US says, there is no indication that Russia has moved any nuclear weapons yet
WPL 2023: Delhi Capitals set target of 132 runs for Mumbai Indians
India bag 4 gold in World Women's Boxing Championship with Nikhat and Lovlina clinching title today
Indian pair Satwiksairaj Rankireddy and Chirag Shetty win Swiss Open Super 300 Badminton doubles title in Basel
Emergency declared in Mississippi following devastating tornado in US
Home Minister Amit Shah launches several development projects worth over Rs 4200 crore in North Karnataka
Mann ki Baat: PM Modi urges people to take precautions in view of rising COVID -19 cases; Says, Government working on uniform policy for organ donation in the country
BJP President JP Nadda performs Bhoomi Pujan of new BJP office in Bhopal
Andhra Governor S Abdul Nazeer congratulates ISRO scientists for successful launch of LVM3-M3 OneWeb India-2
IMF Chief Georgieva warns of increased financial stability risks following recent turmoil in banking sector
मुख्य समाचारः-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा - वैश्विक संकट के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था और बैंकिंग प्रणाली मजबूत।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा - लक्षद्वीप में स्थानीय समुदाय, महिला स्वयं सहायता समूह और निजी उद्यमियों की भागीदारी से समुद्री शैवाल उद्योग के विकास की बड़ी आशा।
गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफ़ान अली ने कहा - भारत श्रीअन्न के उत्पादन और निर्यात में शीर्ष पर।
पंजाब पुलिस ने वारिस पंजाब दे गुट के खिलाफ व्यापक अभियान में 78 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा एक दिवसीय क्रिकेट मैच आज विशाखापत्तनम में।
और टेनिस में, रोहन बोपन्ना और ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एबडेन इंडियन वेल्स मास्टर्स टूर्नामेंट के डबल्स फाइनल में पहुंचे।
----------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत की आर्थिक और बैंकिंग व्यवस्था मजबूत है। कल नई दिल्ली में, इंडिया टुडे के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत की सारी उपलब्धियां इसके लोकतंत्र और सांस्थानिक मजूबती की बदौलत ही हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत अभूतपूर्व परिस्थितियों के बीच आगे बढ रहा है और विश्व समुदाय के समक्ष एक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के समक्ष आज की चुनौतियां एकदम अलग हैं, क्योंकि आज वैश्विक चुनौतियां बहुत व्यापक और बहु-आयामी प्रकृति की हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनियाभर में भारत चर्चा का विषय बना हुआ है और यह बात इसलिए महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि पिछले दिनों भारत को भीषण महामारी का सामना करना पडा और दो संघर्षरत देशों के मामले में भी भारत एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। श्री मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया को भारत पर विश्वास है। उन्होंने कहा कि भारत इस समय दुनिया की सबसे तेज़ गति से बढती हुई अर्थव्यवस्था है।
आज भारत दुनिया में सबसे तेज गति से बढने वाली अर्थव्यवस्था है। नम्बर वन स्मार्ट फोन डेटा कन्ज्यूमर है। आज भारत ग्लोबल फिनटेक एडॉप्शन ब्रेक में नम्बर वन है। दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरर है। आज भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। ऐसी कितनी ही बातों पर चर्चा होती रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि लक्षद्वीप में स्थानीय समुदाय, महिला स्वयं सहायता समूह, सहकारी समितियों और निजी उद्यमियों की भागीदारी से समुद्री शैवाल उद्योग के विकास की बड़ी संभावना है। कल शाम कवारत्ती में उन्होंने कहा कि इससे दवा और होटल उद्योग के आयात बिलों में भारी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि द्वीपसमूह अगले पांच वर्षों में देश में समुद्री शैवाल का प्रमुख केन्द्र बन सकता है। राष्ट्रपति ने कहा कि लक्षद्वीप में देश का पहला वाटर विला बनाया जाएगा, जिससे पर्यटन को काफी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकास के साथ प्रकृति के संरक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है, इस तरह की अनोखी पहल पूरी दुनिया के लिए इको-टूरिज्म के मॉडल के रूप में उभर सकती है। नीति आयोग के तत्वावधान में कदमत, मिनिकॉय और सुहेली द्वीपों में प्रमुख परियोजनाओं के रूप में उच्च-पर्यावरणीय पर्यटन परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं।
