Sensex witnesses modest gains, Nifty observes modest losses amid mixed global cues
259 candidates left in fray after withdrawal of names for Tripura Assembly Election on Feb 16
Women's Cricket: Final T20I of Tri-Nation series underway between India and South Africa
Railways revenue earnings in passenger segment goes up by 73%
Sarbananda Sonowal inaugurates First Sustainable Finance Working Group Meeting of G20 under India's Presidency in Guwahati
J&K Police arrests LeT terrorist involved in the blast in Narwal
India condemns violence by Khalistani extremists in Australia targeting Indian community; Requests Australia to ensure their safety and security
Telangana Assembly Budget Session to start on Friday
India's Haj quota for 2023 fixed at 1,75,025: Govt
CBI Director stresses on need for increased international cooperation among police agencies
मुख्य समाचार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं से निपटने में परिवार की भूमिका पर जोर दिया।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी भारत की तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। वे 74वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कल राष्ट्र को संबोधित करेंगी।
नेपाल में आज दोपहर बाद पांच दशमलव नौ तीव्रता का भूकंप आया; उत्तराखंड, दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
फिल्म आरआरआर का गाना नाटू-नाटू और भारत की दो वृत्तचित्र - ऑल दैट ब्रीथ्स और द एलिफेंट व्हिस्परर्स ऑस्कर के लिए नामांकित।
और इंदौर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और अंतिम एकदिवसीय क्रिकेट मैच खेला जा रहा है।
--------
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित बच्चों से नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर बातचीत की। बातचीत के दौरान श्री मोदी ने पुरस्कार विजेता सभी बच्चों को स्मृति चिन्ह भेंट किए और सबसे व्यक्तिगत रूप से उनकी उपलब्धियों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने इन बच्चों के साथ अनौपचारिक रूप से दिल खोल कर बात की।
उन्होंने पुरस्कृत बच्चों को छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान ढूंढने, धीरे-धीरे क्षमता निर्माण करने, क्षमता बढ़ाने और बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आत्मविश्वास विकसित करने की सलाह दी।
बच्चों के मानसिक स्वस्थ्य और समस्याओं की चर्चा करते हुए श्री मोदी ने इस मुद्दे से जुड़ी लोगों की गलत धारणा को दूर करने के बारे में बात की और कहा कि ऐसी समस्यों को सुलझाने में परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। बच्चों ने प्रधानमंत्री से अपनी समस्याओं और चुनौतियों के बारे में कई सवाल किये और विभिन्न मुद्दों पर उनका मार्ग दर्शन मांगा।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने शतरंज खेलने के फायदे, कला और संस्कृति को करियर के रूप में अपनाने, अनुसंधान और नवाचार तथा अध्यात्म जैसे मुद्दों पर भी बात की।
बातचीत के दौरान महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद थी।
इससे पहले केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने सम्मानित बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात की। श्रीमती ईरानी ने बच्चों से पूर्ण समर्पण के साथ काम करते रहने को कहा ताकि वे देश का नाम गर्व से ऊंचा कर सके।
यह हमारे लिए बहुत ही गौरव का विषय है कि आज देशभर से 11 बच्चे जो महामहिम राष्ट्रपति जी द्वारा पुरस्कृत हुए। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से नवाजे गए वो प्रधानमंत्री संग्राहलय आकर भारत की विरासत को प्रत्यक्ष रूप से देख पाएं हैं। मैं प्रफुल्लित हुं कि जिन बच्चों ने इंनोवेशन में, कला-संस्कृति में, स्पोटर्स में और ब्रेवरी में खिताब पाए, ऑवर्डस पाए वो माता-पिता संग यहां पर प्रधानमंत्री संग्राहलय को देखने आएं।
11 बच्चों को छह श्रेणियों - कला, संस्कृति, बहादुरी, नवाचार, सामाजिक सेवा और खेल में असाधारण उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक पदक, एक लाख रुपये नकद और एक प्रमाण पत्र दिया गया।
मिस्त्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आज शाम नई दिल्ली पहुंचे। राष्ट्रपति सीसी भारत के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ पांच मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। मिस्त्र की सेना की एक टुकड़ी भी गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेगी।
राष्ट्रपति सीसी का कल राष्ट्रपति भवन में समारोह पूर्वक स्वागत किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन करेंगी। राष्ट्रपति सीसी द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और आपसी हित के वैश्विक मुद्दों पर कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय और प्रतिनिधि स्तर की बैठक करेंगे। विदेश मंत्री डॉक्टर जयशंकर भी राष्ट्रपति सीसी से मुलाकात करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति सीसी भारत के व्यापारिक समुदाय से भी बातचीत करेंगे।
भारत और मिस्त्र अपने कूटनीतिक संबंधों का 75वां वर्ष मना रहे हैं।
भारत और मिस्र के बीच वर्षों से मैत्रिपूर्ण सम्बन्ध रहे हैं। जो सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आर्थिक सहयोग तथा दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे सम्बन्धों में दिखाई देते हैं। भारत और मिस्र के बीच द्विपक्षीय व्यापार ने वर्ष 2021-22 में सात अरब 26 करोड़ डॉलर की रिकॉर्ड ऊँचाई हासिल की। मिस्र को तीन अरब 74 करोड़ भारतीय निर्यात और मिस्र से भारत को तीन अरब 52 करोड़ आयात के साथ व्यापार काफी सन्तुलित था। 50 से अधिक भारतीय कंपनियों ने मिस्र की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग तीन अरब 15 करोड़ डॉलर का निवेश किया है, जिनमें रसायन, ऊर्जा, कपड़ा परिधान, कृषि व्यवसाय और खुदरा शामिल है। आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्ली से मैं सुपर्णा सेकिया।
मिस्त्र को 2022-23 में जी-20 की भारत की अध्यक्षता के दौरान अतिथि देश के रूप में भी आमंत्रित किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 74वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कल राष्ट्र को संबोधित करेंगी। इसका प्रसारण शाम सात बजे से आकाशवाणी के संपूर्ण राष्ट्रीय नेटवर्क पर किया जायेगा। दूरदर्शन पर इसका प्रसारण पहले हिन्दी में और बाद में अंग्रेजी भाषा में होगा। इसके बाद क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जायेगा। आकाशवाणी पर रात साढ़े नौ बजे से क्षेत्रीय भाषाओं में राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण किया जायेगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कल नयी दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार 2022 प्रदान करेंगी। इस वर्ष का विषय है- मतदान जैसा कुछ नहीं, मैं अवश्य मतदान करूंगा। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन अभ्यास राष्ट्रीय पुरस्कार उन राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों को दिया जायेगा जिन्होंने पिछले वर्ष चुनाव के दौरान उत्कृष्ठ प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मैं भारत हूँ हम भारत के मतदाता हैं गीत का प्रदर्शन भी किया जायेगा।
सरकार ने संसद के बजट सत्र से पूर्व 30 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक संसद परिसर में दोपहर 12 बजे से होगी। बैठक में सरकार सत्र के दौरान सदन को सुचारू रूप से चलाने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग मांगेगी।
संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। सत्र की शुरूआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सेंट्रल हॉल में लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त संबोधन से होगा। आर्थिक सर्वेक्षण भी पहले दिन दोनों सदनों में रखा जायेगा। आम बजट पहली फरवरी को पेश किया जायेगा।
बजट सत्र 6 अप्रैल तक चलेगा, इस दौरान 66 दिनों में 27 बैठकें होंगी। सत्र का पहला भाग 14 फरवरी तक होगा। दूसरा भाग 13 मार्च से शुरू होगा।
शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया है कि इस वर्ष परीक्षा पे चर्चा के लिए 38 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है जो पिछले वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष लगभग 15 लाख 50 हजार विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था।
आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने कहा कि इस वर्ष पंजीकृत विद्यार्थियों में से लगभग 16 लाख देशभर के राज्य बोर्ड के हैं। देशभर से 102 विद्यार्थियों को राजधानी के तालकटोरा स्टेडियम में 27 तारीख को होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
लगभग 16 लाख स्टेट बोर्ड के बच्चे इसमें पार्टीस्पेट कर रहे हैं, सभी राज्य इसका प्रतिनिधित्व करेंगे सभी। कला उत्सव और परिक्षा पर चर्चा दोनों ग्रुप को मिलाकर के दो सौ विद्यार्थी भारत के सभी प्रांतों को प्रतिनिधित्व करेंगे ये अखिल भारतीय कार्यक्रम है।
भारतीय जनता पार्टी ने मांग की है कि कांग्रेस को आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर अपनी रूख स्पष्ट करना चाहिए। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि समूचा देश भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और बलिदान पर गर्व करता है। श्री प्रसाद ने कहा कि सभी सैन्य बलों को राजनीति से दूर रखना चाहिए।
सेना की शहादत का सबूत नहीं मांगता। उनके बलिदान सलाम करता है यही भारत की परंपरा है न और उसका कारण भी मैंने कहा था कि देश के लिए जीते तो हम सब लोग हैं देश के लिए मरते कौन है हमारे सेना के जवान ऑफिसर्स।
भारतीय जनता पार्टी ने बालाकोट सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान की आलोचना की है। जम्मू में आज संवाददाता सम्मलेन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा कि दिग्विजय सिंह और राहुल गांधी भारतीय सेना और वायुसेना का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेना ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए बलिदान दिया है। लेकिन कांग्रेस देश को तोड़ रही है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बिहार के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को कैमूर जिले में बुजुर्ग अध्यापक को पुलिस द्वारा पीटे जाने पर नोटिस जारी किया है। 70 वर्षीय बुजुर्ग अध्यापक कथित पिटाई के बाद अपनी साईकिल से गिर गए थे। आयोग ने इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट चार हफ्ते में देने को कहा है।
नेपाल में आज पांच दशमलव 9 तीव्रता के भूकंप में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। भूकंप के झटके उत्तराखंड, नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी महसूस किए गए। काठमांडू के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी और अनुसंधान केन्द्र ने बताया कि भूकंप का केन्द्र बाजूरा जिले के मेला में था।
आज दोपहर बाद सुदूर पश्चिम में आए भूकंप के झटके कैलाली और धनगढ़ी जिला तक महसूस हुए। जिसके कारण लोग अपने घरों से भाग कर खुले स्थान पर जाने लगे। नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केन्द्र के अनुसार पांच दशमलव नौ रिएक्टर तीव्रता के भूकंप का ऊपरी केन्द्र बजुरा जिले का मेला स्थान था। भूकंप के झटके से गिरते हुए चट्टान से चोट लगने के कारण पास के जंगल में घाट काट रही 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बजुरा जिले के चार घर तबाह हो गए और कई पुराने मकान की छत और बूधी नंदा नगरपालिका इमारत को आंशिक क्षति पहुंची है। आकाशवाणी समाचार के लिए श्वेता सिंह, काठमांडू।
उत्तराखंड के देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल सहित कुछ जिलों में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। मौसम विभाग के अनुसार रिक्टर पैमान पर इसकी तीव्रता पांच दशमलव चार मापी गई। प्रदेश में अभी तक कहीं से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
भारत की सुपरहिट फिल्म आर.आर.आर का ओरिजनल गाना नाटू-नाटू और दो वृत्तचित्र इंडिया ऑल दैट ब्रीथ्स तथा द एलिफेंट व्हिस्परर्स को 95वें एकेडमी अवार्ड के लिए नामांकित किया गया है।
कैलिफोर्निया में बेवर्ली हिल्स में एकडेमी के सैमुअल गोल्डविन थिएटर में मंगलवार को हॉलीवुड कलाकारों ने ग्लोबल लाइव स्ट्रीम में सभी 23 श्रेणियों में नामांकन की घोषणा की। एकेडमी अवॉर्ड लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर 13 मार्च को आयोजित समारोह में प्रदान किये जाएगे।
आर.आर.आर के गाने नाटू नाटू को इससे पहले भी बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग का गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड मिल चुका है।
जलवायु परिवर्तन पर भारतीय वृत्तचित्र 'ऑल दैट ब्रीथ्स' को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर फिल्म की श्रेणी में ऑस्कर के लिए नामित किया गया है। शौनक सेन निर्देशित यह फिल्म दिल्ली में रह रहे दो ऐसे भाई बहनों के बारे में है जिन्होंने अपना जीवन घायल पक्षियों विशेष कर चील को बचाने और उनके इलाज में समर्पित कर दिया है।
भारत की लघु वृत्तचित्र द एलिफेंट व्हिस्परर्स में दो परित्यक्त हाथियों और उनकी देखभाल करने वालों के बीच अटूट बंधन को दर्शाया गया है।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में तीन एकदिवसीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के अंतिम मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 90 रन से हरा दिया है। भारत ने न्यूजीलैंड को 386 रन का लक्ष्य दिया था।। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 42वें ओवर और दो गेंद में 295 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
ओडिशा में एफ आई एच पुरूष हॉकी विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया और बेल्जियम अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गये है। आज भुबनेश्वर में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने स्पेन को चार-तीन से हराया। वहीं बेल्जियम ने न्यूजीलैंड को दो-शून्य से पराजित किया।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर
· प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं से निपटने में परिवार की भूमिका पर जोर दिया।
· मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी भारत की तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। वे 74वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
· राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कल राष्ट्र को संबोधित करेंगी।
· नेपाल में आज दोपहर बाद पांच दशमलव नौ तीव्रता का भूकंप आया; उत्तराखंड, दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
· फिल्म आरआरआर का गाना नाटू-नाटू और भारत की दो वृत्तचित्र - ऑल दैट ब्रीथ्स और द एलिफेंट व्हिस्परर्स ऑस्कर के लिए नामांकित।
· और इंदौर में तीसरे और अंतिम एक दिवसीय क्रिकेट मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर 3-0 से श्रृंखला अपने नाम की।