Mansukh Mandaviya exhorts India's commitment to strengthen Digital Health System
President to be on a visit to three states from tomorrow
Whole world looks up to youth of the country, says Lok Sabha Speaker
French Open: Nadal, Djokovic & Alcaraz to be seen in action today
Beware of fraudsters using fake WhatsApp IDs to impersonate VVIPs: Punjab Police
Punjab Police arrest gangster Lovejeet Singh Love along with his four accomplices
IPL: Eliminator match between Lucknow Super Giants and Royal Challengers Bangalore underway in Kolkata
Six tourists die as their vehicle falls into a gorge on Rishikesh-Gangotri National Highway in Uttarakhand
India Meteorological Department predicts relief from heat wave in the country for next five days
US stock markets tumble triggered by worries of aggressive federal moves to curb decades-high inflation might tip economy into recession
मुख्य समाचार
आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें राष्ट्र की श्रद्धांजलि। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम को इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
गुजरात आपदा प्रबंधन संस्थान और प्रोफेसर विनोद शर्मा को पहला सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में 31 जनवरी तक रैलियों और रोड शो पर प्रतिबंध लगाया। डिजिटल माध्यम से चुनाव प्रचार में तेजी।
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 161 करोड़ 92 लाख से अधिक कोविडरोधी टीके लगाए गए।
गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आज नई दिल्ली में राजपथ पर आयोजित की गई।
लखनऊ में सैयद मोदी इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में आज पी.वी. सिंधु का मुकाबला मालविका बनसोड़ से होगा।
सानिया मिर्जा-राजीव राम की जोडी ऑस्ट्रेलिया ओपन टेनिस टूर्नामेंट के मिकस्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
और, भारत ने केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के साथ तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
-----------------------------------------
देश के कई हिस्सों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हमारी अपील है कि आप सतर्क रहें और 15 से 18 वर्ष के किशोरों सहित अन्य लोगों के टीकाकरण में मदद करें। कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमिक्रोन से चिंताएं बढी हैं। सुरक्षित रहने के लिए कृपया तीन सरल उपायों का पालन अवश्य करें-
मास्क पहनें।
दो गज की सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
हाथ और चेहरा साफ रखें।
कोविड से संबंधित किसी भी जानकारी और मार्गदर्शन के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर - 011- 23 97 80 46 और 10 75 पर संपर्क करें। और अब समाचार विस्तार से -
राष्ट्र, आज नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मना रहा है।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई नेताओं ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री कोविंद ने इस अवसर पर कहा कि आज़ाद हिन्द के प्रति अपने दृढ़ निश्चय को कार्यरूप देने के लिए उठाए गए कदमों के कारण नेताजी राष्ट्रीय नायक बन चुके हैं।
श्री मोदी ने आज पराक्रम दिवस पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा है कि राष्ट्र के प्रति नेताजी के स्मरणीय योगदान पर प्रत्येक भारतीय को गर्व है।
नेताजी की जयंती पर गृहमंत्री अमित शाह, सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने भी श्रद्धाजंलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला और राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
पराक्रम दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आज शाम इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा 28 फुट ऊंची और छह फुट चौड़ी है। बाद में इस होलोग्राम प्रतिमा के स्थान पर नेताजी की भव्य ग्रेनाइट प्रतिमा लगाई जाएगी, जिसका निर्माण कार्य हो रहा है। इस प्रतिमा की स्थापना नेताजी की 125वीं जयंती और इस उपलक्ष्य में वर्षभर चलने वाले समारोहों के अंतर्गत की जा रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कार्यक्रम के दौरान श्री मोदी, सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार प्रदान करेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार प्रदान करेंगे। केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत में विभिन्न लोगों और संगठनों के अमूल्य योगदान और निःस्वार्थ सेवा की सराहना और सम्मानित करने के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार की शुरूआत की है। पुरस्कार में एक संस्थान को 51 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र तथा एक व्यक्ति को पांच लाख रुपये और प्रमाण पत्र दिया जाता है। प्रधानमंत्री स्वतंत्रता सेनानियों को उचित तरीके से सम्मानित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेताजी की जयंती को प्रत्येक वर्ष पराक्रम दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
देश ने यह भी तय किया है कि अब हर साल हम नेताजी की जयंती यानी 23 जनवरी को पराक्रम दिवस के रुप में मनाया करेंगे। हमारे नेताजी भारत के पराक्रम की प्रतिमूर्ति भी हैं और प्रेरणा भी है। जब देश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है तब नेताजी का जीवन, उनका हर कार्य, उनका हर फैसला हम सभी के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।
पश्चिम बंगाल सरकार नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती को देश नायक दिवस के रूप में मना रही है। राज्य सरकार नेताजी की स्मृति में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग से जय हिन्द विश्वविद्यालय स्थापित कर रही है। इसके अलावा, राष्ट्रीय योजना आयोग की नेताजी की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए बंगाल योजना आयोग का गठन किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में भी नेताजी की जयंती मनाई गई, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजुमदार और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुभेंदु अधिकारी भी शामिल थे।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आज राजभवन कोलकाता में नेताजी की प्रतिमा का अनावरण किया।
मणिपुर में भी आज पराक्रम दिवस मनाया जा रहा है। इस समारोह का आयोजन मोइरंग में राज्य के कला और संस्कृति विभाग में आईएनए परिसर में किया गया। लोगों ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आई एन ए ने मोइरंग में तिरंगा झंडा फहराया था। सरकार ने परिसर में आईएन संग्रहालय बनाया है और नेताजी की प्रतिमा स्थापित की है।
फिल्म प्रभाग नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जीवन पर आज दो वृत्तचित्रों का प्रदर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। दोनों वृत्तचित्र 'द फ्लेम बर्न्स ब्राइट' और नेताजी प्रभाग की वेबसाइट 'फिल्म्स डिविजन डॉट ओ.आर.जी. और इसके यूट्यूब चैनल पर 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज शाम सुर्खियों में कार्यक्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पराक्रम गाथा, आकाशवाणी के साथ प्रसारित करेगा। कार्यक्रम एफ.एम. गोल्ड और अतिरिक्त मीटरों पर शाम सात बजकर 40 मिनट पर सुना जा सकता है।
गुजरात आपदा प्रबंधन संस्थान और प्रोफेसर विनोद शर्मा को वर्ष 2022 के लिए सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए चुना गया है। यह पुरस्कार संस्थान और व्यक्तिगत श्रेणी में दिया जाता है। आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए इस संस्थान और प्रोफेसर शर्मा का चयन किया गया है। इस अवसर पर 2019, 2020 और 2021 के लिए भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
गुजरात आपदा प्रबंधन संस्थान की स्थापना 2012 में हुई थी। यह संस्थान आपदा जोखिम कम करने की दिशा में कार्य कर रहा है। यह संस्थान आपदा जोखिम कम करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
देश में पहली बार गणतंत्र दिवस समारोहों में स्वाधीनता सैनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती भी शामिल की जा रही है। आज नई दिल्ली में राजपथ पर फुल ड्रेस परेड रिहर्सल हुई। परेड विजय चौक से सुबह दस बजकर बीस मिनट पर आरंभ हुई और नेशनल स्टेडियम तक गई। परेड रिहर्सल के दौरान देश की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विरासत दर्शायी गई। विभिन्न मंत्रालय और विभागों की झांकियां भी परेड में शामिल थीं। दिल्ली पुलिस ने रिहर्सल के सुगम संचालन के लिए आस-पास के मार्गों पर व्यापक इंतजाम किए थे।
दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए 20 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने कहा कि पिछले दो महीनों से सख्त आतंकरोधी उपाय किए जा रहे हैं और दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ाई गई है। दिल्ली पुलिस ने राजपथ और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी है। श्री अस्थाना ने बताया कि चेहरे की पहचान करने वाली प्रणाली और तीन सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
सिक्योरिटी एजेंसीस, स्टेट पुलिस और दूसरी ऑर्गेनाइजेशन्स के कॉर्डिनेशन में दिल्ली पुलिस पिछले दो महीने से बहुत इंटेनसिव एंटी टेररिस्ट मेजर्स ले रही है। इसके तहत शहर में आपने देखा होगा नाकाबंदी है, चेकिंग है, व्हीकल चेकिंग है, होटल, लॉज, धर्मशाला, मुसाफिरखाना की चेकिंग्स है और काफी वेरीफिकेशन्स हैं। टैनेंट वैरीफिकेशन्स, सर्वेंट वैरीफिकेशन्स, लेबरर्स वैरीफिकेशन्स तो ये सब मिला-जुलाकर पिछले दो महीनों से काफी इंटेनसिवली एंटी टेररिस्ट मेजर्स लिए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल दोपहर 12 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं के साथ संवाद करेंगे। इन विजेताओं को वर्ष 2022 और 2021 के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भी प्रदान किए जायेंगे। एक रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं को डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान करने में ब्लॉकचेन प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रमाणपत्र प्रदान करने के लिए पहली बार इस प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जा रहा है। बच्चों को ये पुरस्कार छह क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धि के लिए दिया जाता है। ये क्षेत्र हैं - नवाचार, समाजसेवा, शिक्षा, खेल, कला तथा संस्कृति और वीरता। इस वर्ष प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए बाल शक्ति पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों के अन्तर्गत देशभर से 29 बच्चों का चयन किया गया है। इस पुरस्कार के विजेता हर वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में भी भाग लेते हैं। पुरस्कार में एक पदक, एक लाख रूपये नकद और प्रमाणपत्र दिया जाता है। सौभाग्यकार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से नईम अखतर।
संस्कृति मंत्रालय, आजादी का अमृत महोत्सव के अर्न्तगत कल राष्ट्रीय बालिका दिवस पर रंगोली उत्सव 'उमंग' का आयोजन करेगा। इसमें भाग लेने वाली टीमें देशभर में 50 से अधिक विशेष स्थानों पर रंगोली सजायेंगी।
इस महीने की 30 तारीख को आकाशवाणी से प्रसारित होने वाला मन की बात कार्यक्रम सवेरे साढे 11 बजे शुरू होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय ने टवीट कर बताया है कि यह कार्यक्रम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनका स्मरण करने के बाद प्रसारित किया जाएगा। लोग, टोल फ्री नम्बर 1800-11-7800 पर डायल करके भी हिंदी या अंग्रेजी में अपने संदेश रिकॉर्ड करा सकते हैं। फोनलाइन, इस महीने की 28 तारीख तक खुली रहेंगी।
निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव वाले पांच राज्यों में रैलियों और रोड-शो पर प्रतिबंध 31 जनवरी तक बढा दिया है। आयोग ने कल केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव और इन राज्यों के मुख्य सचिवों तथा स्वास्थ्य सचिवों के साथ वीडियो समीक्षा बैठक की। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चन्द्रा ने राज्यों में कोविड की मौजूदा और संभावित स्थिति की व्यापक समीक्षा की।
उत्तर प्रदेश में पहले दो चरणों के चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। पहले चरण में 10 फरवरी को पश्चिमी उत्तरप्रदेश के ग्यारह जिलों में और दूसरे चरण में 14 फरवरी को 9 जिलों में मतदान होगा। इन दो चरणों में विधानसभा की कुल 403 सीटों में से 113 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि राजनीतिक दल मतदाताओं तक पहुंचने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह और जेपी नड्डा दोनों नेताओं ने कल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पांच जिलों का दौरा कर घर-घर जनसंपर्क किया और पार्टी कार्यकर्ताओं व प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ बैठकें कीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहले चरण के चुनाव वाले विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने आज ग्रेटर नोएडा में घर-घर जनसंपर्क