Sensex witnesses modest gains, Nifty observes modest losses amid mixed global cues
259 candidates left in fray after withdrawal of names for Tripura Assembly Election on Feb 16
Women's Cricket: Final T20I of Tri-Nation series underway between India and South Africa
Railways revenue earnings in passenger segment goes up by 73%
Sarbananda Sonowal inaugurates First Sustainable Finance Working Group Meeting of G20 under India's Presidency in Guwahati
J&K Police arrests LeT terrorist involved in the blast in Narwal
India condemns violence by Khalistani extremists in Australia targeting Indian community; Requests Australia to ensure their safety and security
Telangana Assembly Budget Session to start on Friday
India's Haj quota for 2023 fixed at 1,75,025: Govt
CBI Director stresses on need for increased international cooperation among police agencies
मुख्य समाचार -
भारतीय जनता पार्टी गुजरात विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत के बाद सोमवार को नई सरकार का गठन करेगी।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की नये नेता के चुनाव के लिए, आज शिमला में बैठक होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-चुनाव परिणाम दर्शाते हैं कि आम लोगों की आकांक्षा नये भारत के निर्माण की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के 97वें फाउंडेशन कोर्स के समापन समारोह को सम्बोधित करेंगी।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने ऑस्ट्रिया से प्रत्यर्पित 2019 तरनतारन बम विस्फोट के षडयंत्रकर्ता बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया।
और फीफा फुटबाल विश्वकप में आज से क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू होंगे। पहले मैच में ब्राजील का मुकाबला क्रोएशिया से।
----------
गुजरात में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी सोमवार को नई सरकार का गठन करेगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी ने इस बार के चुनाव में पिछली बार से लगभग 3 फ़ीसदी से ज्यादा यानी 52.5 फ़ीसदी मत प्राप्त किए जो उसकी ऐतिहासिक जीत का कारण बने। कांग्रेस सबसे ज्यादा घाटे में रही और पिछली बार के लगभग 41 फ़ीसदी मतों की वजह इस बार उसे केवल 27.3 फ़ीसदी वोट मिले वहीं आम आदमी पार्टी को 12.9 फ़ीसदी वोट प्राप्त हुए। प्रदेश के 33 में से 14 ऐसे जिले रहे जहां भारतीय जनता पार्टी ने सभी सीटें अपनी झोली में डाली। शहरी बसावट वाले जिलों गांधीनगर अहमदाबाद वडोदरा सूरत और राजकोट में जहां उसे 60 में से 57 सीटें मिली। मानस प्रतिम सरमा के साथ सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
उत्तर प्रदेश में मैनपुरी संसदीय सीट समाजवादी पार्टी की डिम्पल यादव ने जीती है।
विधानसभा उप-चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल और समाजवादी पार्टी गठबंधन खतौली निर्वाचन क्षेत्र और भाजपा रामपुर निर्वाचन क्षेत्र से विजयी रहे हैं। बिहार में कुढ़नी सीट भारतीय जनता पार्टी को मिली है।
छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर और राजस्थान में सरदारशहर विधानसभा उप-चुनाव में कांग्रेस विजयी रही हैं।
ओडिसा में पद्मपुर विधानसभा सीट पर बीजू जनता दल ने जीत दर्ज की है।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की आज शिमला में बैठक होगी। बैठक में कांग्रेस विधायक दल का नेता चुनने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत करने का प्रस्ताव पारित होने की संभावना है। बैठक की अध्यक्षता भूपेश बघेल और भूपेन्द्र सिंह हुड्डा करेंगे। हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला भी बैठक में भाग लेंगे। कांग्रेस के सामने अब अनेक दावेदारों में से किसी को नया मुख्यमंत्री चुनने की चुनौती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिला जनादेश नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतीक है। नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में उन्होंने कहा कि भाजपा को मिला जनसमर्थन, युवा सोच और युवा भारत का प्रतिबिम्ब है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के आम लोगों की आकांक्षा विकसित भारत के निर्माण की है।
भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। भारत के युवाओं की युवा सोच का प्रकटीकरण है। भाजपा को मिला समर्थन गरीब, दलित, वंचित, पिछड़े, आदिवासियों के
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जनादेश समाज के निर्धन, शोषित और वंचित वर्ग तथा जनजातियों के सशक्तिकरण के लिए भाजपा को मिला समर्थन है। उन्होंने कहा कि भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार बढ़ते जनाक्रोश को वे स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सकारात्मक मानते हैं।
लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा देश के हित में बडे से बड़े और कड़े से कड़े फैसले लेने का दम रखती है। भाजपा का बढ़ता जनसमर्थन ये दिखाता है कि परिवारवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आक्रोश लगातार बढ़ रहा है और मैं इस बात को स्वस्थ लोकतंत्र के लिए एक शुभ संकेत के रूप में देखता हूं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणामों पर श्री मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस को मिले वोटों का अंतर एक प्रतिशत से भी कम है, जो दर्शाता है कि राज्य के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की जीत के लिये प्रयास किया। उन्होंने हिमाचल के लोगों को आश्वास्त किया कि चुनाव में हार के बावजूद केन्द्र सरकार राज्य के विकास के लिए हर सम्भव प्रयास करेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के फाउंडेशन कोर्स के समापन समारोह को सम्बोधित करेंगी। दोपहर में वे देहरादून में दून विश्वविद्यालय के वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और उत्तराखण्ड की विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली महिलाओं, स्व-सहायता समूहो और छात्राओं से बातचीत करेंगी। श्रीमती मुर्मु आज उत्तरखण्ड की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगी। राष्ट्रपति उत्तराखण्ड के दो दिन के दौरे पर कल शाम देहरादून पहुंची।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एन.आई.ए. ने पंजाब में तरनतारन बम विस्फोट के षडयंत्रकर्ता बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। ऑस्ट्रिया ने इंटरपोल के साथ समन्वय से उसे भारत प्रत्यर्पित किया था। फरार अपराधी बिक्रमजीत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर पंजाब में आतंकी हमलों के लिए गिरोह तैयार किया था। एन.आई.ए. ने उसे वापस भारत लाने के लिए ऑस्ट्रिया में अपना एक दल भेजा था।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी तथा श्रीलंका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ अगले वर्ष जनवरी और फरवरी में सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। ये मुकाबले अगले महीने की 3 तारीख को मुंबई में ट्वेंटी-ट्वेंटी मैच के साथ शुरू होंगे और 15 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में एकदिवसीय मैच के साथ समाप्त होंगे।
महिला क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच ट्वेंटी-ट्वेंटी मैचों की श्रृंखला का पहला मैच आज नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। दूसरा टी-20 मैच इसी मैदान पर रविवार को खेला जाएगा। अन्य मैच इस महीने की 14, 17 और 20 तारीख को ब्रेबोर्न स्टेडियम में होंगे।
और अब, फीफा फुटबॉल विश्व कप की खबरों के साथ हैं- नवीन सक्सेना।
फुटबॉल विश्व कप में आज से रोमांच और बढ़ जाएगा। क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली आठ टीमों में से चार पूर्व विजेता हैं, जबकि चार टीम पहली बार खिताब जीतने की कोशिश करेंगी। पिछली बार की उपविजेता क्रोएशिया पहले क्वार्टर-फाइनल में पांच बार की चैंपियन ब्राजील का सामना करेगी। मैच रात साढ़े आठ बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अब तक कुल 4 मैच खेले हैं जिनमें से तीन मैच ब्राजील के नाम रहे जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है 2006 और 2014 के विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 1-1 मैच खेला गया था और दोनों बार ब्राजील विजयी रहा था। वहीं देर रात साढ़े बारह बजे दूसरे क्वार्टर फाइनल में तीन बार उपविजेता नीदरलैंड्स का सामना अर्जेंटीना से होगा। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 9 मैच खेले गए हैं, इनमें से 4 बार नीदरलैंड को जीत मिली है, जबकि अर्जेंटीना 3 बार जीतने में सफल रही है। इनमें से 5 मुकाबले विश्व कप में ही हुए हैं। आखिरी बार दोनों टीमें 2014 के विश्व कप सेमीफाइनल में भिड़ीं थीं जहां पेनेल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना को जीत हासिल हुई थी।
