More than 50 lakh Street Vendors covered under PM SVANidhi Scheme
World Bank retains India's GDP growth at 6.3 % for 2023-24 despite global headwinds
India witnesses substantial surge in overall coal production in September with over 67 million tonne production
PM Modi asserts, dream of developed India will be fulfilled only when every state, district and village of the country is developed
Asian Games: India's medal rush continue on Day 10 with 2 gold, 2 silver, 5 bronze; Medal tally climbs to 69
PM Modi lays foundation stone and dedicates to nation multiple development projects worth over Rs 8000 cr in Telangana
Delhi Police arrest two journalists of a News Portal in connection with case related to UAPA
Bihar CM Nitish Kumar holds all-party meeting on report of caste-based survey
Delhi Environment Minister launches Green War Room for better implementation of Winter Action Plan against air pollution
Swachh Bharat Mission unites 8.75 crore people to offer Shramdaan at 9 lakh sites
मुख्य समाचार -
ओडिसा में बालेश्वर रेल दुर्घटना में राहत कार्य जारी; मृतकों की संख्या दो सौ इकसठ हुई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की; हालात का जायजा लेने के लिए ओडिसा रवाना।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा - जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का पता चलेगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कोविड महामारी जैसी चुनौतियों का सामना करने और सभी को टीका सुनिश्चित करने के लिए वैश्विक सहयोग पर बल दिया।
और एफ.आई.एच. प्रो लीग में आज शाम लंदन में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना ब्रिटेन से होगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राहत कार्यों का जायज़ा लेने के लिए दोपहर बाद ओडिसा में बालेश्वर दुर्घटना स्थल का दौरा करेंगे। वे कटक के एस.सी.बी. मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में घायलों से मिलेंगे। दक्षिण-पूर्व रेलवे ने बताया कि बचाव कार्य पूरा हो चुका है। रेलवे ने अपने बुलेटिन में कहा है कि दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 261 हो गई है और लगभग 900 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका है। ओडिसा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने बताया कि शवों की पहचान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की गई है। पहचान के बाद कुछ शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दुर्घटना स्थल पर हैं और राहत कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बचाव और राहत कार्य, घायलों के समुचित उपचार और यात्रियों के परिजनों तक जानकारी पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य अब पूरा हो चुका है और राहत कार्य जारी हैं।
एक हाई लेवल कमिटि भी ऑलरेडी डिक्लेयर हो गई है जोकि इस पूरे एक्सिडेंट में एनक्वायरी करेगी। कमीशनर रेल सेफ्टी को भी बुलाया गया है, वो भी एन्क्वायरी करेंगे और इस एक्सिडेंट के रूट कॉज़ में जाएंगे। किस कारण से यह प्रॉब्लम हुई, वो पूरा का पूरा टेक्निकली समझा जाएगा।
रेल दुर्घटना में घायल हुए लोगों को निकालने और उपचार में सहायता के लिये सेना को तैनात किया गया है। सेना के पूर्वी कमान के मेडिकल और इंजीनियरिंग दलों को एंबुलेंस और सहायता सेवाओं के साथ राहत कार्यों में लगाया गया है। वायु सेना के दो एमआई-17 हैलीकॉप्टर भी सहायता में तैनात है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बालेश्वर रेल दुर्घटना से संबंधित स्थिति की समीक्षा के लिए आज उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कैबिनेट सचिव राजीव गॉबा, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी. के. मिश्रा, केन्द्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के प्रमुख एस. एन. प्रधान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ओडिसा के लिए रवाना हो गए हैं। पहले वे बालेश्वर में दुर्घटना स्थल का निरीक्षण करेंगे और उसके बाद कटक के अस्पताल जाएंगे। वे दुर्घटना में घायल हुए लोगों से बातचीत भी करेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के निकट परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50 हजार रुपये दिए देने की घोषणा की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मृतकों के निकट परिजनों को दस-दस लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को पचास-पचास हजार रुपये अनुग्रह राशि दी जाएगी।
ओडिसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आज सुबह दुर्घटना स्थल जाकर स्थिति का जायज़ा किया। वे घायलों के उपचार के निरीक्षण के लिए बालेश्वर जिला अस्पताल भी गए।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन ने बालेश्वर रेल दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 50 हजार रुपये दिए जाने की घोषणा की है। राज्य सरकार ने आज एक दिन के शोक की घोषणा की है और सभी सरकारी समारोह रद्द कर दिए है।
ओडिसा रेल दुर्घटना के पीड़ितों के प्रति दुनियाभर से शोक संदेश आ रहे हैं। ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पैनी वांग और भारत में अमरीकी राजदूत एरिक गारसेटी ने रेल दुर्घटना के पीड़ितों के प्रति शोक संदेश भेजे हैं। ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन ने एक ट्वीट में आशा व्याक्त की है कि बचाव कार्यों से मुसीबतज़दा लोगों की जान बचा ली जाएगी। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने कहा कि वे घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। यूरोपीय संघ हर प्रकार की सहायता देने करने के लिए तैयार है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और भारत में अमरीका के राजदूत ऐरी गारसिटी ने कहा है कि मुश्किल की इस घडी में उनका देश भारत के साथ है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने सबके लिए वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कोविड महामारी जैसी चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ाने के लिए वैश्विक सहयोग पर बल दिया है। कल हैदराबाद में जी-20 स्वास्थ्य कार्य समूह की तीसरी बैठक शुरू होने से पहले आज एक कार्यशाला में प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए श्री मांडविया ने कहा कि कोविड महामारी ने वैक्सीन अनुसंधान और क्षमता निर्माण की जरूरत को रेखांकित किया है। उन्होंने वैक्सीन उत्पादन बढ़ाने और व्यापक जागरूकता अभियान चलाने जैसे भारत सरकार के उपायों का उल्लेख किया।
गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी मानसून में बाढ़ प्रबंधन की समग्र तैयारियों की समीक्षा के लिए कल नई दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक की। श्री शाह ने देश में बाढ़ की समस्या को कम करने के लिए एक व्यापक नीति तैयार करने के दीर्घकालिक उपायों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान जान-माल के नुकसान में कमी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मौसम विज्ञान विभाग और केंद्रीय जल आयोग पांच दिनों के लिए वर्षा और बाढ़ का पूर्वानुमान दे रहे हैं। गृह मंत्री ने कहा कि इसे अगले मॉनसून तक सात दिनों के पूर्वानुमान तक बढ़ाया जाएगा।
सरकार ने देश में अरहर और उड़द दाल की जमाखोरी रोकने और उपभोक्ताओं तक इनकी उपलब्धता बढ़ाने के लिए भंडारण सीमा आदेश जारी किए हैं। थोक विक्रेताओं, खुदरा व्यापारियों और आयातकों के लिए अलग अलग भंडारण सीमा तय की गई है। आदेश के तहत सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के लिए 31 अक्टूबर 2023 तक अरहर और उड़द दाल की भण्डारण सीमा निर्धारित की गई है। थोक विक्रेताओं के लिए 200 मीट्रिक टन, खुदरा विक्रेताओं को लिए 5 मीट्रिक टन, प्रत्येक खुदरा बिक्री केन्द्र के लिए 5 मीट्रिक टन और बड़ी श्रृंखला के खुदरा व्यापारियों के लिए 200 मीट्रिक टन की सीमा तय की गई है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष लगभग 88 प्रतिशत पारिश्रमिक भुगतान आधार से जुड़ी भुगतान प्रणाली- एबीपीएस के जरिए किया गया है। मंत्रालय ने बताया कि राज्य इस भुगतान प्रणाली को शत-प्रतिशत अपनाने के लिए लाभार्थियों तक पंहुचने के उद्देश्य से शिविरों का आयोजन करेंगे। मंत्रालय ने सभी राज्यों से कहा कि काम के लिए आने वाले श्रमिकों से आधार संख्या देने को कहा जाये लेकिन नहीं होने पर उन्हें काम देने से मना न किया जाए।
केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले महीने नौ वर्ष पूरे कर लिये हैं। इन वर्षों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की उपलब्धियों के बारे में आकाशवाणी समाचार विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज हम बात कर रहे हैं त्रिपुरा में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछडा वर्ग के लोगों के तीव्र सामाजिक और आर्थिक विकास के बारे में।
अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, त्रिपुरा 2022-23 कक्षा 10 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए एक पहल है। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा छात्रवृत्ति की पेशकश की जा रही है। इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य पोस्ट-मैट्रिक या पोस्ट-सेकेंड्री स्तर पर पढ़ने वाले अनुसूचित जाति के छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। इसके अलावा, अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, एक राज्य बजट योजना है। छठी से आठवीं कक्षा के अनुसूचित जाति के छात्रों को यह छात्रवृत्ति मिल रही है और 2018-19 और 2019-20 के दौरान कुल 44,962 छात्र लाभान्वित हुए। इसके अलावा अनुसूचित जाति के छात्रों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति केंद्र प्रायोजित योजना है। कक्षा ग्यारह से महाविद्यालय/विश्वविद्यालय तक के विभिन्न स्तरों के विद्यार्थियों को एमबीबीएस/इंजीनियरिंग/एग्री बीएससी/बीएचएमएस/बीवीएसएससी आदि पाठ्यक्रम के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। केंद्र का जनजातीय कल्याण विभाग अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति लागू कर रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य 9वीं और 10वीं कक्षा में पढ़ रहे अनुसूचित जनजाति के छात्रों के माता-पिता को उनके बच्चों की शिक्षा के लिए समर्थन देना है। त्रिपुरा ई-पास स्कॉलरशिप 2023 उन छात्रों को दिया जा रहा है जो अपनी उच्च शिक्षा को आगे बढ़ाने के इच्छुक हैं लेकिन आर्थिक रूप से मजबूत नहीं हैं। कुणाल शिंदे, आकाशवाणी समाचार, अगरतला।
जम्मू-कश्मीर में देश के छठे तिरुपति बालाजी मंदिर के उद्धाटन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मंदिर का उद्धाटन इस महीने की आठ तारीख को जम्मू में होगा। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम उद्घाटन पर निर्धारित महा संप्रोक्षणा कार्यक्रम के लिए आज अंकुर अर्पणम का आयोजन कर रहा है।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के बाहरी इलाके में स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत एक अत्याधुनिक समेकित कमान और नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया है।
यह स्मार्ट सिटी सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी कार्यों के लिये महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काम करेगा। पत्र सूचना कार्यालय के अपर महानिदेशक और आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के प्रवक्ता राजीव जैन ने आई. सी. सी. सी की सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिक केंद्रित सेवाओं के अलावा केंद्र द्वारा प्रदान की गई निगरानी व्यवस्था अपराधों में कमी लाने में मददगार होगी।
भारत ने आशा व्यक्त की है कि चीन के अधिकारी, चीन से रिपोर्टिंग के लिए भारतीय पत्रकारों को काम करने के लिए अपने देश में रहने की सुविधा प्रदान करते रहेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने नई दिल्ली में बताया कि दोनों पक्ष इस बारे में आपस में संपर्क बनाए रखेंगे।
अमरीका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए नई दिल्ली पहुंच रहे है। अमरीकी रक्षा मंत्री के साथ श्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक सोमवार को होगी, जबकि जर्मनी के रक्षा मंत्री के साथ मंगलवार को बैठक होगी। अमरीकी रक्षा मंत्री कल दो दिन की भारत यात्रा पर आ रहे है। जर्मनी के रक्षा मंत्री सोमवार से भारत की चार दिन की यात्रा पर रहेंगे।
अमरीका के राष्ट्रपति जो. बाइडन ने कहा है कि ऋण सीमा बढ़ाये जाने से अर्थव्यवस्था को ढहने से बचाया गया है। कल ओवल ऑफिस से राष्ट्र के नाम अपने पहले संबोधन में उन्होंने संसद से मंजूरी के बाद संबंधित विधेयक पर हस्ताक्षर कर इसे कानून बनाए जाने का संकल्प व्यक्त किया। बृहस्पतिवार रात को उपरी सदन सीनेट ने 36 के मुकाबले 63 मतों से विधेयक पारित कर दिया था। प्रतिनिधि सभा से भी यह आसानी से पारित हो चुका है। कई हफ्तों तक अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस और रिपब्लिकन सांसदों के बीच किसी मान्य समझौते तक पहुंचने पर बहस चली थी।
तुर्किए में राष्ट्रपति रेसप तैयिप एर्दोगन आज संसद में शपथ लेंगे। श्री एर्दोगन ऐतिहासिक चुनाव जीतने के बाद अगले पांच वर्ष के लिए फिर से राष्ट्रपति चुने गए हैं।
सूडान में स्थिति और बिगडने के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सूडान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन छह महीने के लिए बढा दिया है। परिषद ने एकमत से संक्षिप्त प्रस्ताव पारित करते हुए सूडान में संयुक्त राष्ट्र एकीकृत सहायता मिशन तीन दिसम्बर 2023 तक के लिए बढा दिया है। इस बीच, सूडान के सेना प्रमुख अब्दल फतह-अल-बुरहान ने संयुक्त राष्ट्र मिशन के विशेष प्रतिनिधि पर सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच संघर्ष भडकाने का आरोप लगाया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल सूरीनाम और सर्बिया की यात्रा पर रवाना होगी। पहले चरण में राष्ट्रपति सोमवार को सूरीनाम में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। यात्रा के दूसरे चरण में, राष्ट्रपति मुर्मु सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जॉडर वुचिच के निमंत्रण पर बुधवार से शुक्रवार तक सर्बिया की यात्रा पर रहेंगी।
एफआईएच प्रो लीग में आज शाम भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना ब्रिटेन से होगा। प्रतियोगिता में कल भारत ने ओलंपिक चैंपियन बेल्जियम को 5-1 से हराया था। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल, मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद, अमित रोहिदास और दिलप्रीत सिंह ने एक-एक गोल किए।
तीसरे खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल आज शाम सम्पन्न होंगे। समापन समारोह वाराणसी में आई आई टी काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के टेक्नो स्टेडियम पवेलियन ग्राउंड में होगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और खेल राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक समापन समारोह में उपस्थित रहेंगे।
श्रीलंका में आज पोसन पोया पर्व की धूम है। पोसन पोया दिवस श्रीलंका में जून महीने की पूर्णिमा को मनाया जाता है और यह बौद्ध धर्म के अनुयायियों का दूसरा सबसे बडा पर्व है।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर -