Sensex witnesses modest gains, Nifty observes modest losses amid mixed global cues
259 candidates left in fray after withdrawal of names for Tripura Assembly Election on Feb 16
Women's Cricket: Final T20I of Tri-Nation series underway between India and South Africa
Railways revenue earnings in passenger segment goes up by 73%
Sarbananda Sonowal inaugurates First Sustainable Finance Working Group Meeting of G20 under India's Presidency in Guwahati
J&K Police arrests LeT terrorist involved in the blast in Narwal
India condemns violence by Khalistani extremists in Australia targeting Indian community; Requests Australia to ensure their safety and security
Telangana Assembly Budget Session to start on Friday
India's Haj quota for 2023 fixed at 1,75,025: Govt
CBI Director stresses on need for increased international cooperation among police agencies
मुख्य समाचार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को सम्बोधित किया। कहा- दुनिया भारत को आदर से देख रही है और इससे नये अवसर और जिम्मेदारियां आई हैं।
राष्ट्रपति ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाये रखने की आवश्यकता पर बल दिया। कहा- सर्वोदय अभियान की सफलता के लिए सरकार की पहल सराहनीय है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एन सी सी कैडेटों और एन एस एस स्वयंसेवकों के साथ बातचीत में कहा- देश में युवाओं के लिए अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध।
गणतंत्र दिवस पर नौ सौ एक पुलिस कर्मियों को पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जायेगा।
मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस में सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की जोडी मिक्सड डबल्स के फाइनल में पहुंची।
और हॉकी विश्व कप में जर्मनी ने इंग्लैंड को पेनल्टी शूट आउट में चार-तीन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
-----
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि विश्व भारत को सम्मान की दृष्टि से देख रहा है और इससे नयी संभावनाएं और जिम्मेदारियां पैदा हुई हैं।
राष्ट्रपति 74वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने इस अवसर पर देश- विदेश में रह रहे भारतीय नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामानाए दीं। राष्ट्रपति ने कहा कि संविधान ने लागू होने के दिन से आज तक शानदार यात्रा पूरी की है जो अन्य राष्ट्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि विश्व मंच पर भारत का प्रभाव बढ़ रहा है। विभिन्न विश्व मंचों पर भारत के हस्तक्षेप से सकारात्मक बदलाव आने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जी-20 की भारत को मिली अध्यक्षता लोकतंत्र और बहुस्तरीयवाद को प्रोत्साहन देने का एक अवसर है। उन्होंने कहा कि इससे विश्व और भविष्य को बेहतर आकार दिया जा सकता है। उन्होंने वैश्विक तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि देश ने वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत विकसित करने और उन्हें लोकप्रिय बनाने पर जोर दिया है।
जी-20 की अध्यक्षता एक बेहतर विश्व के निर्माण में योगदान हेतु भारत को अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका प्रदान करती है। ग्लोबल वर्मिंग और जलवायु परिवर्तन ऐसी चुनौतियां हैं जिनका सामना शीघ्रता से करना है।
श्रीमती मुर्मू ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि इसके लिए परंपरागत जीवन मूल्यों के वैज्ञानिक पहलुओं और प्राथमिकताओं पर ध्यान केन्द्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने जीवन शैली विशेषकर खानपान के तरीकों में बदलाव लाने पर जोर दिया। अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष पर राष्ट्रपति ने कहा कि मोटे अनाज पहले से ही लोगों के लिए आवश्यक रहे हैं और वर्तमान में मोटे अनाज अपनाने से स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।
वर्ष 2023 को द इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स घोषित किया है। बाजरा जैसे मोटे अनाज हमारे आहार के मुख्य तत्व हुआ करते थे। समाज के सभी वर्ग उन्हें फिर से पसंद करने लगे हैं। ऐसे अनाज पर्यावरण के अनुकूल हैं क्योंकि उनकी उपज कम पानी में ही हो जाती है।
राष्ट्रपति ने शासन में सुधार के लिए सरकार द्वारा हाल ही में उठाए गए कदमों, लोगों के जीवन और सर्वोदय अभियान की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्थिक , शैक्षिक , डिजीटल और प्रौद्योगिकी के मोर्चे पर बहुत जोर दिया गया है। राष्ट्रपति ने कहा कि आर्थिक अनिश्चितताओं, वैश्विक उथल-पुथल और कोविड महामारी की चुनौतियों के बावजूद भारत विश्व में पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा
‘प्रधान मंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ पर अमल करते हुए, सरकार ने उस समय गरीब परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जब हमारे देशवासी कोविड-19 की महामारी के कारण अकस्मात उत्पन्न हुए आर्थिक व्यवधान का सामना कर रहे थे।
राष्ट्रपति ने नारी सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है और महिलाएं प्रगति कर रही हैं। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में लोगों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान में लोगों की भागीदारी के बल पर हर कार्य-क्षेत्र में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ रहा है। राज्यों की अपनी यात्राओं, शिक्षण-संस्थानों के कार्यक्रमों और प्रोफेशनल्स के विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मिलने के दौरान, मैं युवतियों के आत्मविश्वास से बहुत प्रभावित होती हूं।
राष्ट्रपति ने स्वतंत्रता संग्राम का उल्लेख करते हुए कहा कि क्रांतिकारियों और सुधारकों ने नेताओं और विचारकों के साथ मिलकर काम किया जिससे सदियों पुराने शांति, बंधुत्व और समानता के मूल्यों को सीखने में मदद मिली। संविधान निर्माताओं की भूमिका की सरहना करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र सदैव डॉक्टर बी आर आम्बेडकर, न्यायविद वी एन राउ, विशेषज्ञों और अधिकारियों का आभारी रहेगा । उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्य भारत को निरंतर दिशा दिखाते हैं और अब राष्ट्र गरीब और निरक्षर देश से विश्व मंच पर एक आत्मविश्वासी देश के रूप में आ रहा है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। आज अपने संदेश में उन्होंने कहा कि ये दिन भारतीय संविधान में निहित सभ्यता के सदियों पुराने मूल्यों पर पूर्ण विश्वास करने का अवसर प्रदान करता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश में युवाओं के लिए अभूतपूर्व नए अवसर उपलब्ध हैं। वे आज नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आए एनसीसी कैडेटों, एनएसएस स्वंय सेवको और प्रस्तुतकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। श्री मोदी ने कहा कि एनसीसी और एनएसएस ऐसे संगठन है जिनसे राष्ट्रीय उद्देश्यों और चिंताओं से सबद्ध युवा जुड़े हुए हैं।
साथियों एनसीसी और एनएसएस ऐसे संगठन हैं, जो युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय लक्ष्यों से, राष्ट्रीय सरोकारों से जोड़ते हैं। कोरोना काल में किस प्रकार एनसीसी और एनएसएस के वॉलंटियर्स ने देश के सामर्थ्य को बढ़ाया, ये पूरे देश ने अनुभव किया है। इसलिए सरकार का भी ये निरंतर प्रयास रहा है कि इन संगठनों को प्रोत्साहित किया जाए, इनका विस्तार किया जाए। बड़ी संख्या में हमारे एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स, विभिन्न आर्टिस्ट्स, गणतन्त्र दिवस की परेड में शामिल होने जा रहे हैं। आप सबको मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं में ऊर्जा, उल्लास और कुछ करने की इच्छा तथा नई सोच होती हैं। श्री मोदी ने कहा कि देश में स्टार्ट-अप इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियान चलाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक जरूरतों के अनुसार काम कर रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर नयी दिल्ली में वीर गाथा- द्वितीय के 25 विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रत्येक विजेता को दस हजार रूपये, एक पदक और एक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। श्री सिंह ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका साहस सराहनीय है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और रक्षा राज्य मत्री अजय भट्ट भी मौजूद थे।
राष्ट्र कल 74वां गणतंत्र दिवस मनायेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में नयी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह होगा। मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल सिसी समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। गणतंत्र दिवस परेड में राष्ट्र की सैन्य क्षमता, सांस्कृतिक विविधता, आत्मनिर्भरता, नारी सशक्तिकरण, और नए भारत के उदय का प्रदर्शन किया जायेगा।
विजय चौक से सुबह साढ़े दस बजे शुरू हुई परेड लाल किला की ओर बढ़ेगी। समारोह की शुरूआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय समर स्मारक पर वीरों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद कर्तव्य पथ पर राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा और 21 तोपों की सलामी होगी। इस बार यह सलामी भारत में निर्मित तोपों से दी जायेगी जो रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। राष्ट्रपति की सलामी के साथ परेड शुरू होगी। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ करेंगे।
मिस्र की एक सैन्य टुकड़ी गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार हिस्सा लेगी। 144 सैनिकों की इस सैन्य टुकड़ी का नेतृत्व कर्नल महमूद मोहमद अब्दुल फतल अल कारासावी करेंगे।
गणतंत्र दिवस परेड में 17 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों और छह विभिन्न मंत्रालयों तथा विभागों की की 23 झांकियों का प्रदर्शन होगा। इसके अलावा 326 नृत्यांगना नारी शक्ति को प्रस्तुति देंगी। कोर ऑफ सिग्नल की डेयर डेविल टीम मोटर साइकिल पर रोमांचक प्रदर्शन करेंगी। ये दर्शकों को योग प्रदर्शन सहित विभिन्न आकृतियां बनाकर मंत्रमुग्ध करेंगी।
इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह की योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुसार विभिन्न आयोजनों में अधिकतम जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है। गणतंत्र दिवस समारोह की शुरूआत 23 जनवरी को पराक्रम दिवस समारोह के साथ शुरू हुई जो 30 जनवरी को समाप्त होगा। जिसे शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। वहीं 29 जनवरी को बीटिंग द रिट्रीट समारोह के दौरान तीन हजार 500 स्वदेशी ड्रोन रायसीना हिल्स को रोशन करेंगे। गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए छह हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। वहीं परेड देखने वाले लोगों की मदद के लिए 24 हेल्प डेस्क लगाए गए हैं। इस वर्ष परेड समारोह में प्रवेश केवल पास पर दिए गए क्यू आर कोड के आधार पर ही होगा। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 901 पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक दिया जाएगा। 140 कर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक, 93 कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और छह सौ 68 कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल सीसी के साथ बातचीत की। इस अवसर पर दोनों देशों के बीच साइबर सुरक्षा, संस्कृति, सूचना प्रौद्योगिकी, युवा कार्य और प्रसारण से संबंधित समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद मानवता की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि भारत और मिस्र विश्व में बढते आतंकवाद को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि भारत और मिस्र की सामरिक भागीदारी राजनीतिक, रक्षा और वैज्ञानिक विकास के स्तर से शुरू हो सकती है।
सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की जोड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में सानिया और बोपन्ना की जोड़ी ने अमरीका की देसीरा क्रॉज्जिक और ब्रिटेन के नील स्कूप्स्की की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 7-6, 6-7, 10-6 से हराया।
ओडिशा में हॉकी विश्वकप में नीदरलैंड्स ने कोरिया को पांच-एक से और जर्मनी ने इंग्लैंड को पैनल्टी शूटआउट में चार-तीन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बारे में जागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी युवा मतदाताओं पर है। नई दिल्ली के मानेकशॉ केन्द्र में निर्वाचन आयोग के 13 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि युवा अब चुनाव प्रक्रियाओं में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं जो लोकतंत्र के लिए एक अच्छा संकेत है। राष्ट्रपति द्रौप्रदी मुर्म ने 2022 में हुए चुनावों में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों को राष्ट्रीय पुरस्कार भी वितरित किए।
राष्ट्रपति ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया श्रेणी में मतदाता जागरूकता और शिक्षा के लिए एक उत्कृष्ट अभियान चलाने के लिए आकाशवाणी समाचार को राष्ट्रीय मीडिया पुरस्कार से भी सम्मानित किया। आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग की महानिदेशक डॉ वसुधा गुप्ता ने राष्ट्रपति से राष्ट्रीय मीडिया पुरस्कार ग्रहण किया।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर
· राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को सम्बोधित किया। कहा- दुनिया भारत को आदर से देख रही है और इससे नये अवसर और जिम्मेदारियां आई हैं।
· राष्ट्रपति ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाये रखने की आवश्यकता पर बल दिया। कहा- सर्वोदय अभियान की सफलता के लिए सरकार की पहल सराहनीय है।
· प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एन सी सी कैडेटों और एन एस एस स्वयंसेवकों के साथ बातचीत में कहा- देश में युवाओं के लिए अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध।
· गणतंत्र दिवस पर नौ सौ एक पुलिस कर्मियों को पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जायेगा।
· मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस में सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की जोडी मिक्सड डबल्स के फाइनल में पहुंची।
· और हॉकी विश्व कप में जर्मनी ने इंग्लैंड को पेनल्टी शूट आउट में चार-तीन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।