Sensex witnesses modest gains, Nifty observes modest losses amid mixed global cues
259 candidates left in fray after withdrawal of names for Tripura Assembly Election on Feb 16
Women's Cricket: Final T20I of Tri-Nation series underway between India and South Africa
Railways revenue earnings in passenger segment goes up by 73%
Sarbananda Sonowal inaugurates First Sustainable Finance Working Group Meeting of G20 under India's Presidency in Guwahati
J&K Police arrests LeT terrorist involved in the blast in Narwal
India condemns violence by Khalistani extremists in Australia targeting Indian community; Requests Australia to ensure their safety and security
Telangana Assembly Budget Session to start on Friday
India's Haj quota for 2023 fixed at 1,75,025: Govt
CBI Director stresses on need for increased international cooperation among police agencies
मुख्य समाचार:-
संसद का शीतकालीन सत्र कल से। संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा - सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भविष्य में खाद्यान्न के रूप में मोटे अनाज के इस्तेमाल पर जोर दिया।
विश्व बैंक ने भारत के, दुनिया की सबसे तेजी से बढती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बने रहने का अनुमान व्यक्त किया। वर्ष 2022-23 के लिए सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर साढे छह प्रतिशत से बढाकर छह दशमलव नौ प्रतिशत की।
सरकार की नि:शुल्क टेलीमेडिसिन सेवा ई-संजीवनी ने आठ करोड टेली परामर्श के साथ एक बडी उपलब्धि हासिल की।
दक्षिण अमरीका के कोलम्बिया में जमीन धंसने की आपदा में 34 लोगों की मृत्यु।
फीफा विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में मोरक्को और स्पेन का मुकाबला जारी। एक अन्य मुकाबला आज आधी रात पुर्तगाल और स्विजरलैंड के बीच।
---------------
संसद के शीतकालीन सत्र से पहले आज नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक हुई। इसमें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाग लिया। सर्वदलीय बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति की अनुमति से सरकार सदन में किसी भी मुददे पर चर्चा के लिए तैयार है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सरकार से आग्रह किया कि शीतकालीन सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा कराई जाये।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज कार्य परामर्श समिति बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सदन की सुचारू कार्रवाई के लिए नेताओं से सहयोग की अपील की। सभी उपस्थित नेताओं ने आश्वासन दिया कि वे पूरा सहयोग करेंगे।
संसद का शीतकालीन सत्र कल से शुरू होगा और इस महीने की 29 तारीख तक चलेगा। 23 दिन के इस सत्र के दौरान 17 बैठकें होंगी।
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज विशेष परिचर्चा - संसद के समक्ष मुद्दे प्रसारित करेगा। यह कार्यक्रम रात साढ़े नौ बजे से एफ एम गोल्ड, इन्द्रप्रस्थ, ए आई आर लाइव न्यूज़ 24×7 चैनल पर सुना जा सकता है।
अंग्रेजी में इश्यूज़ बिफोर पार्लियामेंट रात साढ़े नौ बजे से एफ. एम. रेनबो पर सुन सकते हैं।
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही आज अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। तीन दिनों तक चलने वाला सत्र दूसरे दिन ही समाप्त कर दिया गया।
इससे पहले दोनों सदनों में 33 हजार सात सौ 69 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पारित किया गया।
दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए हुए मतदान की गणना कल होगी। मतगणना सवेरे आठ बजे शुरू हो जायेगी। राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि सुचारू मतगणना सुनिश्चित करने के लिए सभी केन्द्रों पर व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
दिल्ली में काऊंटिंग करने के लिए 42 काऊंटिंग सेंटर्स बनाए हैं उनके लोकेशन दिल्ली के अंदर चारो तरफ फैली है। वहां पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाएंगे और वहां से हम टाइम टू टाइम बुलेटिन्स भी देते रहेंगे कि किस तरिके से काऊंटिंग चल रही है और क्या उसके ट्रेंडस चल रहे हैं।
एक हजार तीन सौ 49 से अधिक उम्मीदवारों के राजनैतिक भाग्य का फैसला कल होना है।
निर्वाचन आयोग ने गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना बृहस्पतिवार को होगी। एक सौ बयासी विधानसभा सीटों के लिए सैंतीस गणना केंद्र बनाए गए हैं। अहमदाबाद जिले में सबसे अधिक तीन गणना केंद्र हैं।
ईवीएम समुचित सुरक्षा के साथ स्ट्रांग रूम्स में रखी गई हैं। ईवीएम के साथ डाक मत पत्रों की भी गिनती की जाएगी। चुनाव के दौरान मतदान पुष्टि पर्ची मशीनें भी इस्तेमाल की गईं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पोषक या मोटे अनाज भोजन में शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष के अवसर पर इटली में रोम स्थित खाद्य और कृषि संगठन के मुख्यालय में आयोजित समारोह के लिए अपने संदेश में कहा कि मोटे अनाज पौष्टिक तत्वों का महत्वपूर्ण स्रोत रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पोषक अनाज के लिए विश्वभर में जारी आंदोलन खाद्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पोषक अनाज की खेती सरल, जलवायु अनुकूल और सूखा प्रतिरोधी है। श्री मोदी ने कहा कि मोटे अनाज उपभोक्ता, कृषक और जलवायु के लिए बेहतर हैं।
प्रधानमंत्री ने 2023 को अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष के रूप में मनाने के लिए बधाई दी।
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा कारनदलाजे समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री का संदेश पढ़ कर सुनाया।
सरकार की नि:शुल्क टेलीमेडिसन सेवा ई-संजीवनी ने आठ करोड़ की परामर्श संख्या के साथ ही एक नयी उपलब्धि हासिल कर ली है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इनमें से एक करोड़ से अधिक परामर्श तो लगभग पांच सप्ताह में दर्ज हुए हैं। राष्ट्रीय टेलीमेडिसन सेवा ई-संजीवनी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारंपरिक परामर्श का विकल्प बनकर उभरी है। मंत्रालय के अनुसार तीन वर्ष से भी कम समय में ये सरकारी टेलीमेडिसन सेवा विश्व की इस तरह की सेवाओं में विशालतम हो गयी है।
विश्व बैंक ने कहा है कि भारत की आर्थिक वृद्धि दर वर्ष 2022-23 में छह दशमलव नौ प्रतिशत रहने की संभावना है। विश्व बैंक ने अक्तूबर के छह दशमलव पांच प्रतिशत वृद्धि दर के अनुमान को बढ़ाते हुए यह बात कही। विश्व बैंक ने कहा है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में बना रहेगा।
जी-20 संगठन की अध्यक्षता भारत के पास आने के बाद आयोजित पहली शेरपा बैठक के तीसरे दिन आज राजस्थान के उदयपुर में कई प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों जैसे समावेशी विकास, बहुपक्षीयता और महिलाओं के नेतृत्व में विकास पर चर्चा हुई। साथ ही खाद्य, ईंधन और उर्वरक भी चर्चा का विषय रहे। इसके साथ ही उदयपुर में हुई शेरपा बैठक के पांचों सत्रों का आज समापन हुआ।
भारत की ओर से जी-20 के शेरपा अमिताभ कांत ने चर्चा का आरंभ करते हुए कृषि, व्यापार, निवेश और रोजगार, भ्रष्टाचार निवारण, पर्यटन तथा संस्कृति को लेकर छह विभिन्न कार्य बलों में भारत की वरीयताओं को स्पष्ट किया। सत्र समापन के बाद जी-20 शेरपाओं और प्रतिनिधियों को सुप्रसिद्ध शिल्पग्राम ले जाया गया।
नौवां आयुर्वेद सम्मेलन शुक्रवार को गोवा में शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को सम्मेलन के समापन समारोह में भाग लेंगे। चार दिन के इस सम्मेलन में करीब पांच हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनमें 30 देशों से आए दो सौ से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री तीन राष्ट्रीय आयुष संस्थान देश को समर्पित करेंगे। आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने बताया कि ये तीनों संस्थान पारम्परिक चिकित्सा पद्धति में बुनियादी ढांचे के विस्तार और अनुसंधान को प्रोत्साहन देने के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने की दिशा में एक कदम है।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने व्यवस्था दी है कि असामान्य भ्रूण वाले मामलों में गर्भावस्था के बारे में अंतिम फैसला मां पर ही छोड़ना सही विकल्प है। न्यायालय ने इस बात पर बल दिया कि ऐसे मामलों में मेडिकल बोर्ड को गरिमामय तरीके से रिपोर्ट देनी चाहिए। रिपोर्ट में यह उल्लेख होना चाहिए कि गर्भावस्था जारी रखने या गर्भपात कराने में महिला को क्या जोखिम हैं।
कोलम्बिया में तेज वर्षा और जमीन धंसने की आपदा में 34 लोगों के मरने की खबर है। देर से प्राप्त समाचारों के अनुसार रविवार को देश के उत्तर-पश्चिम प्रांत रिसाराल्डा में एक बस और कई वाहन जमीन में धंस गए थे। कोलम्बिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया है कि बचावकर्मी मलबा हटाने और लोगों को बाहर निकालने में लगे हैं। अधिकारियों ने बताया कि नौ व्यक्तियों को आज सुरक्षित निकाला गया।
दक्षिण अंडमान सागर और आसपास बना हवा के कम दबाव का क्षेत्र समुद्री तूफान मंडौस में बदल गया है। इसके बृहस्पतिवार तक उत्तरी तमिलनाडु-पुदुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने की आशंका है। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि चक्रवात के कारण तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराइकल के कुछ भागों में हल्की से सामान्य वर्षा होगी।
राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति ने आज बंगाल की खाड़ी के ऊपर संभावित चक्रवाती तूफान के बारे में केंद्रीय मंत्रालयों, एजेंसियों और राज्य सरकारों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने कहा कि आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के अधिकारियों को निवारक और एहतियाती उपाय करने चाहिए।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने तमिलनाडु के लिए पांच और पुद्दुचेरी के लिए तीन दल तैयार किए हैं। आंध्र प्रदेश के लिए भी दलों को तैयार किया जा रहा है। सेना और नौसेना के बचाव और राहत दल भी आवश्यक मदद के लिए तैयार है।
राष्ट्र आज भारत रत्न डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर को उनके 67वें महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि दे रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सवेरे नई दिल्ली में संसद भवन परिसर में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी ने भी डॉक्टर आम्बेडकर को श्रद्धांजलि दी।
कतर में फीफा फुटबॉल विश्व कप में अंतिम 16 में इस समय मोरक्को का मुकाबला स्पेन से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दोनों टीम कोई गोल नहीं कर सकी थीं। आज देर रात साढ़े 12 बजे पुर्तगाल का मुकाबला स्विट्जरलैंड से होगा।
दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो, जाओ फिलिक्स और ब्रूनो फर्नांडीज़ की तिकड़ी स्विट्जरलैंड के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं। अपना पांचवां विश्व कप खेल रहे रोनाल्डो ने नॉक आउट मुकाबलों में कोई गोल नहीं किया है, और वह अपने इस अनचाहे रिकॉर्ड को तोड़ना चाहेंगे। टीम की डिफेंस और मिडफील्ड अब तक बेहतर लय में दिखी है। पुर्तगाल 2006 के बाद पहली बार अंतिम 16 में पहुची है। दूसरी ओर स्वि्जरलैंड की टीम को जीत दिलाने का दारोमदार काफी हद तक ब्रील एम्बोलो पर होगा। उन्होंने ग्रुप चरण में दो गोल किये हैं। पिछले पांच मैचों में इनके नाम चार गोल हैं। जार्दन शकीरी भी अच्छे फॉर्म में हैं, और आज बेहतर प्रदर्शन कर स्विट्जरलैंड को 1954 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह दिलाना चाहेंगे। बहरहाल दोनों टीमों की रणनीतियों को देखते हुए रोमांचक मैच देखने को मिल सकता है।
लवलीन निगम, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली
पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला क्रोएशिया और ब्राजील के बीच शुक्रवार को खेला जाएगा।
भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच कल ढाका में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह साढे 11 बजे से शुरू होगा।
शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने विदयार्थियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 30 दिसम्बर तक प्रविष्टियां भेजी जा सकती हैं।
संघ लोक सेवा आयोग-यू. पी. एस. सी. ने इस साल सितंबर में हुई प्रशासनिक सेवा की मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों के साक्षात्कार के ई-समन पत्र आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज दो सौ आठ अंक गिरकर 62 हजार 626 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 58 अंक फिसलकर 18 हजार छह सौ 43 पर आ गया।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर
· संसद का शीतकालीन सत्र कल से। संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा - सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार।
· प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भविष्य में खाद्यान्न के रूप में मोटे अनाज के इस्तेमाल पर जोर दिया।
· विश्व बैंक ने भारत के, दुनिया की सबसे तेजी से बढती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बने रहने का अनुमान व्यक्त किया। वर्ष 2022-23 के लिए सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर साढे छह प्रतिशत से बढाकर छह दशमलव नौ प्रतिशत की।
· सरकार की नि:शुल्क टेलीमेडिसिन सेवा ई-संजीवनी ने आठ करोड टेली परामर्श के साथ एक बडी उपलब्धि हासिल की।
· दक्षिण अमरीका के कोलम्बिया में जमीन धंसने की आपदा में 34 लोगों की मृत्यु।
· फीफा विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में मोरक्को और स्पेन का मुकाबला जारी। एक अन्य मुकाबला आज आधी रात पुर्तगाल और स्विजरलैंड के बीच।
-------