J&K: Police constable injured in terrorist attack in Srinagar's Bemina
Women's T20I match between India and England underway at Wankhede Stadium in Mumbai
26th meeting of Eastern Zonal Council to be held in Patna on Sunday
Iran warns of explosive situation in Middle East after US vetoes UNSC resolution calling for ceasefire in Gaza
Newly elected Members of Telangana Legislative Assembly administered oath
Portfolios allocated to Ministers in the new Telangana Cabinet
PM Modi says, his govt is committed for the upliftment of women, farmers, youth, and poor people
Union Minister Meenakshi Lekhi hits out at Congress over IT raids at Dhiraj Sahu's company premises
Union Minister Anurag Thakur on 2-day visit to Himachal Pradesh to participate in programs of Viksit Bharat Sankalp Yatra
FIH Junior Men’s Hockey World Cup: India thrash Canada 10-1 to qualify for quarterfinals
मुख्य समाचार
संसद ने लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं को एक तिहाई सीटें आरक्षित करने के लिए महिला आरक्षण विधेयक पारित किया।
ऐतिहासिक विधेयक पारित होने के बाद लोकसभा और राज्यसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम दिल्ली के भारत मंडपम में टीम जी20 के साथ बातचीत करेंगे।
आयुष्मान भव' अभियान में सिर्फ चार दिनों में पांच लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
भारत की अंतिम पंघाल ने सर्बिया में विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता; साथ ही पेरिस ओलिंपिक कोटा भी हासिल किया।
क्रिकेट में, आज मोहाली में भारत तीन मैचों की श्रृंखला के पहले एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के साथ खेलेगा ।
*****
संसद ने 128वां संविधान संशोधन विधेयक 2023 पारित कर दिया है। इस विधेयक में लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण प्रदान करने का प्रावधान है। इस विधेयक को नारी शक्ति वंदन अधिनियम कहा गया है। 214 सदस्यों ने विधेयक के समर्थन में वोट दिया जबकि किसी भी सदस्य ने इसके विरोध में मतदान नहीं किया। इसके बाद राज्यसभा ने कल इसे स्वीकृति दे दी। लोकसभा पहले ही इस विधेयक को मंजूरी दे चुकी है।
राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पर सकारात्मक चर्चा हुई और संसद के दोनों सदनों के कुल 132 सदस्यों ने इस चर्चा में भागीदारी की। उन्होंने इस विधेयक को समर्थन देने के लिए सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया।
मै सबका हृदय से अभिनन्दन करता हूं। सभी माननीय सांसदो ने और सभी राजीनितक दलों ने एक बहुत बडी अहम भूमिका निभाई है। नारी शक्ति को एक विशेष सम्मान सिर्फ विधेयक पारित होने से मिल रहा है ऐसा नहीं है। इस विधेयक के प्रति इस देश के सभी राजनीतिक दलों की सकारात्मक सोच होना, ये हमारी देश की नारी शक्ति को एक नई ऊजा देने वाली है। ये नये विश्वास के साथ राष्ट्रीय निर्माण में योगदान देने में नेतृत्व के साथ आगे आएगी। ये अपने आप में हमारे उज्ज्वल भविष्य की गारंटी बनने वाली है।
राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक पर लम्बी बहस का उत्तर देते हुए केन्द्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के 72 सदस्यों ने इस चर्चा में हिस्सा लिया और वे इस विधेयक के समर्थन में बोले। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के कानून बनने और इसके कार्यान्वित होने पर देश महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के मामले में विकसित देशों की कतार में आगे बढेगा।
कॉन्स्ट्यूशन एमेंडमेंट बिल है सर और महत्वपूर्ण बिल है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बढ़ता हुआ कदम है, दुनिया को भी दिशा दिखाने वाला कदम है। अमृत काल की बेला में भारत को विकसित भारत बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि इस विधेयक को लाना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति सरकार की वचनबद्धता को दर्शाता है।
भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक लाभ नहीं लेना चाहती लेकिन इसका लक्ष्य महिलाओं को सशक्त बनाना है।
पक्के तरीके से महिलाओं को सशक्तिकरण किया जा रहा है। हम पहली पार्टी हैं और अकेली पार्टी हैं जो संवैधानिक तौर पर तैंतीस प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को देते हैं। हर समीति ने मोदी जी के नेतृत्व में फर्स्ट फॉर्म मिनिस्टर मैडम सुषमा स्वराज, फर्स्ट फाइेनेंस्ट मिनिस्टर निर्मला सीतारमन, फर्स्ट डिफेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमन और फर्स्ट विमंन मेंमर इन द केबिनेट कमिटी ऑन सिक्यूरिटी इसमें भी फर्स्ट विमंन। प्रधानमंत्री जी ने किस तरीके से महिलाओं का सशक्तिकरण किया है, यह बात हमारे सामने आती है।
कांग्रेस नेता रंजीत रंजन ने, डीएमके की डॉ. कनिमोझी सोमू और आम आदमी पार्टी के संदीप कुमार पाठक ने भी इस विधेयक का समर्थन किया।
लोकसभा ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में राष्ट्र की अन्य उपलब्धियों के लिए इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। चर्चा संपन्न होने के बाद कल प्रस्ताव पढते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने कहा कि चंद्रयान की सफलता देश की तकनीकी क्षमताओं का प्रमाण है और यह भारत के लिए गौरव की बात है।
केन्द्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह ने कहा कि भारत चंद्रयान-3 मिशन में विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रॉवर के फिर से सक्रिय होने और संपर्क स्थापित करने के लिए उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता देश के लिए बडी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला भारत पहला देश बन गया है।
चन्द्रयान-3 की सफलता हमारे लिए निश्चित रूप से एक बहुत बडी उपलब्धि है। क्योंकि एक तरफ दुनिया के कई ऐसे विकसित देश हैं, जो हम से कहीं अधिक साधन संपन्न होते हुए भी चांद पर पहुंचने के लिए अब भी प्रयासरत हैं, तो वहीं दूसरी तरफ बेहद सीमित संसाधनों से चांद के दक्षिण छोर पर पहुंचने वाले हम दुनिया के पहले देश बन गये हैं अध्यक्ष महोदय। मैं मनाता हूं कि यह उन सभी लोगों के लिए गौरव का विषय है जो अपने राष्ट्र और राष्ट्र की उपलब्धियों पर गर्व करते हैं। अध्यक्ष महोदय, सबसे पहले मैं इसरो के साइंटिस्ट और ब्रोडर इंडियन साइंटिफिक कम्यूनिटी को इस सफलता के लिए हृदस से बधाई देता हूं।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतर कर भारत ने इतिहास रच दिया है और यह उपलब्धि हासिल करने वाला विश्व का चौथा देश बना है।
संसद के दोनों सदन कल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिए गए। संविधान के एक सौ अट्ठाईसवें संशोधन विधेयक, 2023 और चंद्रयान-3 मिशन की सफलता तथा अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की अन्य उपलब्धियों पर इसरो वैज्ञानिकों को बधाई देने का प्रस्ताव पारित होने के बाद, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया।
इस विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में विधायी कामकाज के बारे में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन में चार बैठकें हुई। इस दौरान सांसदों ने 31 घंटे विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
यह सत्र 19 सितंबर को संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही को नए संसद भवन में स्थानांतरित करने और नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करने जैसे ऐतिहासिक फैसलों के लिए याद रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम दिल्ली के प्रगति मैदान में भारत मंडपम में टीम जी-20 के साथ बातचीत करेंगे। श्री मोदी इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कार्यक्रम रात्रि भोज आयोजित किया जाएगा।
इस बातचीत में लगभग तीन हजार लोग भाग लेंगे, जिन्होंने जी20 शिखर सम्मेलन की सफलता में योगदान दिया है। इसमें विशेष रूप से वे लोग शामिल होंगे जिन्होंने शिखर सम्मेलन के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर काम किया है। इसमें विभिन्न मंत्रालयों के सफाईकर्मी, ड्राइवर, वेटर और अन्य कर्मचारी शामिल हैं। इस बातचीत में विभिन्न विभागों के मंत्री और अधिकारी भी शामिल होंगे। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज
स्वास्थ्य सचिव सुधांश पंत ने कहा है कि 'आयुष्मान भव' अभियान में सिर्फ चार दिनों में पांच लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए। उन्होंने कहा कि अब तक 20 लाख से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाते तैयार किए गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इसी महीने की 13 तारीख को गांधीनगर में आयुष्मान भव अभियान की शुरुआत की थी। ये अभियान 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक जारी रहेगा।
चौथा नदी उत्सव आज से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में शुरू होगा। इस वर्ष का विषय यमुना नदी पर केंद्रित है। तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुस्तक मेला, वृत्तचित्र फिल्म महोत्सव और कठपुतली शो सहित कई प्रकार के कार्यक्रम होंगे। आकाशवाणी समाचार के साथ बातचीत में राष्ट्रीय सांस्कृतिक मानचित्रण मिशन के सहायक निदेशक अभय मिश्र ने युवाओं और जनता के बीच जल निकायों के बारे में जागरूकता बढ़ाने को कहा।
टारगेट ऑडियंस मुख्य तौर पर तो जो हैं, टीनएज बच्चे हैं लेकिन बहुत सारे परिवार यहां आते हैं और सभी तरह के लोग आते हैं क्योंकि कल्चरल इवेंट है, पप्पेट शो है, सेमिनार है, यूनिवर्सिटी के जो स्कॉलर्श है वह हमें बड़ी संख्या में मिलते हैं हर रोज सुबह 10 से 7:00 बजे तक लगातार इसमें कई सारे कार्यक्रम है। बस कोशिश यह है कि आप अपने बचपन की नदी को अपने गांव की उसे नदी को याद करिए जिसमें कभी आपके जहाज चला करते थे। बस उसको याद करने की कोशिश है नदी उत्सव।
बंबई उच्च न्यायालय ने कारोबारी मेहुल चोकसी की याचिका खारिज कर दी है। मेहुल चोकसी ने खुद को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की प्रवर्तन निदेशालय की याचिका को चुनौती दी थी। चोकसी 14 हजार 500 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी मामले में आरोपी है।
गुजरात के बाढ़ प्रभावित चार जिलों में राहत कार्य जोर से चल रहा है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि स्वास्थ्य टीमें आज से बारिश प्रभावित जिलों में एक सप्ताह का बचाव अभियान शुरू करेंगी। ब्यौरा हमारी संवाददाता से -
भरूच, नर्मदा, वडोदरा और आनंद जिलों के बाढ़ प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर निगरानी की जा रही है। राज्य सरकार ने कहा कि पिछले चार दिनों के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा 120 से अधिक प्रभावित गांवों में 4 लाख से अधिक लोगों को कवर किया जा चूका है जल-जनित और मच्छरों से फैलती बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए चार प्रभावित जिलों में आज से स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा सात दिनों तक गहन निगरानी अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि चार प्रभावित जिलों में जिला अस्पतालों से लेकर उपकेंद्रों तक 1200 से अधिक स्वास्थ्य केंद्र कार्यरत हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने सभी बारिश प्रभावित जिलों के जिला प्रशासन को प्राथमिक नुकसान सर्वेक्षण जल्द से जल्द पूरा करने का आदेश दिया है। अपर्णा खूंट। आकाशवाणी समाचार। अहमदाबाद
खेल समाचारों के साथ है फरहत नाज-
खेलों में भारतीय युवा पहलवान अंतिम पंघाल ने कल सर्बिया के बेलग्रेड में चल रही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता।
भारत के लिए पेरिस ओलंपिक 2024 का कोटा भी हासिल करते हुए, 19 वर्षीय अंतिम पंघाल ने कांस्य पदक मुकाबले में दो बार की यूरोपीय चैंपियन एम्मा जोना डेनिस मालमग्रेन को 16-6 से हराया। टूर्नामेंट के मौजूदा संस्करण में यह भारत का पहला पदक है।
बात की जाए अगर क्रिकेट की तो भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 क्रिकेट मैचों की सीरीज का पहला एकदिवसीय मैच आज मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में केएल राहुल पहले दो मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे और रवींद्र जड़ेजा उप-कप्तान होंगे। रोहित शर्मा, सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को पहले दो मैच के लिए आराम दिया गया है। हालांकि, तीसरे और अंतिम मैच में भारत की टीम में सभी प्रमुख खिलाडी शामिल होंगे। दोनों टीमें इंदौर जाएंगी और रविवार को दूसरा एकदिवसीय मैच खेलेंगी। तीसरा और आखिरी मैच 27 सितंबर को राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
कृषि एवं किसान कल्याण सचिव मनोज आहूजा ने कल नई दिल्ली में सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण के लिए मोबाइल एप्लिकेशन और वेब पोर्टल का शुभारम्भ किया। यह परिवर्तनकारी पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन पूरे देश में कृषि पद्धतियों को बदलने के लिए तैयार किया गया है।
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in / hindi पर भी उपलब्ध हैं
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं रवि कपूर-
नारी शक्ति वंदन विधेयक पर संसद की मोहर, आज सभी अखबारों की प्रमुख सुर्खी है। राष्ट्रीय सहारा का शीर्षक है- नारी शक्ति को 33 प्रतिशत ताकत। राज्यसभा ने सर्वसम्मति से किया विधेयक पारित। अमर उजाला लिखता है- संसद का नारी वंदन- आधी आबादी का विजय पर्व। हिन्दुस्तान की खबर है- विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी मिलते ही कानून बन जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सांसदों का आभार जताया। हरिभूमि के अनुसार- आरक्षण बिल पारित होने की खुशी में महिला सांसद आज पीएम मोदी का करेंगी भव्य स्वागत।
कनाडा के नागरिकों के लिए भारत ने फिलहाल वीजा रोका दैनिक ट्रिब्यून की सुर्खी है। पत्र ने लिखा है- दूतावास के कर्मचारी भी कम होंगे। पंजाब केसरी के शब्द हैं- कनाडाई नागरिकों का वीजा रोका गया। मोदी सरकार का बड़ा एक्शन।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का किया शुभारंभ, देशबंधु में है। पत्र लिखता है- राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश में निवेश, अर्थव्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर की विकास यात्रा को सराहा।
दैनिक ट्रिब्यून की खबर है- चीनी व्यापारियों को करना होगा स्टॉक का खुलासा, उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नवभारत टाइम्स ने सुप्रीम कोर्ट में निर्वाचन आयोग के इस बयान को मुख पृष्ठ पर स्थान दिया है- वोटर बनने के लिए आधार जरूरी नहीं। मतदाता रजिस्ट्रेशन के लिए फॉर्म 6 और 6-बी में इसके लिए जरूरी बदलाव होगा।
दैनिक जागरण की खबर है-दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों के विद्यार्थी आज अपना नेता चुनेंगे। ईवीएम से वोट डाले जाएंगे।
वीर अर्जुन के वाणिज्य पन्ने की सुर्खी है- भारतीय रिजर्व बैंक ने जान बूझकर कर्ज नहीं चुकाने वालों को लेकर नियमों में व्यापक बदलावों का प्रस्ताव किया।
मुंबई मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने नेशनल सिनेमा डे के अवसर पर 13 अक्टूबर को देशभर में फिल्मों के टिकट की कीमत 99 रुपये रखने की घोषणा की है, राजस्थान पत्रिका के बॉक्स में है।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर -
संसद ने लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं की एक तिहाई सीटें आरक्षित करने के लिए महिला आरक्षण विधेयक पारित किया।
भारत की अंतिम पंघाल ने सर्बिया में विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता और पेरिस ओलिंपिक कोटा हासिल किया।
क्रिकेट में, आज मोहाली में भारत ऑस्ट्रेलिया के साथ एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच में खेलेगा।