गयाना के राष्ट्रपति डॉक्टर मोहम्मद इरफान अली ने कहा है कि भारत, विश्व में श्रीअन्न के उत्पादन और निर्यात दोनों में अग्रणी है और वैश्विक स्तर पर इसे लोकप्रिय बनाने में प्रमुख भूमिका निभा सकता है। डॉक्टर अली ने नई दिल्ली में प्रथम श्रीअन्न वैश्विक सम्मेलन के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि दो दिन का यह सम्मेलन खाद्य संकट जैसी विश्व की सबसे बड़ी चुनौती को हल करने में सफल होगा।
डॉक्टर इरफान अली ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष घोषित किए जाने के सम्मान में, श्रीअन्न के उत्पादन के लिए अपने देश में दो सौ एकड़ भूमि उपलब्ध कराएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि श्रीअन्न यानी मोटा अनाज से देश के ढाई करोड छोटे किसानों को लाभ होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ होगी। कल नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय श्री अन्न सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में श्री मोदी ने कहा कि मोटे अनाजों पर जलवायु परिवर्तन का असर नहीं होता और इससे जल संकट से जुडी समस्या का समाधान हो सकता है।
भारत का मिलेट मिशन, श्रीअन्न के लिए शुरू हुआ यह अभियान देश के ढाई करोड़ किसानों के लिए वरदान साबित होने जा रहा है। आज़ादी के बाद पहली बार मिलेट्स पैदा करने वाले ढाई करोड़ छोटे किसानों की किसी सरकार ने इतनी बड़ी मात्रा में सुध ली है।
जी20 इंडिया के मुख्य समन्वयक हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और जी20 का आदर्श वाक्य भारतीय विदेश नीति को पूरी दुनिया तक पहुंचाना है। पुणे में जी20 यूनिवर्सिटी कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दुनिया के देशों को साथ लेकर चलने के वैश्विक दृष्टिकोण पर महत्व दिया गया है। इसने भारत को वैश्विक संकट के दौर में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरने में मदद की है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कच्छ के रण से अरुणाचल प्रदेश तक इसे आयोजित किया जा रहा है।
स्टार्टअप-20 संपर्क समूह की दूसरी बैठक आज गंगटोक में संपन्न हो रही है। आज बैठक के अंतिम दिन प्रत्येक कार्यबल द्वारा प्राप्त किए जा सकने वाले लक्ष्यों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
जी-20 के अंतर्गत सिविल-20 इंडिया की पहली बैठक कल से महाराष्ट्र में नागपुर में शुरू होगी। सिविल-20 के शेरपा डॉक्टर स्वदेश सिंह ने बताया कि इस सम्मेलन में स्वास्थ्य, पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली, कला और शिल्प से जुडे मुद्दों पर सिविल सोसायटी संगठन और गैर-सरकारी संगठन अपने विचार रखेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय एसएमई कन्वेंशन का तीसरा संस्करण आज से नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री नारायण राणे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। सम्मेलन का मुख्य फोकस क्षेत्र क्लीनटेक और ग्रीन एनर्जी, मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर और एग्रो फूड प्रोसेसिंग एंड एग्री इम्प्लीमेंटेशन सेक्टर हैं। सम्मेलन में पंद्रह सौ से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की आशा है।
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज जूनागढ़ और सोमनाथ में कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे। श्री अमित शाह गुजरात के दो दिन के दौरे पर हैं। उन्होंने कल गांधीनगर में 49वें डेयरी उद्योग सम्मेलन के समापन समारोह में कहा कि भारत शीघ्र ही डेयरी उत्पादों का बड़ा निर्यातक देश बन जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डेयरी उत्पादन को प्रोत्साहन देने के लिए सहकारी समितियों की स्थापना से डेयरी उत्पादों का निर्यात पांच गुना बढ़ने की आशा है। श्री अमित शाह ने कहा कि डेयरी क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है।
पंजाब पुलिस ने 'वारिस पंजाब दे' गुट के आपराधिक गतिविधियों में लिप्त सदस्यों की धरपकड़ के लिए राज्य में व्यापक तलाशी अभियान शुरु किया है। इन सदस्यों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब तक इस सिलसिले में 78 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कई अन्य को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पंजाब पुलिस के प्रवक्ता ने कल बताया कि अमृतपाल सिंह सहित कई अन्य फरार हैं और इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस व्यापक अभियान चला रही है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज दोपहर विशाखापत्तनम में दूसरा एक दिवसीय क्रिकेट मैच खेला जाएगा। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। तीन मैचों की श्रृंखला में भारत 1-0 से आगे है।
रोहन बोपन्ना और ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एबडेन इंडियन वेल्स मास्टर्स में पुरुष डबल्स के फाइनल में पहुंच गए हैं। दोनों ने अमेरिका के जैक सॉक और जॉन इस्नर को 7-6, 7-6 से पराजित किया। फाइनल आज दोनों का मुकाबला नील स्कूप्स्की और वेस्ले कूलहोफ से होगा।
आकाशवाणी से विशेष श्रृंखला में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के अंश प्रसारित किए जा रहे हैं।
लोग, आवाज़ और सीधा संवाद यानि हमारे, आपके, हम सबके मन की बात। जी हां ऐसे ही करोड़ों लोगों से जुड़ते हैं हमारे प्रधानमंत्री आकाशवाणी पर हर महीने के आखरी रविवार को मन की बात कार्यक्रम के साथ। 3 अक्तूबर 2014 को शुरू हुआ यह सिलसिला इस बार अप्रैल में अपनी 100वीं कड़ी के साथ जारी रहेगा। इस अवसर पर आकाशवाणी इस विशेष कार्यक्रम से प्रधानमंत्री के कुछ ऐसे चुनिन्दा सम्बोधनों को प्रस्तुत करने जा रहा है जिन्होंने देश को नई राह दिखाई। सेना के अफसरों और सैनिकों को अरसे से शिकायत रही वन रैंक वन पेंशन न मिलने की। 2014 के चुनाव अभियान में प्रधानमंत्री मोदी ने सीमाओं की रक्षा में जान की बाज़ी लगाने वाले सैनिकों की इस मांग को पूरा करने का वादा किया। जिसे सरकार बनते ही पूरा किया गया। 31 मई 2015 को प्रसारित मन की बात में प्रधानमंत्री ने इसकी यूं चर्चा की।
मैं आपको विश्वास दिलाता हूं मैंने निवृत्त सेना के जवानों के बीच में वादा किया है कि मेरी सरकार वन रैंक वन पेंशन लागू करेगी। हम जिम्मेदारी से हटते नहीं हैं और सरकार बनने के बाद भिन्न-भिन्न विभाग इस पर काम भी कर रहे हैं। मैं जितना मानता था उतना सरल विषय नहीं है यह पेचीदा है और चालीस साल से उसमें समस्याओं को जोड़़ा गया है। मैंने इसको सरल बनाने की दिशा में सर्वस्वीकृत बनाने की दिशा में सरकार में बैठे हुए सबको रास्ते खोजना पर लगाया हुआ है।
मन की बात की विशेष श्रृंखला को प्रतिदिन समाचार प्रभात और समाचार संध्या बुलेटिनों में सुना जा सकता है।
तेलुगू राज्यों की पहली भारत गौरव पर्यटन रेलगाड़ी कल सिकंदराबाद से रवाना हुई। पुरी से काशी होते हुए अयोध्या जाने वाली यह रेलगाड़ी कोर्णाक, गया, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज से होकर जाएगी।
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
प्रधानमंत्री द्वारा वैश्विक श्रीअन्न सम्मेलन के उद्धाटन का समाचार सभी अखबारों ने दिया है- मोटा अनाज मुहिम से बदलेगी तस्वीर, खाद्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए मोटा अनाज दे सकता है मदद। हिन्दुस्तान ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है- ढाई करोड़ किसानों को लाभ होगा।
हरिभूमि ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के इस वक्तव्य को बड़ी सुर्खी बनाया है-चीन की तारीफ में छिपी है राजनीति, चीन करता है समझौते का उल्लंघन, पत्र ने लिखा है- राहुल गांधी के बयान पर जमकर बरसे जयशंकर। जनसत्ता ने इसी खबर पर लिखा है- विदेश मंत्री ने क्या हुआ अब तक की जानकारी देते हुए कहा कि 'एलएसी' पर स्थिति नाजुक, टकराव वाले स्थानों पर रचनात्मक तरीके से चर्चा की गई।
देशबन्धु ने राष्ट्रपति मुर्मु के कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक पहुंचने का समचार दिया है।
उत्तर भारत में मौसम की अचानक बदलती करवट पर नवभारत टाइम्स के शब्द हैं- मौसम पलटा दिन में रात हुई। राष्ट्रीय सहारा ने लिखा है- मौसम विभाग ने सरसों और चने की फसल को जल्दी काटने और सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा।
हिन्दुस्तान, देशबन्धु, नवभारत टाइम्स, दैनिक जागरण, राष्ट्रीय सहारा और दैनिक ट्रिब्यून ने पंजाब में सक्रिय कट्टरपंथी गुटो पर शिकंजा कसने के लिए पंजाब पुलिस की कार्रवाई को विस्तार से दिया है।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा - लक्षद्वीप में स्थानीय समुदाय, महिला स्वयं सहायता समूह और निजी उद्यमियों की भागीदारी से समुद्री शैवाल उद्योग के विकास की बड़ी आशा है।