Kemei Elias Caprono of Kenya emerges as winner of full marathon in 37th Pune International Marathon organized in Pune
Appeasement policies followed by both CPI-M and Congress are dangerous for country, Senior BJP leader and Union Minister Rajeev Chandrasekhar says
Amidst tight security counting of votes relating to 119 Assembly constituencies to begin shortly in Telangana
Priyanshu Rajawat loses to Chi Yu Jen in Men's Singles semi-final of Syed Modi India International tournament
Union Home and Cooperation Minister Amit Shah addresses 'Mati Kala Mohotsav' at Science City in Ahmedabad
India's growing economy & fast pace of development require robust arbitration institutions in the country, says V Prez Jagdeep Dhankhar
Nagaland CM announces to create corpus fund of Rs one crore for Disability community of state
President Droupadi Murmu to confer National Awards for empowerment of Persons with Disabilities (Divyangjan), 2023 on Dec 3
Chess: Vaishali Rameshbabu makes history by becoming India's third Female Grandmaster
Telangana Assembly election results to be announced tomorrow
मुख्य समाचार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्नाटक के चामुंडी हिल्स में मैसुरू दशहरा महोत्सव का उद्घाटन किया। श्रीमती मुर्मु, धारवाड़ में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के नए परिसर का भी उद्घाटन करेंगी।
गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। कहा-सरकार देश में स्वास्थ्य और चिकित्सा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर ध्यान केन्द्रित कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आज शाम तोक्यो के लिए रवाना होंगे।
आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने कचरे से खिलौना बनाने से जुडी अनूठी प्रतियोगिता स्वच्छ ट्वायकैथॉन की शुरुआत की।
कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी अजय माकन राज्य के राजनीतिक घटनाक्रम पर अपनी रिपोर्ट अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंपेंगे।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम आज घोषित करेगी।
इटली में, जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी गठबंधन को संसदीय चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने के आसार।
और, मां दुर्गा की नौ दिन की पूजा अर्चना का पर्व नवरात्र आज से आरंभ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी को शुभकामनाएं दीं।
---------------------------------------
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज मैसूरू के चामुंडी हिल्स में मैसुरु दशहरा उत्सव का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति ने दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के विभिन्न पर्व लोगों को आपस में जोड़ते हैं।
हमारे देश के ऋषि मुनियों ने तथा सामान्य जनता ने भी सदियों से भारतीय समाज को उत्सवों के महत्व से जोड़ रखे हैं। रामायण, महाभारत, पुराण, इतिहास और लोक कथाओं के देवीय और मानव चरित्रों पर आधारित पर्व पूरे देश में मनाए जाते हैं। इन पर्वो में विविधता के साथ-साथ एकरूपता भी दिखाई देती है। मैसूरू दशहरा भारतीय संस्कृति के गौरव का पर्व भी है।
इस अवसर पर राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और शोभा कारंदलाजे भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री बोम्मई ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष दशहरा त्योहार दो वर्षों के बाद बड़ी धूम-धाम से मनाया जा रहा है। पिछले दो वर्ष कोविड महामारी के कारण यह त्योहार नहीं मनाया जा सका था। उन्होंने दशहरा पर्व के उद्घाटन के लिए आमंत्रण स्वीकार करने के लिए राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रपति मुर्मू कर्नाटक के तीन दिन के दौरे पर हैं। राष्ट्रपति के रूप में किसी राज्य की यह उनकी पहली यात्रा है। राष्ट्रपति मुर्मु धारवाड़ में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के नए कैंपस का उद्घाटन करेंगी। वे कल बैंगलुरु में हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड की एकीकृत क्रायोजेनिक ईंजन निर्माण संयंत्र का शुभारंभ करेंगी और वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान का शिलान्यास भी करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू सैंट जोसेफ विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगी। बुधवार को उनका दिल्ली लौट आने का कार्यक्रम है।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार स्वास्थ्य और चिकित्सा के ढांचे को मजबूत करने पर काम कर रही है। देश में चिकित्सा विश्वविद्यालयों की संख्या 2013-14 में तीन सौ 87 से बढ़कर 2022 में पांच सौ 96 हो गई है।
आज अहमदाबाद के सानंद में तीन सौ 50 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल की आधारशिला रखते हुए श्री शाह ने कहा कि इस अस्पताल से सानंद औद्योगिक क्षेत्र के एक लाख तीस हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा।
ये अस्पताल के अंदर ओपीडी, इंडोर फेसिलिटी, एक्सरे और इसके बाद की सभी रेडियोलॉजी सुविधाएं, पूर्ण प्रयोगशाला, सारे ब्लैड टैस्ट से लेकर सारे पैथोलॉजी के टैस्ट होंगे, ऑपरेशन थियेटर होगा, प्रसूति की व्यवस्था होगी, इंटेनसिव केयर यूनिट होगा, अल्ट्रासाउड भी होगा।
गृहमंत्री ने कहा कि इस अस्पताल को इस तरह से बनाया जा रहा है कि आवश्यकता पड़ने पर इसकी क्षमता बढ़ायी जा सके।
अभी शुरू में तो साढ़े तीन सौ बैड का अस्पताल बनेगा, इसके लिए 500 करोड़ रुपया लगेगा, परन्तु दूरदर्शिता के साथ श्रम विभाग में इसकी नींव और इसका स्ट्रक्चर जो बन रहा है, इसके अंदर पूरी व्यवस्था कर दी है कि जरूरत पड़ने पर इस अस्पताल को 350 से 500 बैड का अस्पताल हम तुरन्त ही बना सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आज शाम तोक्यो के लिए रवाना होंगे। श्री शिंजो आबे को इस वर्ष 8 जुलाई को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई थी। श्री मोदी जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से भी मुलाकात करेंगे। एक रिपोर्ट-
जापान के सबसे लंबे समय तक रहने वाले प्रधानमंत्री शिंजो आबे की प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गहरी मित्रता थी। वर्ष 2007 में हुई पहली मुलाकात के बाद से दोनों नेताओं के बीच मित्रता आधिकारिक प्रोटोकॉल के बंधन से निकलकर और आगे बढ़ी। वहीं, जब श्री आबे वर्ष 2007 और 2012 के बीच और हाल ही में 2020 के बाद से जापान के प्रधानमंत्री नहीं थे, तब भी श्री मोदी के साथ व्यक्तिगत संबंध मजबूत बना रहा। भारत-जापान संबंध में शिंजो आबे को उनके योगदान के लिए प्रतिष्ठित पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री हान डक-सू सहित 200 से अधिक देशों के 700 से ज्यादा गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। सुपर्णा सैकिया के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने सूखे कचरे से खिलौना बनाने की अनूठी प्रतियोगिता स्वच्छ ट्वायकैथॉन शुरू की है। मंत्रालय में सचिव मनोज जोशी ने कहा है कि टूटे खिलौने आम तौर पर कचराघर में फैंक दिये जाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले जो लकडी के खिलौने बनते थे, वे अधिक दिन तक चलते थे। श्री जोशी ने कहा कि पुराने खिलौनो को नया रूप देकर फिर से बेचा जा सकता है। उन्होंने खिलौनों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए समाजिक स्तर पर आंदोलन चलाए जाने पर जोर दिया। यह प्रतियोगिता शहरी स्वच्छ मिशन के तहत शुरू की गई है। प्रतियोगिता सूखे कचरे से खिलौना तैयार करने में नवाचारों के लिए खुली होगी। इसमें सुरक्षा मानकों के पालन के साथ कुशल डिजाइन के खिलौने तैयार करने पर ध्यान दिया जाएगा। यह प्रतियोगिता माईगॉव्स इनोवेट इंडिया पोर्टल पर आयोजित होगी। सेंटर फॉर क्रिएटिव लर्निंग और आई.आई.टी. गांधीनगर इस पहल के साझीदार हैं।
कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी अजय माकन राज्य के राजनीतिक घटनाक्रम पर अपनी रिपोर्ट अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंपेंगे। श्री अजय माकन ने कहा है कि शहरी विकास मंत्री शांति धारीवाल के आवास पर कल हुई पार्टी विधायकों की बैठक अनुशासन के खिलाफ है। आज जयपुर में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विधायकों ने वास्तव में त्यागपत्र दिया है या नहीं और इस्तीफा देने वाले कितने विधायक हैं।
श्री माकन ने कहा कि वे और पार्टी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे प्रत्येक विधायक की राय जानने के लिए उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
शान्ति धारीवाल जी, डॉक्टर जोशी और प्रताप काचरियावास ये तीनों विधायक उनके नुमांयदे के तौर पर हमारे पास में आए और उन्होंने तीन शर्तें रखीं। सबसे पहले तो उन्होंने कहा कि बेशक आप रेजुलुशन पास करना है कांग्रेस अध्यक्ष के ऊपर छोड़ने का, तो बेशक रेजुलुशन पास करें,लेकिन उसके अंदर फैसला उसका 19 अक्टूबर के बाद होना चाहिए। दूसरा हम लोग जब कहा हम सबसे अलग-अलग एक-एक करके बात करेंगे, तो उन्होंने कहा नहीं हम ग्रुप्स में आएंगे। तीसरा जो उन्होंने बोला कि 102 जो विधायक उस वक्त लॉयल थे, अशोक जी के साथ में थे, उनमें से ही कोई बनाया जाना चाहिए। सचिन पायलट या उसके ग्रुप में से नहीं बनाना चाहिए।
कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने आज अपनी नई पार्टी के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी का नाम 'डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी' रखा गया है। श्री आजाद ने आज जम्मू में एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी की विचारधारा उनके नाम की तरह होगी और इसमें सभी धर्म के लोग शामिल हो सकेंगे।
भारत से औषध उत्पादों के निर्यात में वर्तमान वित्तवर्ष में अप्रैल से अगस्त के बीच, 2013-14 की इसी अवधि की तुलना में 146 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रसायन और उर्वरक मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर कहा है कि भारत का औषध उद्योग आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार कर रहा है।
अफगानिस्तान से 55 अफगान सिख को लेकर एक विशेष उड़ान कल दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंची। सिख शरणार्थियों ने तत्काल वीजा और दिल्ली पहुंचने में मदद के लिए भारत सरकार को धन्यवाद दिया।
हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिले की बंजार घाटी में एक पर्यटक वाहन के गिर जाने से सात लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गये। यह दुर्घटना कल रात साढे आठ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 305 पर हुई। कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि वाहन में चालक सहित 17 लोग सवार थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सडक दुर्घटना में विद्यार्थियों सहित कई लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। ट्वीट संदेश में उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना में मरने वालों के प्रति गहरा दु:ख व्यक्त किया है। श्री मोदी ने एक टवीट में कहा कि घायलों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। श्री मोदी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में कल रात भूस्खलन से एक परिवार के पांच लोग मारे गए और एक घायल हो गया। मरने वालों में चार बच्चे शामिल थे। पोंटा साहिब के पुलिस उपनिरीक्षक वीर बहादुर सिंह ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सोए हुए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिये संयुक्त प्रवेश परीक्षा-सी.यू.ई.टी.-पी.जी. के परिणाम आज शाम चार बजे घोषित करेगी। विद्यार्थी cuet.nta.nic.in और nta.ac.in. पर परिणाम देख सकते हैं और अपनी अंक तालिका डाउनलोड कर सकते हैं। 66 विश्वविद्यालय इस परीक्षा के आधार पर शैक्षिक सत्र 2022-23 में प्रवेश देंगे।
इटली में, जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी गठबंधन को अगली संसद में स्पष्ट बहुमत मिलने के आसार नजर आ रहे हैं। मीडिया की खबरों के अनुसार चुनाव सर्वेक्षण में इस गठबंधन को करीब 45 प्रतिशत और मेलोनी की पार्टी को 26 प्रतिशत वोट मिले हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेतृत्व में मध्य-वामपंथी गठबंधन, 29 प्रतिशत वोट के साथ दूसरे स्थान पर है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अब इटली में दक्षिणपंथी सरकार बनने की प्रबल संभावना है।
शक्तिरूपा मां दुर्गा की नौ दिन की पूजा-अर्चना का नवरात्र- अनुष्ठान आज से प्रारंभ हो गया है। आज प्रथम दिन देवी के शैलपुत्री रूप की पूजा की जाती है।
नवरात्र के लिये मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है।
उत्तर प्रदेश में नवरात्र पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को बधाई दी है और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को त्योहारी सीजन में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं। एक रिपोर्ट-
प्रथम दुर्गा त्वंहि भवसागरः तारणीम्।
धन ऐश्वर्य दायिनी शैलपुत्री प्रणमाम्यहम्॥
प्रदेश भर में श्रद्धालु मंत्रों का जाप करते हुए नवरात्रि के पहले दिन देवी दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की आराधना कर रहे हैं। व्रत रखने के साथ ही भक्त अपने घरों में कलश स्थापना कर रहे हैं और साथ ही विभिन्न मंदिरों में मां दुर्गा के दर्शन भी कर रहे हैं। प्रदेश में स्थापित प्रमुख शक्तिपीठों जैसे विंध्याचल और देवीपाटन में भी नवरात्रि के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शक्ति की देवी की स्तुति करने के लिए पहुंच रहे हैं। आज से प्रसिद्ध विंध्याचल धाम में शारदीय नवरात्र मेला भी शुरू हो गया है। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्रि की शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने एक ट्वीट संदेश में कामना की कि श्रद्धा और आस्था का यह पर्व हर एक के जीवन में नयी ऊर्जा और उत्साह का संचार करे।
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नवरात्रि पर लोगों को बधाई दी है। एक संदेश में उन्होंने कहा कि नौ दिनों का यह उत्सव हमें बुराई पर अच्छाई की जीत की याद दिलाता है और उज्जवल भविष्य की आशा दिलाता है।
भारत का सबसे बड़ा लोक सेवा प्रसारक, आकाशवाणी देश की स्वतंत्रता के बाद पिछले 75 वर्षों से देशभर के करोड़ों लोगों तक सूचना और समाचार पहुंचा रहा है। आकाशवाणी समाचार आज़ाद भारत की बात-आकाशवाणी के साथ श्रृंखला में स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है। इस कार्यक्रम में आकाशवाणी के माध्यम से जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में स्वतंत्रता के बाद भारत की विकास यात्रा के बारे में जानकारी दी जाती है।
आज की कड़ी में हम आपको वोकल फॉर लोकल अभियान के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य भारत को आत्मनिर्भर बनाना है।
सार्वजनिक खरीद के लिए भारतीय फर्मों पर अधिक ध्यान देने से लेकर स्थानीय विनिर्माण के लिए विदेशी और भारतीय कंपनियों को कर प्रोत्साहन की पेशकश करने तक, सरकार ने अपनी 'वोकल फॉर लोकल' मुहीम को बढ़ाया है। कोविड-19 महामारी के दौर में वोकल फॉर लोकल नया नारा बन गया। इस आंदोलन के पीछे के विचार की जड़ें स्वदेशी आंदोलन में हैं, जिसे महात्मा गांधी ने बढ़ाया था और 1905 में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लोकप्रिय हुआ था। इसे भारतीयों में राष्ट्रवाद और राष्ट्रवादी गौरव की भावना को आत्मसात करने के तरीके के रूप में देखा गया। वोकल फॉर लोकल अभियान का उद्देश्य स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देना और जहां भी संभव हो स्थानीय वस्तु का उपभोग करना है ताकि मांग में वृद्धि के दीर्घकालिक प्रभावों का उपयोग घरेलू उद्योगों को विकसित करने और उन्हें धीरे-धीरे आत्मनिर्भर बनाने के लिए किया जा सके। आर्थिक विश्लेषक पुनीत जैन कहते हैं, स्थानीय के लिए वोकल की मुहीम उत्पादन को बढ़ाने में मदद करेगी, और अंत में, भारत को दुनिया के लिए एक विनिर्माण केंद्र बनाएगी, जिससे देश को 2025 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य प्राप्त होगा।
वोकल फॉर लोकल घरेलू उद्योगों और छोटे व्यापारियों को महत्व देता है। इस आंदोलन को मांग को बढ़ावा देने के लिए एक प्रोत्साहन के रूप में भी देखा जा सकता है और इसने, छोटे और सीमांत घरेलू उद्योगों के लिए एक जीवन रेखा देने का काम किया। ये छोटे व्यापारी कोविड-19 महामारी के दौर में अपने अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। यदि मांग घरेलू कंपनियों के पक्ष में जाती है, तो इसके तीन लाभ हैं। पहला, इससे विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम होगी और आयात के दबाव में कमी आएगी। दूसरा, यह घरेलू कंपनियों को संकट की अवधि में जीवित रहने के लिए लड़ने का मौका देगा। तीसरा, यह भारत को दुनिया के नए विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरने के लिए एक रणनीतिक स्थिति में रखेगा। साथ ही लोकल के लिए वोकल स्लोगन का मतलब केवल यह नहीं है कि उत्पादों को 'मेड इन इंडिया' होना चाहिए, बल्कि उन उत्पादों का प्रचार भी होना चाहिए ताकि उन उत्पादों को प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके। 2020 में अपने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन के दौरान, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, स्वतंत्र भारत की मानसिकता 'वोकल फॉर लोकल' होनी चाहिए। उन्होंने नागरिकों के लिए "वोकल फॉर लोकल" का आह्वान किया, जो पिछले 50 वर्षों में देश द्वारा सुने गए सबसे शक्तिशाली नारों में से एक है।
इस नारे का एक विस्तार 'लोकल फॉर ग्लोबल' है, कि भारत के स्थानीय उत्पादों की वैश्विक अपील और पहुंच होनी चाहिए। आओ लोकल के लिए वोकल को अपना जीवन मंत्र बनाएं और इस अमृत काल के दौरान अपने देश को अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर ले जाएं। शिव प्रकाश मिश्र आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
आज़ाद भारत की बात-आकाशवाणी के साथ कार्यक्रम को ट्वीटर @Air news alerts, पर यू ट्यूब चैनल न्यूज़ ऑन ए आई आर ऑफिशियल पर, न्यूज़ ऑन ए आई आर ऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सुना जा सकता है।
और आज का संस्कृति संदेश समर्पित है सुप्रसिद्ध अभिनेता देव आनंद को -
हिंदी फिल्मों में जब भी किसी सदाबहार अभिनेता का ज़िक्र होता है, तो उसमें देव आनंद का नाम सबसे पहले आता है। उनके बारे में कहा जाता है कि, अपनी पूरी जिंदगी वे जवान बने रहे।
(गीतः गाता रहे मेरा दिल ..............फिल्मः गाइड)
देवानंद का जन्म 26 सितम्बर 1923 को गुरदासपुर में हुआ था, जो अब पकिस्तान में है। देवानंद ने गवर्नमेंट कॉलेज लाहौर से अंग्रेजी साहित्य में डिग्री प्राप्त की और काम की तलाश में मुंबई आ गए। क़िस्मत अच्छी थी, कि जल्द ही उन्हें प्रभात टॉकीज़ की फ़िल्म में काम करने का मौका मिल गया। 1949 में देवानंद ने अपनी खुद की एक फ़िल्म कम्पनी बनाई, जिसका नाम रखा नवकेतन। 1951 में प्रदर्शित कम्पनी की पहली फिल्म बाज़ी काफी सफ़ल रही। इसके बाद आई टेक्सी ड्राईवर, जो हिट साबित हुई! इस फ़िल्म में इनके साथ थीं कल्पना कार्तिक, जिन्होंने बाद में देव साहब से विवाह कर लिया। 1958 में आई फ़िल्म काला पानी के लिए उन्हें बेहतरीन कलाकार के पुरस्कार से नवाज़ा गया।
(गीतः अच्छा जी मैं हारी........फिल्मः काला पानी)
1965 में देवानंद की पहली रंगीन फ़िल्म प्रदर्शित हुई, जिसका नाम था गाइड। कहा जाता है ऐसी फिल्म दोबारा नहीं बनी।
(गीतः तेरे मेरे सपने ..........फिल्मः गाइड)
आईएनएस सुनयना संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण अभ्यास में भाग लेने के लिए शनिवार को सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया पहुँचा। भारतीय नौसेना पहली बार इस संयुक्त अभ्यास में भाग ले रही है। इसमें भारत के अलावा अमरिका, इटली, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, ब्रिटेन और स्पेन भाग रहे हैं।
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत अब तक 217 करोड 68 लाख से अधिक कोविड टीके लगाये गए। पिछले 24 घंटों के दौरान 11 लाख 67 हजार से अधिक टीके लगाए गए। इसी दौरान करीब पांच हजार मरीज ठीक हुए। स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव सात-दो प्रतिशत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनके जन्म दिवस पर शुभकामनायें दी हैं। श्री मोदी ने उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ तीन टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैचों की श्रृंखला दो-एक से अपने नाम कर ली है। कल रात उसने हैदराबाद में तीसरे और अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित बीस ओवर में सात विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में भारत ने चार विकेट के नुकसान पर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।
और अब एक नजर आज के मौसम पर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में बादल छाए रहेंगे। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में गरज के साथ वर्षा भी हो सकती है। इन महानगरों में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जम्मू, श्रीनगर और मुजफ्फराबाद में आसमान साफ रहेगा। लेह और गिलगित में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं वर्षा या धूल भरी आंधी की संभावना है। इन स्थानों पर तापमान 4 डिग्री से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बंगलुरु, हैदराबाद और विशाखापत्तनम में बादल छाये रहेंगे और हल्की वर्षा हो सकती है। इन शहरों में तापमान 22 डिग्री और 33 डिग्री के बीच रहने का अऩुमान है।पूर्वोत्तर में गुवाहाटी, इम्फाल, कोहिमा, आइजोल, ईटानगर, शिलंग, अगरतला और गंगटोक में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती है। इन शहरों में तापमान 16 डिग्री और 32 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
तेलंगाना में फूलों का नौ दिन का उत्सव बतुकम्मा कल से शुरू हो गया है। पूरे राज्य में बड़ी संख्या में महिलाएं इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग ले रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बतुकम्मा के पावन अवसर पर लोगों को, विशेष रूप से तेलंगाना की नारी शक्ति को शुभकामनाएं दी हैं।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :