US says, there is no indication that Russia has moved any nuclear weapons yet
WPL 2023: Delhi Capitals set target of 132 runs for Mumbai Indians
India bag 4 gold in World Women's Boxing Championship with Nikhat and Lovlina clinching title today
Indian pair Satwiksairaj Rankireddy and Chirag Shetty win Swiss Open Super 300 Badminton doubles title in Basel
Emergency declared in Mississippi following devastating tornado in US
Home Minister Amit Shah launches several development projects worth over Rs 4200 crore in North Karnataka
Mann ki Baat: PM Modi urges people to take precautions in view of rising COVID -19 cases; Says, Government working on uniform policy for organ donation in the country
BJP President JP Nadda performs Bhoomi Pujan of new BJP office in Bhopal
Andhra Governor S Abdul Nazeer congratulates ISRO scientists for successful launch of LVM3-M3 OneWeb India-2
IMF Chief Georgieva warns of increased financial stability risks following recent turmoil in banking sector
मुख्य समाचार
संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण। राष्ट्रपति ने कहा - भारत वैश्विक मुद्दों पर एक समाधानकर्ता के रूप में उभरा है।
वित्तवर्ष 2023-2024 का केन्द्रीय बजट कल सुबह 11 बजे लोकसभा में पेश होगा।
संसद के दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया गया। अगले वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर छह दशमलव पांच प्रतिशत रहने का अनुमान।
मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा - आने वाले वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था बेहतर प्रदर्शन करेगी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा - महिला सशक्तिकरण से ही मजबूत और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और अंतिम टी-ट्वेंटी अंतर्राष्ट्रीय मैच अहमदाबाद में कल।
-----
संसद का बजट सत्र आज दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत वैश्विक मुद्दों के लिए एक समाधानकर्ता के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रति विश्व के दृष्टिकोण में परिवर्तन आया है। राष्ट्रपति ने कहा कि एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के मंत्र के साथ भारत जी-20 देशों के सहयोग से वैश्विक चुनौतियों का सामूहिक रूप से समाधान तलाशने का प्रयास कर रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए अपनी भूमिका का विस्तार किया है।
राष्ट्रपति ने देश को विकसित बनाने के लिए नागरिकों से अमृतकाल में अपने कर्तव्यों को पूरा करने की अपील की।
हमें 2047 तक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है जो अतीत के गौरव से जुड़ा हो, और जिसमें आधुनिकता का हर स्वर्णिम अध्याय हो। हमें ऐसा भारत बनाना है, जो आत्मनिर्भर हो और जो अपने मानवीय दायित्वों का पूरा करने के लिए भी समर्थ हो। जिसमें गरीबी न हो।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के पिछले नौ वर्षों से नागरिकों के कल्याण के लिए काम कर रही है।
वंचित वर्गों और अविकसित क्षेत्रों के विकास पर बल दिया जा रहा है। रेहड़ी-ठेले-फुटपाथ पर बड़ी संख्या में हमारे छोटे व्यवसायी, अपना व्यापार-कारोबार और दुकानदारी करते हैं। मेरी सरकार ने विकास में इन साथियों की भूमिका को भी सराहा है। इसलिए पहली बार इनको फॉर्मल बैंकिंग से जोड़ा और पीएम स्वनिधि के माध्यम से सस्ते और बिना गारंटी के ऋण की व्यवस्था की।
भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान बहिष्कार करने पर आम आदमी पार्टी और भारत राष्ट्र समिति की निंदा की है। नई दिल्ली में पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह राष्ट्रपति और देश की संसदीय परंपरा दोनों की गरिमा के विरूद्ध है।
वित्तीय वर्ष 2022-23 के आर्थिक सर्वेक्षण में अगले वित्तीय वर्ष में विकास दर 6 दशमलव पांच प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आम बजट से पहले आज संसद के दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आर्थिक सर्वेक्षण भारत की विकास यात्रा का व्यापक विश्लेषण प्रस्तुत करता है श्री मोदी ने ट्वीट में कहा कि इसमें हमारे देश के प्रति दुनिया की आशाओं, अवसंरचना क्षेत्र पर ध्यान, कृषि क्षेत्र में वृद्धि और भविष्य में संभावनाओं वाले क्षेत्रों पर विशेष बल दिया गया है।
मुख्य आर्थिक सलाहकार डाक्टर वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर छह से छह दशमलव आठ प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। आर्थिक सर्वेक्षण के प्रमुख बिंदुओं के बारे में डॉक्टर नागेश्वरन ने कहा कि आने वाले वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था बेहतर प्रदर्शन करेगी।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने कहा है कि विपरीत वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत तीव्र गति से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष ने आज अपने विश्व आर्थिक दृष्टिकोण के जनवरी अपडेट को जारी किया है।
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन कल सुबह 11 बजे लोकसभा में वित्तवर्ष 2023-2024 का आम बजट पेश करेंगी। इसके तुरंत बाद बजट की प्रति राज्यसभा के पटल पर रखी जाएगी। इससे पहले सुबह केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में बजट को मंजूरी दी जाएगी
संसद के बाहर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में दुनिया की निगाहें भारत के बजट पर हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का बजट आम नागरिकों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूर्ण करने का प्रयास है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि एक मजबूत और स्वस्थ समाज का निर्माण महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय महिला आयोग के स्थापना दिवस समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि महिला सशक्तिकरण सामाजिक न्याय से जुड़ा मुद्दा ही नहीं है बल्कि आर्थिक विकास के लिए भी बहुत जरूरी है।
भारत आज विश्व की पांचवी सबसे बडी अर्थव्यवस्था है और आज देश पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की ओर आगे बढ रहा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महिलाओं की और अधिक सक्रिय भूमिका सहायक होगी।
लैंगिक असमानता पर चिंता व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या के मामले देश के उन क्षेत्रों में भी दिखते हैं जहां लोग काफी शिक्षित हैं।
इस अवसर पर बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय निर्यातकों द्वारा भारत-संयुक्त अरब अमीरात व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते- सीईपीए के उपयोग की सराहना की है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का ट्वीट साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारतीय उद्यम के लिए बहुत अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय उत्पादों को विश्व स्तर पर लोकप्रिय बनाएगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारत और जर्मनी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जर्मनी के संसद सदस्यों के एक शिष्टमंडल ने आज संसद परिसर में श्री बिरला से मुलाकात की। इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच दीर्घकालिक संबंध साझा मूल्यों और लक्ष्यों पर आधारित है।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आज दिल्ली में अमरीका के राजनीतिक मामलों की उप विदेश मंत्री विक्टोरिया नूलैंड से मुलाकात की। एक ट्वीट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने सुश्री नूलैंड के साथ भारतीय उपमहाद्वीप, हिंद-प्रशांत क्षेत्र तथा भारत और अमरीका के संबंधों पर बातचीत की।
सुश्री नूलैंड ने भारत-अमरीका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा से भी व्यापक विचार-विमर्श किया।
विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने आज मोरक्को के विदेश मंत्री नासिर बोरिता से मुलाकात की। डॉक्टर जयशंकर ने एक ट्वीट में बताया कि उन्होंने भारत और मोरक्को में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।
नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज भुवनेश्वर, कोलकाता और जमशेदपुर को जोड़ने वाली एक उड़ान का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इंडियावन एयर तीन शहरों को जोड़ने वाली उड़ान को क्षेत्रीय संपर्क योजना-उड़ान के तहत संचालित करेगी। श्री सिंधिया ने कहा कि झारखंड के दुमका और बोकारो से भी जल्द ही उड़ाने शुरू की जाएंगी।
नागालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 7 फरवरी तक पर्चे भरे जा सकेंगे। 8 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 10 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतदान 27 फरवरी को होगा और मतगणना 2 मार्च को होगी।
आर्थिक जगत -
बॉम्बे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 49 अंक बढकर 59 हजार पांच सौ पचास पर बंद हुआ। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 13 अंक की वृद्धि से 17 हजार छह सौ 62 दर्ज हुआ। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर फरवरी आपूर्ति वाले सोने का मूल्य 56 हजार 670 रूपये प्रति दस ग्राम चल रहा था। और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतें 84 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रही।
शंघाई सहयोग संगठन, फिल्म महोत्सव आज मुंबई में संपन्न हो गया। यह इस श्रंखला का अबतक का सबसे बड़ा फिल्म महोत्सव रहा। इसमें 14 देशों की 58 फिल्में प्रदर्शित की गई।
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित किया। उन्होंने फिल्म महोत्सव के सफल संचालन के लिए जूरी के सदस्यों तथा प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कजाकिस्तान के अश्कर इलियासोव को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और उज्बेकिस्तान की रानो शोदियेवा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। मराठी फिल्म गोदावरी को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया। सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार चीन के शीआओझी को मिला।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और अंतिम टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच कल अहमदाबाद में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार शाम सात बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच श्रृंखला 1-1 से बराबरी पर हैं। इस मैच के दौरान विश्वकप विजेता अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम को 5 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
जी-20 समूह का एक शिष्टमंडल कल असम में विश्व धरोहर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेगा।। 70 से अधिक प्रतिनिधि उद्यान के कोहोरा और बागोरी में जीप सफारी करेंगे। ये प्रतिनिधि, पार्क में स्थित कन्वेंशन सेन्टर भी जायेगे।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि जी-20 की पहली सतत वित्तीय कार्य समूह की बैठक दो और तीन फरवरी को गुवाहाटी में होगी। असम सरकार ने इस बैठक के लिए सभी प्रबंध कर लिए हैं।
गुजरात में गांधी नगर की एक सत्र अदालत ने आज स्वयंभू संत आसाराम को दुष्कर्म के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई। एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के एक अन्य मामले में आसाराम इस समय जोधपुर की जेल में है।
पूर्व कानून मंत्री और वरिष्ठ अधिवक्ता शांति भूषण का आज निधन हो गया। वह 97 वर्ष के थे। शांति भूषण 1977 से 1979 तक भारत के कानून मंत्री थे।
गुजरात में ससपेंशन ब्रिज ध्वस्त होने की त्रासदी के संबंध में ओरेवा ग्रुप के प्रबंध निदेशक जयसुख पटेल ने मोरबी की एक अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस द्वारा दाखिल आरोप पत्र में पटेल को आरोपी बताया गया है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि मोरबी स्थित मचछू नदी पर बने ससपेंशन ब्रिज की देख-रेख की जिम्मेदारी ओरेवा ग्रुप की थी। ये ब्रिज पिछले वर्ष 30 अक्टूबर को ढह गया था। इस दुर्घटना में 130 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
पाकिस्तान में पेशावर पुलिस लाइन में एक मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है और 221 लोग घायल हुए हैं।
यह विस्फोट कल दोपहर की नमाज के दौरान हुआ। आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने इस घटना की निंदा की है और अधिकारियों से पीड़ितों के लिए हरसंभव उपचार सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा है कि हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान आज से आम जनता के लिए खोल दिया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अवसर पर मुगल गार्डन को अमृत उद्यान नाम दिया है। अमृत उद्यान में बारह प्रकार के ट्यूलिप देखे जा सकते हैं। अमृत उद्यान 26 मार्च तक खुला रहेगा।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर
और, भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और अंतिम टी-ट्वेंटी अंतर्राष्ट्रीय मैच अहमदाबाद में कल से।