More than 50 lakh Street Vendors covered under PM SVANidhi Scheme
World Bank retains India's GDP growth at 6.3 % for 2023-24 despite global headwinds
India witnesses substantial surge in overall coal production in September with over 67 million tonne production
PM Modi asserts, dream of developed India will be fulfilled only when every state, district and village of the country is developed
Asian Games: India's medal rush continue on Day 10 with 2 gold, 2 silver, 5 bronze; Medal tally climbs to 69
PM Modi lays foundation stone and dedicates to nation multiple development projects worth over Rs 8000 cr in Telangana
Delhi Police arrest two journalists of a News Portal in connection with case related to UAPA
Bihar CM Nitish Kumar holds all-party meeting on report of caste-based survey
Delhi Environment Minister launches Green War Room for better implementation of Winter Action Plan against air pollution
Swachh Bharat Mission unites 8.75 crore people to offer Shramdaan at 9 lakh sites
मुख्य समाचार:-
भारत और जर्मनी ने रक्षा सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहरायी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस के बीच आज नई दिल्ली में बैठक हुई।
भारतीय नौसेना ने पानी के अन्दर लक्ष्य को भेदने के लिए स्वदेश में निर्मित भारी वजन वाले टॉरपीडो का सफल परीक्षण किया।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने प्रतिबंधित आतंकी गुट ''खालिस्तान टाइगर फोर्स'' के लिए धन उगाहने की अपराधिक साजिश मामले में पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर छापे मारे।
मौसम विभाग ने अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के अगले 24 घंटों में चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान व्यक्त किया।
दक्षिण कोरिया में अंडर-20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के सिद्धार्थ चौधरी ने पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा में स्वर्ण जीता।
*******
भारत और जर्मनी ने रक्षा सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहरायी है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस के बीच आज नई दिल्ली में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय मुद्दों और साझा प्राथमिकताओं पर भी विचार-विमर्श किया। श्री सिंह ने ट्वीट में कहा कि जर्मनी के रक्षा मंत्री के साथ सार्थक बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि योग के प्रति श्री बोरिस पिस्टो रियस का लगाव सराहनीय है। इससे पहले श्री पिस्टोरियस ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। वे चार दिन की भारत यात्रा पर हैं।
भारतीय नौसेना ने स्वदेश में निर्मित भारी वजन वाले टॉरपीडो का उपयोग करके पानी के अंदर लक्ष्य को भेदने का सफल परीक्षण किया है। नौसेना के प्रवक्ता ने बताया है कि स्वदेश में ही विकसित भारी वजन वाले टॉरपीडो से इस तरह का सफल परीक्षण नौसेना और रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि इस परीक्षण से भविष्य में युद्ध के लिए भारतीय नौसेना के तैयार होने की प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई है। एक पखवाडे के अंदर समुद्र में यह दूसरा परीक्षण किया गया है।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने आज पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर छापे मारे। प्रतिबंधित आतंकी गुट खालिस्तान टाइगर फोर्स के लिए धन उगाहने की अपराधिक साजिश तथा सीमा पार से हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी की छानबीन के सिलसिले में पंजाब के नौ स्थानों और हरियाणा में एक स्थान पर छापे मारे गए। एक रिपोर्ट-
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पिछले वर्ष 20 अगस्त को भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। एजेंसी ने इस मामले में कनाडा स्थित आतंकवादी अर्षदीप ढल्ला के दो निकट सहयोगियों को इस वर्ष 19 मई को फिलिपींस से दिल्ली पहुंचने पर इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया था। इनकी पहचान पंजाब के अमृतपाल सिंह उर्फ एमे और अमृत सिंह के रूप में हुई थी, जिनके खिलाफ पंजाब में कई मामले दर्ज हैं। जांच से पता चला है कि दोनों आरोपी भारत में खालिस्तान टाइगर फोर्स की हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आतंकी अर्षदीप सिंह ढल्ला के लिए काम कर रहे थे। एजेंसी ने बताया कि ये दोनों पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी और हिंसक गतिविधियों के लिए युवाओं की भर्ती तथा प्रतिबंधित गुट के लिए धन उगाहने के रैकेट में भी शामिल हैं।
