for ceasefire in Gaza
Newly elected Members of Telangana Legislative Assembly administered oath
Portfolios allocated to Ministers in the new Telangana Cabinet
PM Modi says, his govt is committed for the upliftment of women, farmers, youth, and poor people
Union Minister Meenakshi Lekhi hits out at Congress over IT raids at Dhiraj Sahu's company premises
Union Minister Anurag Thakur on 2-day visit to Himachal Pradesh to participate in programs of Viksit Bharat Sankalp Yatra
मुख्य समाचार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा--बिना भेदभाव के कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने का सरकार का 'सेवा अभियान' ही सच्ची धर्मनिरपेक्षता है।
प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में भाजपा की विचारधारा के प्रवर्तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 72 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया।
केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह ने नई दिल्ली में भारत ऊर्जा शिखर सम्मेलन 2023 का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा--भारत 2030 की समयसीमा से पहले 500 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा का लक्ष्य प्राप्त कर लेगा।
पहला सी-295 एम-डब्ल्यू-परिवहन विमान औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल।
और, एशियाई खेलों में, चीन के हांग्चोओ में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर पहली बार स्वर्ण पदक जीता। भारत के दो स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य सहित कुल 11 पदक।
-----
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी तक पहुंचाने का सरकार का सेवा अभियान सही अर्थ में धर्मनिरपेक्षता है। नई दिल्ली में भाजपा की विचारधारा के प्रवर्तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 72 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि जब बडे लक्ष्य के लिए प्रयास किये जा रहे हों और सबको साथ लेकर चलना हो तो सफलता का पैमाना भी ऊंचा हो जाता है। श्री मोदी ने कहा कि भारत ने अपनी क्षमताओं से अपनी छवि बदल दी है और अब उसे दुनिया के देशों में अधिक सम्मान से देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान मिशन और जी-20 शिखर सम्मेलन के आयोजन से विदेशों में भारत की इज्जत बडी है।
श्री मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक सिर्फ लोकतंत्र की जीत नहीं है बल्कि भाजपा की विचारधारा की भी जीत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानवता के सिद्धांत का मूर्त रूप है।
श्री मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सबको प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के सबसे निचले तबके के लोगों की बात की थी और पिछले नौ वर्षों में सरकार ने इन्हीं लोगों के उत्थान के लिए कार्य किया है। श्री मोदी ने लोगों का आह्वान किया कि वे अपने जीवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सात सिद्धांतों को शामिल करें।
आज हमारे प्रेरणापुंज पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जन्म दिवस भी है। पंडित जी ने सुशासन को अंत्योदय से जोड़कर देखा, समाज का अंतिम व्यक्ति के विकास को प्राथमिकता दी, अंत्योदय की यही प्रेरणा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। उस मंत्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन है वह हमें प्रेरित करती है
----
प्रधानमंत्री ने कहा है कि मतदान की शक्ति से ही महिला आरक्षण विधेयक संसद में पारित हुआ है। श्री मोदी जयपुर में परिवर्तन संकल्प महासभा को संबोधित कर रहे थे।
राजस्थान के कोने-कोने में जो परिवर्तन संकल्प यात्राएं भाजपा ने निकाली हैं। उन्हें बहुत जन समर्थन मिला हे। ये साफ संकेत है कि राजस्थान का मौसम बदल चुका है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के भोपाल में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के महाकुंभ को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सुविधाओं से वंचित लोगों को दी गई प्राथमिकता की गारंटी को पूरा किया गया है।
ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह ने कहा है कि भारत 2030 की समय-सीमा से पहले 500 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा के लक्ष्य को हासिल कर लेगा। नई दिल्ली में इंडिया एनर्जी समिट 2023 में उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन विश्व के लिए खतरा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत अगली पीढ़ी को एक स्वस्थ और सुरक्षित दुनिया देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सभी हितधारकों से वाहन स्क्रैपिंग नीति का समर्थन करने का आह्वान किया है। आज नई दिल्ली में एक हितधारक परामर्श कार्यक्रम में श्री गडकरी ने कहा कि ऐसा करना सभी के लिए लाभदायक होगा। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने राजमार्गों का विश्व स्तरीय नेटवर्क बनाना तथा बसों के विद्युतीकरण जैसे कई पहल की है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सी-295 परिवहन विमान के वायुसेना में शामिल होने से उसकी मीडियम-लिफ्ट सामरिक क्षमता बढेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। श्री सिंह ने आज उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के हिंडन में वायुसेना के एयरबेस पर औपचारिक रूप से पहले सी-295 एम.डब्ल्यू परिवहन विमान को वायुसेना में शामिल किया। उन्होंने कहा कि यह सामरिक विमान, लैंडिंग ग्राउंड तैयार नहीं होने पर भी उड़ान भरने और उतरने में सक्षम है। यह एचएस-748 ए.वी.आर.ओ. विमान की जगह लेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल से दो दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। श्री मोदी बुधवार सुबह अहमदाबाद के साइंस सिटी में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें उद्योग संघों, व्यापार और वाणिज्य क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां, युवा उद्यमी तथा उच्च और तकनीकी शिक्षा महाविद्यालयों के छात्रों सहित अन्य लोग भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 51 हजार नव-नियुक्त कर्मियों को कल नई दिल्ली में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। वे इन कर्मियों को संबोधित भी करेंगे। देशभर में छियालिस स्थानों पर रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।
श्री मोदी कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट फिनाले कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में लगभग तीन हजार छात्र, संकाय सदस्य और विश्वविद्यालयों के कुलपति भाग लेंगे। इस कार्यक्रम से देशभर के छात्र भी ऑन-लाईन जुड़ेंगे।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2021 बैच के 182 अधिकारियों के दल ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट की। ये अधिकारी विभिन्न मंत्रालय और विभागों में सहायक सचिव के पद पर नियुक्त हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल मध्य प्रदेश के इंदौर में इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव 2023 में शामिल होंगी। श्रीमती मुर्मू इंडिया स्मार्ट सिटीज़ अवार्ड प्रतियोगिता के चौथे संस्करण के विजेताओं को सम्मानित भी करेंगी। दो दिन के सम्मेलन का आयोजन आवास और शहरी मामलों का मंत्रालय कर रहा है।
छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में ग्रामीण आवास न्याय योजना का शुभारंभ किया।
उधर, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश में दो परिवर्तन यात्राएं निकल रही हैं। इन परिवर्तन यात्राओं में आज केंद्रीय राज्यमंत्री नित्यानंद राय, विष्वेष्वर टुडू और श्रीपद नाईक के अलावा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
उधर, तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्नाद्रमुक ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से औपचारिक विभाजन की घोषणा की है। आज शाम चैन्नई में पार्टी के जिला स्तरीय सचिवों की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला किया गया। बैठक पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के महासचिव ई.पलनीसामी ने बुलाई थी। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के पूर्व सचिव ओ.पन्नीरसेल्वम के गुट ने फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया अभी नहीं दी है।
मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला ने आज विशाखापत्तनम में आधुनिक समुद्री संग्रहालय का उद्घाटन किया। इस संग्रहालय में दो सौ से अधिक किस्म की मछलियां और अन्य समुद्री उत्पाद संरक्षित हैं।
रसायन और उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया कल नई दिल्ली में फार्मा-मेडटेक क्षेत्र में अनुसंधान, विकास और नवाचार पर राष्ट्रीय नीति का शुभारंभ करेंगे। वे फार्मा मेडटेक क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए योजना भी शुरू करेंगे।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने आज नई दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता की। श्री बघेल ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए पुरस्कृत किया।
एशियाई खेलों में आज दूसरे दिन भारत ने दो स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य पदक जीते। भारत के पदकों की कुल 11 संख्या हो गई है।
महिला क्रिकेट के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 19 रन से हराकर इस स्पर्धा में पहली बार स्वर्ण पदक जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका को 117 रन का लक्ष्य दिया था। श्रीलंका की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 97 रन ही बना सकी।
