CBI Director stresses on need for increased international cooperation among police agencies
BJP releases list of all 60 candidates for Meghalaya assembly polls
LCA Tejas to be at the centre stage of ‘India Pavilion’ at 14th edition of Aero India Show
Digi Yatra to be implemented at Kolkata, Pune, Vijayawada and Hyderabad Airports by March 2023
One-day workshop organised at Bhopal under India's G-20 presidency
Govt is taking measures to augment domestic capacity for the future realisation of space tourism: Dr Jitendra Singh
India to hold first Energy Transitions Working Group Meeting in Bengaluru from Feb 5 under G-20 presidency
Parliamentary delegation from Zambia calls on President Droupadi Murmu
Telangana Assembly Budget Session to start on Friday
Foreign Affairs Minister of Nepal Dr Bimala Rai Paudyal leaves for Colombo to attend 75th Independence Day celebrations of Sri Lanka
मुख्य समाचार
गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने चंडीगढ में आशा कार्यकर्ताओं से बातचीत की।
भारत में 2018-2020 में मातृत्व मृत्यु दर में भारी गिरावट।
राष्ट्रपति आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2022 और राष्ट्रीय साहसी खेल पुरस्कार-2021 प्रदान करेंगी।
भारत की जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण करने के दिन कल देश की सौ इमारतों पर रोशनी की जाएगी।
क्राइस्टचर्च में, भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और अंतिम एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच वर्षा के कारण रूका।
और फीफा विश्वकप में आज, फ्रांस का मुकाबला ट्यूनीशिया से और ऑस्ट्रेलिया का डेनमार्क से।
------------------------
गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए कल होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। इस चरण में 89 सीटों के लिए कुल 788 उम्मीदवार मैदान में हैं। दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र के 19 जिलों में कल मतदान होगा। मतदान सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। लगभग दो करोड 40 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनावकर्मी चुनाव सामग्री लेकर मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी भारती ने कहा कि राज्य में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
19 डिस्ट्रिक्ट्स में हो रहे हैं और 89 केंडिडेट्स हैं। हमारा पोलिंग स्टॉफ का ट्रेनिंग हो चुका है। कल से रिसिविंग एंड डिस्पैचिंग सेंटर पर काम चलेगा मतलब पोलिंग पार्टी रिसिविंग एंड डिस्पेचिंग सेंटर में आएंगे और ईवीएम्स लेकर जाएंगे। टोटल वोटर हैं फर्स्ट फेज के लिए 2 करोड़ 39लाख 76 थाउजेंड्स 760 हैं।
प्रश्न- आइये हम बात करते हैं सूरत में मौजूद हैं हमारे संवाददाता मानस प्रतिम सरमा से।
1 सूरत में चुनावी माहौल कैसा है?
यहां सूरत जिले में कुल 16 सीट्स हैं और शहरों में ही कुल 12 सीट्स हैं इसलिए विधानसभा चुनाव में यहां भाजपा ने 12 में से 12 सीट जीते थे। इस बार ज्यादातर सीटों पर भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। यहां पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और कल सुबह यहां पे दूसरी जगहों के साथ भी पहले चरण के लिए सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा।
राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि जहां झुग्गी वहां मकान हाउसिंग स्कीम से करीब 10 लाख लोगों को फायदा होगा। नई दिल्ली में आज संवाददाताओं से बातचीत में पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने से शहर के लगभग 50 लाख लोगों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में शुरू की गई लैंड पूलिंग योजना से 75 लाख लोगों को लाभ होगा। श्री पुरी ने यह भी कहा कि मास्टर प्लान- 2041 अंतिम चरण में है और इससे राष्ट्रीय राजधानी में विकास के एक नए युग की शुरूआत होगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दो दिन के हरियाणा दौरे के अंतिम दिन आज आशा कार्यकर्ताओं, महिला पहलवानों, ओलिम्पिक खिलाड़ियों और छात्राओं से बातचीत की। चंडीगढ़ में आज राष्ट्रपति ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर बल दिया।
महिलाओं में कितना ऊर्जा है। वो ऊर्जा को केवल फैमिली में, फैमिली के अंदर सीमित नहीं होना चाहिए। दुनिया लोग महिलाओं का ऊर्जा को देख रहे हैं लेकिन हम लोगों को यह देखने की जरूरत है। महिलाएं कमजोर नहीं हैं, इसीलिए और ज्यादा और बहुत सारे चैलेंजिस, बहुत सारे ओबस्टेकल को फेस करना पड़ता है। इसलिए उनको ज्यादा से ज्यादा स्ट्रांग बनाना चाहिए।
राष्ट्रपति ने राजनीति, अंतरिक्ष विज्ञान, खेल, खाद्य सुरक्षा, औद्योगिक उत्पादन और रक्षा क्षेत्र में हरियाणा के योगदान की सराहना की है। उन्होंने कल चंडीगढ़ में कहा कि छोटे क्षेत्रफल और कम आबादी वाला हरियाणा राज्य देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में सरकारी खरीद पोर्टल-जी.ई.एम. पर कल तक एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार हुआ। इस पोर्टल की शुरुआत अगस्त 2016 में हुई थी। टवीट संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की उद्यमिता क्षमता और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जी.ई.एम. पोर्टल को महत्वपूर्ण बताया है।
भारतीय रिजर्व बैंक ने कल से प्रायोगिक आधार पर खुदरा डिजिटल रुपया शुरू करने की घोषणा की है। पहले इसकी शुरूआत मुंबई, नई दिल्ली, बेंगलुरु और भुवनेश्वर शहरों में की जायेगी। बाद में इसका विस्तार किया जाएगा। रिजर्व बैंक के अनुसार इसके लिए आठ बैंकों की पहचान की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष अप्रैल से अक्तूबर की अवधि में मोबाइल फोन निर्यात दोगुने से भी अधिक होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। इन सात महीनों में मोबाइल फोन का निर्यात पांच अरब डॉलर से अधिक हो गया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह दो अरब बीस करोड़ डॉलर था। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर के ट्वीट पर श्री मोदी ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का क्रम जारी है।
भारत में पिछले कुछ वर्षों में मातृत्व मृत्यु दर में भारी गिरावट आई है। भारत के महापंजीयक कार्यालय के अनुसार वर्ष 2014-16 में यह दर प्रति लाख एक सौ तीस थी जो वर्ष 2018-20 में घटकर 97 रह गई। मातृत्व मृत्यु दर में कमी पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि सरकार की अनेक स्वास्थ्य योजनाओं के कुशल कार्यान्वयन के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है।
इलेक्ट्रोनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि देश ने पिछले आठ वर्षों में तकनीकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण विकास किया है। उन्होंने कहा कि भारत अब प्रौद्योागिकी उत्पादक बन गया है। नई दिल्ली में स्टार्ट अप राष्ट्रीय सम्मेलन के अवसर पर श्री वैष्णव ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में सात से आठ हजार स्टार्टअप देश में हैं। ये सस्ती प्रौद्योगिकी उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश मोबाइल फोन निर्माताओं में विश्व में दूसरे स्थान पर हैं। श्री वैष्णव ने कहा कि देश वाहन उद्योग, रक्षा, बिजली, इलेक्ट्रोनिकी, उवर्रक और औषधि निर्माण जैसे सभी क्षेत्रों में उदयीमान राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रोनिकी विनिर्माण के क्षेत्र 25 से 30 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध करा रहा है। आठ साल पहले इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर बहुत कम थे।
सीमापार से ड्रोन और हथियारों की तस्करी सहित आतंकी कार्रवाई की अनेक चुनौतियों के बावजूद देश के सीमा सुरक्षा बल ने राष्ट्र रक्षा में उत्कृष्ट कार्य किया है। जम्मू में सीमा सुरक्षाबल के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर महानिरीक्षक डी के बूरहा ने कहा कि पाकिस्तान से एक सौ 92 किलोमीटर की लंबी सीमा से ड्रोन गतिविधि और आतंकियों की घुसपैठ रोकने में सीमा सुरक्षाबल सफल रहा है। ड्रोन से गिराये गए बडी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सीमापार से नशीले पदार्थों की तस्करी और आतंकियों की घुसपैठ पूरी तरह रोकने के लिए सीमा सुरक्षाबल हमेशा तत्पर रहा है।
और अब नजर डालते हैं अगले वर्ष भारत में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन की खबर पर - भारत कल जी-20 की अध्यक्षता औपचारिक रूप से ग्रहण करेगा। इस सिलसिले में कल देश भर में सौ ऐतिहासिक इमारतों पर जी-20 के लोगो के साथ रोशनी की जायेगी। इस लोगो को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के रंगों केसरिया, सफेद, हरे तथा नीले रंग से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। लोगो में प्रकृति के साथ सामंजस्य रखने के प्रति भारत की जीवन दृष्टि के तौर पर दर्शाया गया है। जी-20 लोगो के नीचे देवनागरी लिपि में भारत लिखा हुआ है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि जी-20 की अध्यक्षता भारत के लिए बहुत बड़ा अवसर है जिससे देश को विश्व मंच पर प्रतिष्ठा मिलेगी। इस संबंध में करीब 32 विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर देश के अलग अलग भागों में लगभग 200 बैठकें आयोजित की जायेंगी।