किया। समाजवादी पार्टी हर रोज दो वर्चुअल रैलियों का आयोजन कर रही है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव रोजाना लखनऊ में प्रेस वार्ता कर अपनी पार्टी की नीतियों और योजनाओं के बारे में जनता को बता रहे हैं। पार्टी ने शिवपाल सिंह यादव को इटावा की जसवंत नगर सीट से गठबंधन का उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस ने युवाओं और महिलाओं के लिए दो अलग-अलग घोषणापत्र जारी किए हैं। पार्टी अपने चुनाव प्रचार में इन पर विशेष जोर दे रही है। बहुजन समाज पार्टी भी अपने नए नारे हर पोलिंग बूथ को जीतना है, बसपा को सत्ता में लाना है के साथ चुनाव मैदान में है। आकाशवाणी समाचार के लिए गोरखपुर से आदित्य शुक्ला।
कांग्रेस ने मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 27 फरवरी को होने वाले पहले चरण के चुनाव के लिए 24 और तीन मार्च को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव के लिए 16 उम्मीदवार शामिल हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा गठित पंजाब लोक कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए अपने सभी 38 उम्मीदवारों की सूची आज जारी करेगी। पंजाब लोक कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और सुखदेव सिंह ढींढसा के शिरोमणि अकाली दल संयुक्त के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एस. करूणा राजू ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि ''अपने उम्मीदवार को जाने'' केवाईसी ऐप पर सही दस्तावेज अपलोड किए जाएं। निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवार पर आपराधिक मुकदमों सहित सभी विवरण की जानकारी के बारे में जागरूकता फैलाने और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए यह ऐप शुरू किया है।
राष्ट्रव्यापी कोविड टीकाकरण अभियान के तहत देश में अब तक एक सौ 61 करोड 92 लाख से अधिक टीके लगाये जा चुके हैं। कल 71 लाख से अधिक टीके लगाए गए। पिछले 24 घंटों में तीन लाख 65 हजार से अधिक लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि दो लाख 59 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। इस समय 21 लाख 87 हजार से अधिक संक्रमित लोगों का इलाज चल रहा हैं। स्वस्थ होने की दर 93 दशमलव एक-आठ प्रतिशत है। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक एक सौ 61 करोड़ 47 लाख से अधिक कोविड रोधी टीके निशुल्क उपलब्ध कराये जा चुके हैं।
केरल में कोविड के प्रसार को रोकने के लिए आज से 24 घंटे का लॉकडाउन लगाया गया है। इस दौरान, केवल आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। राज्य सरकार ने निजी अस्पतालों को 50 प्रतिशत बिस्तर कोविड रोगियों के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। केरल में पिछले 24 घंटे के दौरान 45 हजार 136 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि 21 हजार 324 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। राज्य में संक्रमण की दर 44 दशमलव आठ प्रतिशत है और इस समय 2 लाख 47 हजार 227 लोगों का कोविड का इलाज चल रहा है।
आकाशवाणी से विशेष बातचीत में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवसिर्टी लखनऊ में रेस्पिरेटरी मेडिसिन के प्रमुख प्रोफेसर डॉ० सूर्यकांत ने सभी से टीकाकरण करवाने और कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करने का अनुरोध किया है।
सर्वाधिक मौंते उसी कैटेगरी में हो रही है, जिन्होंने या तो एक भी डोज नहीं ली है या एक ले ली है और दूसरी में लापरवाही कर दी है, दूसरी नहीं ली है। तो मैं आपके श्रोताओं को हाथ जोड़कर ये आग्रह करता हूं कि अगर जिन्होंने अभी तक पहली डोज कोविड टीकाकरण की नहीं लगवाई है तो पहली लगवा ले। जिन्होंने पहली लगवा ली है, लेकिन दूसरे में लापरवाही कर दी है कोई बात नहीं कितना भी समय गुजर गया है दूसरी लगवा लें और हमारे साठ साल से ऊपर जितने बुजुर्ग है घर में उन सबको प्रिकोशनरी डोज लगवा दे और हां 15 से 18 साल के बीच में जितने बच्चे हैं उनको फटाफट टीकाकरण करवा दें और सबको मजबूत बना दे इस लड़ाई के खिलाफ कि संक्रमण भले ही हो जाए लेकिन हमारी जान सुरक्षित रहे। हमें अस्पताल में न भर्ती होना पड़े। हमें वेंटिलेटर पर न जाना पड़े। हमें आईसीयू का मुंह न देखना पड़े। ये सब हमें अब समय आ गया है जो चीजें ध्यान में रखनी है।
महाराष्ट्र में नंदूरबार जिले में केंद्रीकृत रसोई सेवा से आश्रम विद्यालयों और एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों की सेहत में काफी सुधार हुआ है। नीति आयोग ने कल अपनी एक प्रस्तुति में कहा कि जनजातीय विभाग की देखरेख में चल रही इस रसोई सेवा से 30 आश्रम विद्यालयों और एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिला प्रशासन के सेंट्रल किचन में जिले के आश्रम और एकलव्य स्कूलों के सभी छात्रों के लिए निरंतर गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदान कर एक अलग पहचान बनाई है। इस अनूठे उपक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट पैकेजिंग, साफ-सफाई और समय पर सेवा पहुंचाने से छात्रों के स्वास्थ्य में ठोस सुधार हुआ है। नीति आयोग की एक विशेष बैठक में हुई प्रस्तुति के दौरान एक विशेष उल्लेख में आयोग ने कहा कि यह सेवा आने वाले भविष्य में भी सबसे दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित आंगनवाड़ी और आश्रम विद्यालयों के लिए एक केन्द्रीकृत रसोई की अवधारणा को लागू कर रहा है। निवेदिता, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के फाइनल में आज पी वी सिंधु का मुकाबला मालविका बानसोड से होगा। सेमीफाइनल में कल सिंधु ने पहला सेट आसानी से जीत लिया था लेकिन दूसरे सेट में रूस की कोसेत्सकाया घायल होने के कारण मैच से हट गईं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा और अंतिम एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच केपटाउन में खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दक्षिण अफ्रीका ने नौ ओवर में 2 विकेट पर 47 रन बना लिए हैं। भारत ने आज टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। श्रृंखला के शुरूआती दोनों मैच दक्षिण अफ्रीका की टीम जीत चुकी है।
सानिया मिर्जा और राजीव राम की जोड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में मिकस्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। उन्होंने मैटवे मिडलकोप और एलेन पेरेज़ की जोडी को 7-6, 6-4 से हराया।
महिला हॉकी एशिया कप में, भारत का सामना आज मस्कट में जापान से होगा। यह मैच आज रात साढे आठ बजे से खेला जाएगा। यह मैच जीतकर भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित कर लेगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के आगामी भारत दौरे के लिए मैच के स्थानों में परिवर्तन की घोषणा की है। दोनों टीमों के बीच तीन एकदिवसीय मैच अब नरेन्द्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में खेले जाएंगे जबकि तीन ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच इडेन गार्डेन कोलकाता में होंगे।
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे ट्वीटर हैंडल @air news hindi को फॉलो कर सकते हैं।
आजादी का अमृत महोत्सव के लिए सभी उपभोक्ताओं को शुभकामनाएं। हॉलमार्क सोने की शुद्धता सुनिश्चित करता है। हमेशा हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण खरीदें। उपभोक्ता संबंधित किसी भी शिकायत के लिए कृपया राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के टोल फ्री नम्बर - 1 4 4 0 4 पर संपर्क करें। उपभोक्ता मामले विभाग, भारत सरकार द्वारा जनहित में जारी।
....जागो ग्राहक जागो।
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आइये अब सुनते हैं आकाशवाणी की विशेष प्रस्तुति आजादी का सफर
अब, एक नज़र आज के मौसम पर- सबसे पहले चार महानगरों में आज का तापमान- दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। दिल्ली और कोलकाता में हल्की वर्षा और बूंदाबांदी की संभावना है। श्रीनगर और जम्मू में वर्षा का अनुमान व्यक्त किया गया। श्रीनगर, लेह और मुजफ्फराबाद में हल्का हिमपात हो सकता है। गिलगित में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और वर्षा होने, गरज के साथ छींटे पड़ने और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। पूर्वोत्तर में गुवाहाटी, इम्फाल, आईज़ोल, कोहिमा, ईटानगर, गंगटॉक और अगरतला में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ छीटें पड़ सकते हैं।
यूक्रेन की सीमा पर रुसी सैन्य जमावड़े के बीच, अमरीका ने यूक्रेन को लगभग 90 टन युद्धक सामग्री पहुंचाई है। अमरीका ने यूक्रेन के लिए हाल में एक सैन्य पैकेज को मंज़ूरी दी है जिसमें गोली-बारुद और उन्नत हथियार शामिल हैं। इस बीच, यूक्रेन पर रूस के किसी भी संभावित हमले को टालने के लिए अमरीका और रूस ने कूटनयिक प्रयास जारी रखने पर सहमति व्यक्त की है।