Sensex witnesses modest gains, Nifty observes modest losses amid mixed global cues
259 candidates left in fray after withdrawal of names for Tripura Assembly Election on Feb 16
Women's Cricket: Final T20I of Tri-Nation series underway between India and South Africa
Railways revenue earnings in passenger segment goes up by 73%
Sarbananda Sonowal inaugurates First Sustainable Finance Working Group Meeting of G20 under India's Presidency in Guwahati
J&K Police arrests LeT terrorist involved in the blast in Narwal
India condemns violence by Khalistani extremists in Australia targeting Indian community; Requests Australia to ensure their safety and security
Telangana Assembly Budget Session to start on Friday
India's Haj quota for 2023 fixed at 1,75,025: Govt
CBI Director stresses on need for increased international cooperation among police agencies
मुख्य समाचार:-
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित बच्चे आज नई दिल्ली में महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी से मिले। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम नई दिल्ली में बच्चों के साथ संवाद करेंगे।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सी सी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
पूर्वी नागालैंड विधायक संघ ने आगामी विधानसभा चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का निर्णय लिया।
मौसम विभाग का अगले पांच दिनों में हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान।
इंदौर में भारत के साथ तीसरे और अंतिम एकदिवसीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला।
मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस मुकाबले में सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की भारतीय जोड़ी मिश्रित युगल श्रेणी के सेमीफाइनल में पहुंची।
--------------
केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित बच्चों और उनके माता-पिता से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम चार बजे नई दिल्ली में अपने निवास पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित बच्चों से मुलाकात करेंगे।
राष्ट्रपति दौपद्री मुर्मू ने कल 11 बच्चों को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया था। कला, संस्कृति, वीरता, नवाचार, समाज सेवा और खेलों के क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को यह पुरस्कार दिये गये। इन बच्चों में 11 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के छह बालक और पांच बालिकाएं शामिल हैं। प्रत्येक पुरस्कृत बच्चे को पदक, एक लाख रुपये नकद और राष्ट्रपति की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये। पुरस्कृत बच्चों में केरल के आदित्य सुरेश, छत्तीसगढ़ के आदित्य प्रताप सिंह चौहान, दिल्ली की अनुष्का जॉली, जम्मू-कश्मीर की हनाया निसार, आंध्र प्रदेश की कोलागाटला अलाना मीनाक्षी, तेलंगाना की एम. गौरवी रेड्डी और कर्नाटक के ऋषि शिव प्रसन्ना शामिल हैं। साथ ही महाराष्ट्र के रोहन रामचन्द्र बाहिर, ओडिसा के संभव मिश्रा, गुजरात के शौर्यजित, रंजीत कुमार खैरे और असम की श्रेया भट्टाचार्यी को भी पुरस्कृत किया गया है।
इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि यह पुरस्कार देश के लिए बच्चों के योगदान और उनके समर्पण के लिए दिये गये हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि इस छोटी उम्र में बच्चों के विलक्षण कार्य चकित करने वाले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ये बच्चे बहुत से लोगों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।
बच्चे हमारे देश के अमूल्य निधि है। बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए किया गया हर प्रयास समाज और देश का भविष्य संवारता है। हम सभी को बच्चो की सुरक्षित और खुशहाल बचपन तथा स्वर्णिम भविष्य के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। बच्चों को पुरस्कृत करके हम राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को प्रत्सोहित और सम्मानित कर रहे है।
आकाशवाणी से बातचीत में, राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त कर आंध्र प्रदेश की के.ए. मीनाक्षी ने प्रसन्नता व्यक्त की।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सिसि आज से भारत की तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। श्री अल-सिसि 74वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल भी आ रहा है। राष्ट्रपति अल-सिसि का राष्ट्रपति भवन में कल भव्य स्वागत किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शाम को उनके सम्मान में राजकीय भोज आयोजित करेंगी। राष्ट्रपति सिसि द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और आपसी हितों के वैश्विक मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ शिष्टमंडल स्तर की वार्ता और द्विपक्षीय बैठक करेंगे। विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर राष्ट्रपति सिसि से मुलाकात करेंगे।
भारत और मिस्र के बीच वर्षों से मैत्रिपूर्ण सम्बन्ध रहे हैं। जो सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आर्थिक सहयोग तथा दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे सम्बन्धों में दिखाई देते हैं। भारत और मिस्र के बीच द्विपक्षीय व्यापार ने वर्ष 2021-22 में सात अरब 26 करोड़ डॉलर की रिकॉर्ड ऊँचाई हासिल की। मिस्र को तीन अरब 74 करोड़ भारतीय निर्यात और मिस्र से भारत को तीन अरब 52 करोड़ आयात के साथ व्यापार काफी सन्तुलित था। 50 से अधिक भारतीय कंपनियों ने मिस्र की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग तीन अरब 15 करोड़ डॉलर का निवेश किया है, जिनमें रसायन, ऊर्जा, कपड़ा परिधान, कृषि व्यवसाय और खुदरा शामिल है। आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्ली से मैं सुपर्णा सेकिया।
पूर्वी नागालैंड विधायक संघ- ई एन एल यू ने आगामी विधानसभा चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का निर्णय लिया है। पूर्वी नागालैंड विधायक संघ राज्य के पूर्वी जिलों के विधायकों का एक मंच है। संघ की रविवार को हुई एक आपात बैठक में यह निर्णय लिया गया।
पूर्वी नागालैंड जन संगठन सीमांत नागालैंड नाम के एक अलग राज्य की मांग कर रहा है। इस संगठन के समर्थन में आगामी विधानसभा चुनाव में भागीदारी नहीं करने के पूर्वी नागालैंड के विभिन्न जनजातीय संगठनों के प्रस्ताव के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। नई विधानसभा के लिए नागालैंड में 27 फरवरी को चुनाव कराया जाएगा।
कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि न्यायपालिका के लिए लम्बित मामलों को कम करने का एकमात्र तरीका अदालतें हैं। वहीं कार्यपालिका एक दूसरे से मिलकर काम करती है। नई दिल्ली में ई-कोर्ट्स परियोजना के पुरस्कृत लोगों के अभिनंदन समारोह में श्री रिजिजू ने कहा कि न्याय में तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश में फिलहाल चार करोड नब्बे लाख लम्बित मामले हैं। उन्होंने कहा कि यह एक बडी संख्या है। मामलों के निपटारे में देरी का अर्थ है न्याय से इंकार और न्याय में देरी।
सरकार स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर अधिक केन्द्रित होकर आपदा की स्थिति में इसके प्रबंधन की क्षमता मजबूत करने के लिये प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय आपात चिकित्सा दल के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस पहल से देशवासियों को आपदा से निपटने में मदद मिलेगी।
गांधीनगर में बी-20 सम्मेलन के अंतिम दिन जी-20 के प्रतिनिधियों ने गुजरात के अनूठे पर्यटन स्थलों और देश के पहले आर्थिक और प्रौद्योगिकी नगर गिफ्ट सिटी का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने गांधीनगर में आज सुबह पुनीत वन में विशेष योग सत्र में भाग लिया। पुनीत वन की सैर के दौरान प्रतिनिधियों ने विभिन्न पारम्परिक भारतीय आयुर्वेदिक औषधियों के बारे में ज्ञान प्राप्त किया। प्रतिनिधियों को गिफ्ट सिटी सहित भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय एक्सचेंज में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। जी-20 के प्रतिनिधियों ने अहमदाबाद के पास अडालज में प्रसिद्ध स्टेप वैल भी देखा और उसकी अनूठी वास्तुकला और इतिहास के बारे में जानकारी ली।
बिहार के सिवान जिले की शराब त्रासदी मामले में दो मुख्य आरोपियों सहित 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अपर महानिदेशक जे एस गंगवार ने आकाशवाणी को बताया कि लकरी नबीगंज पुलिस स्टेशन के चौकीदार और पुलिस निरीक्षक को इस मामले में निलम्बित कर दिया गया है।
जो बात अबतक प्रकाश में आई है। अनुसंधान के क्रम में 16 व्यक्तियों की गिरफ्तारी है, उनसे और भी गहन पूछताछ की जा रही है। इसके मुख्य अभियुक्त हैं- संदीप चौहान, दीपक चौहान इन दोनों के द्वारा सैनेटाइजर बनाने के नाम पर एथेनॉल कंपनी से स्प्रिट मंगाया गया। 18 जनवरी को भी मुजफ्फरपुर एंड कोलकाता से ट्रांसपोर्ट के माध्यम से उनके द्वारा एथेनॉल मंगाया गया।
सिवान जिले में रविवार रात को जहरीली शराब पीने के बाद आठ लोगों की मृत्यु हो गई और छह लोगों की आंखों की रोशनी चली गई।
इस बीच, विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने आरोप लगाया है कि सरकार द्वारा अपराधियों के विरूद्ध कडी कार्रवाई नहीं किये जाने के कारण राज्य में शराब त्रासदी की घटनाएं लगातार हो रही हैं।
अगर जो छपरा सारंग गंभीरता से सरकार पहल करती और भ्रष्ट प्रशासन के लोगों को हटा देती। वहां के एस पी के संरक्षण में ये शराब का खेल हो रहा है। पुलिस प्रशासन हर थाना दारू और बालू के खेल में लगा है। रोज पब्लिक कह रही है, लेकिन सरकार की गंभीरता नहीं है, उससे मिली भगत है।
क्रिकेट में इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में ताजा समाचार मिलने तक भारत न्यूजीलैंड के विरूद्ध बिना किसी विकेट के 12 ओवर और 3 गेंद पर 99 बना चुका है।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला किया। भारत इस श्रृंखला को क्लीन स्वीप करने की कोशिश करेगा। भारत इस श्रृंखला में पहले ही दो मैच जीत चुका है।
सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की भारतीय जोड़ी आज मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस मुकाबले में मिश्रित युगल श्रेणी के सेमीफाइनल में पहुंच गई। क्वार्टर फाइनल में उन्हें प्रतिद्वंद्वी जोड़ी से वाकओवर मिल गया। भारतीय जोड़ी का मुकाबला लातविया की येलेना ओस्तापेंको और स्पेन के डेविड वेगा हर्नांडिज से होना था, लेकिन खेल छोड़कर उनके बाहर हो जाने के कारण सानिया और रोहन बोपन्ना को अंतिम चार में स्वत: प्रवेश मिल गया। इससे पहले उन्होंने उरुग्वे और जापान के खिलाडि़यों की जोड़ी को 6-4, 7-6 से हराया था।
विदेशमंत्री डॉ एस जयशंकर ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समकालीन दुनिया की अत्यन्त सूक्ष्म और विकसित समझ थी और उन्होंने अमरीका के साथ भारत के संबंधों में परिवर्तन में काफी मदद की। डॉ जयशंकर ने कल नई दिल्ली में तीसरे अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति व्याख्यान में कहा कि श्री वाजपेयी ने शीत युद्ध के बाद के वातावरण में अमरीका और भारत के संबंधों में बदलाव किया। उन्होंने इस बात को समझा कि यह संबंध भारत के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कितने महत्वपूर्ण है।
उत्तर प्रदेश आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस निवेश और रोजगार के मुख्य विषय पर केन्द्रित है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि प्रदेश ने संस्कृति, साहित्य, कला, राजनीति और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में आदर्श प्रस्तुत किये है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि विगत कुछ वर्षों में प्रदेश के विकास ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने बहुत से क्षेत्रों में प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढाया है।
राष्ट्रीय बालिका दिवस आज मनाया जा रहा है। यह दिवस भारत में बालिकाओं को प्रोत्साहन और अवसर देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को मनाया जाता है।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान व्यक्त किया है। शिमला मौसम कार्यालय के निदेशक सुरेन्द्र पॉल ने बताया कि अगले 3 दिन के दौरान मैदानी इलाकों और निचले इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटे मौसम खराब रहेगा और पिछले 24 घंटे प्रदेश के जो ऊपरी इलाके हैं। जिसमें लाहौलस्फीति, किन्नौर और शिमला के ऊपरी हिस्से वहां पर किसी मध्यम वर्ग के बर्फबारी का रिपोर्ट है और आज यह मानना है कि प्रदेश के ऊपरी हिस्से, जिसमें चंबा, लाहौलस्फीति, किन्नौर, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा इन इलाकों में जिस जगह पर भारी बर्फबारी हो सकती है और प्रदेश के जो निचले क्षेत्र के लिए वहां पर बारिश और कुछ इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
सबसे लंबा नदी क्रूज, गंगा विलास, वर्तमान में पश्चिम बंगाल में है। यह निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार आज नदिया में मटियारी की ओर बढ़ेगा।
मुख्य समाचार एक बार फिर:-