वर्ल्ड टूर फाइनल्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में एच. एस. प्रणय को हार का सामना करना पड़ा। दूसरे ग्रुप मुकाबले में प्रणय को चीन के लू ग्वांग झू ने हराया। अगले ग्रुप मैच में प्रणय का सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त डेनमार्क के विक्टर एलेक्सन से होगा। प्रणय थॉमस कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा थे।
बंगाल की खाड़ी पर बना चक्रवात मांडोस चेन्नई से 350 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व और कराईकल से लगभग 270 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व में केन्द्रित हो गया है। इसके तेज चक्रवात में बदलकर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की सम्भावना है। चक्रवात आज आधी रात और कल तड़के 85 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से महाबलिपुरम के निकट पुद्दुचेरी और श्री हरिकोटा से गुजर सकता है। इसके असर से कई जिलों में तेज वर्षा हो सकती है। तमिलनाडु के मुख्य सचिव वी. इरैई आनबू आज शाम स्थिति की समीक्षा करेंगे। विमान सेवा रोके जाने की स्थिति में उड़ानें बेंगलुरु और हैदराबाद हवाई अड्डे के लिए स्थानान्तरित की जा सकती हैं।
समाचार पत्रों की सुर्खियों
गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभाओं के चुनाव परिणाम अखबारों की बड़ी खबर है। जनसत्ता की सुर्खी है - मोदीमय गुजरात, हिमाचल को हाथ। प्रधानमंत्री के गृह राज्य में भाजपा ने 156 सीट जीत कर रचा इतिहास, पहाड़ी प्रदेश में नहीं बदला रिवाज। हिमाचल में जीत के बाद विधायकों को संभालने में जुटी कांग्रेस, रणनीति के तहत चंडीगढ़ बुलाया।
अखबारों के मुख पृष्ठ पर चुनावी विश्लेषण छाए हुए हैं। दैनिक भास्कर का कहना है - गुजरात में 33 में से 22 जिलों में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला, आदिवासी गढ़ भी ध्वस्त। भाजपा ने 19 में से 15 मुस्लिम बहुल सीटें जीतीं, इनमें छह ऐसी सीटें जो पार्टी कभी जीत नहीं पाई थी। हिमाचल में वोट घटने से बाजी पलटी। राष्ट्रीय सहारा की टिप्पणी है - कम या ज्यादा सबको मिली खुशी।
बैंक दरों में लगातार हो रही वृद्धि के माहौल में दैनिक जागरण का शीर्षक है - कर्ज की मांग में तेजी बरकरार, ब्याज दर में बढ़ोतरी पर नहीं पड़ा असर, लगातार बढ़ रहा गैर खाद्य ऋण।
हिन्दुस्तान के बिजनेस पेज की खबर है - अटके हुए घरों की योजना के लिए केन्द्र ने पांच हजार करोड़ रुपये दिए। निवेश कोष का प्रबंधन करने वाली कंपनी एसबीआई कैपिटल वेंचर्स ने कहा स्वामी निवेश कोष का आकार 15 हजार पांच सौ तीस करोड़ रुपये हुआ।
नवभारत टाइम्स ने केन्द्रीय श्रम मंत्री भूपेन्द्र यादव के हवाले से लिखा है - कर्मचारियों की मनमानी छंटनी है गैर-कानूनी। सौ से अधिक कर्मचारियों वाली कंपनियों के लिए संस्थान को बंद करने या उनमें कर्मचारियों की छटंनी से पहले सरकार से अनुमति लेना जरूरी है। पत्र ने सेंटर फॉर मानिटरिंग इंडियन इकनोमी का उल्लेख करते हुए लिखा है - देश में ग्रामीण क्षेत्र में नवंबर महीने में 43 लाख नौकरियां बढ़ीं।
दैनिक जागरण की सुर्खी है - सरकारी मदद से वर्ष 2026 तक घर की छातों पर लगा सकेंगे सोलर पैनल। एक किलो वॉट के सोलर पैनल पर 14 हजार पांच सौ 88 रुपये की मिलेगी सब्सिडी। तीन किलो वॉट तक पैनल स्थापना पर ली जा सकती है सब्सिडी। पांच साल तक वेंडर देगा सर्विस।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- चुनाव परिणाम दर्शाते हैं कि आम लोगों की आकांक्षा विकसित भारत के निर्माण की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के फाउंडेशन कोर्स के समापन समारोह को सम्बोधित करेंगी।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने तरनतारन बम विस्फोट के षडयंत्रकर्ता बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया।