Leaders from energy sector meet PM Modi during India Energy Week in Bengaluru today
Parliament of India reflects hopes and aspirations of 140 crore citizens: LS Speaker Om Birla
Relief to MSMEs: Centre orders Ministries to refund performance/bid security and liquidated damages forfeited deducted during Covid-19
China says the airship over Latin America is Chinese - second confirmation in days about “out of control” Chinese airships
NIA arrests seven accused from Phulwarisharif in Bihar in connection with PFI case
LS Speaker Om Birla inaugurates 3-day orientation programme for probationers of 72nd batch of Indian Revenue Service
Naval Light Combat Aircraft, MIG29 K Fighter Aircraft successfully take-off on INS Vikrant
MoS for Commerce and Industry Som Parkash reviews progress of PM Gati Shakti
Pawan Hans Limited to launch helicopter services on six routes in Assam from 8th February
Death toll crosses over 2,000, several injured after massive earthquakes hit Turkey and Syria
मुख्य समाचार:-
*******
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज सुचारू रूप से सम्पन्न हो गया। अंतिम सूचना मिलने तक लगभग 60 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि मतदान के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. भारती ने चुनाव में भागीदारी के लिए मतदाताओं को धन्यवाद दिया।
उत्साही युवा मतदाता, नव दम्पतियों से लेकर शतायु मतदाता और दिव्यांगजनों तक, कई मतदाताओं ने अपनी विशेष भागीदारी से आज के चुनाव को खास बनाया. 69 महिलाओं सहित 833 प्रत्याशियों का राजनीतिक भाग्य आज ईवीएम में कैद हो गया। इस चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उनके सात मंत्रियों सहित कई प्रमुख उम्मीदवार मैदान में थे। यह चुनाव राज्य के प्रमुख युवा नेताओं का भविष्य भी तय करेगा, जिनमें भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले हार्दिक पटेल और अल्पेश ठाकोर और कांग्रेस के उम्मीदवार जिग्नेश मेवाणी शामिल हैं। उनके अलावा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता जैसे सुखराम राठवा, सीजे चावड़ा, अमित चावड़ा और शैलेश परमार भी मैदान में थे। कई सीटों पर द्वि-ध्रुवीय तो कई सीटों पर त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिलेगा। सुशील चंद्र तिवारी के साथ, अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार,अहमदाबाद।
-------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद के रानिप क्षेत्र के निशान हाई स्कूल में मतदान किया। श्री मोदी ने संवाददाताओं से बातचीत में लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी के लिए मतदाताओं और निर्वाचन आयोग को धन्यवाद दिया।
मैं इलेक्शन कमीशन को भी हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं। उन्होंने शानदार तरीके से पूरे विश्व में भारत की लोकतंत्र की प्रतिष्ठा बढ़े, इस प्रकार से चुनाव का संचालन करने की एक महान परम्परा विकसित की है और उसका एक उत्तम उदाहरण इस चुनाव में भी नज़र आया।
उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा सीट और पांच राज्यों की छह विधानसभा सीटों के उपचुनाव का मतदान संपन्न हो गया है। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर लगभग 52 प्रतिशत और रामपुर विधानसभा सीट पर 31 दशमलव दो-दो प्रतिशत, जबकि खतौली में 54 दशमलव पांच प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। बिहार की कुढनी में 53 प्रतिशत मतदान हुआ।
राजस्थान में चुरू जिले की सरदारशहर विधानसभा सीट पर आज हुए उपचुनाव में शाम पांच बजे तक लगभग 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा की भानुप्रतापपुर सीट पर लगभग 72 प्रतिशत मतदान की खबर है।
ओडिसा विधानसभा की पदमपुर सीट पर आज हुए उपचुनाव में सर्वाधिक मतदान हुआ। शाम छह बजे तक 80 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव और अन्य राज्यों में उपुचनाव के लिए मतगणना बृहस्पतिवार को होगी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सभी 68 सीटों के लिए 12 नवम्बर को वोट डाले गए थे।
अधिकांश एग्जिट पोल में गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत की भविष्यवाणी की गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला होने की संभावना व्यक्त की गई है। विभिन्न समाचार चैनलों के एग्जिट पोल के अनुसार गुजरात में भाजपा को 117 से 151 के बीच सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 30 से 51 सीटें और आम आदमी पार्टी को दो से 21 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की गई है।
हिमाचल प्रदेश में भाजपा को 24 से 42 और कांग्रेस को 24 से 40 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। आम आदमी पार्टी को दहाई से कम सीटें मिलने की भविष्यवाणी की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी-20 की भारत की अध्यक्षता के बारे में आज सभी बड़े राजनीतिक दलों के प्रमुखों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। इसमें भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, ओडिसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शामिल थीं। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, संसदीय कार्य मत्री प्रह्लाद जोशी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और अन्य केंद्रीय मंत्री भी उपस्थित थे। भारत ने पहली दिसंबर को औपचारिक रूप से जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित किया और उनका मार्गदर्शन किया। दो दिन की इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने की। बैठक में पार्टी की भावी रणनीति पर चर्चा की जा रही है। बाद में पार्टी नेता रमन सिंह ने नई दिल्ली में बताया कि बैठक में कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं के लिए, हम सबके लिए न केवल प्रेरणादायक विषय की, बल्कि इन विषयों की भी चर्चा हुई। विगत वर्षों में देश कैसे एक आर्थिक शक्ति बनकर विश्व में उभरा है। कोविड का संकट था, यूक्रेन का युद्ध चल रहा था। उसके बाद भी भारत एक शक्तिशाली शक्ति के रूप में उभर के आए। जी-20 का नेतृत्व ये विषय प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। यह अवसर है भारत, भारतीयता और संस्कृति को विश्व पटल पर स्थापित करने का और जी-20 में प्रत्येक नागरिक नूतनता के साथ उनकी भागीदारी हो इस बात का भी आग्रह हुआ।
भारत और जर्मनी ने प्रवासन और गतिशीलता समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे के देश में अध्ययन, अनुसंधान और काम करने के लिए आसान पहुंच की सुविधा मिल सकेगी।
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रमण्यम जयशंकर और जर्मनी की विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक ने आज नई दिल्ली में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। डॉक्टर जयशंकर ने बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दोनों पक्षों ने जलवायु परिवर्तन, यूक्रेन में संघर्ष, हिंद-प्रशांत रणनीतिक स्थिति और अफगानिस्तान, ईरान तथा सीरिया की स्थिति पर चर्चा की।
श्री सुब्रमण्यम जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने अधिक विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखला बनाने और मौजूदा चुनौतीपूर्ण स्थिति में वैश्विक अर्थव्यवस्था को सुरक्षित करने पर भी चर्चा की।
सरकार ने संसद के शीतकालीन सत्र से पहले कल सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक में सभी राजनीतिक दलों से संसद के दोनों सदनों की सुचारू कार्यवाही के लिए सहयोग मांगा जायेगा। संसद का शीतकालीन सत्र सात दिसम्बर से 29 दिसम्बर तक चलेगा। इस दौरान 17 बैठकें होंगी। इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आशा व्यक्त की कि सत्र के दौरान रचनात्मक और सार्थक विचार-विमर्श होगा।
उत्तरप्रदेश विधानमंडल का तीन दिन का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हुआ। राज्य सरकार ने 33 हजार सात सौ करोड रूपये का पूरक बजट पेश किया। सदन की बैठक कल सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई। बजट पर चर्चा कल कराई जायेगी। सत्र के आरंभ में दोनों सदनों के सदस्यों ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सरकार ने मोटे अनाज के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए आज नई दिल्ली में मोटा अनाज-पोषक आहार सम्मेलन आयोजित किया। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल एक दिन के सम्मेलन में मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर सरकार ने 30 संभावित आयातक देशों और भारत के 21 मोटे अनाज उत्पादक राज्यों पर ई-कैटलॉग जारी किया।
