India bags ten medals including one Gold and three Silver at Asian Games in Hangzhou, China
Key domestic share indices trading almost flat in afternoon trade
Minister of Power, New and Renewable Energy RK Singh inaugurates ‘India Energy Summit 2023' in New Delhi
Petroleum and Natural Gas Minister Hardeep Singh Puri launches India's first Green Hydrogen fuel cell bus in Delhi
Raksha Mantri Rajnath Singh inaugurates Bharat Drone Shakti 2023 at IAF Hindon Airbase in Ghaziabad
PM Narendra Modi addresses BJP workers rally - Mahakumbh in Bhopal, Madhya Pradesh
Organisations in Karnataka calls for Bengaluru bandh against release of Cauvery river water to Tamilnadu
ED raids at houses and offices of former leaders and others associated with banned PFI in Kerala
PM Narendra Modi pays tributes to Pt. Deendayal Upadhyay on his birth anniversary
Israeli airstrikes struck militant sites in Gaza for third straight day
मुख्य समाचार:-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स का उद्घाटन किया।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा - जम्मू-कश्मीर में पूर्ण पारदर्शिता के साथ चुनाव कराए जाएंगे।
देश में बालिका शिशु मृत्युदर में कमी आई है। प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति को मजबूत करने के लिए 130 करोड भारतीयों की सामूहिक प्रतिबद्धताओं की सराहना की।
रक्षा मंत्री ने देश की सुरक्षा और आर्थिक प्रगति में सेनाओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने विजयादशमी पर उत्तराखंड में औली सैन्य केन्द्र पर शस्त्र पूजा की।
विजय दशमी का पर्व आज देशभर में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दीं।
केन्द्र ने गैर-कानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम के तहत हिज्बुल मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा के दस सदस्यों को आतंकवादी घोषित किया।
उत्तर कोरिया के जापान पर बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण के जवाब में दक्षिण कोरिया और अमरीका ने मिसाइल परीक्षण किया।
राष्ट्रीय खेलों में सेना 39 स्वर्ण पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर।
----
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का उद्घाटन किया। श्री मोदी ने इस अस्पताल की आधारशिला प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा की केन्द्रीय योजना के अंतर्गत अक्तूबर 2017 में रखी थी। श्री मोदी ने कहा कि विजय दशमी पर शुरू की गई ये परियोजनाएं भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
विकास को लेकर हमने देश में लंबे समय तक एक विकृत सोच को हावी होते देखा है, ये सोच क्या थी, अच्छी सड़कें होगी तो कुछ राज्यों और कुछ बड़े शहरों में होगी, दिल्ली के आसपास होंगी, अच्छे शिक्षण संस्थान होंगे तो बहुत बड़े-बड़े शहरों में होंगे, अच्छे अस्पताल होंगे वो तो दिल्ली में ही हो सकता है बाहर हो ही नहीं सकता है। उद्योग धंधे लगेंगे तो भी बड़े-बड़े जगह पर लगेंगे और विशेषकर देश के पहाड़ी प्रदेशों में मूल सुविधाएं तक सबसे अंत में कई कई बरसों के इंतजार के बाद पहुंचेगी। देश अब पुरानी उस सोच को पीछे छोड़कर नई सोच, आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ रहा है।
श्री मोदी ने विकास परियोजनाओं का श्रेय सभी मतदाताओं को दिया।
अगर एम्स बना है तो आपके एक वोट की ताकत है, अगर टनल बना है तो आपके एक वोट की ताकत है। हाइड्रो इंजीनियर कॉलेज बना है तो आपके वोट की ताकत है अगर मेडिकल डिवॉइस पार्क बना है तो ये भी आपके वोट की ताकत है और इसलिए आज मैं हिमाचल की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए एक के बाद एक विकास के काम कर रहा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बिलासपुर को शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं के दो उपहार मिले हैं। श्री मोदी ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में सरकार ने देश के सुदूर क्षेत्रों के लोगों तक विकास का लाभ पहुंचाने का काम किया है। श्री मोदी ने बताया कि बिलासपुर में एम्स बनने से हिमाचल के लोगों को सस्ती चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। ये संस्थान पर्यावरण अनुकूल भी है और इसे ग्रीन एम्स के नाम से जाना जायेगा।
बिलासपुर एक, एक और बदलाव का प्रतीक है। ये ग्रीन एम्स के नाम से जाना जाएगा। पूरी तरह पर्यावरण प्रेमी एम्स, प्रकृति प्रेमी एम्स।
एम्स बिलासपुर का निर्माण एक हजार चार सौ सत्तर करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। यह एक अत्याधुनिक अस्पताल है जिसमें 18 स्पेशयलिटी और 17 सुपर स्पेशियलिटी विभाग, 18 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और 64 आईसीयू बिस्तर के साथ 750 बिस्तर हैं।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि दो सौ 47 एकड़ में फैले इस अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन और डायलिसिस सुविधाओं सहित आधुनिक नैदानिक मशीनें भी हैं। यहां अमृत फार्मेसी, जन औषधि केंद्र और 30 बिस्तरों वाले आयुष ब्लॉक भी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश को एम्स का उपहार देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने हर क्षेत्र में राष्ट्र की प्रगति के लिए प्रधानमंत्री के कार्यों को रेखांकित किया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने केन्द्र सरकार की पहलों पर प्रकाश डाला।
गृह मंत्री अमित शाह ने दृढ़तापूर्वक कहा है कि जम्मू-कश्मीर में पूरी तरह पारदर्शी ढ़ग से चुनाव होंगे। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने का काम पूरा होते ही चुनाव करा दिए जाएंगे।
हमने पॉलीटिक्ल प्रोसेस शुरू की है। मैं आपको भरोसा दिलाना चाहता हूं कि जैसे ही चुनाव आयोग का मतदाता सूची बनाने का काम समाप्त हो जाएगा पूरी पारदर्शिता के साथ कश्मीर के अंदर चुनाव करा दिए जाएंगे। आपके चुने हुए नुमाइंदे यहां पर शासन करेंगे। पहले जो परिसीमन किया, डिलिमिटेशन किया कि आप कुछ भी करो ये तीन परिवार के लोग ही चुनकर आएंगे। आज चुनाव आयोग ने जो डिलिमिटेशन किया है इसके परिणाम स्वरूप आपके ही नुमाइंदे जीत कर आएंगे। आपके नुमाइंदे ही यहां पर शासन करेंगे।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के सुशासन से जम्मू-कश्मीर का विकास हुआ है और रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। श्री शाह ने कहा कि पिछले 70 साल से जो लोग सत्ता में थे, उन्होंने एक लाख बेघर लोगों को आवास उपलब्ध नहीं कराया। गृहमंत्री ने कहा कि मोदी जी ने 2014-2022 के बीच इन लोगों को आवास दिये।
श्री शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पहले आतंकवादियों का गढ़ था और अब यह पर्यटन का केन्द्र बन गया है।
मोदी जी तीन साल में 56 हजार करोड़ का इंवेस्टमेंट आज जम्मू-कश्मीर में किया है। पहले ये टेरर हॉटस्पॉट था, आज टूरिस्ट हॉटस्पॉट है। मित्रों कश्मीर की घाटी में सबसे ज्यादा साल के छह लाख सैलानी आया करते थे। आज मैं यहां पर अक्टूबर में आया हूं जोर से ताली बजाइयेगा। पहले छह लाख आते थे 22 लाख प्रवासी यहां आ चुके हैं जिससे यहां युवाओं को रोजगार मिला।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर में बढ़ते पर्यटन पर प्रकाश डाला, जिसने अनेक युवाओं को रोजगार दिया है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुपवाड़ा, बांदीपोरा और कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों से हजारों लोग शौकत अली स्टेडियम में इकट्ठा हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में नारी शक्ति को सशक्त करने के लिए एक सौ तीस करोड़ भारतीयों की सामूहिक प्रतिबद्धता की सराहना की है। भारत में बालिका शिशु मृत्यु दर में गिरावट दर्ज की गई है। सोलह राज्यों में बालकों की तुलना में बालिकाओं की मृत्यु दर अब भी अधिक है। लेकिन 2011 के बाद से यह अंतर कम हो गया है। प्रतिदर्श पंजीकरण प्रणाली सांख्यिकी रिपोर्ट 2020 के अनुसार छत्तीसगढ़ में यह अन्तर सबसे अधिक था। राज्य में बालक शिशु की मृत्यु दर प्रति हजार 35 थी और इसकी तुलना में बालिका शिशु की मृत्यु दर 41 थी।
महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के समन्वित दृष्टिकोण से बालक, बालिका के बीच भेदभाव समाप्त किया जा रहा है और इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत पूरे विश्व को एक परिवार मानता है, लेकिन यदि कोई देश उस पर कुदृष्टि डालता है तो उसे उचित जवाब दिया जाता है। श्री राजनाथ सिंह ने विजय दशमी के पर्व पर उत्तराखंड के चमोली में औली सैन्य केन्द्र पर सशस्त्र बलों और भारत तिब्बत सीमा के जवानों के साथ शस्त्र पूजा की।
यह पर्व ऐसा पर्व जहां शस्त्रों की पूजा होती है। दुनिया के किसी देश में शस्त्रों की पूजा नहीं होती। लेकिन भारत दुनिया का अकेला देश है जहां पर शास्त्रों की भी पूजा होती है और शस्त्रों की भी पूजा होती है। यह देश आपको भारत की जो सर्वोच्च विधियों उनमें एक बहुत महत्वपूर्ण विधि है जो किसी को मानता है तो हमारे भारत की सेना के जवानों को मानता है। गलवान में जो कुछ भी हुआ हमारे सेना के जवानों ने योग करिश्मा दिखाया कि आपने पासा पलट दिया है। मैं आप सबको अपनी तरफ से बधाई देना चाहता हूं। जहां तक भारत के चरित्र का प्रश्न है। भारत ने आज तक ना तो दुनिया के किसी देश पर कभी आक्रमण किया है और ना दुनिया के किसी देश की एक इंच जमीन पर कभी भारत ने कब्जा किया है ये बात भी सच है कि हमको कोई आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो भारत किसी भी सूरत में उसे माफ भी नहीं करेगा।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया ने भारत के बढ़ते कद को स्वीकार किया है और अंतरराष्ट्रीय महत्व के सभी मुद्दों पर भारत की निर्णायक भूमिका रही है। श्री सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात बड़े सम्मान के साथ सुनी जाती है।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पूरे देश को जवानों की क्षमता और योगदान पर गर्व और विश्वास है। श्री सिंह ने देश को बाहरी खतरों से बचाने में सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना की और सुरक्षित माहौल की वजह से ही देश आर्थिक विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने में सक्षम हुआ है। उन्होंने गलवान की घटना के समय जवानों की अद्वितीय वीरता और साहस की सराहना की। थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे भी इस अवसर पर मौजूद थे।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने महिलाओं को निर्णय लेने की स्वतंत्रता के साथ सशक्त बनाने पर बल दिया है। नागपुर में दशहरा पर्व पर वार्षिक सम्बोधन में उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट रखने के लिए पुरुषों और महिलाओं के बीच समानता आवश्यक है। श्री भागवत ने कहा कि दोनों की साझेदारी समाज की प्रगति के लिए अति महत्वपूर्ण है।
संपूर्ण समाज का संगठन करना है तो संख्या की दृष्टि से आधा भाग हमारे समाज का मातृशक्ति का है उसकी उपेक्षा नहीं की जा सकती उनको भी सशक्त करना पड़ेगा हमारे यहां उनको माता मानते हैं वत्सलता उनका गुण है। जगतजननी के रूप में उनकी कल्पना करते हैं।
श्री भागवत ने कहा कि आत्मनिर्भरता के पथ पर बढ़ने के लिए भारत को एक राष्ट्र के रूप में परिभाषित करने वाले मूल सिद्धांतों और विचारों को समझना आवश्यक है।
इस भूमि ने हमको अन्नजल तो दिया ही, पुष्ट तो किया ही विश्व की प्रतिष्ठा दी और हमको अपना संस्कार दिया। वह मातृभूमि उसकी भक्ति ये हमारी पहचान का मुख्य आधार है, हमारे स्व का यह मुख्य आधार है। इन बातों को ध्यान में रखना चाहिए। इसके आधार पर समाज की जागृति हो, इसके आधार पर हम आगे बढ़े, इसी को हम हिन्दुत्व कहते हैं।
श्री भागवत ने कहा कि आबादी और संसाधनों को ध्यान में रखते हुए जनसंख्या नीति बनाने की आवश्यकता है।
हमारा देश 50 वर्षों के बाद कितने लोगों को खिला सकता है। उस समय समाज में काम करने वालों की कितनी संख्या चाहिए, काम न कर सकने वाले उस समय कितने रहेंगे। आज के 57 प्रतिशत युवा 50 साल के बाद काम करने की स्थिति में रहेंगे क्या। अपने देश का पर्यावरण कितने लोगों को खिला सकता है, कितने लोगों को झेल सकता है, इतने लोगों के शिक्षा की, स्वास्थ्य की क्या व्यवस्था हम कर सकेंगे, इतने लोग काम करेगें, रहेंगे भी क्या-क्या करना पड़ेगा और केवल देश का प्रश्न नहीं है। जन्म दात्री तो माता होती है। वह हमारी मातृशक्ति का सशक्तिकरण हमने कितना किया है, उनका स्वास्थ्य कैसा है, उनकी इच्छा क्या है, उनकी आवश्यकता क्या है। परिवार की भी आवश्यकता होती है, परिवार का भी विचार क्या है। ये एक समग्र विचार करके एक नीति बनानी पड़ती है।
श्री भागवत ने मातृभाषा में शिक्षा को बढ़ावा देने की नीति बनाये जाने का समर्थन किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस उपस्थित थे। माउंट एवरेस्ट पर पहुंचने वाली पहली महिला पर्वतारोही संतोष यादव समारोह में मुख्य अतिथि थीं।
विजयादशमी का पर्व आज देशभर में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण पर भगवान राम की विजय की याद में मनाया जाता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विजयादशमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
श्रीमती मुर्मू ने आशा प्रकट की कि इस पर्व से लोगों में नैतिकता, सत्य और अच्छाई के शाश्वत मूल्यों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।
उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि दशहरा धर्म में लोगों की आस्था को भी सुदृढ करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दशहरा के पर्व पर सबके जीवन में संयम, साहस और ऊर्जा के संचार की कामना की है।
दिल्ली में शाम को लालकिला मैदान, आर. के. पुरम और द्वारका सहित अनेक स्थानों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाए जाएंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस बार इन पुतलों को पटाखों का इस्तेमाल किए बिना जलाया जाएगा। दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण को रोकने के लिए सभी प्रकार के पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर अगले साल पहली जनवरी तक रोक लगा दी है। इसे देखते हुए अनेक रामलीला समितियों ने पटाखे न इस्तेमाल करने का फैसला किया है, लेकिन वे लोगों को पटाखों की आवाज का एहसास दिलाने के लिए ध्वनि प्रभाव का इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा कुछ समितियां विशेष रोशनी तकनीकों का इस्तेमाल करेंगी जिससे पुतलों का दहन अधिक वास्तविक लगेगा।
कर्नाटक में 10 दिन का मैसूरू दशहरा उत्सव आज विजयादशमी के अवसर पर हाथियों के भव्य जुलूस के साथ सम्पन्न हो जाएगा। ब्योरा हमारे संवाददाता से-
पिछले नौ दिनों से आयोजित मैसूर दशहरा आज विजयदशमी के शुभ पर्व पर संपन्न होने जा रहा है। आज शाम मैसूर में जम्बो सवारी यानि हाथियों के संग भव्य जुलूस का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई दोपहर को नंदी ध्वज यानि धार्मिक झंडे की पूजा में शामिल होंगे। 21 तोपों की सलामी होगी। शाम को व चामुंडेश्वरी देवी की मूर्ति पर फूल बरसा कर जुलूस का शुभारंभ करेंगे। पुलिस बैंड, पारंपरिक टोलियां, लोक संगीत के कलाकार सजाए गए ऊंट और घोड़े और हाथियों का समूह इस जुलूस में भाग लेगा। सुधीन्द्रा आकाशवाणी समाचार कर्नाटक।
केन्द्र ने गैर-कानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम के तहत हिज्बुल मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा के दस सदस्यों को आतंकवादी गतिविधियों में उनकी भूमिका के लिए आतंकवादी घोषित किया है। गृह मंत्रालय ने उन्हें आतंकी घोषित करते हुए अधिसूचना जारी की है। ये आतंकी वर्तमान में पाकिस्तान में रह रहे हैं।
दक्षिण कोरिया और अमरीका की सेना ने उत्तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपण के जवाब में मिसाइल परीक्षण किये हैं। उत्तर कोरिया ने कल जापान के समुद्री क्षेत्र में मध्यम रेंज की बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था। पिछले पांच साल में पहली बार उत्तर कोरिया ने जापान के समुद्री क्षेत्र में मिसाइल दागी। दक्षिण कोरिया के संयुक्त सेना प्रमुख ने कहा है कि दक्षिण कोरिया और अमरीका की सेना ने उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षण के जवाब में यह कार्रवाई की है। अमरीका के राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाऊस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षणों को खतरनाक और लापरवाही बताया है।
भारत-अमरीका कूटनीतिक स्वच्छ ऊर्जा भागीदारी की मंत्रिस्तरीय वार्ता शुक्रवार को होगी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी वाशिंगटन डीसी और ह्यूस्टन में भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। श्री पुरी जलवायु के प्रभाव को झेलने में सक्षम शहरी बुनियादी ढांचे पर विश्व बैंक के अधिकारियों से बातचीत भी करेंगे।
-----
भारत का सबसे बड़ा लोक सेवा प्रसारक आकाशवाणी समाचार आज़ाद भारत की बात - आकाशवाणी के साथ श्रृंखला में स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है। इस कार्यक्रम में आकाशवाणी के माध्यम से जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में स्वतंत्रता के बाद भारत की विकास यात्रा के बारे में जानकारी प्रदान की जाती है।
आज की कड़ी में हम ला रहें हैं भारत में सिनेमा का सफर।
आज़ाद भारत की बात-आकाशवाणी के साथ कार्यक्रम को ट्विटर पर @Air news alerts, यू-ट्यूब चैनल न्यूज़ ऑन एयर ऑफिशियल, न्यूज़ ऑन एआईआर ऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सुना जा सकता है। तो आज़ाद भारत की बात-आकाशवाणी के साथ सुनने के लिए बने रहिए आकाशवाणी समाचार के साथ।
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे ट्वीटर हैंडल @air news hindi को फॉलो कर सकते हैं।
राष्ट्रीय खेलों में सेना 39 स्वर्ण, 24 रजत और 23 कांस्य पदकों के साथ कुल 86 पदक जीतकर पदक तालिका में सबसे ऊपर है। हरियाणा 24 स्वर्ण, 22 रजत और 19 कांस्य सहित 65 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र 20 स्वर्ण, 17 रजत और 35 कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर है। उत्तर प्रदेश 18 स्वर्ण, 13 रजत और 9 कांस्य पदक के साथ चौथे स्थान पर है।
भारत की 14 वर्षीय स्क्वाश खिलाडी अनाहत सिंह राष्ट्रमंडल खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे कम उम्र की खिलाडी हैं। अनाहत ने इंग्लैंड की टोरी मलिक को हराकर विश्व जूनियर स्क्वैश के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
तेलंगाना राष्ट्र समिति के प्रमुख और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने तेलंगाना राष्ट्र समिति का नाम बदलकर भारत राष्ट्र समिति करने की घोषणा की है। पार्टी के नाम में परिवर्तन औपचारिक रूप से चुनाव आयोग में नामांकित किया जाएगा।
विदेशमंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर आज से एक सप्ताह की न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। डॉक्टर जयशंकर पहली बार न्यूजीलैंड यात्रा पर जा रहे हैं। ऑकलैंड में वे न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री के साथ कल एक समारोह में भाग लेंगे। न्यूजीलैंड में आजादी का अम़ृत महोत्सव मनाने के लिए इंडिया @ 75 डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। वेलिंगटन में डॉ. जयशंकर भारतीय उच्चायोग के नवनिर्मित भवन का उद्धाटन करेंगे। यात्रा के दूसरे चरण में विदेश मंत्री ऑस्ट्रेलिया में कैनबरा और सिडनी जाएंगे।
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश की जनता से दूसरों की धार्मिक भावनाओं को आहत न करने और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया है। दुर्गा पूजा के अवसर पर उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ढाकेश्वरी मंदिर से हिंदू समुदाय को शुभकामनाएं दी।
भारतीय सेना का एक हेलीकॉप्टर आज सुबह करीब दस बजे अरुणाचल प्रदेश के तवांग इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोनों पायलटों को नजदीक के सैन्य अस्पताल ले जाया गया। पायलट लेफ्टिनेंट कर्नल सौरभ यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चला है।
अब एक नजर आज के मौसम पर।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकोता में आंशिक रूप से बादल छाये रहने और गरज के साथ बौछारें पडने की संभावना है। जम्मू, लेह और गिलगित में आसमान साफ रहेगा। श्रीनगर और मुजफ्फराबाद में दोपहर या शाम को बादल छाये रह सकते हैं। पूर्वोत्तर में गुवाहाटी, इम्फाल, शिलंग, आइजोल, कोहिमा, गंगटोक, अगरतला और ईटानगर में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मुख्य समाचार एक बार फिर :
राष्ट्रीय खेलों में सेना 39 स्वर्ण पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर है।