मणिपुर के काकचिंग जिले में आज तडके संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के साथ मुठभेड में सीमा सुरक्षा बल के एक जवान की मृत्यु हो गई और असम राइफल्स के दो जवान घायल हो गये। यह मुठभेड सुगुनू के सिरोउ इलाके में एक स्कूल में हुई।
इस बीच, मणिपुर सरकार ने राज्य में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध 10 जून तक बढा दिया है। मोबाइल डेटा सेवा और ब्राडबैंड सेवाएं 10 जून के तीन बजे दिन तक निलंबित रहेंगी। यह प्रतिबंध 3 मई से शुरू हुआ था।
केन्द्रीय गृह राज्यमंत्रीअजय कुमार मिश्र ने कहा है कि सरकार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की क्षमता बढाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि यह आपदाओं से निपटने में प्रभावी भूमिका निभा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने आधुनिक प्रौद्योगिकी और उन्नत उपकरणों के उपयोग के साथ-साथ इस बल के कौशल विकास तथा आपदा प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत समय पर प्रतिक्रिया देने की व्यवस्था पर ध्यान केन्द्रित किया है।
नई दिल्ली में आज आपदा प्रतिक्रिया के लिए क्षमता निर्माण पर वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री ने बालासोर रेल दुर्घटना के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 2022-23 के दौरान नौ सौ बचाव कार्यों के दौरान दो हजार लोगों की जाच बचाई गई और 35 हजार लोगों को संकटग्रस्त क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने भूकंप ग्रस्त तुर्किए में ऑपरेशन दोस्त के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के प्रयासों की भी सराहना की जिसके कारण विश्व में देश का कद और ऊंचा हुआ।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के दस सदस्यों की टीम ने आज ओडिसा के बालासोर में रेल दुर्घटना की जांच के सिलसिले में दुर्घटना स्थल का दौरा किया। केंद्रीय फोरेंसिक अधिकारियों के साथ सीबीआई दल ने बहानागा रेलवे स्टेशन पर सिंग्नल कक्ष, लूप लाइन और मुख्य लाइन का निरीक्षण किया। रेलवे बोर्ड की सिफारिश के बाद सीबीआई इस दुर्घटना की जांच कर रही है। रेलवे अलग से भी दुर्घटना की जांच करा रहा है।
इस बीच कटक के एससीबी मे़डिकल कॉलेज अस्पताल में एक सौ 45 घायलों का उपचार चल रहा है। इनमें 17 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कल श्रीनगर में ''नार्को समन्वय केन्द्र'' की पांचवी केन्द्र शासित प्रदेश स्तर की बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने चौथी बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली और केन्द्र शासित प्रदेश तथा जिला स्तर पर मादक पदार्थों के विरूद्ध की गई पहलों के संबंध में व्यापक रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने विशेष महानिदेशक, अपराध ए.के. चौधरी के नेतृत्व में कार्यबल की ओर से बनाई गई कार्य योजना पर भी विचार-विमर्श किया।
लद्दाख के उपराज्यपाल सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर बी.डी.मिश्रा ने जोजिला दर्रे का दौरा कर सुरंग के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। लद्दाख से सांसद, जमयांग सेरिंग नामग्याल और कार्यकारी पार्षद मुबारक शाह नकवी भी वहां मौजूद थे।
एनएचआईडीसीएल के महाप्रबंधक शिव कुमार ने उपराज्यपाल को जोजिला सुरंग के निर्माणकार्य की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 13 दशमलव एक चार पांच किलोमीटर लंबे मुख्य सुरंग का लगभग छह किलोमीटर कार्य पूरा हो गया है। अक्तूबर 2020 में शुरू निर्माण कार्य को सितम्बर 2026 तक पूरा करने का प्रयास है।
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि किसानों का हित और पशुधन के स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित करना पिछले नौ वर्ष के दौरान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। नई दिल्ली में केन्द्रीय मत्स्य, पशु पालन और डेयरी विकास मंत्री परषोत्तम रूपाला ने कहा कि केन्द्र ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था के आधार स्तंभ इन क्षेत्रों को सुदृढ करने के अनेक उपाय किए हैं। उन्होंने कहा कि पशुधन टीकाकरण योजना सहित मोबाइल पशु चिकित्सा इकाईयों की सेवा किसानों के द्वार तक उपलब्ध करायी गयी है। ग्राम पंचायतों को पारदर्शी ढंग से विकास राशि उपलब्ध करायी जा रही है। श्री रूपाला ने कहा कि सरकार नागरिकों का जीवन स्तर सुधारने और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले नौ वर्ष के दौरान सुशासन और कारोबार सुगमता के लिए दो हजार से अधिक विनियमों और कानूनों को हटाया गया है।
ग्राम पंचायत को अधिकार दिया, पैसा दिया, और वो पैसा खर्च करने का भी इनको अधिकार है। गांव में कहां पानी का काम करना है, कहीं स्वच्छता का काम करना है, रास्ते का काम करना है, स्कूल का काम करना है, करीबन ढाई लाख करोड़ से ज्यादा की राशि सरपंचों को ट्रांसफर की गई है डीबीटी के माध्यम से।
नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले महीने अपने कार्यकाल के नौ वर्ष पूरे कर लिए हैं। आकाशवाणी समाचार सरकार की पहल और उपलब्धियों पर विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है।
आज एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी। एक रिपोर्ट-
केंद्र सरकार ने आदिवासी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए वैसे प्रखंड जिनमें कम से कम 20000 आदिवासी व्यक्ति या अनुसूचित जनजाति की 50 प्रतिशत या उससे अधिक आबादी वाले प्रखंडों में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन 9 वर्षों में, क्रियाशील एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की संख्या में तीन गुना की महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। वर्तमान में ऐसे 401 एकलव्य विद्यालयों में 1 लाख 13 हजार से अधिक आदिवासी छात्रों को शिक्षा प्रदान की जा रही हैं। वहीं, केंद्र सरकार ने देश भर में 3 लाख 50000 से अधिक आदिवासी छात्रों को लाभान्वित करने के लिए वर्ष 2025-26 तक 740 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। केंद्र सरकार ने इस साल के वार्षिक बजट में 740 एकलव्य विद्यालयों के लिए अगले तीन वर्षों में 38000 से अधिक शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति करने की भी घोषणा की है। इसके अतिरिक्त, सरकार ने 175 एकलव्य स्कूलों में प्रौद्योगिकी-आधारित स्मार्ट क्लासरूम स्थापित करने की भी योजना बनाई है। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय योजना आदिवासी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समग्र विकास के अवसर प्रदान करने में सहायक रही है। सरकार के इन प्रयासों का सामूहिक उद्देश्य शैक्षिक अंतर को पाटना और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के आदिवासी छात्रों को सशक्त बनाना है। दूसरी तरफ एकलव्य आवासीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक अवसरों और आवश्यक कौशल का उपयोग करने के लिए कम से कम 51 प्रतिशत छात्राओं का नामांकन किया गया है, जिससे उनका भविष्य और उज्जवल और बेहतर बन सके। शिल्पी, आकाशवाणी समाचार, रांची।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक सम्मान- द ग्रैंड आर्डर ऑफ द चेन ऑफ येलो स्टार से सम्मानित किया गया है। पारा मारिबो में सूरीनाम गणतंत्र के राष्ट्रपति चंद्रिका परसाद संतोखी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। राष्ट्रपति मुर्मू यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली भारतीय हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि यह सम्मान बहुत महत्वपूर्ण है। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस सम्मान के लिए सूरीनाम सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। राष्ट्रपति मुर्मु सूरीनाम के तीन दिन की राजकीय यात्रा पर हैं।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सूरीनाम का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किए जाने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। एक ट्वीट में श्री धनखड ने कहा कि यह सम्मान राष्ट्रपति के दूरदर्शी नेतृत्व और भारत-सूरीनाम के दृढ संबंधों का परिचायक है।
श्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि सूरीनाम की सरकार और लोगों से मिला यह विशेष सम्मान दोनों देशों के बीच सुदृढ़ मैत्री का प्रतीक है।
भारत ने दक्षिण कोरिया के इचियोन में अंडर-20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन किया। सिद्धार्थ चौधरी ने पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा में स्वर्ण जीता। उन्होंने 19 दशमलव पांच-दो मीटर तक गोला फेंका। तीन अन्य खिलाड़ी- तीन हजार मीटर की स्टेपलचेज में शारुख खान, जैवलिन थ्रो में शिवम लोखारे और लंबी कूद में सुष्मिता ने रजत पदक जीता। शकील ने आठ सौ मीटर की दौड़ में कांस्य पदक जीता और मिक्ड रिले टीम ने भी कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन भारत को छह पदक मिले और अबतक उसे मिले पदकों की संख्या नौ हो गई है।
भारत के किदांबी श्रीकांत तथा अर्जुन और ध्रुव कपिला की पुरूष युगल जोडी बैडमिंटन की सिंगापुर ओपन 2023 स्पर्धा के दूसरे दौर में पहुंच गई है। श्रीकांत ने थाईलैंड के कांता फोन वांग चे रोएन को 21-15, 21-19 से मात दी। वहीं दूसरी ओर अर्जुन और ध्रुव ने फ्रांस के लुकास कोर्वी और रॉनेन लेबार की जोडी को 21-16, 21-15 से हराया।
गुजरात में पोरबंदर के दक्षिण तट के निकट, अरब सागर के दक्षिण-पूर्व में बने कम दबाव के क्षेत्र के उत्तर-पश्चिम दिशा में मुड़कर अगले 24 घंटों में चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण-पूर्व अरब सागर में कम दबाव के क्षेत्र के और सघन होने से केरल तक मॉनसून के बढ़ने पर असर पड़ेगा। हालांकि देश में कुल वर्षा पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
मुख्य समाचार एक बार फिर :-