More than 50 lakh Street Vendors covered under PM SVANidhi Scheme
World Bank retains India's GDP growth at 6.3 % for 2023-24 despite global headwinds
India witnesses substantial surge in overall coal production in September with over 67 million tonne production
PM Modi asserts, dream of developed India will be fulfilled only when every state, district and village of the country is developed
Asian Games: India's medal rush continue on Day 10 with 2 gold, 2 silver, 5 bronze; Medal tally climbs to 69
PM Modi lays foundation stone and dedicates to nation multiple development projects worth over Rs 8000 cr in Telangana
Delhi Police arrest two journalists of a News Portal in connection with case related to UAPA
Bihar CM Nitish Kumar holds all-party meeting on report of caste-based survey
Delhi Environment Minister launches Green War Room for better implementation of Winter Action Plan against air pollution
Swachh Bharat Mission unites 8.75 crore people to offer Shramdaan at 9 lakh sites
मुख्य समाचार
सी.बी.आई. ने ओडिसा रेल दुर्घटना के सिलसिले में मामला दर्ज किया। बाहानगा में दुर्घटनास्थल पर जांच शुरू की।
भारत और जर्मनी ने परस्पर रक्षा सहयोग को मजबूत करने और औद्योगिक भागीदारी बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा-भारत और सूरीनाम के आपसी संबंध विकास की साझा आकांक्षाओं पर आधारित।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-बिम्सटेक समूह, क्षेत्रीय विकास के लिए भारत की वचनबद्धता दर्शाता है।
स्वापक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो-एन.सी.बी. ने एल.एस.डी. की अब तक की सबसे बडी मात्रा जब्त की। देशभर में डार्कनेट के जरिये नशीले पदार्थों के गिरोह का पर्दाफाश।
और सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में, किदांबी श्रीकांत और प्रियांशु राजावत पुरूष सिंगल्स के दूसरे दौर में पहुंचे। डबल्स में एम.आर. अर्जुन तथा ध्रुव कपिला की जोड़ी भी दूसरे दौर में।
*******
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सी बी आई ने ओडिसा रेल दुर्घटना की जांच का मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी ने इस दुर्घटना से संबंधित कटक में राजकीय रेलवे पुलिस में पहले से दर्ज मामले को भी अपने हाथ में ले लिया है। सी बी आई के दस सदस्यीय दल ने आज दुर्घटनास्थल का दौरा किया। इस दल ने केंद्रीय फोरेंसिक अधिकारियों के साथ बाहानगा रेलवे स्टेशन पर सिग्नल कक्ष, लूप लाइन और मुख्य लाइन का निरीक्षण किया। पिछले शुक्रवार को दो यात्री रेलगाडी और एक मालगाडी की टक्कर में 288 लोगों की मृत्यु हो गई थी।
भारत और जर्मनी ने रक्षा सहयोग मजबूत करने और रक्षा औद्योगिक साझेदारी को आगे बढाने की प्रतिबद्धता दोहराई है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और जर्मनी के रक्षामंत्री बोरिस पिस्टोरियस के बीच आज नई दिल्ली में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय मुद्दों और साझा प्राथमिकताओं पर भी विचार-विमर्श किया। श्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में दो रक्षा औद्योगिक गलियारों में जर्मनी के निवेश की संभावनाओं सहित रक्षा उत्पादन क्षेत्र में अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जर्मनी की उच्च तकनीक और निवेश के साथ भारत के कुशल कार्यबल और प्रतिस्पर्धी कीमतें रक्षा संबंधों को मजबूत कर सकते हैं। जर्मनी के रक्षामंत्री भारत की चार दिन की यात्रा पर हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत और सूरीनाम के बीच बढती साझेदारी में सूरीनाम में भारतीय प्रवासियों को महत्वपूर्ण स्तम्भ बताया है। राष्ट्रपति ने सूरीनाम में भारतीयों के आगमन के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजधानी परामारिबो में इंडिपेंडेंस स्क्वायर पर कल एक सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत-सूरीनाम द्विपक्षीय संबंध विकास की साझा आकांक्षाओं पर आधारित हैं।
यह जानकार खुशी होती है कि इस साल भूगौलिक दूरियों अलग-अलग टाइम जन और सांस्कृतिक विभिन्नता के बावजूद भारतीय डॉयसपोरा ने कभी भी खुद को अपनी जडो से अलग नहीं किया था। पिछले एक सौ पचास वर्षों में यहां के भारत के समुदाय न केवल सूरीनाम के समाज का एक अभिन्न अंग बना लिया है बल्कि भारत सूरीनाम की बढती साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ भी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज सूरीनाम में प्रवासी भारतीयों के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने वाले लालरूख संग्रहालय का दौरा किया। अपनी तीन दिन की यात्रा के अंतिम दिन उन्होंने आर्य देवकर मंदिर और श्री विष्णु मंदिर में पूजा अर्चना की। राष्ट्रपति आज सूरीनाम में भारतीय प्रवासियों के लिए एक सामुदायिक रात्रिभोज की मेजबानी भी करेंगी।
यात्रा के अगले चरण में राष्ट्रपति सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड जाएंगी।
बंगाल की खाड़ी के निकटवर्ती देशों के बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग संगठन - बिम्सटेक के नेताओं ने क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। बिम्सटेक की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर समूह के नेताओं ने आज संदेश जारी किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिम्सटेक की रूपरेखा संयुक्त प्रयासों के जरिये क्षेत्र के विकास के लिए सक्षम माहौल बनाने में भारत की प्रतिबद्धता दर्शाती है। उन्होंने कहा कि समुद्री सहयोग समझौते के वर्तमान प्रयास और पूरे क्षेत्र में मोटर वाहनों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने का समझौता हमारी सामूहिक सुरक्षा, सम्पर्क और समृद्धि के लिए बंगाल की खाड़ी के महत्व को स्पष्ट करता है।
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने यूक्रेन युद्ध के कारण उत्पन्न आर्थिक संकट की चुनौतियों का सामना करने के लिए क्षेत्रीय सहयोग के महत्व पर जोर दिया।
1997 में स्थापित बिम्सटेक एक क्षेत्रीय संगठन है। इसमें बांग्लादेश, भूटान, भारत, नेपाल, श्रीलंका, म्यांमार और थाईलैंड सहित सात सदस्य देश शामिल हैं। इसका मुख्यालय ढाका में है।
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ''एनसीबी'' ने मादक पदार्थ एल.एस.डी. की अबतक की सबसे बडी मात्रा जब्त की है। पूरे भारत में डार्कनेट के जरिये नशीले पदार्थों की तस्करी से जुडे एक गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। नियंत्रण ब्यूरो के उपमहानिदेशक ज्ञानेश्वर सिंह ने नई दिल्ली में मीडिया को बताया कि आरोपी डार्कनेट के जरिये क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल कर रहे थे। डार्कनेट इंटरनेट पर ऐसे गुप्त प्लेटफार्म होते हैं जिनका इस्तेमाल मादक पदार्थों की बिक्री, अश्लील सामग्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए किया जाता है। ज्ञानेश्वर सिंह ने कहा कि एजेंसी ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह कमर्शियल क्वांटिटी में एलएसडी बेचने का एक बड़ा नेटवर्क था जो कि पोलैंड, नीदरलैंड, यूएसए जैसे देशों से मंगा कर भारत में इसकी खेप को सप्लाई कर रहा था यह लोग सोशल मीडिया साइट के थ्रू अपने कस्टमर को कांटेक्ट करते थे और कोरियर के माध्यम से, डार्कनेट और यूपीआई के माध्यम से पेमेंट करके उन तक माल पहुंचाते थे, मुझे हर्ष है कि एनसीबी ने अब तक का सबसे बडा सीजर करते हुए इन केसस में 15 हजार से ज्यादा एलएसडी ब्लोटस पकडे हैं भारत में यूथ के बीच यह धीरे-धीरे पापुलर भी हो रहा है यह चिंता का विषय है।
गृहमंत्री अमित शाह ने अन्तर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का पर्दाफाश करने पर एनसीबी की टीम को बधाई दी है। श्री शाह ने ट्वीट संदेश में कहा कि यह साइबर सतर्कता और मानवीय खुफिया तंत्र के बीच अच्छे समन्वय से यह संभव हो सका है।
सरकार ने दालों की पैदावार बढ़ाने के लिए 2023-24 में मूल्य समर्थन योजना - पीएसएस के अन्तर्गत अरहर, उड़द और मसूर की दाल के लिए 40 प्रतिशत की खरीद सीमा को हटा दिया है। यह निर्णय बिना किसी सीमा के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से दालों की खरीद का आश्वासन देता है। यह किसानों को आगामी खरीफ और रबी बुवाई के मौसम में अरहर, उड़द और मसूर की बुवाई बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
सरकार ने देश भर में दो हजार प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र खोलने की अनुमति दे दी है। यह निर्णय आज नई दिल्ली में रसायन और उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया के साथ गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह की बैठक में लिया गया। इस साल अगस्त तक एक हजार और दिसंबर 2023 तक एक हजार और जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे। इससे समितियों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढेंगे और लोगों को सस्ती दवाइयां भी उपलब्ध होंगी।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले नौ वर्षों के दौरान देश ने लगभग हर क्षेत्र में जबरदस्त विकास किया है। जम्मू में भाजपा मुख्यालय में उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के सबसे मुश्किल समय में केन्द्र सरकार ने 80 करोड़ लोगों को राशन दिया और अब भी दे रही है। श्री पुरी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा।
2014 में अर्थव्यवस्था में 10वां स्थान था 2023 में हम 10वें स्थान से ले के 5वें स्थान पर पहुंच गए। इस समय हमारा जीडीपी का साइज है थ्री पाइंट ऐट थ्री ट्रिलियन डॉलर्स और 5वें स्थान पर पहुंचने के लिए जो अंग्रेजों ने एक सौ नब्बे साल की हकूमत की भारत पे हम उनसे आगे निकल गए हैं।
केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले महीने अपने कार्यकाल के नौ वर्ष पूरे कर लिए हैं। इन वर्षों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की उपलब्धियों के बारे में आकाशवाणी समाचार विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज हम बात कर रहे हैं प्रधानमंत्री वन-धन योजना की। छत्तीसगढ़ जैसे जनजातीय बहुल राज्यों में यह योजना जनजातीय लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 अप्रैल 2018 को छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बीजापुर जिले में वन-धन योजना का शुभारंभ किया था। इस योजना का उद्देश्य ये है कि जनजातीय लोग इमली, महुआ, चिरौंजी जैसे लघु वनोपजों के मात्र संग्रहकर्ता ही न रहें, बल्कि वे इन वनोपजों का मूल्य संवर्धन करना सीखकर उद्यमी बन जाएं। इस योजना के तहत अब तक छत्तीसगढ़ में करीब 140 और देशभर में तीन हजार से अधिक वन-धन केन्द्र खोले जा चुके हैं। इन केन्द्रों के जरिए आदिवासी जन लघु वनोपजों का मूल्य संवर्धन करते हैं, जिससे उनकी आय पहले की तुलना में तीन से चार गुना तक बढ़ गई है। इस काम से देशभर में 55 हजार से अधिक स्व-सहायता समूह जुड़े हुए हैं। वहीं, योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 9 लाख से अधिक हो गई है। इन आदिवासियों द्वारा बनाए जाने वाले उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने के लिए देशभर में सौ से अधिक रिटेल-आउटलेट भी खोले गए हैं। ट्राइफेड के तहत संचालित वन-धन योजना देश की जनजातीय आबादी के सामाजिक और आर्थिक विकास में अमूल्य योगदान दे रही है। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
अमरीका ने भारत में जीवंत लोकतंत्र की सराहना की है। व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में सामरिक संचार समन्वयक जॉन किर्बी ने कहा कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है, और कोई भी व्यक्ति भारत जाकर इसे स्वयं देख सकता है। श्री किर्बी ने इस महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीका की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच गहरी, मजबूत साझेदारी, मैत्री के और आगे बढ़ने की आशा व्यक्त की।
केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने युवाओं से आह्रवान किया कि वे भारत को खेलों के क्षेत्र में भी महाशक्ति बनाने के लिए प्रयास करें। श्री ठाकुर ने आज मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के दीक्षांत समारोह को सम्बोधित किया।
किदांबी श्रीकांत और प्रियांशु राजावत सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरूष सिंग्लस के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। श्रीकांत ने थाईलैंड के कांताफोन वांगचेरोएन को हराया। पुरूष डब्लस में एम आर अर्जुन और ध्रुव कपिला की जोड़ी ने दूसरे दौर में जगह बना ली है।
जापान के काकामिगाहारा में जूनियर एशिया कप महिला हॉकी टूर्नामेंट में आज भारत और दक्षिण कोरिया का मुकाबला दो-दो से ड्रॉ रहा। भारतीय टीम पूल का आखिरी मैच चीनी ताइपे के साथ बृहस्पतिवार को खेलेगी।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
· सी.बी.आई. ने ओडिसा रेल दुर्घटना के सिलसिले में मामला दर्ज किया। बाहानगा में दुर्घटनास्थल पर जांच शुरू की।
· भारत और जर्मनी ने परस्पर रक्षा सहयोग को मजबूत करने और औद्योगिक भागीदारी बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
· राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा-भारत और सूरीनाम के आपसी संबंध विकास की साझा आकांक्षाओं पर आधारित।
· प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-बिम्सटेक समूह, क्षेत्रीय विकास के लिए भारत की वचनबद्धता दर्शाता है।
· स्वापक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो-एन.सी.बी. ने एल.एस.डी. की अब तक की सबसे बडी मात्रा जब्त की। देशभर में डार्कनेट के जरिये नशीले पदार्थों के गिरोह का पर्दाफाश।
· और सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में, किदांबी श्रीकांत और प्रियांशु राजावत पुरूष सिंगल्स के दूसरे दौर में पहुंचे। डबल्स में एम.आर. अर्जुन तथा ध्रुव कपिला की जोड़ी भी दूसरे दौर में।
-----