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में मोटे अनाज का महत्व और इनका उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। स्टूडियो में उपस्थित विशेषज्ञ - भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में बीज विभाग में अपर महा-निदेशक डॉक्टर डी.के. यादव और कृषि तथा किसान कल्याण मंत्रालय में अपर आयुक्त, आर.पी. सिंह श्रोताओं के प्रश्नों के उत्तर देंगे।
श्रोता, पोषण में मोटे अनाज के महत्व, इनका उत्पादन और पर्यावरणीय प्रभाव, उपभोग और निर्यात बढ़ाने के सरकार के उपाय और अगला वर्ष अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष के रूप में मनाए जाने से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं। पब्लिक स्पीक कार्यक्रम रात साढे नौ बजे एफ.एम. गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर प्रसारित होगा। श्रोता टेलीफोन नंबर 011 - 2 3 7 1 7 1 0 6 और 011 - 2 3 3 1 4 4 4 4 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
फीफा विश्वश्वकप फुटबॉल के प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान का मुकाबला क्रोएशिया से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक मुकाबला गोल रहित बराबरी पर था।
देर रात साढ़े बारह बजे ब्राजील का सामना दक्षिण कोरिया से होगा। रिपोर्ट के साथ हैं खेल डेस्ट से आनन्द श्रीवास्तव।
दक्षिण कोरिया की टीम फीफा विश्वकप में देर रात प्री क्वार्टर फाइनल में पांच बार की चैंपियन ब्राजील के सामने होगी। स्टेडियम 974 में होने वाले मुकाबले में एशियाई छुपेरुस्तम का मकसद एक और उलटफेर कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने पर होगा। टीम 12 साल के बाद नॉकआउट चरण में पहुंची है। टीम बेहतरीन लय में भी है और पिछले पांच में से तीन मैच में जीत दर्ज की है। उधर खिताब की दावेदार मानी जा रही ब्राजील के लिए अच्छी बात ये है कि स्टार स्ट्राइकर नेमार इस मुकाबले में चोट से उबरकर खेल सकते हैं। स्ट्राइकर गैबरियल जीसस और डिफेंडर एलेक्स टेलेस कैमरून के खिलाफ लगी चोट के कारण पूरे विश्वकप से ही बाहर हो गए हैं। टेलेस के बाहर होने से रक्षा पंक्ति की मजबूती पर असर पड़ेगा। फुलबैक डेनिलो और एलेक्स सांद्रो की चोट के बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है। यदि ये दोनों फिट नहीं हुये तो सेंटर बैक मारक्विन्हो को लेफ्ट और डैनी अल्वेस को राइट फ्लैंक पर रखा जा सकता है। दोनों टीमों ने अब तक सात मैत्री मैच खेले है जिसमें ब्राजील ने छह में जीत दर्ज की है। दक्षिण कोरिया की एकमात्र जीत 1999 में आई थी।
मौसम का पूर्वानुमान-
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह हल्का कोहरा छाये रहने की संभावना है। मुम्बई में आमतौर पर आसमान साफ रहने की संभावना है। कोलकाता में आसमान साफ रहेगा। चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। श्रीनगर में आंशिक रूप से बादल छाये रहने की संभावना है। जम्मू में दिन में आसमान साफ रहने लेकिन शाम तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार है। गिलगित में आमतौर पर बादल छाए रहेगे। पूर्वोत्तर क्षेत्र में अगरतला, आइजोल, कोहिमा, शिलांग, ईटानगर में सुबह कोहरा छाया रह सकता है लेकिन बाद में आसमान साफ रहेगा।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर
· गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में लगभग 60 प्रतिशत वोट डाले गए।
· उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट और पांच राज्यों में विधानसभा की छह सीटों के उपचुनाव के लिए भी मतदान सम्पन्न।
· गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव और अन्य राज्यों में उपुचनाव के लिए मतगणना बृहस्पतिवार को होगी।
· प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वर्ष के लिए जी-20 की भारत की अध्यक्षता के बारे में सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की।
· भारत और जर्मनी ने दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे के देश में अध्ययन, अनुसंधान और काम करने में सुगमता के लिए प्रवासन और गतिशीलता समझौते पर हस्ताक्षर किए।
· और, कतर में फीफा विश्व कप में आज प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान और क्रोएशिया का मैच जारी। देर रात ब्राजील और दक्षिण कोरिया आमने-सामने होंगे।
*****