निशानेबाजी में रुद्राक्ष पाटिल, दिव्यांश सिंह पंवार और ऐश्वर्या तोमर की भारतीय तिकड़ी ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ भारत को स्वर्ण पदक दिलवाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुरुष टीम को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी है। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 10 मीटर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल किया। पच्चीस मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम स्पर्धा का कांस्य भी भारत के खाते में गया।
रोइंग में भारत को आज दो कांस्य मिले। पहला कांस्य मेन्स फॉर टीम स्पर्धा में मिला। जहां जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनीत कुमार और आशीष की भारतीय टीम तीसरे स्थान पर रही। पुरूषों की क्वाड्रपल स्कल्स स्पर्धा में सतनाम सिंह, परमिंदर सिंह, जाकिर खान और सुखमीत सिंह की चौकडी ने कांस्य पदक जीता।
वुशु में 60 किलोग्राम वर्ग में रुशीबिना देवी ने पदक पक्का कर लिया है।
बॉक्सिंग में दीपक भूरिया, निशांत देव प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए है। हालांकि अरुंधति को हार का सामना करना पड़ा।
टेनिस में रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी की जोडी पुरूष डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। इस बीच, रोहन बोपन्ना और यूकी भांबरी की जोड़ी उज्बेकिस्तान से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई है। खेलों में कल हॉकी में भारत का मुकाबला सिंगापुर से होगा। इसके अलावा बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन, निशान देव, सचिन औऱ संजीत की चुनौती रहेगी। टेनिस के भी सिगल्स और डबल्स के मुकाबले खेले जाएंगे। भारत दो स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य पदक सहित कुल ग्यारह पदकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर है। खेल डैस्क से लवलीन निगम।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा और देश को भारतीय महिला टीम की इस उपलब्धि पर गर्व है।
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग लाइव फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढ़े नौ बजे, पीएम विश्वकर्मा योजना विषय पर विशेष चर्चा प्रसारित करेगा। इसमें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय में अपर सचिव तथा विकास आयुक्त डाक्टर रजनीश श्रोताओं के सवालों के जवाब देंगे। कार्यक्रम के दौरान पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, पारंपरिक शिल्प के लिए सरकारी सहायता, विपणन, ऋण सहायता और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के विभिन्न पहलुओं तथा इससे जुडे अन्य मुद्दों के बारे में श्रोता सवाल पूछ सकेंगे। टेलीफोन नंबर हैं - 0 1 1 - 2 3 7 1 7 1 0 6 और 0 1 1 - 2 3 3 1 4 4 4 4 .
आर्थिक जगत -
बीएसई सेंसेक्स 15 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 66 हजार 24 पर बंद हुआ। निफ्टी 19 हजार 675 पर सपाट बंद हुआ। विदेशी मुद्रा बाजार में रूपया आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83 रुपये 15 पैसे पर बंद हुआ और दिन के कारोबार में ब्रेंट कच्चा तेल 93 डॉलर और 20 सेंट प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
------
केंद्र सरकार ने तुअर और उड़द दाल के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के अंतर्गत भंडारण सीमा की अवधि 30 अक्टूबर से बढ़ाकर 31 दिसंबर तक कर दी है। केंद्र ने कुछ भंडारण संस्थाओं के लिए भंडार की सीमा को भी संशोधित किया है।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
· प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा - बिना भेदभाव के कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने का सरकार का 'सेवा अभियान' ही सच्ची धर्मनिरपेक्षता है।
· प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में भाजपा की विचारधारा के प्रवर्तक पंडित दीन दयाल उपाध्याय की 72 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया।
· केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह ने नई दिल्ली में भारत ऊर्जा शिखर सम्मेलन 2023 का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा--भारत 2030 की समयसीमा से पहले 500 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्य प्राप्त करेगा।
· पहला सी-295 एम-डब्ल्यू-परिवहन विमान औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल।
· और, एशियाई खेलों में - हांग्चोओ में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर पहली बार स्वर्ण पदक जीता। अब तक भारत के दो स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य सहित कुल 11 पदक।