श्रीलंका भारत संघ के अध्यक्ष किशोर रेड्डी ने कहा है कि जी-20 की अध्यक्षता भारत को मिलना एक महान अवसर है। हमारे संवाददाता से विशेष बातचीत में श्री रेड्डी ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत जी-20 के मंच पर श्रीलंका जैसे देशों के हितों की रक्षा करेगा। श्री रेड्डी ने कहा कि आने वाले एक साल में विभिन्न स्थानों पर जी-20 से जुड़ी बैठकों के आयोजन से भारत के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण का विस्तार होगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार, 2022 और राष्ट्रीय साहसिक खेल पुरस्कार, 2021 प्रदान करेंगी। टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल को 2022 के लिए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जायेगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि खेल प्रतिभाओं को पहचानने और सम्मानित करने के लिए प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
इस वर्ष खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 25 खिलाड़ियों का चयन अर्जुन पुरस्कार के लिए किया गया है। इनमें एथलीट सीमा पुनिया और एल्ड हॉस पॉल, बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और एच.एस. प्रणय, महिला मुक्केबाज निखत ज़रीन, हॉकी खिलाड़ी दीप ग्रेस एक्का, भारोत्तोलक विकास ठाकुर, कुश्ती खिलाड़ी अंशु और सरिता तथा पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी तरुण ढिल्लों शामिल हैं। पांच खेल प्रशिक्षकों को नियमित श्रेणी में और तीन प्रशिक्षकों को आजीवन श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं, खेलों में आजीवन उपलब्धि के लिए ध्यानचंद पुरस्कारों विजेताओं में अश्वनी अकुंजी सी, धर्मवीर सिंह, बी.सी. सुरेश और नीर बहादुर गुरुंग शामिल हैं। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
और अब फीफा फुटबाल विश्वकप की खबरों के साथ हैं हमारे खेल संवाददाता हिमांशु कांडपाल -
फुटबॉल विश्व कप में आज भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे ग्रुप-डी में फ्रांस का मुकाबला ट्यूनीशिया से और ऑस्ट्रेलिया का डेनमार्क से होगा। इस ग्रुप से प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का आज फैसला होगा। ऑस्ट्रेलिया और डेनमार्क के बीच मैच के विजेता का अंतिम सोलह में जगह बनाना लगभग तय है। ट्यूनीशिया को अंतिम सोलह में जगह बनाने के लिए न सिर्फ फ्रांस को बड़े अंतर से हराना होगा, बल्कि उसे दूसरे मैच में डेनमार्क की ऑस्ट्रेलिया पर जीत की कामना भी करनी होगी। देर रात साढ़े बारह बजे ग्रुप-सी में पोलैंड का मुकाबला अर्जेंटीना से और सऊदी अरब का मैक्सिको से होगा। अब तक इंग्लैंड, अमरीका, नीदरलैंड्स, सेनेगल, फ्रांस, ब्राजील और पुर्तगाल अंतिम सोलह में स्थान बना चुके हैं।
क्राइस्टचर्च में तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को दो सौ बीस रन का लक्ष्य दिया है। बारिश के कारण इस समय खेल रूका हुआ है। खेल रोके जाने के समय न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में एक विकेट पर 104 रन बना लिये थे। इससे पहले भारत की पूरी टीम 47 ओवर और तीन गेंद में 219 रन पर आउट हो गई। वॉशिंगटन सुन्दर ने 51 और श्रेयस अय्यर ने 49 रन बनाए। तीन मैचों की श्रृंखला में भारत को पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था जबकि दूसरा मैच वर्षा के कारण रद्द हो गया था।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा हॉकी टेस्ट मैच एडिलेड में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया के हाथों लगातार दो पराजय के बाद हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय पुरूष हॉकी टीम आज तीसरे टेस्ट मैच में विश्व की नम्बर एक टीम ऑस्ट्रेलिया को पराजित करने की पूरी कोशिश करेगी। ओड़ीसा के भुबनेश्वर राउरकेला में होने वाले विश्वकप की तैयारियों के सिलसिले में यह श्रृंखला दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है। विश्व कप मुकाबले 13 जनवरी से शुरू होंगे।
असम सरकार आज राज्य के 35 हजार 800 विद्यार्थियों को डॉ. बनीकांता काकोति मेरिट पुरस्कार प्रदान करेगाी। उच्च माध्यमिक की अंतिम परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली 29 हजार 748 छात्राओं और 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छह हजार 52 छात्रों को स्कूटी मिलेगी। पुरस्कार समारोह गुवाहाटी के खानापाड़ा पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
नागालैंड में 23वें हॉर्नबिल उत्सव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह उत्सव नागा विरासत ग्राम किसामा में कल से 10 दिसम्बर तक चलेगा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
भारत ने मॉलदीव को सौ मिलियन अमरीकी डॉलर की वित्तीय सहायता प्रदान की है। देश में कठिन आर्थिक स्थिति पर नियंत्रण के लिए वित्तीय सहायता का उपयोग किया जायेगा। यह सहायता बिना किसी शर्त के लिए दी गयी है। विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने इस समारोह को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि यह वित्तीय सहायता मॉलदीव के तेज आर्थिक विकास में सहायक सिद्ध होगी।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :