Delhi govt mandates wearing face masks in public places after surge in COVID cases
India and Bangladesh review defence cooperation, agree to elevate engagements
At least 4 drowned, 17 missing as boat capsizes in Yamuna River in Uttar Pradesh's Banda
India Post sells more than one crore national flags in just ten days
UN to hold emergency meeting on Ukraine nuclear crisis
China shields Pak based global terrorist from United Nations sanctions despite incontrovertible evidence
Senior TMC leader Anubrata Mondal sent to CBI custody till Aug 20 in Asansol after arrest in cattle smuggling case
J&K Lieutenant Governor Manoj Sinha vows to deal with terrorists & their supporters in befitting manner
Union Home and Cooperation Minister Amit Shah to inaugurate National Conference of Rural Cooperative Banks in New Delhi tomorrow
Jagdeep Dhankhar takes oath as Vice President of India; PM Modi wishes him very best for fruitful tenure
मुख्य समाचार-
----------
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल गुजरात के धरमपुर में तीन सौ करोड़ रुपये से अधिक की श्रीमद् राजचंद्र मिशन की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि श्रीमद् राजचंद्र मिशन की पहल ने ग्रामीण स्वास्थ्य के क्षेत्र में 'स्वस्थ भारत' की परिकल्पना को साकार किया है। मिशन द्वारा शुरू की गई आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से दक्षिण गुजरात के ग्रामीण, गरीब और जनजातीय लोगों को लाभ होगा।
राजचंद्र मिशन, धरमपुर का कार्यक्रम इसी शाश्वत भावना का प्रतीक है। मल्टी स्पेशयलिटी अस्पताल का लोकार्पण हुआ है तो एनिमल हॉस्पिटल का शिलान्यास किया गया है। इसके साथ-साथ महिलाओं के लिए सेन्टर फॉर एक्सीलेंसिज का निर्माण कार्य भी शुरू हो रहा है। इससे गुजरात के ग्रामीणों, गरीबों, आदिवासियों, विशेष रूप से दक्षिण गुजरात के साथियों को, हमारी माताओं- बहनों को बहुत लाभ होगा। इन आधुनिक सुविधाओं के लिए, जितना धन्यवाद करूं, उतना कम है।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए श्रीमद् राजचंद्र उत्कृष्ट केन्द्र की आधारशिला रखी। इस केंद्र से 700 से अधिक जनजातीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा। श्री मोदी ने कहा कि श्रीमद् राजचंद्रजी शिक्षा और कौशल के माध्यम से बेटियों के सशक्तिकरण पर बहुत जोर देते थे। उन्होंने बहुत ही कम उम्र में महिला सशक्तिकरण के बारे में गंभीरता से बात की थी। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में देश की नारी शक्ति को राष्ट्रीय शक्ति के रूप में सामने लाना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण, जनजातीय और वंचित समुदाय के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले लोग देश की अंतर्रात्मा को जीवंत बनाये हुए हैं।
बेटियों को पढ़ाना जरूरी है। इस समाज में सुधार तेजी से हो सके, समाज में आई बुराइयों को हम और तेजी से दूर कर सकें। देश की नारीशक्ति को आजादी के अमृतकाल में राष्ट्रशक्ति के रूप में सामने लाना हम सभी का दायित्व है। केंद्र सरकार आज बहनों-बेटियों के सामने आने वाली हर उस अड़चन को दूर करने में जुटी है, जो उसे आगे बढ़ने से रोकती है।
रिजर्व बैंक आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि रिजर्व बैंक खुदरा मंहगाई पर नियंत्रण के लिए रेपो दर में 25 से 50 आधार अंकों की वृद्धि कर सकता है। रेपो दर पर वाणिज्यिक बैंक रिजर्व बैंक से रुपये उधार लेते हैं। यदि रिजर्व बैंक रेपो दर में वृद्धि करता है तो बैंकों के खुदरा और अन्य ऋण की उधारी लागत भी बढ़ जाती है जिसके कारण बैंक ऋण की ब्याज दर बढ़ाकर बढ़ती लागत का बोझ उधार लेने वालों पर डाल देते हैं।
प्रवर्तन निदेशालय ने पात्रा चॉल मामले में गिरफ्तार शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को पूछताछ के लिए समन भेजा है। निदेशालय ने कहा कि वर्षा राउत के खाते में लेनदेन किए जाने का पता लगने के बाद यह समन जारी किया गया है। इससे पहले विशेष अदालत ने संजय राउत की प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत सोमवार तक बढ़ा दी थी। प्रवर्तन निदेशालय ने एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के पात्रा चॉल भूमि घोटाले में संजय राउत को रविवार आधी रात को गिरफ्तार किया था।
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डीआरडीओ और सेना ने देश में निर्मित लेजर-गाइडेड एंटी-टैंक मिसाइलों का कल महाराष्ट्र में अहमद नगर के आर्मर्ड कोर सेंटर स्कूल के सहयोग से सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। मिसाइल ने दो अलग-अलग रेंज से सटीक निशाना लगाते हुये लक्ष्य को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया।
लेजर-गाइडेड एंटी-टैंक मिसाइल में उच्च क्षमता का टैंक रोधी बारूद लगाया गया है, जो बख्तरबंद वाहनों को संरक्षण प्रदान करेगा। इस मिसाइल को मल्टी- प्लेटफॉर्म लॉन्च क्षमता के साथ विकसित किया गया है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो रविवार 7 अगस्त को अंतरिक्ष में तिरंगा फहराएगा। तिरंगा फहराने के लिए इसरो अपने सबसे छोटे व्यवसायिक रॉकेट को अंतरिक्ष में भेजेगा। यह रॉकेट श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सुबह 9 बजकर 18 मिनट पर छोड़ा जायेगा। इसरो के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने नए उपग्रह को गेम चैंजर बताया है। उन्होंने कहा कि छोटे उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजने के तेजी से बढ़ रहे क्षेत्र में यह भारत के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
15 अगस्त, 2018 को प्रधानमंत्री ने घोषणा की थी कि देश के 75वें स्वाधीनता दिवस में अंतरिक्ष में तिरंगा फहराया जाएगा।
आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत लघु उपग्रह प्रक्षेपणयान एक छोटा उपग्रह आज़ादी सैट (AzaadiSAT) भी भेजा जाएगा। इसमें 75 पेलोड लगे हैं। इनका निर्माण देशभर के 75 सरकारी ग्रामीण विद्यालयों की 750 युवा लड़कियों ने किया है। इस परियोजना की परिकल्पना स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में युवा लड़कियों में विज्ञान के प्रति जागरुकता बढ़ाने और उन्हें अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए की गई है।
महाराष्ट्र में हर घर तिरंगा अभियान में तेजी आ रही है। इस अभियान के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए तैयारियां की जा रही है और राज्य में कई कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।
देश की आजादी के इस महीने 15 तारीख को 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह देश में जारी आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले आकाशवाणी समाचार आज से इंडिया@75 विशेष श्रृंखला शुरू कर रहा है। आज का विषय है- भारत का जीवंत लोकतंत्र।
भारत एक मजबूत और जीवंत लोकतंत्र है भारत के संविधान में नागरिकों को बिना किसी भेदभाव के मौलिक अधिकार दिए गए हैं। विशिष्ट संविधान सुविकसित लोकतांत्रिक संस्थाए और सामाजिक प्रशासन में लोगों की भागीदारी इस लोकतंत्र की प्रमाणमिकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले वर्ष संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत जीवन लोकतंत्र दिप्तिमान उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें ऐसे देश का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है जिसे लोकतंत्र की जन्मी के रूप में जाना जाता है।
ये भारत के लोकतंत्र की ताकत है कि एक छोटा बच्चा जो कभी एक रेलवे स्टेशन के टी स्टॉल पर अपने पिता की मदद करता था, वो आज चौथीं बार भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर यूएनजी को संबोधित कर रहा है। भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे हेड ऑफ गर्वमेंट की भूमिका में देशवासियों की सेवा करते हुए बीस साल हो रहे हैं मैं अपने अनुभव से कह रहा हूं डेमोक्रेसी कैन डिलिवर, डेमोक्रेसी हैज डिलिवर हम भारतीय जहां भी रहते हैं, अपने लोकतंत्र पर गर्व करते हैं अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
विज्ञापन जो सही या वास्तविक न हो वह भ्रामक विज्ञापन है और उन कंपनियों पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। दोबारा गलती करने पर 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। उपभोक्ता मामले विभाग, भारत सरकार द्वारा जनहित में जारी। जागो ग्राहक जागो।
भारतीय नौसेना की महिला अधिकारियों के दल ने डोर्नियर 228 विमान पर सवार होकर उत्तरी अरब सागर में पहला स्वतंत्र समुद्री निगरानी मिशन पूरा कर इतिहास रच दिया है। मिशन को गुजरात के पोरबंदर में नौसेना एयर एन्क्लेव स्थित नौसेना की एयर स्क्वाड्रन-आई.एन.ए.एस.- 314 की पांच महिला अधिकारियों ने पूरा किया। मिशन की कप्तानी लेफ्टिनेंट कमांडर आंचल शर्मा ने की। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि इस अभियान के लिए महिला अधिकारियों ने कई महीनों तक प्रशिक्षण प्राप्त किया। अपनी तरह के इस ऐतिहासिक उड़ान मिशन के बाद अब महिला अधिकारियों के लिए भी बड़ी जिम्मेदारी और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं के लिए संभावनाएं बढ़ गई हैं।
अमरीकी संसद की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी ने आज सुबह तोक्यो में जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा से मुलाकात की। चीन और अमरीका के बढ़ते तनाव के बीच दोनों नेताओं की यह बैठक हुई।
सुश्री पेलोसी एशियाई देशों के अपने दौरे में कल जापान पहुंचीं। सुश्री पेलोसी और अमरीकी संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने इस सप्ताह सिंगापुर, मलेशिया, ताइवान और दक्षिण कोरिया का दौरा किया। उन्होंने ने सोमवार को सिंगापुर से इस दौरे की शुरुआत की थी। वे ताइवान पहुंची थीं, जिसके कारण चीन के साथ तनाव बढ़ गया।
चीन ने कल ताइवानी जल क्षेत्र में अपना सबसे बड़ा मिसाइल परीक्षण किया। कई दशकों में किया गया यह सबसे बड़ा परीक्षण है।
ताइवान ने इस परीक्षण की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि यह क्षेत्रीय शांति को कमजोर करने वाली विवेकहीन कार्रवाई है। उसने कहा कि चीनी सेना ने ताइवान के उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम तटों के पास जल क्षेत्र में 11 डोंगफेंग-श्रेणी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 22 चीनी लड़ाकू विमानों ने ताइवानी जलडमरूमध्य की मध्य रेखा पार की।
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात अपने स्पॉटलाइट कार्यक्रम की विशेष श्रृंखला में 'जम्मू और कश्मीर- एक नई सुबह, नया दौर, नई उमंग, नई उम्मीद' प्रसारित करेगा।
यह कार्यक्रम आज रात एफ. एम. गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात सवा नौ बजे से प्रसारित किया जाएगा। यह हमारी वेबसाइट NEWS ON AIR DOT GOV DOT IN और हमारे यू-ट्यूब चैनल NEWS ON AIR OFFICIAL पर भी उपलब्ध रहेगा।
अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने की आज तीसरी वर्षगांठ है। आज ही के दिन अगस्त, 2019 में जम्मू और कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को केंद्र सरकार ने निरस्त कर दिया था। राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित किया गया था।
इससे पहले, जम्मू-कश्मीर देश का एकमात्र ऐसा राज्य था जिसका अलग संविधान था और अनुच्छेद 370 में वर्णित प्रावधानों के अनुसार राज्य को एक विशेष स्वायत्तता का दर्जा प्राप्त था।
सैफ अंडर-ट्वेन्टी फुटबॉल चैम्पियनशिप के फाइनल में आज भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। मैच शाम सात बजे शुरू होगा।
राउंड रॉबिन लीग मैचों में बांग्लादेश पहले और भारत दूसरे स्थान पर हैं।
फाइनल में दोनों टीमों के एक-एक खिलाड़ी निलंबित रहेंगे। बांग्लादेश की टीम में शाहिदुल इस्लाम और भारतीय टीम में पार्थिब गोगोई नहीं खेल सकेंगे।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की खबरों के साथ हैं खेल डेस्क से नवीन सक्सेना-
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के कल सातवें दिन भी भारत का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। भारत्तोलन में पुरुष हैवीवेट के फाइनल में पैरालिफ्टर सुधीर ने 212 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। राष्ट्रमंडल खेलों की पैरालिफ्टिंग में भारत के लिए ये पहला स्वर्ण पदक है। वहीँ लॉंन्ग जम्प में मुरली श्रीशंकर ने इतिहास रचते हुए आठ दशमलव शून्य आठ मीटर की छलांग लगाई और भारत को रजत पदक दिलाया।
राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में इस स्पर्धा में किसी भी भारतीय पुरुष खिलाड़ी का यह पहला पदक है। कल भारतीय मुक्केबाज़ों ने भी विरोधियों पर दमदार पंच लगाते हुए भारत के लिए चार पदक पक्के कर लिए । पुरुषों में अमित पंघाल, सागर अहलावत, और रोहित टोकस जबकि महिलाओं में जैस्मिन ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। कुल मिलाकर अब तक सात भारतीय मुक्केबाज अपनी-अपनी स्पर्धाओं के सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। एथलेटिक्स में महिलाओं हिमा दास भी महिलाओं की 200 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं, जबकि मंजू बाला हेमर-थ्रो स्पर्धा के फाइनल में हैं। पुरुष हॉकी में पूल बी में भारत ने वेल्स को 4-1 से हरा कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। टेबल टेनिस में श्रीजा अकुला और रीथ टेनिसन भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर महिला सिंगल्स के अंतिम 16 में पहुंच गईं हैं। वहीं पुरुष डबल्स में शरत कमल और साथियान गणासेकरन की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। बैडमिंटन में आकर्षी कश्यप महिला सिंगल्स के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। वहीं, पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में पहुंच चुके हैं। स्क्वाश में महिला डबल्स में भारत की जोशना चिनप्पा और दीपिका पल्लीकल की जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। खेलों के आठवें दिन आज से कुश्ती के मुकाबले शुरू हो रहे हैं। महिला कुश्ती में विनेश फोगाट पूजा गेहलोत, साक्षी मलिक और अंशु मलिक वहीं पुरुषों में बजरंग पूनिया, दीपक पूनिया और मोहित ग्रेवाल अपनी चुनौती पेश करेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत छह स्वर्ण, सात रजत और सात कांस्य पदकों के साथ कुल 20 पदक लेकर सातवें स्थान पर है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रमंडल खेलों में पैरा पावर लिफ्टिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर सुधीर को बधाई दी है। ट्वीट में, श्रीमती मुर्मू ने कहा कि उत्साहपूर्ण प्रदर्शन और समर्पण से ही उन्हें स्वर्ण पदक मिला है। खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी स्वर्ण पदक जीतने पर सुधीर को बधाई दी है।
गृह मंत्री अमित शाह, सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर तथा सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल मुरूगन आज नई दिल्ली में स्वराज- भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा श्रृंखला का शुभारंभ करेंगे।
श्री ठाकुर ने 15 जुलाई को इस श्रृंखला का प्रोमो शुरू किया था। इस कार्यक्रम का 14 अगस्त से दूरदर्शन पर प्रसारण होगा।
समाचार पत्रों से-
प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई पर संसद में चर्चा, सभी अखबारों की सुर्खियों में छाई है। नवभारत टाइम्स के मुख-पृष्ठ पर पहली खबर है- ईडी पर पंजे का शिंकजा, खडगे से सात घंटे पूछताछ। राष्ट्रीय सहारा ने इसी समाचार को शीर्षक दिया है- खड़गे से ईडी की खरी-खरी, जबकि अमर उजाला की सुर्खी है- ईडी की कार्रवाई पर संसद में हंगामा।
हिन्दुस्तान और पंजाब केसरी ने अंतरराष्ट्रीय हलचल को प्राथमिकता दी है। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- चीन-ताइवान में तनातनी चरम पर। वहीं, पंजाब केसरी के पहले पन्ने पर पहली खबर है- चीन ने दागी 11 मिसाइलें। पत्र कहता है- चीन की सेना ने लाइव फ़ायर एक्सरसाईज़ के तहत जिन 370 एमएम वाले पीसीएल 191 रॉकेट्स को दागा है, उन्हें चीन का मिस्ट्री वेपन भी कहा जाता है। मकसद है- ताइवान को डराना।
दैनिक भास्कर, अमर उजाला और नवभारत टाइम्स ने समुद्री निगरानी के लिए उड़ान भरने वाले नौसेना के पहले महिला दस्ते का समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया है। अमर उजाला की सुर्खी है- बेटियों ने पहली बार की अरब सागर की निगहबानी। अखबारों के पहले पन्ने पर डॉर्नियर 228 टोही विमान के साथ लेफ्टिनेंट कमांडर आंचल शर्मा, लेफ्टिनेंट शिवांगी, लेफ्टिनेंट अपूर्वा गीते, लेफ्टिेनेंट पूजा पांडा और सब-लेफ्टिनेंट पूजा शेखावत की तस्वीरें ध्यान खींचती हैं।
दैनिक जागरण ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत कश्मीर में हो रही तिरंगा यात्राओं के समाचार को प्रमुखता दी है। कश्मीर वादी में तिरंगा लहराते नागरिकों की खूबसूरत तस्वीर के साथ लिखा है- आज कोई नहीं आतंक का पोस्टर बॉय और पत्थरबाज भी हुए हवा-हवाई।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाडि़यों के उल्लेखनीय प्रदर्शन के समाचार को सभी अखबारों ने खेल पन्नों के अलावा पहले पृष्ठ पर भी जगह दी है। दैनिक ट्रिब्यून ने महिला जूडो में रजत पदक विजेता तूलीका मान, एथलेटिक्स में कांस्य जीतने वाले तेजस्विन शंकर और भारत्तोलन के कांस्य विजेता गुरदीप सिंह की मुस्कराती हुई तस्वीरें प्रकाशित की है।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के धर्मपुर में श्रीमद् राजचंद्र मिशन की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। कहा- महिला, जनजातीय और वंचित समुदाय के सशक्तीकरण के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले लोग देश की अंतरात्मा को जीवंत बनाये हुए हैं।
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने देश में निर्मित लेजर गाइडेड, एंटी टैंक मिसाइलों का मुख्य युद्धक टैंक अर्जुन से सफलतापूर्वक परीक्षण किया।
भारतीय नौसेना की महिलाओं के एक दल ने अरब सागर में पहला स्वतंत्र समुद्री निगरानी मिशन पूरा कर इतिहास रचा।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो अंतरिक्ष में तिरंगा फहराने के लिए रविवार को अपना सबसे छोटा रॉकेट भेजेगा।
रिजर्व बैंक आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा।
प्रवर्तन निदेशालय ने पात्रा चॉल घोटाले में शिवसेना सांसद संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को पूछताछ के लिए बुलाया।
अमरीकी संसद की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी ने अमरीका और चीन के मध्य बढते तनाव के बीच तोक्यो में जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात की।
राष्ट्रमण्डल खेलों में सुधीर ने पैरा पावर लिफि्टंग में भारत का पहला स्वर्ण पदक जीता। मुरली श्रीशंकर लम्बी कूद में भारत के पहले रजत पदक विजेता बने।
सैफ अंडर ट्वेंटी फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में भारत और बंगलादेश के बीच मुकाबला आज शाम भुवनेश्वर में।