Portion of Under Construction Bridge over Ganga River collapses in Bihar
Bihar govt makes special arrangements to provide assistance to affected passengers, families of deceased & injured in Balasore rail accident
Combined security forces devastate base camp of UKLF located at Nazareth in Manipur
Condolence messages continue to pour in from World leaders on Odisha train mishap
Odisha train accident: Railways makes special arrangements at helpline number 139 for kin of deceased & stranded passengers
US Defence Secy Lloyd Austin arrives in New Delhi on two-day visit to India
Railway Board seeks CBI inquiry into train accident in Balasore, Odisha; death toll revised to 275
Veteran Actress Sulochana Didi passes away at 94
French Open: Top seed Iga Swiatek thrashes China's Wang Xinyu to reach fourth round
South Korea's An Se Young bags her 4th Women's Single’s Super Series title at Thailand Open
मुख्य समाचार
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में अचानक आई बाढ़ से आठ लोगों की मौत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा।
केरल सड़क दुर्घटना पर केरल उच्च न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्यवाही शुरू की।
उत्तराखंड में हिमस्खलन की चपेट में आये 29 पर्वतारोहियों के बचाव अभियान में हाई अल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल के विशेषज्ञों की टीम शामिल हुई।
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री नानैया महुता के साथ वार्ता की। कोविड उपायों से प्रभावित भारतीय छात्रों की वीजा प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रति अभद्र टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता उदित राज को नोटिस भेजा, क्षमा मांगने को कहा।
उत्तर कोरिया ने जापान के समुद्र में फिर से बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया।
और, क्रिकेट में, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ में पहले एकदिवसीय मैच में बारिश के कारण देरी।
----------
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुडी जिले में कल रात माल नदी का जलस्तर अचानक बढ जाने से मालबाजार में आठ लोगों की मृत्यु हो गई और कई लोग लापता हैं। यह हादसा मॉं दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान हुआ। अधिकारियों ने कहा है कि कई लोगों के लापता होने की वजह से मृतकों की संख्या और अधिक हो सकती है। रात करीब साढे आठ बजे लोग मूर्ति विसर्जन के लिए मालनदी में प्रवेश कर गए। उन्हें नदी का जलस्तर बढ जाने का पता नहीं चला। कई लोग नदी में बह गए। सूत्रों ने बताया है कि घायलों को मालबाजार सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया है कि दुर्घटनास्थल पर कोई बचाव दल मौजूद नहीं था।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और नागरिक सहायता विभाग के कर्मचारियों को बचाव कार्यों में लगाया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रूपये और प्रत्येक घायलों को पचास हजार रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।
केरल उच्च न्यायालय ने पालकाड जिले में वेडक्कनचेरि में हुई बस दुर्घटना पर स्वत: कार्रवाई शुरू कर दी है। न्यायमूर्ति अनिल के0 नरेन्द्रन और न्यायमूर्ति पी0 जी0 अजित कुमार की खंडपीठ ने पुलिस और मोटरवाहन विभाग से दुर्घटना के बारे में रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। खंडपीठ ने जवाब मांगा है कि दुर्घटनाग्रस्त टूरिस्ट बस में प्रतिबंधित फ्लैश लाइटें और तेज आवाज में म्युजिक सिस्टम चलाने की अनुमति कैसे दी गई।
स्कूली बच्चों को लेकर एर्णाकुलम से ऊटी जा रही यह बस केरल राज्य सड़क परिवहन निगम की बस के पीछे से टकराकर उलट गई। इस दुर्घटना में नौ व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। मृतकों में एक शिक्षक और पांच स्कूली बच्चे थे। इस हादसे में 60 लोग घायल हो गये।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने केरल के पालकाड हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। ट्वीट संदेश में उन्होंने इस घटना को दिल दहला देने वाली त्रासदी बताया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
उत्तराखंड की द्रौपदी डांडा-2 पर्वतीय चोटी पर फंसे 29 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के अभियान में हाई एल्टीच्यूड वॉरफेयर स्कूल के विशेषज्ञों दल भी शामिल हो गया है। ये पर्वतारोही मंगलवार को हिमस्खलन के बाद फंस गये थे। राज्य आपदा कार्रवाई बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान पहले ही राहत कार्यों में लगे हैं।
इस बीच भारतीय वायुसेना ने बताया है कि दो हेलीकॉप्टरों की मदद से करीब 12 हजार फुट की उंचाई पर बने आधारशिविर में फंसे कई पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाला गया है। हिमस्खलन में नौ पर्वतारोहियों की मृत्यु हुई है और कई लापता हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रति आपत्तिजनक ट्वीट के लिए कांग्रेस की कड़ी आलोचना की है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राष्ट्रपति के बारे में कांग्रेसी नेता उदित राज द्वारा प्रयोग किये गये शब्द दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने राष्ट्रपति पद पर पहुंचीं देश के जनजातीय समुदाय की पहली महिला के बारे में जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया है वह माफी के लायक नहीं है।
इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में कांग्रेस नेता उदित राज के बयान पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोटिस भेजा है और उनसे क्षमा मांगने को भी कहा है।
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्ममण्यम जयशंकर ने कहा है कि उपनिवेशवाद के बाद के दौर में अधिक निष्पक्ष और समानता पर आधारित व्यवस्था कायम करने में भारत और न्यूजीलैंड की विशेष भूमिका है। उन्होंने कहा कि इससे विश्व के अधिकांश भागों में स्मृद्धि और स्थिरता आयेगी।
ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों को कारोबार, शिक्षा, प्रौदयोगिकी, डिजिटल वर्ल्ड, कृषि व्यापार, प्रतिभा और सबसे ज्यादा लोगों के बीच सम्पर्क मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
विदेश मंत्री ने कोविड उपायों के कारण प्रभावित भारतीय छात्रों के मुददे पर भी चर्चा की और न्यूजीलैंड में पढ़ने के इच्छुक छात्रों को वीजा देने की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया। डॉक्टर जयशंकर आज न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डेर्न के साथ न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय के लोगों को उनकी विशेष उपलब्धियों पर सम्मानित करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। न्यूजीलैंड में आजादी का अमृत महोत्सव के सिलसिले में दोनों नेता विशेष डाक टिकट इंडिया @ 75 जारी करेंगे। डॉक्टर जयशंकर मोदी@20 : स्वप्न हुए साकार पुस्तक का विमोचन करेंगे। इस अवसर पर सिख समुदाय के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष सम्बन्ध को दर्शाने वाली पुस्तक हार्टफैल्ट - द लेगेसी ऑफ फेथ का भी विमोचन करेंगे।
विदेश राज्यमंत्री वी0 मुरलीधरन आज से अमरीका की यात्रा पर जा रहे हैं। श्री मुरलीधरन न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अफ्रीका में शांति और सुरक्षा: सशस्त्र गुटों और आतंकवादियों को प्राकृतिक संसाधनों की तस्करी के जरिये फंड उपलब्ध कराने के खिलाफ संघर्ष तेज करने के बारे में उच्च स्तरीय वार्ता में भाग लेंगे। श्री मुरलीधरन भारत-संयुक्त राष्ट्र विकास भागीदारी की पांचवीं वर्षगांठ के सिलसिले में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। यह भागीदारी 2017 में 15 करोड अमरीकी डॉलर के कोष से शुरू की गई थी।
भारत ने म्यामां में नौकरियां पाने के लिए फर्जी नियोक्ताओं के झांसे में फंसे 45 भारतीय नागरिकों को छुड़वाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी। इन 45 भारतीयों में से 13 लोग कल तमिलनाडु पहुंचे। श्री बागची ने बताया कि फर्जी नियोक्ताओं के चुंगल से छुड़ाए गए कुछ और भारतीय म्यामां प्रशासन की हिरासत में है और उनकी वापसी के लिए कानूनी प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है।
विधि और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि सरकार जन प्रतिनधित्व अधिनियम में संशोधन के माध्यम से बड़े चुनावी सुधार के लिए निर्वाचन आयोग के साथ विचार-विमर्श कर रही है। श्री रिजिजू ने एक समाचार पत्र से भेंट में यह बात कही। उन्होंने कहा, बदलते समय और स्थितियों की मांग है कि कुछ चुनावी कानूनों में परिवर्तन किए जाएं, जिससे अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में भारतीय गुणवत्ता परिषद के रजत जयन्ती समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि गुणवत्ता में सुधार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पांच प्रण पूरे करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता पर कोई खर्च नहीं आता और गुणवत्ता के कारण उत्पादों पर खर्च कम रखने में मदद मिलती है।
श्री गोयल ने कहा कि समूचे कोयला ईको-सिस्टम में गुणवत्ता बनाये रखने में भारतीय गुणवत्ता परिषद ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता सुधार से एक जिला एक उत्पाद पहल में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज कर्नाटक के मांडया जिले में बेल्लुरू के पास भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता यात्रा में शामिल हुए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी मांडया जिले में शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने कहा है कि सोनिया गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के भारत जोड़ो यात्रा में कुछ समय के लिए शामिल होने से राजनीतिक दृष्टि से कोई असर पड़ने वाला नहीं है। श्री बोम्मई ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी जल्दी ही राज्य में छह जनसभाएं करेगी।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज गिफ्ट सिटी में गुजरात गति शक्ति पोर्टल का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा है कि गुजरात राज्य स्तर पर गति शक्ति पोर्टल शुरू करने वाला पहला राज्य बन गया है। इस पोर्टल से शासन में अधिक पारदर्शिता से निवेशकों को व्यापार करने में सुविधा होगी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस पोर्टल से राज्य में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शीघ्र निष्पादन होगा। इसके माध्यम से आवेदनों की प्रोसेसिंग, अनुमति प्रदान करने और परियोजनाओं की प्रगति की तेजी से निगरानी की जाएगी।
अहमदाबाद मेट्रो रेल के उत्तर-दक्षिण मार्ग आज से यात्रियों के लिए खुल गया है। 18 किलोमीट लंबा यह गलियारा दक्षिण में ए पी एम सी और उत्तर में मोटेरा को जोडता है।
अहमदाबाद मेट्रो परियोजना के पहले चरण में पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण में दो गलियारे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीस सितम्बर को इनका उदघाटन किया था!
दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा को गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) न्यायाधिकरण का पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया-पीएफआई और उसके सहयोगियों पर प्रतिबंध की समीक्षा के लिए उनकी नियुक्ति की गई है। संगठन के कार्यालयों और उसके पदाधिकारियों के आवासों पर तलाशी अभियान के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त करने के बाद केंद्र ने हाल ही में पीएफआई पर पांच साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत अब तक 218 करोड़ 84 लाख से अधिक कोविड टीके लगाये जा चुके हैं। कल 79 हजार से अधिक टीके लगाए गए। इस समय कोविड से स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव सात-चार प्रतिशत है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान के साथ बातचीत से इनकार किया है। बारामूला में एक रैली को सम्बोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार क्षेत्र से आतंकवाद का सफाया करेगी और पाकिस्तान के साथ कोई बातचीत नहीं होगी। गृह मंत्री ने कहा कि वे जम्मू कश्मीर के लोगों के साथ हैं, पाकिस्तान के साथ नहीं।
जिन्होंने 70 साल तक यहां राज किया वो लोग सलाह देते हैं पाकिस्तान से बात करो। मेरा स्पष्ट मत है मैं पाकिस्तान से बात करना नहीं चाहता। मेरे बारामुल्ला के गुर्जर, पहाड़ी और बकरवाल भाइयों और बहनों से बात करना चाहता हूं, मैं कश्मीर के युवाओं से बात करना चाहता हूं। जरा खुली नजर, खुले दिमाग से सोचिए जिन्होंने दहशतगर्दी फैलाई इसने कश्मीर का क्या भला किया।
उत्तर कोरिया ने आज फिर से दो बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया। ये मिसाइलें जापान के समुद्री क्षेत्र में दागी गईं। जापान के प्रधानमंत्री किशिदा फुमियो ने बार-बार मिसाइलों का परीक्षण करने पर उत्तर कोरिया की निंदा की है।
इस बीच, उत्तर कोरिया ने स्पष्ट किया है कि अमरीका और दक्षिण कोरिया के मिसाइल परीक्षणों के जवाब में मिसाइल परीक्षण किए हैं। दक्षिण कोरिया की सेना ने भी आज सवेरे उतर कोरिया के मिसाइलें दागे जाने की पुष्टि की है। उत्तर कोरिया के मंगलवार को मध्यम रेंज की बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण करने के बाद की स्थिति पर विचार के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक हुई।
इस बीच, अमरीका ने कल चीन और रूस पर आरोप लगाया कि वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों से उत्तर कोरिया का बचाव कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र में अमरीकी राजदूत लिंडा थॉमस ग्रीनफील्ड ने कहा है कि सुरक्षा परिषद के ये दोनों सदस्य उत्तर कोरिया को संरक्षण दे रहे है।
पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन-ओपेक और रूस के नेतृत्व वाले सहयोगियों ने कल वियना में हुई बैठक में तेल उत्पादन में 20 लाख बैरल प्रति दिन की कटौती का फैसला किया है। यह कोविड महामारी के बाद से तेल उत्पादन में अब तक की सबसे बड़ी कटौती होगी। इस कटौती से तेल की कीमतों में उछाल आने का अनुमान है और वैश्विक आर्थिक मंदी, अमरीकी ब्याज दरों में बढ़ोत्तरी और डॉलर के मजबूत होने के डर से तीन महीने पहले तेल की कीमतों में 90 से 120 डॉलर की जो कटौती की गई थी, उसकी भरपाई हो सकेगी।
अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ओपेक के निर्णय पर निराशा व्यक्त की है। अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलेवन और शीर्ष आर्थिक सलाहकार ब्रेन डिज ने कहा कि राष्ट्रपति ओपेक के इस निर्णय से निराश हैं। उन्होंने कहा कि आपूर्ति में कटौती का असर उन देशों पर पड़ेगा जो पहले से ही ऊंची कीमतों से जूझ रहे हैं जबकि वैश्विक अर्थव्यवस्था यूक्रेन पर रूस के हमले के निरंतर नकारात्मक प्रभाव से जूझ रही है।
आज़ाद भारत की बात आकाशवाणी के साथ
सिनेमा: भारत में हिंदी फिल्मों की यात्रा (भाग 2)
भारत का सबसे बड़ा लोक सेवा प्रसारक आकाशवाणी समाचार आज़ाद भारत की बात - आकाशवाणी के साथ श्रृंखला में स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है। इस कार्यक्रम में आकाशवाणी के माध्यम से जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में स्वतंत्रता के बाद भारत की विकास यात्रा के बारे में जानकारी प्रदान की जाती है।
आज की कड़ी में हम ला रहें हैं भारत में हिन्दी सिनेमा के सफर की कहानी।
बॉलीवुड के नाम से मशहूर हिंदी फिल्म उद्योग आज भारत में फिल्मों से होने वाली कुल आय में चालीस फीसदी का हिस्सेदार है। अब यह अमरीकी फिल्म उद्योग हॉलीवुड को पीछे छोड दुनिया का सबसे बडा फिल्म निर्माण केंद्र बन चुका है।
व्यावसायिक फिल्मों के साथ-साथ, बगैर नाच गाने वाली एक विशिष्ट शैली की यथार्थवादी कला फिल्में भी हिन्दी सिनेमा का हिस्सा हैं।
"बॉम्बे" और "हॉलीवुड" के मेल से बना बॉलीवुड शब्द तब अंतरराष्ट्रीय चर्चा में आया जब 1957 में महबूब खान की फिल्म मदर इंडिया सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म के तौर पर अकादमी पुरस्कार के लिए नामांकित होने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई।
पचास और साठ के दशक में बनाई गई अनेक हिंदी फिल्मों में सामाजिक मुद्दों को उठाया गया और उनका संगीत भी लोगों की जुबान पर चढ गया। वो दिलीप कुमार, देव आनंद और राज कपूर जैसे सितारों का जमाना था।
(मेरा जूता है जापानी)
मुगल-ए-आजम, आवारा, संगम, गंगा जमुना, प्यासा, आराधना, बॉबी, आनंद और शोले जैसी फिल्में पूरे देश में बेहद पसंद की गई।
(कितने आदमी शोले का डायलॉग)
राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन जैसे बडे सितारों ने 70 और 80 के दशक में बॉक्स ऑफिस पर राज किया।
(मेरे सपनों की रानी गीत-आराधना
और आनंद फिल्म संवाद)
मधुबाला, नरगिस, वैजयंतिमाला, मीना कुमारी, हेमामालिनी और श्रीदेवी जैसी अभिनेत्रियों का जादू भी सर चढ कर बोला।
के. आसिफ, बीआर चोपड़ा, राज कपूर, गुरुदत्त, ऋषिकेश मुखर्जी, बासु चटर्जी, यश चोपड़ा, मनमोहन देसाई, सुभाष घई, मीरा नायर और आशुतोष गोवारिकर जैसे महान फिल्म निर्माताओं ने हिंदी सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दी। नौशाद, एसडी बर्मन, लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल, शंकर-जयकिशन, आरडी बर्मन और एआर रहमान जैसे प्रख्यात संगीतकारों ने फिल्म संगीत को नई ऊंचाईयां दी।
(फिल्म दिलसे - छैय्या छैय्या)
दिलचस्प बात यह है कि ऑस्कर पुरस्कार की सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म श्रेणी में आधिकारिक रूप से नामांकित सभी तीन भारतीय फिल्में मदर इंडिया, सलाम बॉम्बे और लगान हिंदी में बनी थीं।
आकाशवाणी ने भी फिल्म संगीत को लोकप्रिय बनाने में अपनी शानदार भूमिका निभाई।
कल हम आपको देश की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री तेलुगू सिनेमा की कहानी सुनाएंगे। समाचार कक्ष से मुनीष शर्मा।
लखनऊ में वर्षा के कारण भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृखंला के पहले मैच के लिए टॉस अभी तक नहीं हो पाया था। बीसीसीआई के अनुसार बारिश तेज होने के कारण मैच आंधे घंटे देरी से शुरू कराने का फैसला लिया गया था।
गुजरात में राष्ट्रीय खेलों में महिला सिंगल्स बेडमिंटन में आज आकर्षी कश्यप ने मालविका बंसोड को हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया।
महिलाओं की व्यक्तिगत तीरंदाजी प्रतियोगिता में पंजाब की सिमरनजीत कौर ने रिकर्व राउंड जीतकर कांस्य पदक हासिल किया।
अब तक कुल 89 पदक जीतकर सेना पदक तालिका में सबसे आगे है।
संस्कृति संदेश
आज का संस्कृति संदेश समर्पित है फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना को -
विनोद खन्ना का जन्म 06 अक्टूबर 1946 को पेशावर में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। 1947 में देश के बंटवारे के बाद इनका परिवार मुंबई आ गया। विनोद खन्ना ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत सुनील दत्त की फ़िल्म ‘मन का मीत’ से की। इस फ़िल्म में इन्हें विलेन का किरदार दिया गया था। 1968 से 1971 के बीच रिलीज़ हुई ‘पूरब और पश्चिम’, ‘सच्चा झूठा’, ‘आन मिलो सजना’, ‘मस्ताना’, ‘मेरा गाँव मेरा देश’ फिल्मों में निभाए इनके नकारात्मक किरदार लोग कभी भूल नहीं पाएंगे।
(गीतः हाय शरमाऊॅ............फिल्मः मेरा गॉव मेरा देश)
सन 1971 में आई फ़िल्म ‘हम, तुम और वो’ में विनोद खन्ना को लीड रोल में काम करने का मौक़ा मिला।. इसके बाद उन्होंने गुलज़ार की अचानक और मेरे अपने में काम किया। ये सभी फिल्में कामयाब रहीं। विनोद खन्ना ने कई फिल्मों में सपोर्टिंग रोल भी किए। सच्चा झूठा, कुदरत, राजपूत, प्रेमकहानी और आन मिलो सजना जैसी कई फ़िल्मों में ये राजेश खन्ना के साथ दिखाई दिए।
(गीतः आन मिलो सजना ............. )
विनोद खन्ना के जीवन में एक समय ऐसा आया जब इनकी रूचि अध्यात्म की तरफ हो गई और वे फिल्म इंडस्ट्री से कुछ समय के लिए कट गए। लेकिन 1987 में वे पुन: फिल्म में लौट आये। विनोद खन्ना को उनके अभिनय के लिए लोगों के प्यार के साथ साथ कई बड़े पुरस्कार भी मिले। विनोद खन्ना को 2001 में कलाकार अवार्ड की ओर से तथा 2007 में जी सिने की तरफ से लाइफ़टाइम अचीवेमेंट अवार्ड दिया गया। विनोदखन्ना अपने अंतिम समय में कैंसर के शिकार हो गए और अंत में 27 अप्रैल 2017 को इनका देहांत हो गया।
(गीतः चाहिए थोड़ा प्यार ------- )
उत्तराखण्ड में केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट इस महीने की 27 तारीख को भाई दूज के दिन बंद कर दिए जाएंगे, जबकि गंगोत्री के कपाट इस महीने की 26 तारीख को गोवर्धन पूजा के दिन बंद होंगे। बद्रीनाथ धाम के कपाट अगले महीने की 19 तारीख को सर्दियों के लिए बंद किए जाएंगे।
भारत, विश्व में चीनी का सबसे बड़ा उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक देश हो गया है। देश में 2021-22 के चीनी के मौसम के दौरान 5 हजार लाख मीट्रिक टन से अधिक गन्ने का उत्पादन हुआ है।
चीनी के रिकॉर्ड निर्यात से देश ने 40 हजार करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा अर्जित की है।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :