IPL 2022: Rajasthan Royals and Chennai Super Kings to lock horns in Mumbai today
Land for Job Scam: CBI registered fresh case against Lalu Yadav, raids underway at multiple locations
India administers over 191.69 crore vaccine doses; recovery rate stands at 98.75 percent
Foodgrain production during 2021-22 is higher by 23.80 million tonnes than previous five years
India’s economic growth in current FY is estimated to be 8.9 percent, says Finance Minister Nirmala Sitharaman
J&K: NCC Camp along LOC in Keran Village concludes
IMD predicts rains with thunderstorms in some parts of Maharashtra till 21st May
New Delhi: AIIMS removes user charges for all diagnostic procedures up to Rs 300 with immediate effect
South-west Monsoon likely to reach Kerala on 27th May; Flood alert issued in five northern districts of Tamil Nadu
Assam: UNICEF to deploy seven medical teams in flood-affected districts to help administration
-------
केन्द्र सरकार ने कहा है कि गेहूं की बढती कीमतों को देखते हुए इसके निर्यात को नियंत्रित करने का निर्णय किया गया है। सरकार ने आश्वस्त किया है कि देश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली सुचारू रूप से काम करती रहेगी। खाद्य और उपभोक्ता कार्य सचिव सुधांशु पांडेय ने आज नई दिल्ली में कहा कि सार्वजनिक वितरण व्यवस्था देश के खाद्य सुरक्षा और संरक्षा नेटवर्क का आधार है। इसके अन्तर्गत लगभग 81 करोड 35 लाख लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गेहूं के मूल्य में वृद्धि के बावजूद यह व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भारत को छोड़कर अन्य सभी देश करीब साढे चार सौ से चार सौ अस्सी डॉलर प्रति टन के हिसाब से गेहूं की बिक्री कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस साल भारत में गेहूं का शुरुआती भंडार 190 लाख टन था जो पिछले साल के शुरुआती भंडार से 273 लाख टन से कम है। श्री पांडेय ने बताया कि पिछले वर्ष 433 लाख टन गेहूँ की खरीद हुई थी। इस वर्ष 444 लाख टन गेहूं की खरीद होने का अनुमान था, लेकिन अभी तक लगभग 180 लाख टन गेहूं की खरीद हुई है।
श्री पांडे ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यों और संबंधित अधिकारियों के परामर्श से गेहूं और चावल वितरण के अनुपात में बदलाव करके का खाद्यान्न की कुछ मात्रा फिर से आवंटित करने का निर्णय किया है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने गेहूं की अतिरिक्त 111 लाख टन का आवंटन करके इसकी उपलब्धता को भी बढ़ाया है।
वाणिज्य सचिव बी वी आर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि गेहूं का कोई संकट नहीं है और देश में पर्याप्त खाद्य भंडार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि गेहूं की बढ़ती कीमतों के पीछे इसका अनियंत्रित व्यापार है और सरकार का मुख्य लक्ष्य महंगाई पर रोक लगाना है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष और कोविड महामारी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है और अभी यह कठिन दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन चुनौतियों से निपटने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जिनके परिणााम अब दिखने लगे हैं। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधार हो रहा है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के सर्वे ने यह संभावना दर्शाई है कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से आगे बढने वाली महत्वपूर्ण अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने बताया कि हमारा निर्यात लगातार बढ रहा है और नए रिकार्ड बन रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार अनुसंधान और विकास क्षेत्र में सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि अकादमिक संस्थानों और उद्योगों के बीच साझेदारी से कॉलेज और विश्वविद्यालयों में होने वाले शोध अध्ययनों से दोनों को ही लाभ मिलेगा।
राज्यसभा सांसद और त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष माणिक साहा को त्रिपुरा का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। आज भाजपा विधायकों ने एक बैठक में उन्हें विधायक दल का नया नेता चुना। बैठक में केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, पर्यवेक्षक विनोद सोनकर सहित कई नेता उपस्थित थे।
पार्टी की रचनात्मक गतिविधियों में भूमिका बढ़ाने के लिए, पार्टी संगठन की गतिविधियों में उनकी सेवाओं का उपयोग करने के लिए, आगे उनके मार्ग को प्रशस्त करेंगे। इसलिए आज मुख्यमंत्री विपलव देव जी ने मुख्यमंत्री के नाते पद से त्यागपत्र माननीय राज्यपाल जी को सौंपा है।
राज्य में विधानसभा चुनाव फरवरी 2023 में होने वाले हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आज दोपहर राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को त्याग पत्र सौंपा।
असम सरकार ने आज विभिन्न पदों के लिए लगभग 23 हजार नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में कुछ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। 11 विभागों में कुल 22 हजार 958 लोगों को नियुक्ति मिली है।
प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन.वी. रमना ने आज जम्मू कश्मीर में श्रीनगर के बेमिना क्षेत्र में राख-ए-गुंड में उच्च न्यायालय के नये परिसर की आधारशिला रखी। विधि और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि श्रीनगर के बाहरी इलाके में उच्च न्यायालय के नये परिसर का निर्माण न्यायिक बुनियादी सुविधा को मजबूत करेगा और इससे एक ही स्थान पर विविध सहायक कानूनी सुविधाएं मिलेंगी।
दिल्ली सरकार ने मुंडका आग की घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज घटनास्थल का दौरा करने के बाद यह घोषणा की। मृतकों के परिजनों को 10 -10 लाख और घायलों को 50 - 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भीषण अग्निकांड में शव इस हद तक जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने मृतकों की शिनाख्त के लिए जरूरी मदद दी है। पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने कहा कि 27 शव मिले हैं, लेकिन उनमें से 25 की पहचान अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम डीएनए सैंपल की जांच करेगी। 28 लोगों के गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गयी है।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में आज कडी सुरक्षा के बीच वीडियोग्राफी सर्वेक्षण का काम दोबारा शुरू हुआ। न्यायालय द्वारा नियुक्त आयुक्तों के नेतृत्व में 35 कर्मियों के एक दल ने मस्जिद में सर्वेक्षण का काम किया। वाराणसी के पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने कहा कि आज सर्वेक्षण का काम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ और ये काम कल भी जारी रहेगा।
इससे पहले उच्चतम न्यायालय ने सर्वेक्षण के काम को स्थगित करने की मांग को खारिज कर दिया। वीडियोग्राफी सर्वेक्षण का काम वाराणसी की एक अदालत के आदेश पर किया जा रहा है। अदालत ने वाराणसी जिला प्रशासन को सर्वेक्षण का काम 17 मई तक पूरा करके इसकी रिपोर्ट अदालत के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि बढती मांग और आमदनी के कारण भारतीय पोत पर्यटन बाजार में अगले दशक में 10 गुना वृद्धि की संभावना है। मुंबई में पहले अतुल्य भारत अंतर्राष्ट्रीय क्रूज सम्मेलन में श्री सोनोवाल ने कहा कि सरकार भारत को वैश्विक पोत पर्यटन केन्द्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री सोनोवाल ने देश में पोत पर्यटन के विकास के लिए एक सक्षम पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय सलाहकार समिति के गठन की घोषणा की।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने देश में कृषि उत्पादकता और किसानों की आय में वृद्धि के लिए कृषि अनुसंधान की गुणवत्ता और क्षमता बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने अनुसंधान और विकास के मद में अधिक राशि के प्रस्ताव का सुझाव दिया जो वर्तमान में कृषि सकल घरेलू उत्पाद के एक प्रतिशत से भी कम है।
उपराष्ट्रपति ने हैदराबाद में राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान प्रबंधन अकादमी में कृषि शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं, उद्यमियों और वैज्ञानिकों से कृषि को जलवायु अनुकूल बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान किया। श्री नायडू ने इस बात पर जोर दिया कि कृषि विश्वविद्यालयों को नई तकनीकों और सतत उत्पादन के तरीकों को विकसित करने तथा देश के हर हिस्से में इन्हें प्रत्येक किसान तक ले जाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों के उत्पादन और आय को बढ़ाने के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नारे 'लैब टू लैंड' को आत्मसात करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
संचार, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में गतिशक्ति संचार पोर्टल का शुभारंभ किया। एकीकृत और केंद्रीकृत पोर्टल देशभर में डिजिटल संचार बुनियादी ढांचे का सुचारू रूप से विस्तार करने की सुविधा प्रदान करेगा। डिजिटल आधारित विभिन्न परियोजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी निगरानी रखने के लिए प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए इस पोर्टल की परिकल्पना की गई थी। श्री वैष्णव ने कहा कि यह पोर्टल देशभर में फाइव-जी नेटवर्क शुरू करने में निश्चित रूप से मददगार होगा।
ये गतिशक्ति फ्रेमवर्क बेसिकली फॉर इंटिग्रेटिड प्लानिंग, इंटिग्रेटिड एज्युकेशन ऑफ ऑल इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसिस है। वेदर इट इज हाईवेज, रेलवेज, वॉटरवेज, केबल्स, इलेक्ट्रिसिटी, ट्रांसमिशन लाइन्स। रेलवे लाइन्स सब जगह जा रही हैं। हाईवे देशभर में लंबा-चौड़ा नेटवर्क है। क्यों ना इसके अलॉग प्राइवेसी केबल डक्ट्स बना दी जाए और उस केबल को मार्किट के लिए भी यूज कर लो और कोई टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर अगर यूज करना चाहे तो वो भी यूज कर ले। ये सोच है। ये थॉट प्रोसेस है, जो कि गतिशक्ति है।
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज हैदराबाद में केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला परिसर में राष्ट्रीय साइबर विधि विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। महिलाओं और बच्चों को साइबर अपराध से बचाने के लिए गृह मंत्रालय के साइबर और सूचना सुरक्षा प्रभाग ने इस प्रयोगशाला की स्थापना की है। इस परियोजना के लिए लगभग 35 करोड 51 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। दूर-दराज का कोई भी व्यक्ति डाटा संग्रह का उपयोग कर सकता है और इससे कम समय में बेहतर रिपोर्ट बन सकती है।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दिल्ली उच्च न्यायालय के नौ न्यायाधीशों की नियुक्ति की है। सुश्री तारा वितस्ता गंजू, सुश्री मिनी पुष्पकर्ण, श्री विकास महाजन, श्री तुषार राव गेंडेला, सुश्री मनमीत प्रीतम सिंह अरोडा, श्री सचिन दत्ता, श्री अमित महाजन, श्री गोरांग कंठ और श्री सौरभ बैनर्जी को वरिष्ठता के अनुसार दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है।
प्रधान न्यायाधीश एन वी रमन्ना के नेतृत्व में उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने इनके नामों की सिफारिश की थी।
यूक्रेन के कीव में भारतीय दूतावास 17 मई से अपना संचालन फिर से शुरू कर देगा।
इससे पहले इस साल 13 मार्च को दूतावास ने कीव में काम करना बंद कर दिया था और यह अस्थायी रूप से पोलैंड के वारसॉ से काम कर रहा था।
------
विश्व के शक्तिशाली औद्योगिक देशों के समूह जी-7 ने घोषणा की है कि वे यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान के परिणामस्वरूप नई सीमाओं को कभी भी मान्यता नहीं देंगे।
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज कांगड़ा जिले के पालमपुर में हिमाचल के पहले विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया।
श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य में यह अपनी तरह का पहला विज्ञान केंद्र है, जिसे लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि यह प्रयास रहेगा कि राज्यभर के छात्र पालमपुर विज्ञान केंद्र आएं और अध्ययन करें, ताकि वे अपने जीवन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करके अनुसंधान के क्षेत्र में प्रगति कर सकें। उन्होंने कहा कि संस्कृति मंत्रालय ने ऐसे विज्ञान केंद्र खोलने की नई शुरुआत की है।
झारखंड में आज 21 जिलों के 72 प्रखंडों की एक हजार 127 पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान आज शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, पहले चरण में लगभग 68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, सभी जिलों से आंकडे प्राप्त होने के बाद अंतिम मतदान प्रतिशत जारी किया जाएगा।
देश में अब तक 191 करोड 15 लाख से अधिक कोविड रोधी टीके लगाए जा चुके हैं। कल 15 लाख से अधिक टीके लगाये गये। देश में दो हजार 858 नए संक्रमित लोगों की पुष्टि हुई है। स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव सात-चार प्रतिशत है।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोगों से आगामी 8वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष योग दिवस का आयोजन इसलिए महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत देशभर में 25 हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
थॉमस कप के फाइनल में कल भारतीय पुरूष बैडमिंटन टीम का सामना इंडोनेशिया से होगा। सेमीफाइनल में कल भारत ने डेनमार्क को 3-2 से हराकर पहली बार 73 साल बाद फाइनल में पहुंच कर इतिहास रचा। इससे पहले भारत ने 1952, 1955 और 1979 में सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
ब्राजील में 24वें डेफलम्पिक्स में भारतीय निशानेबाजों ने तीन स्वर्ण और दो कांस्य के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। भारत पहली बार डेफलम्पिक्स में निशानेबाजी में हिस्सा ले रहा है। भारत तालिका में सात स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक के साथ आठवें स्थान पर है।
कोविड संक्रमण में बढ़ोतरी को देखते हुए चीन ने अगले साल ए एफ सी फुटबॉल एशियाई कप 2023 की मेजबानी नहीं करने का फैसला किया है। नए स्थान की घोषणा बाद में की जाएगी। इससे पहले चीन ने एशियाई खेलों को भी स्थगित कर दिया था।
आई पी एल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। कोलकाता ने ताजा समाचार मिलने तक 9 ओवर में 3 विकेट पर 78 रन बना लिए हैं।
राजस्थान भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। कई जगहों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि धौलपुर, श्रीगंगानगर और बीकानेर में आज पारा 48 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
प्रदेश में दिन और रात दोनों तप रहे हैं। सुबह नौ बजे से ही कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सैल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। ज्यादातर स्थानों पर दिन का तापमान जहां 45 डिग्री सैल्सियस से ज्यादा, वहीं रात का तापमान 30 डिग्री सैल्सियस के आसपास बना हुआ है। तेज गर्मी के कारण सड़कों और बाजारों में रौनक खत्म हो गयी है। वहीं पशु और पक्षी भी गर्मी से व्याकुल हैं। कुछ शहरों में लू से बचाव के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। मौसम विभाग ने कल चार जिलों के लिए लू का रेड अलर्ट, वहीं 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाश्वाणी समाचार, जयपुर।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को संयुक्त अरब अमारात के नए राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर शुभकामनाएं दी हैं।
-------------